Good Morning India: होर्मुज को लेकर ट्रंप का बड़ा दावा, ईरान ने दी चेतावनी! पेट्रोल-डीजल पर सरकार का बड़ा फैसला! फीफा वर्ल्ड कप की प्राइज मनी में बढ़ोतरी, जीतने वाली टीम को मिलेंगे 476 करोड़! उत्तराखंड के कई जिलों में भारी बारिश और ओलावृष्टि का ऑरेंज अलर्ट

Good Morning India: Trump makes a bold claim regarding Hormuz; Iran issues a warning! Government's major decision on petrol and diesel prices! FIFA World Cup prize money increased; winning team to re

नमस्कार दोस्तों, आवाज 24X7 अपना खास कॉलम "गुड मॉर्निंग इंडिया" लेकर एक फिर आपके समक्ष प्रस्तुत है। आज के प्रमुख कार्यक्रमों पर नजर डालते हैं, मीनाक्षी नटराजन के नामांकन से संबंधित मामले में आज सुनवाई होगी। वहीं आईसीसी महिला टी20 विश्व कप का आज आगाज होगा।

अब बड़ी खबरों की तरफ रुख करते हैं, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा, ईरान समझौते पर हस्ताक्षर होने के बाद होर्मुज जलडमरूमध्य फिर से खुल जाएगा, संभवत: सप्ताहांत में यूरोप में होने वाले हस्ताक्षर समारोह में मैं नहीं जा पाऊंगा, वेंस, कुशनर और विटकॉफ हो सकते हैं शामिल। उनके इस बयान का जवाब ईरानी संसद के स्पीकर और वार्ताकार मोहम्मद बाकेर गालिबाफ ने दिया है। गालिबाफ ने चेतावनी दी है कि अगर अमेरिका 'जल्दबाजी में' फैसले लेता है, तो 'कभी न खत्म होने वाली मुश्किल स्थिति' पैदा हो सकती है। अमेरिका के राष्ट्रपति के तौर पर मैंने ईरान के ख़िलाफ़ तय हमले और बमबारी कैंसिल कर दी है। ईरान के साथ बातचीत में शामिल सभी पक्षों ने मंज़ूरी दे दी है, जिनमें संयुक्त राज्य अमेरिका, इज़राइल, सऊदी अरब, UAE, कतर, तुर्की, पाकिस्तान, बहरीन, कुवैत, जॉर्डन, मिस्र और अन्य देश शामिल हैं। जब तक यह समझौता पूरी तरह से तय नहीं हो जाता, तब तक नौसैनिक नाकेबंदी पूरी तरह से लागू रहेगी - समय और यह ट्रांज़ैक्शन पूरा होने तक लागू रहेगा, साइन करने का समय और जगह जल्द ही बताई जाएगी। एक टेली-रैली को संबोधित करते हुए ट्रंप ने घोषणा की कि अमेरिका ने ईरान के साथ युद्ध खत्म कर दिया है। 

इधर कांग्रेस नेता मीनाक्षी नटराजन द्वारा मध्य प्रदेश से राज्यसभा चुनाव के लिए उनके नामांकन पत्र खारिज किए जाने के खिलाफ दायर याचिका पर सुप्रीम कोर्ट आज शुक्रवार को सुनवाई करेगा। बता दें कि गुरुवार को नटराजन की ओर से पेश वरिष्ठ अधिवक्ता अभिषेक मनु सिंघवी ने मामले को तत्काल सूचीबद्ध करने की मांग की थी। अवकाशकालीन पीठ के न्यायमूर्ति प्रशांत कुमार मिश्रा और न्यायमूर्ति अतुल एस. चांदुरकर ने मामले की शीघ्र सुनवाई का आश्वासन दिया था। सिंघवी ने पीठ को बताया कि गुरुवार नामांकन वापसी की अंतिम तिथि थी। उन्होंने तर्क दिया कि यदि मामले की तत्काल सुनवाई नहीं हुई तो याचिकाकर्ता को प्रभावी राहत पाने के लिए छह वर्ष तक इंतजार करना पड़ सकता है। वरिष्ठ अधिवक्ता ने यह भी अनुरोध किया कि विवाद के अंतिम निपटारे तक चुनाव परिणाम की घोषणा पर रोक लगाई जाए। हालांकि, न्यायमूर्ति मिश्रा की अध्यक्षता वाली पीठ ने इस चरण पर कोई अंतरिम आदेश देने से इनकार कर दिया और मामले को शुक्रवार को सुनवाई के लिए सूचीबद्ध करने का निर्णय लिया।

