Good Morning India: प्यार, ब्रेकअप और मर्डर, मोहाली में ऑफिस में घुसकर युवक ने की एक्स गर्लफ्रेंड की हत्या, 35 सेकेंड में चाकू से किए 30 वार! कभी भी हो सकती है खान सर की गिरफ्तारी! दिल्ली में कॉकरोच जनता पार्टी प्रदर्शन आज, पुलिस अलर्ट! हल्द्वानी में अमेजन स्टोर में भीषण आग, दो कर्मचारियों की मौत
नमस्कार दोस्तों, आवाज 24X7 अपना खास कॉलम "गुड मॉर्निंग इंडिया" लेकर एक फिर आपके समक्ष प्रस्तुत है। आज के प्रमुख कार्यक्रमों पर नजर डालते हैं, कॉकरोच जनता पार्टी आज नई दिल्ली में प्रदर्शन करेगी। वहीं आज से भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन झारखंड के दौरे पर रहेंगे।
अब बड़ी खबरों की तरफ रुख करते हैं, पंजाब के मोहाली में एक प्राइवेट कंपनी में काम करने वाली युवती के मर्डर का सनसनीखेज मामला सामने आया है। इस हत्याकांड का आरोपी कोई और नहीं बल्कि उसका साथी है। मर्डर के बाद आरोपी ने खुद भी सुसाइड की कोशिश की, लेकिन वह कामयाब नहीं हो पाया। दोनों को गंभीर हालत में एक फोर्टिस अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां युवती की मौत हो गई। मृतका की पहचान पटियाला निवासी डिंपल के रूप में हुई। जबकि आरोपी हरविंदर मान उर्फ हैरी की हालत नाजुक बनी हुई है। इस सनसनीखेज वारदात का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। पता चला है कि दोनों एक प्रावइेट कंपनी में काम करते थे। यह कंपनी पैकर्स एंड मूवर्स का काम करती है। करीब तीन साल से दोनों इकट्ठे काम कर रहे थे। इस दौरान दोनों में दोस्ती हुई और बात प्रेम तक पहुंच गई। हालांकि कुछ समय पहले दोनों का ब्रेकअप हो गया था। ब्रेकअप के बाद आरोपी काफी टूट गया था और वह मानसिक रूप से परेशान रहने लगा था। उसने डिंपल से दोबारा रिलेशन सुधारने की कोशिश की, लेकिन बात नहीं बन पाई। ऐसे में वह काफी परेशान हो गया। गुरुवार देर शाम हैरी कंपनी में पहुंचा, जहां पर उसका और डिंपल में किसी बात को लेकर विवाद हो गया। इसी बीच उसने पीछे से आकर काम कर रही डिंपल पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिए। इसे देखकर अन्य लोग भी डर गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को तुरंत फोर्टिस अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने डिंपल को मृत घोषित कर दिया, जबकि हरविंदर का उपचार जारी है। उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
इधर पटना में हुए फायरिंग मामले में खान सर की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। खान सर की कोचिंग के बाहर भारी संख्या में पुलिस फोर्स की तैनाती की गई है। खान सर पर आर्म्स एक्ट और हत्या की कोशिश में एफआईआर दर्ज हुई है। इसके मुताबिक खान सर के कहने पर ही उनके गार्ड्स ने फायरिंग की और अब पटना पुलिस की कई टीमें खान सर की तलाश में जुटी हुई हैं। दूसरी ओर मामले में दोनों ही कोचिंग के छात्र आमने-सामने हैं। ऐसे में पुलिस ने छात्रों से अपील की है कि किसी के बहकावे में ना आएं और शांति से प्रदर्शन करें। मंगलवार रात को 15 से 20 लोगों के एक समूह ने खान ग्लोबल स्टडीज संस्थान में कथित तौर पर तोड़फोड़ की थी और परिसर पर पथराव किया था। पुलिस ने जांच के बाद प्रतिद्वंद्वी कोचिंग संस्थान ‘ज्ञान बिंदु’ के संचालक रोशन आनंद को मुख्य आरोपी मानते हुए गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पटना एसएसपी कार्तिकेय शर्मा ने प्राथमिकी दर्ज होने की पुष्टि करते हुए बताया कि खान ग्लोबल स्टडीज में तोड़फोड़ के मामले में दर्ज प्राथमिकी में खान सर का नाम शामिल किया गया है।
