Good Morning India: फिर महंगा हुआ एलपीजी सिलेंडर, तीन महीने में दूसरी बार बढ़े दाम! भारतीय ग्रैंडमास्टर प्रज्ञानानंदा ने शतरंज की दुनिया में रचा इतिहास! यहां सनकी आशिक ने नाबालिग लड़की पर कुल्हाड़ी से किए ताबड़तोड़ वार! लिंक में पढ़ें प्रमुख खबरें

Good Morning India: LPG cylinders have become more expensive again, with prices increasing for the second time in three months! Indian Grandmaster Praggnanandhaa has created history in the world of c

नमस्कार दोस्तों, आवाज 24X7 अपना खास कॉलम "गुड मॉर्निंग इंडिया" लेकर एक फिर आपके समक्ष प्रस्तुत है। आज के प्रमुख कार्यक्रमों पर नजर डालते हैं, आज वेनेजुएला की कार्यवाहक राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज के भारत दौरे का आखिरी दिन है। वहीं आज भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन झारखंड में बैठक करेंगे।

अब बड़ी खबरों की तरफ रुख करते हैं, महंगाई से जूझ रहे आम लोगों को एक और झटका लगा है। आज से घरेलू रसोई गैस (एलपीजी) सिलेंडर की कीमतों में 29 रुपये की बढ़ोतरी कर दी गई है। इसके बाद राजधानी दिल्ली में 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू गैस सिलेंडर की कीमत 913 रुपये से बढ़कर 942 रुपये हो गई है। पिछले तीन महीनों में यह दूसरी बार है जब एलपीजी सिलेंडर के दाम बढ़ाए गए हैं। इससे पहले 7 मार्च को सिलेंडर की कीमत में 60 रुपये की बढ़ोतरी की गई थी। उस समय पश्चिम एशिया में बढ़े तनाव और वैश्विक ऊर्जा बाजार में आई उथल-पुथल के कारण अंतरराष्ट्रीय ईंधन कीमतों में तेजी देखने को मिली थी। तेल विपणन कंपनियों का कहना है कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में गैस की लागत बढ़ने से उन पर वित्तीय दबाव लगातार बढ़ रहा है। उद्योग से जुड़े अनुमान बताते हैं कि हालिया बढ़ोतरी से पहले कंपनियों को घरेलू एलपीजी सिलेंडर की बिक्री पर प्रति सिलेंडर करीब 703 रुपये का नुकसान उठाना पड़ रहा था। 

इधर फलस्तीनी स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि कब्जे वाले वेस्ट बैंक में इजरायली सैनिकों ने फलस्तीनी दंपती की गाड़ी पर गोलीबारी की, जिसमें उनके सात महीने के बच्चे की मौत हो गई। हेब्रोन शहर के दक्षिण में तेल रुमेइदा इलाके में शुक्रवार शाम सैम फहद अबू हैकल की मौत हो गई और उसके माता-पिता घायल हो गए। बच्चा उसी गोली के चेहरे पर लगने के कारण गंभीर रूप से घायल हो गया, जिससे उसकी मां घायल हुई थी। बाद में उसकी मौत हो गई। उसके पिता फहद अबू हैकल बेथलहम यूनिवर्सिटी में लेक्चरर हैं। उनके हाथ में गोली लगी। एजेंसी की रिपोर्ट के अनुसार, वे बेथलहम से हेब्रोन में अपने परिवार से मिलने जा रहे थे, तभी सैनिकों ने गोलीबारी की। शनिवार को बच्चे को दफना दिया गया। सात अक्टूबर 2023 को हमास के हमले के बाद से इजरायल की सेना ने वेस्ट बैंक में सैन्य अभियान बढ़ा दिए हैं।

उधर महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर के वालुज एमआईडीसी क्षेत्र में कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के संस्थापक अभिजीत दीपके के आवास पर पुलिस ने सुरक्षा बढ़ा दी है। एक अधिकारी ने बताया कि दीपके के भारत पहुंचने के बाद भीड़भाड़ को रोकने के लिए सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की गई है। पुलिस उपायुक्त पंकज अतुलकर ने कहा कि यदि अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने की जरूरत हुई तो ऐसा किया जाएगा। उन्होंने कहा कि दीपके के माता-पिता फिलहाल वालुज स्थित अपने घर में नहीं रह रहे हैं। अतुलकर के अनुसार, वे मेरे संपर्क में नहीं हैं। उन्होंने इससे अधिक जानकारी साझा करने से इनकार कर दिया। एमआइडीसी वालुज थाने के प्रभारी अधिकारी ने बताया कि पहले दीपके के घर पर एक सुरक्षाकर्मी तैनात था। अब हमने वहां एक अधिकारी सहित दस पुलिसकर्मियों की टीम तैनात की है। दीपके शनिवार को दिल्ली पहुंचे और जंतर-मंतर पर प्रदर्शन में भाग लिया।

