Good Morning India: वेनेजुएला में भूकंप से मचा कोहराम, इमर्जेंसी घोषित! NCERT की बड़ी चेतावनी, कक्षा 9वीं की ये किताब निकली फर्जी! इंग्लैंड दौरे पर वैभव के लिए खास नियम, होगा अलग ड्रेसिंग रूम! निर्जला एकादशी आज, भद्रा योग के बीच रहेगा पूजा का मुहूर्त

Good Morning India: Earthquake wreaks havoc in Venezuela; state of emergency declared! Major warning from NCERT: Class 9 textbook found to be fake! Special rules for Vaibhav on the England tour; he w

नमस्कार दोस्तों, आवाज इंडिया अपना खास कॉलम ‘गुड मॉर्निंग इंडिया’ लेकर एक फिर आपके समक्ष प्रस्तुत है। आईए आज के प्रमुख कार्यक्रमों पर नजर डालते हैं, विदेश मंत्री एस जयशंकर के दक्षिण कोरिया दौरे का आज आखिरी दिन है। वहीं महिला टी20 विश्वकप में भारत का मुकाबला बांग्लादेश से है।

अब बड़ी खबरों की तरफ रूख करते हैं, आज 25 जून को साल की सबसे बड़ी एकादशी है। हिंदू धर्म में एकादशी तिथि का विशेष महत्व माना जाता है, लेकिन सभी एकादशियों में निर्जला एकादशी को सबसे श्रेष्ठ और पुण्यदायी माना गया है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार इस दिन विधि.विधान से व्रत और भगवान विष्णु की पूजा करने पर वर्षभर की 24 एकादशियों के बराबर पुण्य फल प्राप्त होता है। यही कारण है कि इसे साल की सबसे महत्वपूर्ण एकादशी माना जाता है। विशेष बात यह है कि इस बार निर्जला एकादशी पर कई शुभ योगों का निर्माण हो रहा है, वहीं भद्रा का संयोग भी रहेगा। ऐसे में श्रद्धालुओं के मन में पूजा के शुभ समय और भद्रा के प्रभाव को लेकर कई सवाल हैं। वैदिक पंचांग के अनुसार ज्येष्ठ शुक्ल पक्ष की एकादशी तिथि 24 जून 2026 की रात 8 बजकर 9 मिनट पर प्रारंभ होगी और 25 जून 2026 की रात 9 बजकर 14 मिनट तक रहेगी। चूंकि हिंदू धर्म में व्रत और पर्व उदया तिथि के आधार पर मनाए जाते हैं, इसलिए निर्जला एकादशी का व्रत 25 जून को रखा जाएगा। इस दिन भगवान विष्णु और माता लक्ष्मी की विशेष पूजा.अर्चना का विधान है। इस बार निर्जला एकादशी पर कई शुभ और दुर्लभ योग भी बन रहे हैं, जिससे इसका धार्मिक महत्व और अधिक बढ़ गया है। पंचांग के अनुसार रवि योग सुबह 5 बजकर 25 मिनट से शाम 4 बजकर 29 मिनट तक रहेगा। वहीं शिव योग सुबह 10 बजकर 22 मिनट से प्रारंभ होकर पूरे दिन प्रभावी रहेगा, जबकि सिद्ध योग सुबह 10 बजकर 53 मिनट से पूरे दिन बना रहेगा। निर्जला एकादशी पर इस बार भद्रा का संयोग भी रहेगा। पंचांग के अनुसार भद्रा सुबह 7 बजकर 8 मिनट से रात 8 बजकर 9 मिनट तक रहेगी। सामान्यतः भद्रा काल को शुभ कार्यों के लिए उचित नहीं माना जाता, लेकिन इस बार भद्रा का निवास पाताल लोक में रहेगा। ज्योतिषीय मान्यताओं के अनुसार जब भद्रा पृथ्वी लोक में नहीं होती, तब उसका प्रभाव पूजा-पाठ और धार्मिक कार्यों पर नहीं पड़ता। इसलिए श्रद्धालु बिना किसी चिंता के भगवान विष्णु की आराधना, व्रत और दान-पुण्य कर सकते हैं।