उधर अमेरिकी सेना ने शुक्रवार को होर्मुज जलडमरूमध्य की ओर दागे गए चार ईरानी ड्रोनों को मार गिराने का दावा किया और जवाबी कार्रवाई में ईरान के कुछ तटीय निगरानी रडार ठिकानों पर हमला किया। इससे ईरान पर ट्रंप प्रशासन के बढ़ते दबाव के बीच पहले से ही अस्थिर युद्धविराम को खतरा बढ़ गया है। अमेरिकी केंद्रीय कमान ने सोशल मीडिया पर कहा, "इन हमलावर ड्रोनों से क्षेत्रीय समुद्री यातायात को तत्काल खतरा था।" अमेरिकी सेना वैश्विक तेल और प्राकृतिक गैस शिपमेंट के महत्वपूर्ण गलियारे पर तेहरान के बढ़ते नियंत्रण के जवाब में ईरानी बंदरगाहों पर नाकाबंदी लागू कर रही है। इस नियंत्रण के कारण ऊर्जा की कीमतें आसमान छू रही हैं और मध्यावधि कांग्रेस चुनावों से पहले राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की रिपब्लिकन पार्टी के लिए राजनीतिक समस्याएं खड़ी हो गई हैं। अमेरिकी केंद्रीय कमान ने कहा कि उसने जलडमरूमध्य में स्थित एक द्वीप सहित रडार ठिकानों पर "आगे के हमलों से बचाव के लिए" हमला किया।
इधर इंडिगो ने अंतरराष्ट्रीय यात्रियों को बड़ा झटका दिया है। कंपनी ने हांगकांग, शंघाई और हो ची मिन्ह सिटी समेत छह अंतरराष्ट्रीय रूट्स पर अपनी उड़ानें अस्थायी रूप से बंद करने का फैसला किया है। बढ़ती परिचालन लागत, कमजोर यात्रा मांग और वैश्विक चुनौतियों के बीच एयरलाइन ने यह कदम उठाया है। इस फैसले का असर उन हजारों यात्रियों पर पड़ सकता है, जिन्होंने जुलाई से सितंबर के बीच इन गंतव्यों की यात्रा की प्लानिंग बनाई थी। इंडिगो के अनुसार 1 जुलाई 2026 से हांगकांग, शंघाई, हो ची मिन्ह सिटी, लंगकावी और क्राबी के लिए उड़ानें बंद कर दी जाएंगी। वहीं कंबोडिया के सिएम रीप के लिए सेवाएं 3 जुलाई से निलंबित होंगी। फिलहाल यह रोक 30 सितंबर 2026 तक लागू रहेगी। इंडिगो का कहना है कि जुलाई से सितंबर के बीच आमतौर पर यात्रियों की संख्या कम हो जाती है। वहीं, हवाई जहाज में इस्तेमाल होने वाले ईंधन (ATF) की कीमतें लगातार ऊंची बनी हुई हैं, जिससे उड़ानों का खर्च बढ़ गया है। इसके अलावा कई देशों के एयरस्पेस पर लगी पाबंदियों और बदलते अंतरराष्ट्रीय हालात की वजह से उड़ानों का संचालन भी मुश्किल और महंगा हो गया है। यही कारण है कि एयरलाइंस को अपने रूट्स और उड़ानों की संख्या में बदलाव करना पड़ रहा है।
उधर हिमाचल प्रदेश में शुक्रवार रात भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए। रिपोर्ट के मुताबिक भूकंप की तीव्रता में रिक्टर स्केल पर 5.0 मापी गई। भूकंप से घबराए लोग अपने घरों से बाहर निकल आए। इससे लोगों में दहशत फैल गई। अधिकारियों के अनुसार, फिलहाल किसी तरह के जानमाल के नुकसान की खबर नहीं है। मौसम विज्ञान कार्यालय के मुताबिक, रात करीब 10:30 बजे भूकंप आया और इसका केंद्र धर्मशाला से लगभग 40 किलोमीटर दूर कांगड़ा-चंबा सीमा के पास कांगड़ा के धर गोदोई के पास सतह से पांच किलोमीटर की गहराई में था। अधिकारियों ने बताया कि भूकंप के झटके महसूस होने के बाद धर्मशाला और आसपास के इलाकों के लोगों में दहशत फैल गई और वे अपने घरों से बाहर निकल आए। हालांकि, राज्य के किसी भी हिस्से से जानमाल के नुकसान की कोई सूचना नहीं है। दरअसल कांगड़ा और चंबा जिले भूकंपीय क्षेत्र पांच के अंतर्गत आते हैं, जो उच्च क्षति जोखिम वाला क्षेत्र है। खबरों के मुताबिक, चंडीगढ़ और पंजाब और हरियाणा के कुछ हिस्सों में भी भूकंप के झटके महसूस किए गए।
