Good Morning India: मिडिल ईस्ट तनाव में चीन की एंट्री, होर्मुज पर नाकेबंदी को लेकर अमेरिका को दी चेतावनी! मणिपुर में फिर बवाल, भीड़ ने वाहनों में लगाई आग! आज बिहार के सीएम पद की शपथ लेंगे सम्राट चौधरी! छत्तीसगढ़ के वेदांता पावर प्लांट में बड़ा हादसा, अब तक 11 की मौत
नमस्कार दोस्तों, आवाज 24X7 अपना खास कॉलम "गुड मॉर्निंग इंडिया" लेकर एक फिर आपके समक्ष प्रस्तुत है। आज के प्रमुख कार्यक्रमों पर नजर डालते हैं, सम्राट चौधरी आज बिहार के सीएम पद की शपथ लेंगे। वहीं आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कर्नाटक के दौरे पर रहेंगे।
अब बड़ी खबरों की तरफ रुख करते हैं, ईरान और अमेरिका के बीच बढ़ते तनाव के बीच अब चीन की एंट्री से वैश्विक चिंता और बढ़ गई है। खासकर स्ट्रेट ऑफ होर्मुज़ की नाकेबंदी को लेकर चीन ने पहली बार अमेरिका को सख्त चेतावनी दी है। चीन ने साफ कहा है कि ईरान के साथ उसके संबंध बेहद अहम हैं और दोनों देशों के बीच मजबूत कारोबारी रिश्ते हैं। चीन ने चेतावनी दी कि अगर किसी तीसरे देश ने इन संबंधों में दखल देने की कोशिश की, तो उसके गंभीर परिणाम होंगे। चीन के रक्षा मंत्री डॉन्ग जुन ने कहा, "चीन किसी भी देश के साथ अपने द्विपक्षीय संबंधों में तीसरे देश की दादागीरी बर्दाश्त नहीं करेगा।" उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि स्ट्रेट ऑफ होर्मुज़ चीन के लिए खुला रहना चाहिए और अगर कोई इसमें बाधा डालता है, तो चीन उचित कार्रवाई करेगा। चीन के विदेश मंत्रालय ने भी अमेरिका के रवैये को गैर-जिम्मेदाराना बताया। मंत्रालय के अनुसार, होर्मुज़ की अमेरिकी नाकेबंदी बेहद खतरनाक है और इससे वैश्विक अर्थव्यवस्था पर गंभीर असर पड़ सकता है।
इधर मणिपुर के बिष्णुपुर जिले में ड्रग्स बरामदगी के बाद हालात अचानक तनावपूर्ण हो गए। भीड़ हिंसा में कम से कम 18 लोग घायल हो गए, जिनमें पांच महिलाएं भी शामिल हैं। इस दौरान गुस्साई भीड़ ने सुरक्षा बलों के दो वाहनों को आग के हवाले कर दिया। यह घटना इम्फाल स्थित बीर टिकेंद्रजीत अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर ड्रग्स की बड़ी खेप पकड़े जाने के बाद शुरू हुई। सूत्रों के अनुसार, केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल और एयरपोर्ट पुलिस ने खुफिया जानकारी के आधार पर एक संयुक्त अभियान चलाया। इस दौरान संदिग्ध ड्रग तस्कर मोहम्मद साबिर अहमद को गिरफ्तार किया गया। तलाशी के दौरान उसके बैग से लगभग 6.74 किलोग्राम संदिग्ध ब्राउन शुगर बरामद की गई, जिसे छह कंटेनरों में छिपाया गया था। जांच के दौरान आरोपी से मिले इनपुट के आधार पर सुरक्षा बल आगे की कार्रवाई के लिए बिष्णुपुर जिले के क्वाक्टा इलाके की ओर बढ़े। इसी दौरान थिनुंगेई के पास स्थानीय लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई। अधिकारियों के मुताबिक, इलाके में अफवाहें फैल गईं, जिसके चलते भीड़ ने सुरक्षा बलों की आवाजाही रोक दी। स्थिति इतनी बिगड़ गई कि भीड़ ने वाहनों में तोड़फोड़ की और उन्हें आग लगा दी।
