बड़ी खबरः फुकेट से दिल्ली आ रही एयर इंडिया की फ्लाइट में खतरनाक टर्बुलेंस! 12 यात्री घायल, लैंडिंग से पहले विमान के जोरदार झटकों से मची अफरा-तफरी

Breaking News: Severe turbulence hits Air India flight from Phuket to Delhi! 12 passengers injured; chaos ensues as the aircraft experiences violent jolts before landing.

नई दिल्ली। थाईलैंड के फुकेट से दिल्ली आ रही एयर इंडिया की एक फ्लाइट में अचानक आए तेज टर्बुलेंस के कारण कई यात्रियों को चोटें लग गईं। बताया जा रहा है कि विमान में सवार करीब 12 यात्री इस घटना में घायल हुए हैं। टर्बुलेंस इतना तेज था कि विमान के अचानक नीचे आने और जोरदार झटके लगने से कुछ यात्रियों को कान, गर्दन और कंधे में चोटें आईं। विमान के दिल्ली पहुंचने के बाद प्रभावित यात्रियों को एहतियात के तौर पर एयरपोर्ट स्थित मेडिकल सुविधा केंद्र ले जाया गया, जहां उनका इलाज और मेडिकल परीक्षण किया गया। जानकारी के मुताबिक, एयर इंडिया की फ्लाइट AI2379 थाईलैंड के फुकेट से दिल्ली के लिए उड़ान पर थी। विमान जब अपनी निर्धारित ऊंचाई पर उड़ रहा था, तभी अचानक तेज टर्बुलेंस का सामना करना पड़ा। यात्रियों के अनुसार, विमान कुछ समय के लिए तेज झटकों के साथ नीचे की ओर आने लगा। अचानक हुई इस घटना से विमान के भीतर बैठे यात्रियों में घबराहट फैल गई। कई यात्रियों ने बताया कि विमान के हिचकोले खाने के दौरान चीख-पुकार और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना के दौरान कुछ यात्रियों को शारीरिक चोटें भी आईं। एक यात्री के भाई ने बताया कि उनका भाई भी इसी फ्लाइट में सफर कर रहा था। उनके मुताबिक, विमान में अचानक टर्बुलेंस आने के बाद तेज दबाव महसूस हुआ, जिससे उनके भाई के कान में चोट लगी। वहीं, एक अन्य यात्री ने कंधे में तेज झटका लगने की जानकारी दी। एयर इंडिया की ओर से जारी बयान में कहा गया कि फ्लाइट में कुछ यात्रियों और चालक दल के सदस्यों को मामूली चोटें आई हैं। विमान के दिल्ली पहुंचने के बाद एहतियाती कदम उठाते हुए प्रभावित यात्रियों को एयरपोर्ट स्थित मेडिकल सुविधा केंद्र भेजा गया। वहां एयर इंडिया की एयरपोर्ट टीम और मेडिकल स्टाफ ने यात्रियों की जांच की और आवश्यक चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई। एयर इंडिया के प्रवक्ता ने कहा कि यात्रियों और चालक दल के सदस्यों की सुरक्षा और स्वास्थ्य एयरलाइन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। एयरलाइन ने यह भी कहा कि घटना की जांच के लिए संबंधित अधिकारियों के साथ पूरा सहयोग किया जा रहा है। बताया जा रहा है कि विमान के दिल्ली में उतरने से कुछ समय पहले टर्बुलेंस की स्थिति बनी। विमान के अचानक नीचे आने और जोरदार झटके लगने के कारण यात्रियों के बीच कुछ देर के लिए दहशत का माहौल रहा। हालांकि, पायलट ने स्थिति को संभालते हुए विमान को सुरक्षित रूप से दिल्ली एयरपोर्ट पर लैंड कराया। 

क्या होता है एयर टर्बुलेंस?
एयर टर्बुलेंस को आम भाषा में हवा में अशांति या वायु प्रवाह में अचानक होने वाला बदलाव कहा जाता है। जब विमान उड़ान के दौरान असमान और अनियमित हवा के क्षेत्र से गुजरता है, तो विमान में अचानक झटके या हिचकोले महसूस हो सकते हैं। यह स्थिति कई कारणों से पैदा हो सकती है। धरती की सतह के गर्म होने से गर्म हवा ऊपर उठती है और ठंडी हवा नीचे आती है। इससे वायुमंडल में अस्थिरता पैदा हो सकती है। इसके अलावा पहाड़ी क्षेत्रों के ऊपर से गुजरते समय हवा के पहाड़ों से टकराने के कारण भी वायु प्रवाह में बदलाव आता है। ऊंचाई पर तेज गति से बहने वाली जेट स्ट्रीम और अलग-अलग गति से चलने वाली हवाओं के बीच अंतर के कारण भी टर्बुलेंस पैदा हो सकता है। कई बार साफ आसमान में भी अचानक टर्बुलेंस का सामना करना पड़ सकता है, जिसे ‘क्लियर एयर टर्बुलेंस’ कहा जाता है। टर्बुलेंस की तीव्रता अलग-अलग हो सकती है। हल्के टर्बुलेंस में यात्रियों को मामूली झटके महसूस होते हैं, जबकि तेज टर्बुलेंस की स्थिति में विमान में बैठे यात्रियों और चालक दल के सदस्यों को चोट लगने का खतरा बढ़ सकता है।