Good Morning India: भूकंप के झटकों से कांपा मणिपुर, नागालैंड, असम और मेघालय तक हलचल! अगले 5 दिन तक कई राज्यों के लिए लू का अलर्ट जारी! बढ़ते साइबर अपराध को लेकर चीफ जस्टिस ऑफ इंडिया ने जताई चिंता! लिंक में पढ़ें प्रमुख खबरें

Good Morning India: Earthquake tremors rock Manipur, Nagaland, Assam, and Meghalaya! Heat wave alert issued for several states for the next five days! Chief Justice of India expresses concern over ri

नमस्कार दोस्तों, आवाज 24X7 अपना खास कॉलम "गुड मॉर्निंग इंडिया" लेकर एक फिर आपके समक्ष प्रस्तुत है। आज के प्रमुख कार्यक्रमों पर नजर डालते हैं, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आज ओडिशा के दौरे पर रहेंगी। वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश की पहली ग्रीनफील्ड रिफाइनरी का उद्घाटन करेंगे।

अब बड़ी खबरों की तरफ रुख करते हैं, मणिपुर में आज सुबह सुबह 5.2 तीव्रता के भूकंप के झटके महसूस किए गए। मणिपुर के साथ ही नागालैंड, असम और मेघालय तक भूकंप के झटके महसूस किए गए। नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी (NCS) के अनुसार, भूकंप की गहराई 62 किलोमीटर थी। इस भूकंप से फिलहाल जान-माल के बड़े नुकसान की कोई तात्कालिक खबर नहीं है।  राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र (एनसीएस) के अनुसार, मंगलवार तड़के मणिपुर में 5.2 तीव्रता का भूकंप आया। यह भूकंप 21 अप्रैल को भारतीय समयानुसार सुबह 5:59:33 बजे आया और इसका केंद्र कामजोंग में स्थित था। अहले सुबह आए भूकंप से डरकर लोग घर से निकलकर भागने लगे। 

उधर ईरान-अमेरिका के बीच 22 अप्रैल को सीजफायर खत्म होने जा रहा है। अभी तक दूसरे दौर की वार्ता को लेकर कोई स्पष्टता सामने नहीं आई है। एक तरफ जहां अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने उपराष्ट्रपति जेडी वेंस के नेतृत्व में अपने वार्ताकारों की टीम को इस्लामाबाद रवाना कर दिया है तो वहीं ईरान इस बार शांति वार्ता में भाग लेने का इच्छुक नहीं दिख रहा है। ईरानी संसद के स्पीकार मोहम्मद बागेर गालिबाफ ने साफ कहा है कि धमकियों के साये में अमेरिका के साथ किसी भी प्रकार की शांति वार्ता नहीं हो सकती। गालिबाफ ने आरोप लगाया, "ट्रंप होर्मुज क्षेत्र में लगातार नाकेबंदी लगाकर और युद्धविराम का उल्लंघन करके इस वार्ता की मेज को अपनी कल्पना में आत्मसमर्पण की मेज में बदलना चाहते हैं या फिर नए सिरे से युद्धउन्माद को जायज ठहराना चाहते हैं।मगर हम धमकियों की साये में किसी भी प्रकार की वार्ता स्वीकार नहीं करते। पिछले दो हफ्तों में हमने युद्धक्षेत्र पर अपनी नये कार्ड खोलने की पूरी तैयारी कर ली है।

इधर भारत के कई राज्यों में भीषण गर्मी की शुरुआत हो गई है। दोपहर के समय आसमान से आग बरस रही है। आने वाले दिनों में ये गरमी अपना और प्रचंड रूप दिखाएगी। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने कहा कि अगले चार से पांच दिन तक देश के उत्तर-पश्चिम, मध्य और पूर्वी भारत के आसपास के कुछ इलाकों में लू चलने का प्रबल अनुमान है। इस दौरान तापमान 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। आईएमडी ने बताया कि हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पंजाब, पूर्वी राजस्थान, विदर्भ, छत्तीसगढ़, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, पश्चिमी राजस्थान, मध्य प्रदेश, पश्चिमी बंगाल में गंगा के मैदानी भाग, झारखंड, बिहार. ओडिशा और पूर्वी उत्तर प्रदेश के छिटपुट इलाकों में 20 से 25 अप्रैल के बीच अलग-अलग तारीखों पर लू चलने का अनुमान है। 