उधर छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले के सिंघीतराई में बड़ा हादसा हो गया है। यहां वेदांता पावर प्लांट के बॉयलर फटने से 11 लोगों की मौत की खबर है। घटना में 22 लोग घायल बताए जा रहे हैं। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई है। जानकारी के मुताबिक, हादसे के बाद रायगढ़ स्थित जिंदल फोर्टिस अस्पताल में अब तक 21 लोगों को लाया गया है। वहीं कुछ लोगों को रायगढ़ मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। एसपी प्रफुल ठाकुर ने बताया कि घटना में घायलों को रायगढ़ के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। गौरतलब है कि पहले भी देश में बॉयलर फटने के कई मामले सामने आ चुके हैं, जिसमें कई श्रमिक अब तक अपनी जान गंवा चुके हैं। इस तरीके की घटनाओं को रोका जा सके, इसके लिए जरूरी है कि इस दिशा में काम किया जाए और कुछ प्रभावी कदम उठाए जा सकें।
इधर अमेरिका की मीडिया के हवाले से एक बड़ी खबर सामने आई है, जिसके मुताबिक राष्ट्रपति ट्रंप ने मंगलवार को ये संकेत दिए हैं कि ईरान के साथ दूसरी वार्ता अगले 2 दिनों में इस्लामाबाद में आयोजित की जा सकती है। गौरतलब है कि ईरान और अमेरिका के बीच अस्थाई युद्धविराम 22 अप्रैल को खत्म हो जाएगा, ऐसे में अगर ये बातचीत नहीं होती है तो दोनों देशों के बीच फिर से तनाव बढ़ सकता है। अमेरिका और ईरान के बीच सप्ताहांत में इस्लामाबाद में 21 घंटे चली लंबी शांति वार्ता चली थी, लेकिन इसमें दोनों देशों के बीच समझौता नहीं हो सका था और ये वार्ता असफल हो गई थी। वाशिंगटन का कहना था कि तेहरान ने परमाणु संवर्धन के अपने अधिकार को छोड़ने से इनकार कर दिया था। रविवार को इस्लामाबाद में एक मीडिया ब्रीफिंग में अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वैंस ने बताया था कि अमेरिका और ईरान के बीच वार्ता विफल रही। अमेरिका ने ईरान के सामने एक "बहुत ही सरल प्रस्ताव" रखा है, जो उसका "अंतिम और सर्वोत्तम" प्रस्ताव है। उन्होंने कहा कि अमेरिका को ईरान से यह स्पष्ट प्रतिबद्धता चाहिए कि वह परमाणु हथियार या ऐसे उपकरण विकसित करने की कोशिश नहीं करेगा जो उसे शीघ्रता से परमाणु हथियार बनाने में मदद करें।
उधर मध्य प्रदेश के बैतूल जिले में आग ने तबाही मचा दी। यहां मंगलवार को एक खेत में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पास में ही मौजूद एक पोल्ट्री फार्म को भी अपनी चपेट में ले लिया। आग की लपटे इतनी तेज थीं कि पूरा पोल्ट्री फार्म आग में जलकर राख हो गया। जानकारी के मुताबिक आग लगने की इस घटना में करीब 6 हजार मुर्गे-मुर्गियों की जलकर मौत हो गई है। वहीं इस घटना में लाखों का नुकसान हुआ है। आग लगने की वजह से मुर्गियों के लिए रखा गया अनाज और अन्य सामान भी जल गया है। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि घटना जिला मुख्यालय से लगभग 70 किलोमीटर दूर मुलताई थाना क्षेत्र की है। यहां इटावा गांव के पास एक खेत में मंगलवार को भीषण आग लग गई। मासोद पुलिस चौकी के प्रभारी अमित पंवार ने बताया कि खेत में लगी आग ने पोल्ट्री फार्म को भी चपेट में ले लिया। फिलहाल आग लगने से मुर्गे-मुर्गियों की मौत की सूचना मिलने के बाद चौकी में मामला दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। वहीं पोल्ट्री फार्म के संचालक शाहिद शाह ने बताया कि इस घटना में करीब 6 हजार मुर्गे-मुर्गियां जल गए।
इधर बिहार एक बड़े बदलाव का साक्षी बन रहा है। नीतीश युग का समापन होने के साथ ही बीजेपी पहली बार बिहार में अपना मुख्यमंत्री बनाने का सपना साकार करने जा रही है। सम्राट चौधरी मुख्यमंत्री बनने जा रहे हैं। मंगलवार को सम्राट चौधरी NDA विधायक दल के नेता चुने गए। NDA विधायक दल की बैठक में नीतीश कुमार ने माला पहनाकर सम्राट चौधरी का स्वागत किया। सम्राट बुधवार को सुबह 11 बजे सम्राट चौधरी शपथ लेंगे। सम्राट चौधरी बिहार में जाने-माने नेता रहे शकुनी चौधरी के बेटे