Good Morning India: फिर टूटा सीजफायर, अमेरिका ने ईरान के कार्गो शिप पर दागी मिसाइलें! किचन पर संकट, LPG खपत में 13% की भारी गिरावट! घरेलू झगड़े में भीषण गोलीबारी, 8 बच्चों की मौत! उत्तराखण्ड में बीजेपी नेता की बेरहमी से पिटाई, वन रेंजर समेत 3 वनकर्मियों पर मुकदमा
नमस्कार दोस्तों, आवाज 24X7 अपना खास कॉलम "गुड मॉर्निंग इंडिया" लेकर एक फिर आपके समक्ष प्रस्तुत है। आज के प्रमुख कार्यक्रमों पर नजर डालते हैं, आज दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात करेंगे। वहीं आज आईपीएल में गुजरात-मुंबई का मुकाबला है।
अब बड़ी खबरों की तरफ रुख करते हैं, अमेरिका और ईरान के बीच तीन दिन पहले ही सीजफायर टूटता हुआ दिख रहा है। अमेरिका ने ईरान के एक कार्गो शिप पर मिसाइल से हमला किया है। ये कार्गो शिप मलेशिया से ईरान जा रहा था। ओमान की खाड़ी के पास अमेरिकी नेवी से इस शिप को रुकने के लिए कहा। लेकिन ईरानी शिप ने अमेरिकी नेवी की बात नहीं मानी। इसके बाद अमेरिकी जंगी बेड़े ने ईरानी शिप के इंजन रूम में मिसाइल दागी। इससे ईरानी शिप रुक गया, फिलहाल के शिप अमेरिका के कब्जे में है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इस हमले की जानकारी खुद अपने सोशल मीडिया पोस्ट पर दी है। वहीं, ईरान ने अमेरिका के कई वॉरशिप पर हमला कर दिया है। ईरान की तरफ से कहा गया है कि उसने ड्रोन से अमेरिकी जंगी बेड़ों को निशाना बनाया गया है। ईरान ने ये कार्रवाई अमेरिकी नेवी के एक्शन के जवाब में की है। पहले अमेरिकी नेवी ने ईरान के कार्गो शिप पर हमला किया, जिसके बाद ईरान ने ड्रोन से हमले का दावा किया है। हालांकि, अभी तक अमेरिका की तरफ से इस हमले की पुष्टि नहीं की गई है।
इधर उत्तर भारत समेत देश के कई राज्य भीषण गर्मी की चपेट में हैं। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में उत्तर-पश्चिम, मध्य और पूर्वी भारत के कई हिस्सों में लू चलने की बहुत अधिक संभावना है। वहीं, झारखंड, ओडिशा, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना और सिक्किम समेत कई राज्यों में बारिश की चेतावनी जारी की गई है। मौसम विभाग के अनुसार, मध्य प्रदेश, विदर्भ, छत्तीसगढ़, पूर्वी उत्तर प्रदेश, पश्चिमी यूपी, पश्चिमी राजस्थान, पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में 23 अप्रैल तक हीटवेव (लू) की चेतावनी जारी की गई है। दिल्ली में भी तापमान बढ़ गया है और लोग गर्मी से परेशान हैं। पिछले 24 घंटे के दौरान मध्य प्रदेश, मराठवाड़ा, छत्तीसगढ़, तेलंगाना, पूर्वी उत्तर प्रदेश, विदर्भ, आंतरिक ओडिशा, रायलसीमा, झारखंड, राजस्थान और गुजरात में दिन का अधिकतम तापमान 40°C-45°C के बीच दर्ज किया गया।
उधर अमेरिकी उप-राष्ट्रपति जेडी वेंस के नेतृत्व में अमेरिकी दल के आज इस्लामाबाद पहुंचने का कार्यक्रम है। लेकिन ईरान ने इस बैठक में शामिल होने से इनकार कर दिया है। ईरान के रुख से अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप नाराज हो गए हैं और उन्होंने ईरान को धमकी दी है। अमेरिका के साथ भारी तनाव के बीच ईरान ने पाकिस्तान के इस्लामाबाद में मंगलवार को होने वाली दूसरे दौर की सीधी बातचीत में शामिल होने से इनकार कर दिया है। ईरान ने कहा, उसका प्रतिनिधिमंडल पाकिस्तान नहीं जाएगा। इस वार्ता की घोषणा अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने की थी। उन्होंने कहा, अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल सोमवार को पाकिस्तान पहुंचेगा। ट्रंप ने ईरान को सख्त धमकी भी दी, यदि युद्ध रोकने पर समझौता नहीं हुआ, तो ईरान को पूरी तरह तबाह कर दिया जाएगा।
इधर अमेरिका के लुइसियाना में गोलीबारी की दर्दनाक घटना हुई है। इस घटना में एक से 14 साल के आठ बच्चों की मौत हो गई है। पुलिस ने इसकी पुष्टि की है। पुलिस ने बताया कि घरेलू कलह के चलते ये घटना हुई। फिलहाल पुलिस घटना की जांच में जुटी है। घटना रविवार तड़के श्रेवपोर्ट इलाके में हुई। श्रेवपोर्ट पुलिस के प्रवक्ता ने बताया कि घटना में कुल 10 लोगों को गोली लगी, जिनमें कुछ बच्चे संदिग्ध हमलावर के रिश्तेदार भी थे। गोलीबारी में आठ बच्चों की मौत की पुष्टि हुई है। मृतकों की उम्र एक वर्ष से लेकर लगभग 14 वर्ष तक बताई गई है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी की बाद में पुलिस के साथ मुठभेड़ के दौरान मौत हो गई। गोलीबारी के बाद आरोपी ने मौके से भागते समय एक कार चोरी कर ली थी, जिसके बाद पुलिस ने उसका पीछा किया। पुलिस ने अभी तक आरोपी की पहचान उजागर नहीं की है, लेकिन उसे एक वयस्क पुरुष बताया गया है। प्रारंभिक जांच में इस घटना को घरेलू विवाद का परिणाम बताया गया है।