उधर देश के कुछ हिस्सों में डीजल की मांग में अचानक आई असामान्य तेजी को देखते हुए सरकार ने एक बड़ा कदम उठाया है। सरकार ने एक आधिकारिक आदेश जारी कर इंडस्ट्रियल, कमर्शियल और इंस्टीट्यूशनल यूजर्स के पेट्रोल पंपों से पेट्रोल और डीजल खरीदने पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी है। अब इन बड़े उपभोक्ताओं को अपनी जरूरत का तेल सिर्फ 'बल्क सेल पॉइंट्स' से ही खरीदना होगा। दरअसल, वेस्ट एशिया संकट के बाद लागत बढ़ने के बावजूद आम जनता को राहत देने के लिए रिटेल कीमतें नहीं बढ़ाई गईं, जिससे दिल्ली में रिटेल डीजल (95.20 रुपये प्रति लीटर) और बल्क डीजल (134.50 रुपये प्रति लीटर) के बीच 39 रुपये से अधिक का भारी अंतर आ गया। इसी वजह से टेलीकॉम टावर और इंडस्ट्रीज जैसे बल्क यूजर्स नुकसान से बचने के लिए रिटेल पेट्रोल पंपों से खरीदारी करने लगे थे। 

इधर एयर इंटेलिजेंस यूनिट (AIU) ने बैंकॉक से मुंबई पहुंची 28 वर्षीय मॉडल हर्षा सनी को कथित तौर पर हाइड्रोपोनिक गांजे की तस्करी के मामले में गिरफ्तार किया है। हर्षा सनी साल 2025 में आयोजित मिसेज केरल ब्यूटी प्रतियोगिता की कंटेस्टेंट रह चुकी हैं। कस्टम अधिकारियों के मुताबिक, 10 और 11 जून की रात वह एयर इंडिया की फ्लाइट TG-351 से मुंबई पहुंची थीं। शक के बिनाह पर उनकी जांच की गई, जिसमें उनके ट्रॉली बैग से 12 वैक्यूम-सील पैकेट बरामद हुए। जिसकी कीमत 11करोड़ 82 लाख से ज्यादा बताई जा रही है। पैकेट खोलने पर उनमें हरे रंग का संदिग्ध पदार्थ मिला। एनडीपीएस परीक्षण किट से जांच के दौरान यह पदार्थ कैनबिस की सूखी फूल और फलयुक्त कलियां पाया गया, जिसे हाइड्रोपोनिक वीड के रूप में पहचाना गया। इसके बाद कस्टम डिपार्टमेंट ने एनडीपीएस अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए हर्षा सनी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां किला कोर्ट ने उसे न्यायिक हिरासत में भेजने का आदेश दिया है।

उधर खेल जगत के सबसे बड़े इवेंट में से एक फुटबॉल वर्ल्ड कप की शुरुआत इस बार 11 जून जो भारतीय समयानुसार देर रात 12 जून से हो रही है, जिसमें 48 टीमों के बीच खेले जाने वाले इस टूर्नामेंट की मेजबानी अमेरिका, कनाडा और मेक्सिको संयुक्त रूप से मिलकर कर रहे हैं। फुटबॉल वर्ल्ड कप 2026 सभी 48 टीमों को चार-चार के कुल 12 ग्रुपों में बांटा गया है जिसमें 39 दिनों तक चलने वाले इस मेगा इवेंट के मुकाबले कुल 16 मैदानों पर खेले जाएंगे जिसमें फाइनल सहित 104 मैच होंगे। वहीं फीफा की तरफ से वर्ल्ड कप का आगाज होने से पहले प्राइज पूल का भी ऐलान कर दिया गया है जिसमें पिछली बार के मुकाबले लगभग 50 फीसदी की बढ़ोतरी देखने को मिली है। फुटबॉल वर्ल्ड कप 2026 को लेकर फीफा की तरफ से जो प्राइज पूल का ऐलान किया गया है उसमें जबरदस्त बढ़ोतरी देखने को मिली है जिसमें ये कुल 655 मिलियन यूएस डॉलर है जिसे भारतीय रुपये में मौजूदा समय में देखा जाए तो 6241 करोड़ रुपये आती है और यह 50 फीसदी अधिक है। इसमें वर्ल्ड कप की ट्रॉफी जो भी टीम जीतेगी उसे 50 मिलियन यूएस डॉलर यानी कुल 476 करोड़ रुपये मिलेंगे। वहीं रनरअप टीम को भी 33 मिलियन यूएस डॉलर यानी कुल 314 करोड़ रुपये की प्राइज मनी जी जाएगी। वहीं इस टूर्नामेंट में हिस्सा लेने वाली टीमों को फीफा की तरफ से खेलने के प्राइज मनी दी जाएगी जिसमें 48वें नंबर पर रहने वाली टीम भी 86 करोड़ रुपये घर वापस लेकर जाएगी।