इधर भारत के ग्रैंडमास्टर आर. प्रज्ञानानंदा ने इतिहास रचते हुए प्रतिष्ठित नॉर्वे चेस का खिताब अपने नाम कर लिया है। फाइनल राउंड में उन्होंने जर्मनी के विन्सेंट कीमर को हराकर यह उपलब्धि हासिल की और इस खिताब को जीतने वाले पहले भारतीय खिलाड़ी बने। चेन्नई के 20 साल के युवा ग्रैंडमास्टर आर. प्रज्ञानानंदा ने ने इस खिताब को जीतकर एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है। टूर्नामेंट के आखिरी दिन वह 15 अंक लेकर तीसरे पायदान पर थे, लेकिन अंतिम और निर्णायक मैच में उन्होंने क्लासिकल राउंड जीतकर पूरे 3 अंक बटोरे। इसके साथ ही उन्होंने कुल 18 अंकों के साथ चैंपियनशिप की ट्रॉफी अपने नाम कर ली। नॉर्वे चेस चैंपियनशिप जीतने के बाद पीएम मोदी ने भी प्रज्ञानानंदा को बधाई दी। उन्होंने लिखा कि प्रज्ञानानंदा को इस शानदार कामयाबी के लिए बधाई! यह सच में एक जबरदस्त माइलस्टोन है जो उनकी लगातार बेहतरीन काम को दिखाता है। उनके आगे के मैचों के लिए मेरी शुभकामनाएं।

उधर उत्तर-पूर्वी दिल्ली के ज्योति नगर स्थित छज्जूपुर इलाके में शनिवार सुबह एक दिल दहला देने वाली वारदात में एक शख्स ने बेटे की हत्या करने के बाद खुद भी फंदे से लटककर खुदकुशी कर ली। मृतकों की शिनाख्त प्रवीण शर्मा (54) और इनके बेटे नैतिक (13) के रूप में हुई है। सवेरे प्रवीण की मां बेटे के कमरे में पहुंची तो वहां वह फंदे से लटके थे। वहीं पोता नैतिक भी अपने बिस्तर पर अचेत पड़ा था। उसका पूरा शरीर नीला पड़ा हुआ था। बाद में पुलिस को खबर दी गई सूचना मिलते ही जिले के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए क्राइम टीम व एफएसएल को मौके पर बुला लिया गया पुलिस को मतक प्रवीण के पास से एक सुसाइड नोट बरामद हुआ है। नोट में प्रवीण ने अपनी पत्नी को खुद की और बेटे की मौत का जिम्मेदार बताया है। दरअसल पिछले करीब छह साल से प्रवीण की पत्नी परिवार से अलग गाजियाबाद स्थित अपने मायके में रह रही थी। दोनों के बीच तलाक का केस भी चल रहा था। इसके अलावा प्रवीण सड़क हादसे में घायल होने के बाद बीमार भी रहते थे।

इधर दिल्ली के मालवीय नगर के हौजरानी में स्थित फ्लारिस स्टे होटल में हुए अग्निकांड में दिल्ली पुलिस ने होटल के रसोइये केशव नेगी (65) को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आग लगने के कारणों, सुरक्षा मानकों में हुई कथित लापरवाही और घटना के समय गेस्ट हाउस के संचालन से जुड़े विभिन्न पहलुओं को लेकर आरोपी से पूछताछ की जा रही है। इस होटल में भीषण आग लगने से 21 लोगों की मौत हो गई थी। होटल मालिक के बाद इस अग्निकांड में यह दूसरी गिरफ्तारी है। पुलिस कुछ लोगों को हिरासत में भी लिया है। दक्षिण जिला पुलिस अधिकारियों ने आशंका जताई है कि रसोइये की लापरवाही आग लगने की एक वजह हो सकती है। उन्होंने बताया कि होटल से जुड़े कई अन्य लोगों को भी हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। यह कार्रवाई मालवीय नगर के हौज रानी इलाके स्थित फ्लरिश स्टे बेड एंड ब्रेकफास्ट’ (बी एंड बी) होटल में लगी आग की जांच के तहत की जा रही है। जांचकर्ता घटना की कड़ियां जोड़ने और आग लगने के कारणों का पता लगाने के लिए पूछताछ कर रहे हैं। बता दें कि बुधवार सुबह लगी इस भीषण आग में 16 वर्षीय एक किशोरी समेत 21 लोगों की मौत हो गई थी। मृतकों में किर्गिस्तान, नाइजीरिया, बांग्लादेश, इराक, कांगो, मोजाम्बिक और लाइबेरिया के कई विदेशी नागरिक भी शामिल थे।