हैं। शकुनी चौधरी ने कांग्रेस पार्टी के साथ अपने राजनीतिक सफर की शुरुआत की थी। वह बाद में लालू प्रसाद तथा नीतीश कुमार के साथ जुड़े रहे। वहीं, उनके बेटे सम्राट चौधरी का जन्म 16 नवंबर, 1968 को हुआ था। सम्राट चौधरी ने राजनीति में एंट्री 1990 के दौर में की। उन्होंने अपने सक्रिय राजनीतिक जीवन की शुरुआत लालू प्रसाद यादव के नेतृत्व वाले राजद से की। साल 1999 में सम्राट राबड़ी देवी के नेतृत्व वाली सरकार में मंत्री भी बने। हालांकि, कम उम्र से जुड़े विवाद के बीच उन्हें पद से इस्तीफा देना पड़ा था।
उधर मिडिल ईस्ट में ईरान, अमेरिका और इजरायल के बीच सीजफायर के बाद भी तनाव का माहौल बना हुआ है। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप भी ईरान को लगातार धमकी दे रहे हैं। ऐसा डर सता रहा है कि इन देशों के बीच एक बार फिर से जंग शुरू हो सकती है। मिडिल ईस्ट में इस स्थिति के बीच एक बड़ी खबर सामने आ रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच फोन पर बातचीत हुई है। खबर आई है कि दोनों नेताओं के बीच फोन पर 40 मिनट तक बातचीत हुई है। अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर की ओर से दी गई जानकारी मुताबिक, प्रधानमंत्री मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने होर्मुज जलडमरूमध्य की नाकाबंदी के मुद्दे पर चर्चा की है। अमेरिकी राजदूत ने ये भी बताया है कि आने वाले कुछ दिनों और हफ्तों में भारत और अमेरिका के बीच ऊर्जा समेत कई महत्वपूर्ण समझौतों की उम्मीद है। भारत में अमेरिका के राजदूत सर्जियो गोर ने ट्रंप और प्रधानमंत्री मोदी के बीच हुई बातचीत के बारे में जानकारी दी है। सर्जियो गोर की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, ट्रंप ने प्रधानमंत्री मोदी से कहा, "मैं बस इतना कहना चाहता हूं कि हम सब आपसे प्यार करते हैं।" सर्जियो गोर का कहना है कि भारत-अमेरिका संबंध मजबूत स्थिति में हैं।
इधर सुप्रीम कोर्ट ने कहा है कि समान परिस्थितियों में एक कर्मचारी को प्रमोशन से वंचित करना, जबकि अन्य को वही लाभ दिया जाना संविधान के अनुच्छेद 14 और 16 का उल्लंघन है। कोर्ट ने कहा है कि भेदभाव ही अन्याय का दूसरा नाम है। इस टिप्पणी के साथ जस्टिस प्रशांत कुमार मिश्रा और जस्टिस एनवी अंजारिया की पीठ ने मध्य प्रदेश हाईकोर्ट के उस फैसले को रद्द कर दिया जिसमें एक सहकारी समिति के कर्मचारी को प्रमोशन देने से इन्कार किया गया था। मामले के मुताबिक, कमल प्रसाद दुबे एक प्राथमिक कृषि सहकारी समिति के कर्मचारी थे, जिन्होंने लगभग 28 वर्षों तक सेवा दी थी। समिति के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स ने उनकी लंबी सेवा, अनुभव और वरिष्ठता को देखते हुए उन्हें सोसायटी मैनेजर के पद पर प्रमोशन देने की सिफारिश की थी। साथ ही शैक्षणिक योग्यता में छूट देने का भी प्रस्ताव रखा गया था। हालांकि, हाईकोर्ट की खंडपीठ ने यह कहते हुए प्रमोशन से इन्कार कर दिया कि कर्मचारी के पास आवश्यक शैक्षणिक योग्यता नहीं है। इसके बाद कर्मचारी ने सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाया।
अब उत्तराखण्ड की खबरों पर नजर डालते हैं, चारधाम यात्रा में केदारनाथ हेली शटल सेवा के टिकट की ऑनलाइन बुकिंग बुधवार से शुरू हो जाएगी। आईआरसीटीसी की ओर से बुकिंग पोर्टल शाम छह बजे खोल दिया जाएगा। पहले चरण में 22 अप्रैल से 15 जून की यात्रा के लिए हेली टिकट की बुकिंग की जाएगी। उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण के सीईओ आशीष चौहान ने बताया कि केदारनाथ धाम के 22 अप्रैल से हेली सेवा का संचालन शुरू किया जाएगा। गुप्तकाशी, सिरसी व फाटा हेलिपैड से शटल संचालित होगी। आईआरसीटीसी ने ऑनलाइन बुकिंग के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। 15 अप्रैल को शाम छह बजे बुकिंग पोर्टल खोल दिया जाएगा।