इधर कॉकरोच जनता पार्टी के शनिवार को दिल्ली के जंतर-मंतर पर होने वाले प्रदर्शन में गुरुग्राम जिले से भी सैंकड़ों युवाओं के जाने की आशंका है। इसे लेकर खुफिया विभाग और गुरुग्राम पुलिस की इंटेलिजेंस विंग की टीम भी अलर्ट पर हैं। खुफिया विभाग के आधिकारिक सूत्रों की मानें तो कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए दिल्ली बॉर्डर समेत अन्य स्थानों पर टीमें तैनात कर दिल्ली जाने से युवाओं को रोका भी जा सकता है। खुफिया विभाग के आधिकारिक सूत्र ने बताया कि कॉकरोच जनता पार्टी के चर्चा में आने के बाद से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स जैसे एक्स, फेसबुक और इंस्टाग्राम पर नजर रखी जा रही है। इन सभी पर जिले के भी काफी युवाओं की सक्रियता देखी जा रही है। गुरुग्राम पुलिस का साइबर सेल और इंटेलिजेंस विंग भी सोशल मीडिया अकाउंट्स पर नजर बनाए हुए हैं। जो भी लोग सोशल मीडिया पर इस प्रदर्शन के समर्थन में युवाओं को लामबंद कर रहे हैं, वे रडार पर हैं। खुफिया विभाग ने रिपोर्ट तैयार की है कि आम आदमी पार्टी (आप) से जुड़े कई नेता और कार्यकर्ता शनिवार को कॉकरोच जनता पार्टी के प्रदर्शन को समर्थन दे रहे हैं। इससे प्रदर्शन में जिले की भीड़ जुट सकती है। इसे देखते हुए सरहोल बॉर्डर, कापसहेड़ा बॉर्डर और आया नगर मार्ग पर भी निगरानी बढ़ाई गई है।
उधर दक्षिण-पश्चिम मानसून देश के कई हिस्सों में आगे बढ़ रहा है। इसकी वजह से कई राज्यों में बारिश का दौर देखा जा रहा है। मौसम विभाग ने शनिवार के लिए दक्षिण भारत और पूर्वोत्तर के कई क्षेत्रों में आंधी-तूफान, भारी बारिश, बिजली गिरने और तेज हवाओं के लिए अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के मुताबिक, 6-11 जून के दौरान केरल, अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में व्यापक बारिश होने की संभावना है। इसके अलावा उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में भी तेज बारिश हो सकती है। इस दौरान 40-50 किमी की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। कुछ जगहों पर 60 किमी/घंटा तक हवा की स्पीड हो सकती है। तटीय आंध्र प्रदेश, यनम, रायलसीमा, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में भी बारिश के आसार हैं।
इधर लंदन स्थित भारतीय उच्चायोग ने यूनाइटेड किंगडम में भारत के मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत के एक कार्यक्रम के दौरान हुए गड़बड़ी की कड़ी निंदा की है। CJI सूर्यकांत इस समय ब्रिटेन के छह दिवसीय दौरे पर हैं, जहां वे विभिन्न कानूनी और तकनीकी विषयों पर अपने विचार साझा कर रहे हैं। गुरुवार को लंदन की बर्कबेक यूनिवर्सिटी में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और अंतर्राष्ट्रीय कानून विषय पर मुख्य न्यायाधीश का कार्यक्रम आयोजित किया गया था। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य एआई, कानूनी प्रणालियों और अंतरराष्ट्रीय गवर्नेंस के बीच बढ़ते संबंधों को समझना और भविष्य की चुनौतियों पर चर्चा करना था। भाषण के बाद श्रोताओं के साथ सवाल-जवाब का एक सत्र चल रहा था, तभी वहां मौजूद एक शख्स ने कार्यक्रम में बाधा डालने की कोशिश की। सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो के मुताबिक, एक व्यक्ति ने भारत में असहमति के प्रति बढ़ती असहिष्णुता को लेकर सवाल पूछने का प्रयास किया। इसके बाद वहां तीखी बहस छिड़ गई।