उधर मध्य प्रदेश के शिवपुरी से इंसानियत शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। जहां सिरफिरे आशिक ने नाबालिग लड़की पर कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ हमला किया। क्रूरता की हद पार करते हुए आरोपी ने लहूलुहान लड़की के गले में फंदा बांधा, उसे छत से लटकाया और 12 फीट नीचे पटक दिया। गंभीर हालत में पीड़िता को 60 टांके आए हैं और उसे ग्वालियर रेफर किया गया है। बता दें कि आक्रोशित ग्रामीणों के चक्का जाम के बाद पुलिस ने मुस्तैदी दिखाई। मामले में कुल 5 नामजद आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत FIR दर्ज की जा चुकी है। इस घटना का वीडियो भी आसपास घरों में रहने वालों ने बना लिया, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। घटना के बाद पूरे इलाके में भारी आक्रोश है। ग्रामीण और लोकल लोग, आरोपियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए सड़क पर उतरे और प्रदर्शन किया। उन्होंने सड़क जाम कर अपना विरोध दर्ज कराया। लोगों को मानना है कि इस प्रकार की घटनाएं समाज में महिलाओं और बच्चियों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े करती हैं।

अब उत्तराखण्ड की खबरों पर नजर डालते हैं, हरिद्वार जिले में बड़ा हादसा हो गया। हरिद्वार-देहरादून हाईवे पर शनिवार शाम को अचानक से चलती हुई बस में आग लग गई। हाईवे पर चलती हुई बस में आग लगने के कारण इलाके में अफरा तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोग कुछ समझ पाते, उससे पहले ही बस आग का गोला बनी चुकी थी। गनीमत रही कि बस चालक की सतर्कता और यात्रियों की सूझबूझ से सभी लोग समय रहते बस से बाहर निकल गए, जिससे बड़ा हादसा टल गया। हादसे के वक्त बस में करीब 42 यात्री सवार थे। राहत की बात ये है कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई। लेकिन कई यात्रियों का सामान जल गया। जानकारी के अनुसार शनिवार शाम प्राइवेट बस हरिद्वार से देहरादून के लिए रवाना हुई थी। बस में चालक समेत कुल 42 लोग सवार थे। बस जैसे ही सर्वानंद घाट के पास पहुंची, तभी उसमें अचानक आग लग गई। आग लगते ही बस में सवार यात्रियों में चीख पुकार मच गई और सभी लोग अपनी जान बचाने के लिए तेजी से बस से बाहर निकल गए। कुछ ही मिनटों में आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया और बस धू धू कर जलने लगी।

उधर उत्तराखंड परिवहन विभाग में चार सहायक संभागीय परिवहन अधिकारियों (एआरटीओ) के तबादले किए गए हैं। इस संबंध में परिवहन आयुक्त बृजेश कुमार संत ने आदेश जारी कर अधिकारियों को तत्काल नई तैनाती स्थल पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए हैं। परिवहन आयुक्त कार्यालय की ओर से जारी आदेश के अनुसार मुख्यालय में तैनात सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी एलेन रैंक्सी को एआरटीओ (प्रवर्तन एवं सड़क सुरक्षा) हल्द्वानी भेजा गया है। वहीं, उत्तरकाशी में एआरटीओ (प्रशासन) के पद पर कार्यरत रतनाकर सिंह को एआरटीओ (प्रवर्तन एवं सड़क सुरक्षा) देहरादून की जिम्मेदारी सौंपी गई है। देहरादून में एआरटीओ (प्रवर्तन एवं सड़क सुरक्षा) के पद पर तैनात पंकज श्रीवास्तव को एआरटीओ (प्रशासन) उत्तरकाशी स्थानांतरित किया गया है। मुख्यालय में तैनात आनंद कुमार जायसवाल को एआरटीओ (प्रवर्तन एवं सड़क सुरक्षा) कर्णप्रयाग भेजा गया है। परिवहन आयुक्त ने सभी स्थानांतरित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि वे अविलंब अपने नए तैनाती स्थल पर पहुंचकर कार्यभार ग्रहण करना सुनिश्चित करें।