उधर देश में बढ़ते साइबर अपराध को लेकर चीफ जस्टिस ऑफ इंडिया जस्टिस सूर्य कांत ने गंभीर चिंता जताई है। CBI के एक कार्यक्रम में उन्होंने साफ कहा कि अब अपराध का तरीका पूरी तरह बदल चुका है। पहले जहां चोरी या हथियारों से अपराध होते थे, अब ठग मोबाइल फोन, फर्जी कॉल, मैसेज और ऐप के जरिए लोगों को निशाना बना रहे हैं। CJI के मुताबिक, पिछले दो साल में साइबर ठगी से लोगों को करीब 44 हजार करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है। उन्होंने कहा कि ये सिर्फ आंकड़े नहीं हैं, बल्कि इस बात का सबूत हैं कि अपराधी कितनी तेजी से आम लोगों तक पहुंच रहे हैं। CJI  सूर्य कांत ने खास तौर पर “डिजिटल अरेस्ट” जैसे मामलों को खतरनाक बताया। इसमें ठग खुद को CBI, पुलिस, ED या RBI का अधिकारी बताकर फोन करते हैं और लोगों को डराते हैं—जैसे कि आपका अकाउंट बंद हो जाएगा या आपको गिरफ्तार कर लिया जाएगा। डर के माहौल में लोग तुरंत पैसे ट्रांसफर कर देते हैं। उन्होंने कहा कि कई लोग शर्म या डर की वजह से शिकायत नहीं करते, जिससे अपराधियों का हौसला और बढ़ जाता है।

इधर ईरान और अमेरिका के बीच अभी भी तनाव की स्थिति बनी हुई है। कथित युद्धविराम के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बयान और सोशल मीडिया पोस्ट से स्थिति में सुधार होता नहीं दिख रहा है। वहीं ईरान का कहना है कि अमेरिकी उनका आत्मसमर्पण चाहते हैं, लेकिन वह बल के आगे नहीं झुकते हैं। ट्रंप ने एक पोस्ट में कहा है कि ईरान के पास कभी भी परमाणु हथियार नहीं हो सकते। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि अगर ईरान ने युद्धविराम को तोड़ता तो बहुत सारे बम फूटने शुरू हो जाएंगे। ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म ट्रूथसोशल पर एक पोस्ट में लिखा, "इजराइल ने मुझसे कभी भी ईरान के साथ युद्ध में बात नहीं की, 7 अक्टूबर के नतीजों ने मेरी आजीवन राय को और मजबूत कर दिया कि ईरान के पास कभी भी परमाणु हथियार नहीं हो सकता। मैं पूरी तरह से अविश्वास के साथ फर्जी समाचारों और उनके सर्वेक्षणों को देखता और पढ़ता हूं। वे जो भी कहते हैं उसका 90% झूठ और मनगढ़ंत कहानियां हैं। चुनावों में धांधली हुई है, ठीक उसी तरह जैसे कि 2020 के राष्ट्रपति चुनाव में धांधली हुई थी। वेनेज़ुएला के नतीजों की तरह, जिसके बारे में मीडिया बात करना पसंद नहीं करता, ईरान में नतीजे आश्चर्यजनक होंगे और अगर ईरान के नए नेता स्मार्ट हैं, तो ईरान का भविष्य एक महान और समृद्ध हो सकता है।

उधर हंगरी के अगले प्रधानमंत्री पीटर मैग्यार ने इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू को कड़ी चेतावनी दी है। पीटर मैग्यार ने कहा है कि अगर नेतन्याहू हंगरी आते हैं तो वे उन्हें गिरफ्तार कर लेंगे। बता दें कि पीटर मैग्यार के नेतृत्व वाले टिस्जा पार्टी ने हाल ही में हंगरी में हुए आम चुनाव में जीत हासिल की है। इसके साथ ही करीब 16 साल से हंगरी के प्रधानमंत्री का पद संभाल रहे विक्टर ओर्बान की हार हो गई है। पीटर मैग्यार जल्द ही हंगरी के प्रधानमंत्री का पद संभाल सकते हैं। हंगरी के अगले प्रधानमंत्री पीटर मैग्यार का कहना है कि अगर बेंजामिन नेतन्याहू हंगरी आते हैं तो वे उन्हें गिरफ्तार कर लेंगे। पीटर मैग्यार ने कहा- "मैंने यह साफ कर दिया है कि हंगरी अंतर्राष्ट्रीय आपराधिक न्यायालय (ICC) का सदस्य बना रहेगा। यदि कोई व्यक्ति ICC के सदस्य देश की सीमा में प्रवेश करता है और उसके खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी है, तो उसे हिरासत में लिया जाना चाहिए।" आपको बता दें कि अंतरराष्ट्रीय आपराधिक न्यायालय (ICC) ने  साल 2024 में इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू और पूर्व रक्षा मंत्री योव गैलेंट के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया था। इनके ऊपर गाजा में युद्ध अपराध और मानवता के खिलाफ अपराध के आरोप लगाए गए हैं।