इधर भारतीय क्रिकेट के उभरते युवा सितारे वैभव सूर्यवंशी अपने पहले सीनियर अंतरराष्ट्रीय दौरे से पहले ही चर्चा का विषय बन गए हैं। हालांकि इस बार सुर्खियों में उनकी बल्लेबाजी नहीं, बल्कि इंग्लैंड दौरे के दौरान उन पर लागू होने वाले विशेष नियम हैं। महज 15 वर्ष की उम्र के कारण वैभव को भारतीय टीम के अन्य वयस्क खिलाड़ियों से अलग चेंजिंग रूम का उपयोग करना होगा। यह व्यवस्था अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) के सेफगार्डिंग यानी बाल सुरक्षा नियमों के तहत की जा रही है। आईसीसी और इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ईसीबी) के दिशा.निर्देशों के अनुसार 16 वर्ष से कम आयु के खिलाड़ियों को वयस्क खिलाड़ियों के साथ एक ही चेंजिंग रूम साझा करने की अनुमति नहीं होती। चूंकि इंग्लैंड में होने वाली यह सीरीज आईसीसी के अधिकार क्षेत्र में आयोजित की जा रही है, इसलिए सभी सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन अनिवार्य होगा।ईसीबी ने पुष्टि की है कि आईसीसी के नियमों के साथ उसकी ‘सेफ हैंड्स’ नीति भी पूरे दौरे के दौरान लागू रहेगी। वैभव की कम उम्र को देखते हुए उनके लिए विशेष देखभाल और सुरक्षा व्यवस्था की गई है। उनके माता.पिता भी पूरे दौरे में उनके साथ रहेंगे और उसी होटल में ठहरेंगे, जहां भारतीय टीम रुकेगी। ईसीबी का मानना है कि परिवार की मौजूदगी युवा खिलाड़ी को मानसिक सहयोग और आवश्यक सुरक्षा प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

उधर NCERT ने छात्रों, अभिभावकों और शिक्षकों को फर्जी और अनधिकृत किताबों को लेकर सतर्क रहने की चेतावनी जारी की है। NCERT ने कहा है कि उसकी कुछ किताबों की पायरेटेड और अनधिकृत कॉपियां प्रिंट और डिजिटल दोनों रूपों में प्रसारित की जा रही हैं। इनमें कक्षा 9 की सामाजिक विज्ञान की एक फर्जी पुस्तक भी शामिल है, जिसे सोशल मीडिया और मैसेजिंग प्लेटफॉर्म पर साझा किया जा रहा है। NCERT ने बुधवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जारी एक बयान में कहा कि उसके संज्ञान में आया है कि कुछ लोग परिषद की पुस्तकों की अवैध प्रतियां प्रसारित कर रहे हैं। कुछ मामलों में तो किताबों को उनकी आधिकारिक रिलीज से पहले ही प्रसारित किया जा रहा है, जो पूरी तरह गैरकानूनी है। काउंसिल के अनुसार, कक्षा 9 की सामाजिक विज्ञान की किताब 'Understanding Society: India & Beyond' (Part-1) की एक फर्जी और अनधिकृत कॉपी सोशल मीडिया चैनलों, वेबसाइटों और मैसेजिंग समूहों में प्रसारित की जा रही है। ये प्लेटफॉर्म खुद को NCERT की पुस्तकों और अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराने वाला बता रहे हैं, जबकि उनका NCERT से कोई संबंध नहीं है। NCERT ने स्पष्ट किया कि ऐसे चैनलों को परिषद की ओर से कोई अधिकृत अनुमति नहीं दी गई है। इसलिए इन माध्यमों से उपलब्ध कराई जा रही सामग्री पर भरोसा नहीं किया जाना चाहिए। परिषद ने कहा कि उसकी सभी पाठ्यपुस्तकें केवल आधिकारिक माध्यमों से ही प्रकाशित, मुद्रित और जारी की जाती हैं। किसी भी पुस्तक को उसकी आधिकारिक रिलीज से पहले किसी भी रूप में प्रसारित करने की अनुमति नहीं होती। NCERT ने चेतावनी दी कि अनधिकृत स्रोतों से उपलब्ध सामग्री गलत, अधूरी, छेड़छाड़ की गई या पूरी तरह से मनगढ़ंत हो सकती है। ऐसी सामग्री का उपयोग छात्रों, शिक्षकों, अभिभावकों या आम जनता के लिए नुकसानदायक साबित हो सकता है।

