Good Morning India: देशभर में ईद का जश्न! सुप्रीम कोर्ट की अहम टिप्पणी, पति को घर के कामकाज में समान रूप से बंटाना होगा हाथ! नाटो देशों पर भड़के ट्रंप, बोले- कायर हैं ये लोग, हम इन्हें याद रखेंगे! आज हल्द्वानी आएंगे रक्षामंत्री राजनाथ सिंह

Good Morning India: Eid celebrations across the country! The Supreme Court makes an important observation: Husbands must share household chores equally! Trump lashes out at NATO countries, saying, "T

नमस्कार दोस्तों, आवाज 24X7 अपना खास कॉलम "गुड मॉर्निंग इंडिया" लेकर एक फिर आपके समक्ष प्रस्तुत है। आज के प्रमुख कार्यक्रमों पर नजर डालते हैं, आज देशभर में ईद का जश्न पूरे उत्साह और उल्लास के साथ मनाया जा रहा है। 

अब बड़ी खबरों की तरफ रुख करते हैं, देशभर में आज यानी 21 मार्च को ईद मनाई जा रही है। ईद‑उल‑फितर इस्लाम धर्म के सबसे प्रमुख त्योहारों में से एक है। इस पर्व को मीठी ईद के नाम से भी जाना जाता है। यह त्योहार रमजान के पाक महीने के खत्म होने पर मनाया जाता है। आज खुशी और भाईचारे का पर्व ईद-उल-फितर बड़े उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। आज लोग मस्जिदों में नमाज़ अदा करते हैं, गले मिलते हैं और एक-दूसरे को मुबारकबाद देते हैं। इससे पहले शुक्रवार देर रात ईद का चांद दिखाई दिया।

इधर सुप्रीम कोर्ट ने शुक्रवार को कहा कि पति को खाना पकाने, घर की साफ-सफाई करने और कपड़े धोने जैसे घरेलू कामकाज में समान रूप से हाथ बंटाना होगा क्योंकि उसने किसी घरेलू सहायिका से नहीं, बल्कि जीवन संगिनी से शादी की है। न्यायमूर्ति विक्रम नाथ और न्यायमूर्ति संदीप मेहता की पीठ ने यह टिप्पणी की, जो कर्नाटक हाई कोर्ट के एक आदेश को चुनौती देने संबंधी एक याचिका पर सुनवाई कर रही है। हाई कोर्ट ने क्रूरता के आधार पर तलाक को मंजूरी देने संबंधी अधीनस्थ अदालत के आदेश को रद्द कर दिया था। सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई के दौरान, याचिकाकर्ता व्यक्ति के वकील ने दलील दी कि दोनों पक्षों के बीच मध्यस्थता विफल रही। वकील ने कहा कि उन दोनों का विवाह मई 2017 में हुआ था और 2019 से वे अलग रह रहे हैं। वकील ने कहा, 'मैं (व्यक्ति) तलाक चाहता हूं। अधीनस्थ अदालत ने क्रूरता के आधार पर तलाक को मंजूरी दे दी।' पीठ ने सवाल किया कि इस मामले में कथित क्रूरता क्या थी? व्यक्ति (पति) की ओर से पेश वकील ने कहा कि महिला अनुचित व्यवहार कर रही थी और खाना नहीं पका रही थी। न्यायमूर्ति नाथ ने कहा, 'आपको इन सब चीजों में समान रूप से हाथ बंटाना होगा। खाना पकाना, घर की साफ-सफाई करना, कपड़े धोना, हर चीज। समय बदल चुका है।' न्यायमूर्ति मेहता ने कहा, 'आपने किसी घरेलू सहायिका से शादी नहीं की है। आपने जीवन संगिनी से शादी की है।' पीठ को बताया गया कि वे दोनों (दंपति) एक सरकारी स्कूल में सेवारत हैं। पीठ ने कहा, 'दोनों पक्षों को अदालत में बुलाया जाए। हम उनसे बात करना चाहते हैं।'शीर्ष अदालत ने मामले की सुनवाई 27 अप्रैल के लिए निर्धारित कर दी और दोनों पक्षों को उस दिन न्यायालय में उपस्थित रहने को कहा। 