इधर मध्य प्रदेश के सतना जिले से एक चौंकाने वाली वारदात सामने आई है। शहर के कोलगवां थाना क्षेत्र स्थित बैंक कॉलोनी में सोमवार को एक 5वीं कक्षा के छात्र की धारदार हथियार से गला रेतकर निर्मम हत्या कर दी गई। हत्यारे ने वारदात के बाद शव को घर के अंदर ही एक नीले रंग के प्लास्टिक ड्रम में छिपा दिया। मृतक की पहचान शिवराज रंजक के रूप में हुई है, जो सभापुर थाना क्षेत्र के नयागांव का निवासी था। वह 'जीनियस हायर सेकेंडरी स्कूल' में 5वीं कक्षा का छात्र था। शिवराज का परिवार पिछले 15 महीनों से बैंक कॉलोनी में प्रिया नर्सरी के पास एक किराए के मकान में रह रहा था। 

उधर भारत और जर्मनी के बीच 6 अत्याधुनिक पनडुब्बियों को लेकर 70 हजार करोड़ रुपये से लेकर 99 हजार करोड़ रुपये तक की डील हो सकती है। भारतीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह जर्मनी के दौरे पर हैं। इसी दौरे में वह पनडुब्बी डील फाइनल कर सकते हैं। राजनाथ सिंह 21-23 अप्रैल तक तीन दिवसीय आधिकारिक यात्रा पर जर्मनी में रहेंगे। इस दौरे का उद्देश्य दोनों देशों के बीच रणनीतिक रक्षा साझेदारी को और मजबूत करना है। राजनाथ सिंह जर्मनी के रक्षा मंत्री बोरिस पिस्टोरियस और अन्य वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात करेंगे। इस दौरान रक्षा और सुरक्षा सहयोग पर विस्तृत चर्चा होगी। इसी दौरान सबमरीन डील भी हो सकती है। भारत को प्रोजेक्ट 75I-P-75I के तहत 6 पनडुब्बी मिल सकती हैं। हालांकि, इनका निर्माण भारत में ही होगा, लेकिन जर्मनी की कंपनी सहयोग करेगी।

अब उत्तराखण्ड की खबरों पर नजर डालते हैं, फिल्म स्टार गोविंदा सोमवार को देहरादून पहुंचे। यहां एयरपोर्ट पहुंचते ही फैंस ने उन्हें घेर लिया। गोविंदा ने भी उन्हें निराश नहीं किया और फैंस ने उनके साथ सेल्फी ली। जानकारी के अनुसार, दोपहर करीब ढाई बजे एयर इंडिया की मुंबई वाली उड़ान से गोविंदा देहरादून एयरपोर्ट पहुंचे। एयरपोर्ट पर कुछ प्रशंसकों ने गोविंदा के साथ सेल्फी भी ली। जिसके बाद गोविंदा कार से एयरपोर्ट से देहरादून के लिए रवाना हुए।

इधर लेंसकार्ट में ड्रेस कोड विवाद के बीच सोमवार को दून में भी हंगामा हुआ। बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने लेंसकार्ट के शोरूम में पहुंचकर कर्मचारियों को तिलक लगाकर कलावा बांधा। इस दौरान उन्होंने दो दिन में कंपनी के मालिक को माफीनामा भेजने की चेतावनी दी। हंगामे का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस पर आप सांसद संजय सिंह ने भी प्रतिक्रिया दी है। जानकारी के अनुसार, बजरंग दल के कार्यकर्ता चकराता रोड और एक मॉल में लेंसकार्ट के शोरूम में नारेबाजी करते हुए पहुंचे। उन्होंने सभी कर्मचारियों के माथे पर तिलक कर कलावा बांधा। कार्यकर्ताओं ने कहा कि लेंसकार्ट ने आदेश निकाला है कि कर्मचारियों को माथे पर तिलक और हाथों में कलावा नहीं बांधना चाहिए। उन्होंने इसकी निंदा करते हुए कंपनी के मालिकों से दो दिन के अंदर माफीनामा भेजने की मांग उठाई।

उधर कपकोट क्षेत्र में बड़ा सड़क हादसा हुआ है। जहां शामा भनार के पास बारात लेकर जा रही एक बोलेरो वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गया। इस हादसे में 11 बाराती घायल हो गए, जिनमें से 3 की हालत गंभीर बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक, यह हादसा लाथी-माजखेत मोटर मार्ग पर हुआ है। जहां बोलेरो गाड़ी बारातियों को लेकर कीमू गांव से धरमघर जा रही थी। तभी शामा भनार के पास मोड़ पर चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया, जिसके चलते बोलेरो वाहन सीधे खाई में जा गिरी। जिसमें बोलेरो सवार लोगों में चीख पुकार मच गई। हादसे में 11 लोग घायल हो गए। उधर, हादसे के बाद मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। जिसके तहत उन्होंने घायलों को वाहन से बाहर निकाला और प्रशासन को सूचित किया। इसी बीच सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ और राजस्व विभाग की टीमें घटनास्थल पर पहुंचीं।