इधर ओडिशा के बरगढ़ जिले से एक ऐसी घटना सामने आई है जिसने हर किसी को हैरान कर दिया है। यहां एक युवक को उसके दोस्त ने कथित तौर पर हमला करने के बाद मृत समझकर एक सुनसान कुएं में फेंक दिया। लेकिन चार दिन बाद वह युवक जिंदा मिला और उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। इस घटना के सामने आने के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में भी ले लिया है। दरअसल, यह घटना बिजेपुर ब्लॉक के समलाईपदार गांव स्थित एक नर्सरी के भीतर बने कुएं की है। पीड़ित की पहचान पद्मपुर उपखंड के पुरेना गांव निवासी तुलसीराम बरिहा के रूप में हुई है। मिली जानकारी के अनुसार, रविवार को दोपहर करीब 3 बजे तुलसीराम पर उसके एक दोस्त ने कथित तौर पर हमला किया। हमले के बाद आरोपी को लगा कि तुलसीराम की मौत हो चुकी है। इसके बाद उसने कथित रूप से उसे एक सुनसान इलाके के कुएं में फेंक दिया और वहां से फरार हो गया। घटना के बाद तुलसीराम लापता हो गया था और उसकी तलाश की जा रही थी। इस बीच वह गंभीर चोटों के बावजूद कुएं के अंदर ही जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष करता रहा। बिना खाना और पानी के चार दिन तक कुएं में फंसे रहने के बावजूद उसने हिम्मत नहीं हारी और किसी तरह जिंदा बचा रहा।

उधर यूपी के मुजफ्फरनगर की थाना साइबर क्राइम पुलिस ने ठगी के एक ऐसे मामले का उजागर किया है जिसमें सोशल मीडिया के फ्रॉड से बचने की लोगों को सीख भी मिली है। मुजफ्फरनगर में सोशल मीडिया पर दोस्ती कर निवेश के नाम पर 1.01 करोड़ रुपये की ठगी करने वाले गिरोह के एक शातिर सदस्य को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पीड़ित को फेसबुक पर गीतिका कपूर उर्फ जीजी नाम से फ्रेंड रिक्वेस्ट मिली थी और इसके बाद निवेश के नाम पर मुनाफा दिखाते हुए उससे ठगी की गई जिसकी सूचना साइबर क्राइम पुलिस को मिलने के बाद उन्होंने इस मामले में गिरोह के एक शातिर सदस्य को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से एक मोबाइल फोन बरामद किया है। पुलिस के अनुसार पीड़ित को फेसबुक पर गीतिका कपूर उर्फ जीजी नाम से फ्रेंड रिक्वेस्ट मिली थी। आरोपी महिला ने बातचीत के दौरान भावनात्मक संबंध बनाकर पीड़ित का विश्वास जीता और DGXC नामक फर्जी वेबसाइट पर ऑनलाइन ट्रेडिंग के नाम से निवेश करने को प्रेरित किया। व्हाट्सएप ग्रुपों में फर्जी मुनाफा दिखाकर पीड़ित से अलग-अलग तारीखों में कुल 1,01,02,000 रुपये विभिन्न बैंक खातों में जमा कराए गए। वेबसाइट पर करोड़ों रुपये का फर्जी लाभ दिखाया गया, लेकिन निकासी के समय आरोपियों ने फाइनल वेरिफिकेशन, डेटा रिपेयरिंग और एंटी मनी लॉन्ड्रिंग प्रोसेस के नाम पर और पैसे जमा कराने का दबाव बनाया। इसके बाद पीड़ित को जब फर्जीवाड़े का शक हुआ तो उसने इसकी शिकायत साइबर क्राइम थाने में दर्ज कराई।