इधर बिहार की सियासत से जुड़ी बड़ी खबर सामने आई है। बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री और बिहार विधान परिषद की नेता राबड़ी देवी को एक हफ्ते में बंगला खाली करने के लिए नोटिस मिला है। अगर इस दौरान बंगला खाली नहीं किया गया तो कार्रवाई की जाएगी। बता दें कि राबड़ी देवी को भवन निर्माण विभाग ने नोटिस दिया है। हालांकि हालही में ये बात सामने आई थी कि राबड़ी देवी जल्द ही 10 सर्कुलर रोड स्थित सरकारी आवास छोड़कर 39 हार्डिंग रोड स्थित नए सरकारी बंगले में शिफ्ट होंगी। लेकिन इस बंगले को लेकर एक चौंकाने वाली बात ये भी थी कि इसके अंदर एक मजार भी है। पहले भी जो लोग इस बंगले में रहे, उन्होंने इस मजार को नहीं हटाया। बताया जाता है कि मजार पुरानी है और कई सालों से इस बंगले के अंदर है। 

उधर यूपी के सीतापुर में एक पिता-पुत्र ने आज (बुधवार को) हिंदू धर्म अपना लिया। बजरंग दल के कार्यकर्ताओं की मौजूदगी में देवी मंदिर में विधि-विधान से पूजा-पाठ कर दोनों ने इस्लाम धर्म छोड़कर हिंदू धर्म अपनाया। घर वापसी के बाद पिता अब्दुल्ला ने अपना नाम दारोगा सिंह और बेटे खालिद ने नीतीश सिंह रखा है। साथ ही, दारोगा सिंह ने पहले झूठे मामले में फंसाने और उसके बाद इस्लाम धर्म कूबूल करवाने का आरोप लगाया। दारोगा सिंह ने कहा कि होशियार रहें। बताते चलें कि घर वापसी करने वाले दारोगा सिंह की पत्नी और दो बच्चे अभी भी मुस्लिम धर्म कबूल किए हुए हैं। दारोगा सिंह के मुताबिक, उन्होंने करीब 8 साल पहले इस्लाम धर्म स्वीकार किया था। उनका आरोप है कि गांव के मुस्लिम समुदाय के कुछ लोगों ने पहले उन्हें एक झूठे मामले में फंसाया था। इसके बाद मदद का भरोसा देकर उनसे इस्लाम धर्म कबूल करवा लिया गया। दारोगा सिंह का कहना है कि धर्म परिवर्तन के बाद भी उन्हें कोई मदद नहीं मिली।

इधर मिडिल ईस्ट में जारी तनाव और कच्चे तेल की कीमतों में उतार-चढ़ाव के बीच भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने साफ कर दिया है कि फिलहाल ब्याज दरों में बढ़ोतरी को लेकर कोई जल्दबाजी नहीं की जाएगी। RBI गवर्नर संजय मलहोत्रा ने कहा कि केंद्रीय बैंक पश्चिम एशिया की स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है, लेकिन इस समय रेपो रेट बढ़ाने की बात करना जल्दबाजी होगी। संजय मलहोत्रा ईटी नाउ को दिए एक बयान में कहा कि अगर RBI को निकट भविष्य में ब्याज दर बढ़ाने का पूरा भरोसा होता, तो मौद्रिक नीति की न्यूट्रल स्थिति को बदलकर रिस्ट्रिक्टिव किया जाता। लेकिन ऐसा नहीं किया गया है। उन्होंने कहा कि RBI अभी भी आंकड़ों के आधार पर फैसले लेने की नीति पर कायम है और परिस्थितियों का इंतजार कर रहा है। RBI ने हाल ही में रेपो रेट को 5.25 प्रतिशत पर स्थिर रखा था। हालांकि, केंद्रीय बैंक ने चालू वित्त वर्ष के लिए आर्थिक विकास दर का अनुमान घटाकर 6.6 प्रतिशत कर दिया है। वहीं खुदरा महंगाई के 5.1 प्रतिशत तक पहुंचने का अनुमान जताया गया है। गवर्नर ने कहा कि पश्चिम एशिया में लंबे समय से जारी तनाव, ऊर्जा कीमतों में बढ़ोतरी और वैश्विक सप्लाई चेन की चुनौतियां महंगाई को प्रभावित कर सकती हैं। इसलिए RBI पूरी सतर्कता के साथ हालात की समीक्षा कर रहा है।