उधर अंडमान निकोबार क्षेत्र में प्राकृतिक गैस के बड़े भंडार मिले हैं। केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने एक वीडियो साझा करते हुए इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सरकारी कंपनी ऑयल इंडिया लिमिटेड ने अंडमान अपतटीय बेसिन में प्राकृतिक गैस का एक बड़ा भंडार खोज निकाला है। इससे भारत के ऊर्जा क्षेत्र में आत्मनिर्भर होने की संभावना को और भी ज्यादा बल मिला है। इंटरनेट मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर वीडियो शेयर करते हुए केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने अपनी खुशी जाहिर की। उन्होंने लिखा कि अंडमान निकोबार द्वीपों से 15 किलोमीटर दूर श्री विजय पुरम-3 में हमें प्राकृतिक गैस के भंडार मिले हैं। यह कुआं पानी में करीब 1900 मीटर गहराई में स्थिति हैं। शुरुआती टेस्टिंग के दौरान लगातार गैस जलने से गैस की मौजूदगी की पुष्टि हुई है।
अब उत्तराखण्ड की खबरों पर नजर डालते हैं, हल्द्वानी के रामपुर रोड स्थित जीतपुर नेगी क्षेत्र में एक डिलीवरी कंपनी के स्टोर में शुक्रवार देर रात भीषण आग लगने से दो कर्मचारियों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के समय दोनों कर्मचारी स्टोर के अंदर सो रहे थे। आग में लाखों का सामान, एक स्कूटी और मालवाहक वाहन भी जलकर राख हो गए। पुलिस और फायर ब्रिगेड ने मौके पर पहुंचकर स्टोर का शटर तोड़ कर आग पर काबू पाया। सूचना मिलते ही एसपी सिटी मनोज कत्याल पुलिस बल और दमकल की टीम के साथ मौके पर पहुंचे। शटर बंद होने के कारण राहत और बचाव कार्य में काफी मुश्किलें आईं। दमकल कर्मियों ने कटर की मदद से शटर को काटकर अंदर प्रवेश किया और कई घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक स्टोर के अंदर मौजूद दोनों कर्मचारियों की मौत हो चुकी थी। मृतकों की पहचान गौलापार निवासी नरेंद्र और पंचायतघर निवासी अमित के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सुशीला तिवारी अस्पताल भेज दिया है और परिजनों को सूचना दे दी गई है।
इधर सल्ट ब्लॉक के खुमाड़ गांव में एक 25 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के मामले में पति को हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। घटना के बाद आरोपी फरार हो गया था, लेकिन पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर उसे कूपी बैंड क्षेत्र से पकड़ लिया। पुलिस के अनुसार, बीती रात खुमाड़ गांव निवासी भूमिका चंद्रा उर्फ पूजा (25) की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। आरोप है कि किसी विवाद के दौरान उसके पति दीपक चंद्र खर्कवाल ने डंडे से उसकी बेरहमी से पिटाई कर दी। गंभीर चोटों के कारण महिला ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद आरोपी घर छोड़कर फरार हो गया। सूचना मिलने पर सल्ट थानाध्यक्ष कश्मीर सिंह पुलिस टीम के साथ तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए तथा ग्रामीणों से पूछताछ कर मामले की जानकारी एकत्र की।
उधर उत्तराखंड में मानसून के आगमन से पहले ही मौसम के तेवर तल्ख बने हुए हैं। पहाड़ से लेकर मैदान तक घने बादलों की आवाजाही के बीच कई क्षेत्रों में तेज बारिश, आंधी, गरज-चमक और ओलावृष्टि का दौर जारी है। उत्तराखंड में मानसून के 25 जून तक पहुंचने की संभावना जताई जा रही है। सामान्य तौर पर राज्य में मानसून 20 जून के आसपास प्रवेश करता है, लेकिन इस बार इसकी रफ्तार कुछ धीमी मानी जा रही है। इससे पहले ही प्रदेश में प्री मानसून की बौछारों का दौर तेज हो गया है। मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को राज्य के पर्वतीय जिलों में अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा और गर्जन के साथ बारिश होने की संभावना है।