उधर पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार नाटो देशों पर निशाना साधा है। ट्रंप ने सोशल मीडिया पर नाटो देशों को निशाने पर लेते हुए कहा, वे कायर हैं, क्योंकि वे ईरान युद्ध में शामिल नहीं हुए और न ही होर्मुज जलडमरूमध्य को सुरक्षित करने में मदद के लिए अपनी सेनाएं भेजीं। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर लिखा कि अमेरिका के बिना नाटो एक कागजी शेर है! वे परमाणु शक्ति संपन्न ईरान को रोकने की लड़ाई में शामिल नहीं होना चाहते थे। उन्होंने यह भी कहा, अब जब वह लड़ाई सैन्य रूप से जीत ली गई है और उनके लिए खतरा भी बहुत कम है, तो वे तेल की उन ऊंची कीमतों की शिकायत कर रहे हैं जो उन्हें चुकानी पड़ रही हैं। ट्रंप ने आगे कहा कि वे होर्मुज जलडमरूमध्य को खोलने में मदद नहीं करना चाहते, जो कि एक साधारण सैन्य कदम है जिसकी वजह से तेल की कीमतें बढ़ी हैं। उनके लिए ऐसा करना कितना आसान है और इसमें जोखिम भी बहुत कम है। कायरों हम यह बात याद रखेंगे!

इधर उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद स्थित कौशांबी में जासूसी के एक बड़े मामले का खुलासा हुआ है। एसआईटी की टीम ने 20 मार्च को नौ अन्य लोगों को गिरफ्तार किया है। ये सभी एक पाकिस्तानी व्यक्ति के लिए देश की जासूसी कर रहे थे। गिरफ्तार किए गए लोगों में मेरठ के परतापुर का गणेश, बिहार के पूर्णिया जिला स्थित ओली टोला निवासी विवेक, मेरठ के शास्त्री नगर का गगन कुमार शामिल हैं। जौनपुर के काजीपुर स्थित सराय मोहद्दीन जामदारा शाहगंज का रहने वाला दुर्गेश भी पकड़ा गया है। इनके साथ मेरठ, गाजियाबाद और कौशांबी के पांच नाबालिग भी टीम ने गिरफ्तार किए हैं। ये सभी आरोपी पाकिस्तानी व्यक्ति सरदार उर्फ सरफराज उर्फ जोगा सिंह के सीधे संपर्क में थे। वे संदेश ऐप के जरिए उससे लगातार जुड़े हुए थे। नाबालिग आरोपी शॉर्ट वीडियो बनाने का बहाना बनाकर सैन्य ठिकानों की फोटो-वीडियो भेजते थे। वे इन महत्वपूर्ण ठिकानों की लोकेशन भी पाकिस्तान भेज रहे थे। लोकेशन साझा करने के लिए अलग-अलग ऐप का इस्तेमाल किया जाता था। एडीसीपी राजकरन नैय्यर ने इस पूरे मामले की विस्तृत जानकारी दी है।

उधर यूपी के ग्रेटर नोएडा वेस्ट से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक मासूम बच्चा, बिल्डिंग की 12वीं मंजिल से नीचे गिर गया है, जिससे उसकी मौत हो गई। मामला गौर सिटी 7 एवेन्यू का है। इस घटना से सोसाइटी में हड़कंप मच गया है और लोग इस घटना को बेहद दुखद बता रहे हैं। जानकारी के मुताबिक, 3 साल का मासूम बच्चा 12वें फ्लोर की बालकनी में खेल रहा था। बच्चा घर में अकेला था और उसकी मां दूसरे बच्चे को ट्यूशन के लिए छोड़ने गई थी। अचानक बच्चा जैसे ही नीचे गिरा तो मौके पर चीख पुकार मच गई और आनन फानन में पुलिस को जानकारी दी गई। पुलिस ने बच्चे के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस घटना से बच्चे की मां का रो-रोकर बुरा हाल है।

इधर सोशल मीडिया का जमाना है। हर कोई सोशल मीडिया पर रील बनाने पर लगा हुआ है। ऐसे में सिक्किम के वन एवं पर्यावरण विभाग ने शुक्रवार को एक आदेश जारी किया है। ये आदेश वन एवं विभाग के कर्मचारियों के लिए हैं। आदेश में सरकार ने काम के दौरान रील बनाने या सोशल मीडिया पर व्यक्तिगत सामग्री पोस्ट करने पर रोक लगा दी है। प्रधान मुख्य वन संरक्षक (PCCF)-सह-प्रधान सचिव प्रदीप कुमार द्वारा जारी निर्देश के अनुसार, कर्मचारियों को ड्यूटी के दौरान सोशल मीडिया के लिए सामग्री बनाने या उसे साझा करने से प्रतिबंधित किया गया है। आदेश में कहा गया है कि इस कदम का उद्देश्य पेशेवर आचरण बनाए रखना और यह सुनिश्चित करना है कि आधिकारिक समय पूरी तरह से काम के लिए समर्पित रहे। हालांकि, विभाग ने स्पष्ट किया है कि वानिकी, पर्यावरण और वन्यजीव जागरूकता से संबंधित डिजिटल सामग्री बनाने की अनुमति होगी बशर्ते उसे पूरी तरह से आधिकारिक उद्देश्यों के लिए तैयार किया गया हो। इससे पहले सिक्किम पुलिस ने भी इसी तरह का निर्देश जारी करते हुए पुलिसकर्मियों को वर्दी में रील बनाने से प्रतिबंधित किया था। 