उधर गृह मंत्रालय ने एनजीओ द्वारा विदेशी चंदा लेने और इस्तेमाल करने से जुड़े FCRA 2010 कानून के कई उल्लंघनों के लिए लगने वाले जुर्माने में बदलाव कर दिया है। मंत्रालय ने सोमवार को इस कानून की धारा 41(1) के तहत मिली शक्तियों का इस्तेमाल करते हुए ये आदेश जारी किए। एक गजट नोटिफिकेशन के अनुसार, इस बात की जानकारी मिली है। नए संशोधित प्रावधानों के अनुसार, अगर कोई संगठन विदेशी चंदे का 20 प्रतिशत से ज्यादा पैसा प्रशासनिक खर्चों (एडमिनिस्ट्रेटिव खर्च) पर लगा देता है, जो अधिनियम की धारा 8 का उल्लंघन है, तो उसे एक लाख रुपये या सीमा से ज्यादा खर्च की गई राशि का 5 प्रतिशत (जो भी ज्यादा हो) जुर्माना भरना पड़ेगा। विदेशी चंदे को सट्टेबाजी या जोखिम वाली गतिविधियों में लगाने पर (जो अधिनियम की धारा 8(1) और 2011 के नियम 4 का उल्लंघन है) अब एक लाख रुपये या ऐसी गतिविधियों में लगाए गए पैसे का 30 प्रतिशत (जो भी ज्यादा हो) जुर्माना लगेगा। इसके अलावा, उस गतिविधि से हुई पूरी कमाई (100 प्रतिशत) भी सरकार वसूल कर लेगी।

इधर पासपोर्ट को नागरिकता का अंतिम प्रमाण मानने और सरकारी योजनाओं में इसके इस्तेमाल को लेकर बढ़ती भ्रांति के बीच विदेश मंत्रालय ने साफ किया है कि भारतीय पासपोर्ट सिर्फ एक ट्रैवल डॉक्यूमेंट है। यह नागरिकता का निर्णायक प्रमाण नहीं माना जाना चाहिए। सरकार ने पासपोर्ट और मोबिलिटी इकोसिस्टम पर विस्तृत ब्रीफिंग के दौरान यह स्पष्टीकरण दिया। अधिकारियों ने जोर दिया कि पासपोर्ट भारतीय नागरिकों को जारी किया जाता है, लेकिन इसका मुख्य उद्देश्य अंतरराष्ट्रीय यात्रा को आसान बनाना और विदेश में पहचान स्थापित करना है। अधिकारियों ने इस बात पर जोर दिया कि पासपोर्ट भारतीय नागरिकों को जारी किए जाते हैं, लेकिन इस दस्तावेज का प्राथमिक उद्देश्य अंतरराष्ट्रीय यात्रा को सक्षम बनाना और विदेश में पहचान स्थापित करना है। इससे पहले भी आधार कार्ड और मतदाता पहचान पत्र सहित अन्य दस्तावेजों को नागरिकता के प्रमाण के रूप में इस्तेमाल करने पर सवाल उठाए जा चुके हैं।

उधर वेनेजुएला की कार्यवाहक राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज़ ने राष्ट्र को संबोधित किया है। गृह मंत्री डियोसडाडो कैबेलो और उनके भाई जॉर्ज रोड्रिगेज़, जो राष्ट्रीय सभा के प्रमुख हैं, के साथ उपस्थित होकर उन्होंने आपातकाल की घोषणा की। उन्होंने आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए एक जनरल को भी नियुक्त किया। अपने भाषण में, उन्होंने विशेष रूप से वेनेजुएला के लोगों से एकता की अपील की। उन्होंने भूकंप में अपनों को खोने वालों के प्रति संवेदना भी व्यक्त की, हालांकि उन्होंने मृतकों की संख्या नहीं बताई। बता दें कि वेनेजुएला में दो शक्तिशाली भूकंप के झटके महसूस किए गए, जिसके बाद सुनामी का अलर्ट जारी किया गया है। अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण के अनुसार, भूकंप की तीव्रता 7.1 और 7.5 थी और इसका केंद्र कैरेबियन तट पर स्थित मोरोन बस्ती से लगभग 28 किलोमीटर पश्चिम में था और इसकी गहराई 13 किलोमीटर थी। काराकास में भूकंप से इमारतें हिलती दिखाई दीं और दहशत में लोग घरों से बाहर निकलकर भागने लगे। कई इमारतों को काफी नुकसान पहुंचा है। 