इधर गुजरात के वडोदरा में भारत के रक्षा निर्माण क्षेत्र ने एक नए इतिहास की रचना की गई है। भारत में निर्मित C-295 सैन्य परिवहन विमान सफलतापूर्वक अपनी पहली परीक्षण उड़ान पूरी कर चुका है। यह विमान गुजरात के वडोदरा स्थित फाइनल असेंबली लाइन से उड़ान भरकर ‘मेक इन इंडिया’ और ‘आत्मनिर्भर भारत’ अभियान के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि बन गया है। बता दें कि यह पहली बार है जब भारत में किसी सैन्य परिवहन विमान का निर्माण प्राइवेट सेक्टर की साझेदारी से किया जा रहा है। इस परियोजना को टाटा एडवांस्ड सिस्टम्स लिमिटेड और एयरबस डिफेंस एंड स्पेस मिलकर पूरा कर रहे हैं। अधिकारियों के मुताबिक, इस सफल परीक्षण उड़ान के बाद यह कार्यक्रम अब अपने अगले चरण में पहुंच गया है और उम्मीद है कि इसी साल भारतीय वायुसेना को भारत में बना पहला C-295 विमान सौंप दिया जाएगा।

उधर दिल्ली के तुगलकाबाद एक्सटेंशन इलाके की एक इमारत में शुक्रवार तड़के भीषण आग लगने से तीन लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि लोगों की दम घुटने से मौत हुई है। आग केवल ग्राउंड फ्लोर तक ही थी मगर आग का धुंआ ऊपर के फ्लैट्स में गया। कुछ लोग सेकंड फ्लोर से साड़ी की मदद से नीचे कूदे हैं। दमकल विभाग के अधिकारी ने बताया कि दिल्ली फायर सर्विस (DFS) के कर्मचारियों ने अब तक आठ लोगों को बचाया है। दमकल विभाग के मुताबिक रात करीब 2:25 बजे आग लगने की सूचना मिला। दमकल की गाड़ियों को तुरंत तुगलकाबाद की गली नंबर-1, नया तारा अपार्टमेंट के पास भेजा गया। 

अब उत्तराखण्ड की खबरों पर नजर डालते हैं, प्रदेश में मौसम के तल्ख तेवरों ने एक बार फिर जनजीवन अस्त व्यस्त कर दिया है। पहाड़ से लेकर मैदान तक बादल छाये हुए हैं और कई क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ बारिश का दौर जारी है। गुरुवार को प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में रुक-रुककर वर्षा हुई, जबकि राजधानी देहरादून में सुबह हल्की बौछारों के बाद रात के समय गर्जन के साथ तेज बारिश दर्ज की गई। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार शुक्रवार को राज्य के उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जनपदों में अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा होने की संभावना है। ऊंचाई वाले क्षेत्रों, विशेषकर 4200 मीटर और उससे अधिक ऊंचाई पर स्थित इलाकों में वर्षा के साथ बर्फबारी भी हो सकती है। वहीं राज्य के अन्य जिलों में भी अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और गर्जन के साथ बौछारें पड़ने का अनुमान है।

उधर पिथौरागढ़ से एक परेशान करने वाली खबर सामने आई है। यहां बीडी पांडे जिला अस्पताल में भर्ती रेबीज पीड़ित आठवीं के छात्र की इलाज के दौरान मौत हो गई। जिले में 20 दिन में रेबीज से यह दूसरी मौत है। मरने वाले दोनों किशोरों को एक ही श्वान के बच्चे ने काटा था। डॉक्टरों ने बताया कि पीड़ित छात्र युवराज सिंह धामी पुत्र रवीन्द्र सिंह धामी कभी सामान्य व्यवहार कर रहा था तो कभी उसमें अचानक रेबीज के लक्षण तेजी से उभरकर सामने आ रहे थे। इस उतार-चढ़ाव को देखते हुए सैंपल जांच के लिए लेकर दिल्ली भेजे थे। संक्रमण और सुरक्षा के लिहाज से साथ छात्र को आईसीयू में आइसोलेट किया गया था। बताया जाता है कि करीब छह महीने पहले जुम्मा गांव के तोक बुंगा और टीलम में एक लावारिस श्वान ने कई किशोरों और ग्रामीणों को काट दिया था। कुछ समय बाद ही श्वान की मौत हो गई। बीते 23 मई को श्वान ने जिस किशोर को काटा उसकी तबीयत बिगड़ गई। जिला अस्पताल पहुंचाने पर उसके रेबीज से ग्रसित होने की पुष्टि हुई। दूसरे ही दिन उसकी मौत हो गई थी। बीते बुधवार को भी गांव के 14 वर्षीय मोहित धामी की तबीयत बिगड़ गई, उसे हवा-पानी से डर लगने लगा और वह आक्रामक हो गया। ऐसे में परिजनों ने उसे संयुक्त चिकित्सालय पहुंचाया। चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल रेफर किया, जहां उसके रेबीज से ग्रसित होने की पुष्टि हुई। उसे आईसीयू में भर्ती किया गया। करीब 16 घंटे बाद उसने दम तोड़ दिया।