उधर NCERT किताब विवाद मामले में केंद्र सरकार ने सुप्रीम कोर्ट को विवादित चैप्टर की समीक्षा कर रही विशेषज्ञ समिति के सदस्यों की जानकारी दी है। सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने देश के सर्वोच्च न्यायलय को बताया कि वरिष्ठ वकील और पूर्व अटॉर्नी जनरल केके वेणुगोपाल, SC की पूर्व जज जस्टिस इंदु मल्होत्रा और राष्ट्रीय न्यायिक अकादमी के निदेशक समिति के सदस्य होंगे। साथ ही SC के पूर्व जज जस्टिस अनिरुद्ध बोस भी विशेषज्ञ समिति के सदस्य होंगे। इससे पहले सुप्रीम कोर्ट ने सुप्रीम कोर्ट ने अध्याय को फिर से लिखे जाने के संबंध में एनसीईआरटी के रुख पर चिंता जताई थी। कोर्ट ने एनसीईआरटी के निदेशक द्वारा दाखिल हलफनामे का हवाला दिया, जिसमें कहा गया कि संशोधित अध्याय आगामी शैक्षणिक सत्र 2026-27 में शामिल किया जाएगा और लागू पाठ्यक्रम और शैक्षणिक ढांचे के अनुसार विद्यालयों में कक्षा में पठन-पाठन के लिए इसका इस्तेमाल किया जाएगा। प्रधान न्यायाधीश सूर्यकांत, न्यायमूर्ति जॉयमाल्या बागची और न्यायमूर्ति विपुल एम पंचोली की पीठ ने कहा था कि हम एनसीईआरटी के निदेशक द्वारा हलफनामे के पैरा 15 में व्यक्त किए गए रुख से भी उतने ही चिंतित हैं। पीठ ने कहा था कि हम निर्देश देते हैं कि यदि विषय की पाठ्यपुस्तक के अध्याय 4 को किसी भी प्रकार से फिर से लिखा गया है, तो उसे तब तक प्रकाशित नहीं किया जाएगा जब तक कि उसे संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों वाली एक समिति द्वारा अनुमोदित नहीं किया जाता है।

इधर जासूसी मामले में अभी तक चार राज्यों के प्रमुख सैन्य व सुरक्षाबलों के ठिकानों की जानकारी पाकिस्तान, मलेशिया, यूके और दुबई के नंबरों पर भेजने की बात सामने आई है। जांच एजेंसियों ने गंभीर आतंकी साजिश को अंजाम देने से पहले की तैयारी का अंदेशा जताया है। आरोपियों ने दिल्ली, मुंबई, हरियाणा और राजस्थान के कई प्रमुख सैन्य ठिकानों व सुरक्षाबलों के स्टेशनों की भी रेकी की थी। जासूसी का मामला सामने आने के बाद देशभर में कई जगह से पुलिस व सुरक्षा एजेंसियों ने लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों से पूछताछ में यह बात सामने आई है। कौशांबी पुलिस और एसआईटी ने गिरफ्तार किए आरोपियों ने बताया कि दो व्हाट्सएप ग्रुप के जरिए विदेशी व्यक्ति से जुड़े हुए थे।

अब उत्तराखण्ड की खबरों पर नजर डालते हैं, प्रदेश में मौसम का मिजाज बिगड़ा हुआ है, बीते कुछ दिनों से जारी बारिश का सिलसिला शुक्रवार को भी जारी रहा। दिन भर हुई रिमझिम बारिश से तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से यह बदलाव आया है। अगले कुछ दिनों तक मौसम में इसी तरह उतार-चढ़ाव बने रहने की संभावना जताई गई है। पहाड़ी क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी और मैदानी इलाकों में बारिश का दौर जारी रह सकता है। विशेषज्ञों ने लोगों को मौसम के अनुरूप सावधानी बरतने और ठंड से बचाव के उपाय अपनाने की सलाह दी है।

उधर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सरकार के चार साल पूर्ण होने पर एमबी इंटर कॉलेज मैदान में आयोजित होने वाले कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लिया। इस कार्यक्रम में केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह मुख्य अतिथि होंगे। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं समय पर और चाक-चौबंद रखने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ने अपने चार साल के कार्यकाल में कई ऐतिहासिक और जनहितकारी फैसले लिए हैं, जिनका लाभ आम जनता को मिला है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह कार्यक्रम प्रदेशवासियों के लिए नई ऊर्जा और उत्साह लेकर आएगा।