इधर जम्मू-कश्मीर के पुलवामा जिले में गुरुवार को भूकंप के झटके महसूस किए गए। नेशनल सेंटर फॉर सिस्मॉलॉजी (NCS) के अनुसार, भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 3.5 मापी गई। भूकंप के झटकों से क्षेत्र में कुछ समय के लिए लोगों में दहशत का माहौल बन गया और कई लोग एहतियात के तौर पर अपने घरों और इमारतों से बाहर निकल आए। फिलहाल किसी तरह के जान-माल के नुकसान की कोई सूचना नहीं मिली है। प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है। भूकंप के केंद्र और गहराई से जुड़ी विस्तृत जानकारी का इंतजार किया जा रहा है। 

अब उत्तराखण्ड की खबरों पर नजर डालते हैं, दयारा बुग्याल ट्रैक पर लापता बबीता पांडे मामले में पुलिस सहित खोज-बचाव टीम ने दोबारा नए सिरे से जांच व खोजबीन शुरू कर दी है। रेसक्यू टीम की ओर से नटीण के घने जंगलों में भालू आवासीय संभावित क्षेत्रों में सर्च अभियान चलाया जा रहा है। साथ ही जंगल के बीच में खुदे हुए स्थानों को खोदकर और पानी के टैंक के भीतर भी तलाश की गई। बीते माह 29 मई को रामनगर की बबीता पांडे दयारा बुग्याल के गोई से अचानक लापता हो गई थी। सूचना मिलने पर वन विभाग सहित पुलिस और एसडीआरएफ ने खोज-बचाव अभियान शुरू किया। लेकिन युवती का कुछ पता नहीं लग पाया। उसके बाद जिला प्रशासन की ओर से लापता को ढूंढने के लिए एनडीआरएफ, आईटीबीपी और सेना और नेहरू पर्वतारोहण संस्थान को अभियान में शामिल किया। साथ ही हेलीकॉप्टर के माध्यम से भी वहां पर खोज अभियान चलाया गया। लेकिन उसका कहीं भी कोई सुराग नहीं लग पाया।

इधर द्वाराहाट में भाजपा और कांग्रेस के बीच छिड़ा सियासी संग्राम थमने का नाम नहीं ले रहा। बुधवार को दोनों पार्टियों की ओर से प्रदर्शन व पुतले जलाने का ऐलान किया गया। कांग्रेसियों ने तो केंद्र व राज्य सरकार का पुतला जला दिया गया। मगर जब भाजपाई कांग्रेस विधायक मदन सिंह बिष्ट का पुतला जलाने मुख्य चौक पर जमा हुए। तभी विधायक मदन प्रदर्शनकारी भाजपाइयों के बीच जा धमके। बोले कि 'पुतला क्या जलाते हो, मैं खुद ही आ गया। मुझे जलाओ...'। भाजपाई एक बार तो हतप्रभ रह गए। कांग्रेसियों ने पुतले पर चस्पा मदन बिष्ट का पोस्टर फाड़ डाला। इससे माहौल तनावपूर्ण हो गया। हंगामे के बीच कांग्रेसी व भाजपाइयों में धक्का मुक्की शुरू हो गई। माहौल बिगड़ता देख पुलिस कर्मियों ने हस्तक्षेप किया। दोनों पक्षों को बमुश्किल अलग किया। फिर भाजपाइयों ने नारेबाजी कर विधायक का पुतला जला गुबार निकाला।

उधर हरिद्वार जिले की खानपुर विधानसभा सीट से पूर्व विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन एक बार फिर चर्चाओं में है। एक व्यक्ति ने प्रणव सिंह चैंपियन पर गाली गलौज और धमकाने का आरोप लगाया है। इस मामले में पीड़ित की तरफ पुलिस को तहरीर भी दी गई है। वहीं, लक्सर कोतवाली में मुकदमा दर्ज हो गया है। जानकारी के अनुसार, लक्सर कोतवाली क्षेत्र के संजीव कुमार और प्रणव सिंह चैंपियन के बीच गाड़ी ओवरटेक करने को लेकर विवाद हो गया था। इसके बाद कथित रूप से चैंपियन की ओर से संजीव को फोन पर भद्दी गालियां दी गई और जान से मारने की धमकी भी दी गई। इस घटना से जुड़ा एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल है।