इधर बागेश्वर जिले में स्थित पिंडारी ग्लेशियर ट्रेक रूट को 15 अप्रैल से पर्यटक, ट्रेकर्स और पर्वतारोहियों के लिए खोल दिया जाएगा। ऐसे में 15 अप्रैल से 15 जून 2026 तक पर्यटकों के भ्रमण, ट्रेकिंग और अभियानों के लिए खुला रहेगा। बागेश्वर जिला पर्यटन विकास अधिकारी पीके गौतम ने बताया कि पिंडारी ग्लेशियर ट्रेक को पर्यटकों के लिए व्यवस्थित, सुरक्षित एवं सुगम बनाने के लिए आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। ट्रेक मार्ग पर आवश्यक सुविधाओं, समन्वय एवं पर्यटकों के मार्गदर्शन की समुचित व्यवस्था जुटा ली गई है। ताकि, पर्यटकों को बेहतर अनुभव मिल सके। बता दें कि उच्च हिमालयी क्षेत्र में स्थित पिंडारी ग्लेशियर अपनी अद्वितीय प्राकृतिक सुंदरता और रोमांचकारी अनुभवों के लिए विख्यात है। जहां हर साल देश और विदेश से काफी संख्या में पर्यटक पहुंचते हैं। यहां बर्फीली चोटियों के साथ ग्लेशियर के दीदार होते हैं। साथ ही यहां की मखमली घास की मैदान यानी बुग्याल भी पर्यटकों को खूब लुभाते हैं।
इधर हरिद्वार के ज्वालापुर कोतवाली क्षेत्र में एक नाबालिग लड़की के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। आरोप है कि आरोपी युवक ने नाबालिग के साथ सोशल मीडिया पर नाम बदलकर दोस्ती की, फिर उसके साथ कई बार जबरन शारीरिक संबंध बनाए। इतना ही नहीं धर्म परिवर्तन का दबाव भी बनाया। वहीं, अब पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। दरअसल, ज्वालापुर कोतवाली निवासी एक शख्स ने पुलिस को शिकायत देकर बताया कि उनकी बेटी 15 साल की है, जो कि नाबालिग है। उनकी बेटी क्षेत्र के ही एक विद्यालय में कक्षा 10वीं में पढ़ती है। उन्होंने बताया कि उनकी बेटी की दो साल पहले इंस्टाग्राम पर एक युवक के साथ दोस्ती हुई। पिछले 2 साल से किसी मोनू शेख समीर (उम्र लगभग 21 वर्ष) को इंस्टाग्राम के माध्यम से मोनू के नाम से ही जानती थी। आरोप है कि इंस्टाग्राम पर आरोपी ने उनकी बेटी को बताया कि वो हिंदू है। झूठ बोलकर आरोपी, उनकी बेटी से बातचीत करने लगा। इसी बीच उसने बेटी से दोस्ती बढ़ाई और बहला फुसलाकर अपने साथ ले गया। आरोपी मोनू उनकी बेटी को कई बार घर और स्कूल से अपनी सफेद रंग की गाड़ी में ले गया। आरोप है कि इस बीच उसने प्यार और शादी का झांसा देकर जटवाड़ा पुल, नहर पटरी पर गाड़ी के अंदर ही बेटी के साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए।
उधर उत्तराखंड के उधम सिंह नगर के खटीमा निवासी सीआरपीएफ जवान मुशाहिद अली ने उत्तराखंड का नाम रोशन किया है। उन्होंने बिहार-औरंगाबाद बॉर्डर के चकरबंदा क्षेत्र में चलाए गए 'सर्च एंड डिस्ट्रॉय ऑपरेशन (शैडो)' के दौरान तीन नक्सलियों को मार गिराया था। उनकी इस वीरता और साहस को लेकर उन्हें राष्ट्रपति वीरता पुरस्कार से नवाजा गया है। मुशाहिद अली वर्ष 2014 में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) में दिल्ली से भर्ती हुए थे। सेवा के दौरान उन्होंने देश के विभिन्न संवेदनशील क्षेत्रों में अपनी जिम्मेदारी निभाई और वर्तमान में वे छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित इलाके में तैनात हैं।