उधर उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद के थाना टीला मोड़ क्षेत्र में एक 4 वर्षीय मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म और उसकी हत्या करने वाले अपराधी जसीम उर्फ छोटू को स्वाट टीम ने एक मुठभेड़ के दौरान ढेर कर दिया है। मारे गए बदमाश पर पुलिस ने 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। बीती 11 अप्रैल को आरोपी जसीम उर्फ छोटू ने रिश्तों को कलंकित करते हुए अपने ही सगे साले की 4 साल की बेटी को टॉफी दिलाने के बहाने अगवा किया था। आरोपी उसे अपने कमरे पर ले गया, जहां उसके साथ दुष्कर्म जैसी घिनौनी वारदात को अंजाम दिया और फिर गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। मासूम के शव को छिपाने के लिए उसने शालीमार गार्डन क्षेत्र में एक पार्क के पास खड़ी कार के नीचे फेंक दिया था। सीसीटीवी फुटेज में भी आरोपी बच्ची को ले जाते हुए कैद हुआ था। 19 अप्रैल को स्वाट टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि जसीम अपने साथियों के साथ टीला मोड़ क्षेत्र में बाइक पर देखा गया है। बंथला नहर कट पर जब पुलिस ने घेराबंदी कर संदिग्ध बाइक को रोकने का इशारा किया, तो बदमाशों ने पुलिस टीम पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने आत्मरक्षा गोलियां चलाईं, जिसमें मुख्य आरोपी जसीम उर्फ छोटू घायल हो गया। उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
इधर यूपी के मुजफ्फरनगर में धर्मांतरण के आरोप सामने आने के बाद हड़कंप मच गया है। दरअसल मुजफ्फरनगर में उस समय बखेड़ा खड़ा हो गया, जब एक हिंदू युवक का जबरन धर्मांतरण कराकर नमाज पढ़ाने के कुछ वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गए। इसके बाद हिंदू संगठन के लोगों ने थाने पहुंचकर आरोपियों के विरुद्ध सख्त से सख्त करवाई करने की मांग करते हुए ये चेतावनी दी कि जल्दी ही अगर इसमें कोई कार्रवाई नहीं हुई तो हिंदू संगठन के लोग इस मामले को लेकर आंदोलन करेंगे। इसको लेकर पुलिस ने आनन फानन में इस मामले में आरोपियों के विरुद्ध बीएनएस की गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास शुरू कर दिए हैं। बताया जा रहा है कि हरिद्वार निवासी राकेश शर्मा नाम का एक युवक पिछले तकरीबन 15 सालों से भोपा थाना क्षेत्र के भैकारेडी गांव में अफसर नाम के व्यक्ति के घर रहकर घरेलू काम करता आ रहा था।
उधर भारत और रूस के बीच साल 2025 में हुआ RELOS सैन्य समझौता प्रभावी हो गया है। इस समझौते के तहत दोनों देश आपस में सैन्य सहयोग बढ़ाएंगे। दोनों देश एक दूसरे के यहां पांच युद्धपोत व 10 लड़ाकू विमान भी तैनात कर सकेंगे। भारत व रूस अब एक-दूसरे के यहां तीन-तीन हजार तक सैनिकों की तैनाती कर सकेंगे। इन सैनिकों की तैनाती थल व वायु सैन्य ठिकानों, बंदरगाहों, स्टेशनों पर हो सकेगी। इस सिलसिले में दोनों देशों के बीच फरवरी 2025 में समझौता हुआ था जो अब प्रभावी हो गया है। भारत ने अपने सबसे भरोसेमंद सहयोगियों में से एक रूस के साथ सैन्य सहयोग और रसद सहायता को बढ़ावा देने के लिए भारत-रूस परस्पर रसद आदान-प्रदान समझौता पर हस्ताक्षर किए थे। रूसी समाचार एजेंसी स्पुतनिक के अनुसार, इस समझौते के तहत भारत और रूस ने एक-दूसरे की धरती पर पांच युद्धपोत, 10 लड़ाकू विमान और 3,000 तक सैनिकों की तैनाती पर सहमति जताई है।
इधर भारत में रसोई गैस को लेकर चिंता बढ़ती नजर आ रही है। मार्च महीने में एलपीजी (LPG) की खपत में करीब 13 फीसदी की बड़ी गिरावट दर्ज की गई है। इसके पीछे सबसे बड़ा कारण पश्चिम एशिया में जारी तनाव और उससे जुड़ी सप्लाई में आई बाधाएं हैं। इसका असर सीधे आम लोगों की रसोई और होटल-रेस्तरां जैसे कारोबार पर पड़ा है। सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, मार्च 2026 में LPG की खपत घटकर 2.379 मिलियन टन रह गई, जो पिछले साल के मुकाबले करीब 12.8% कम है। घरेलू सिलेंडर की खपत में भी 8.1% की गिरावट आई है, जबकि कमर्शियल इस्तेमाल में यह गिरावट लगभग 48% तक पहुंच गई। भारत अपनी करीब 60% LPG जरूरतों के लिए आयात पर निर्भर है। इसमें बड़ी मात्रा पश्चिम एशिया से आती है। लेकिन हालिया तनाव और युद्ध जैसे हालात के कारण सप्लाई चेन प्रभावित हुई है। खासकर समुद्री रास्तों में रुकावट से गैस की उपलब्धता कम हो गई।
अब उत्तराखण्ड की खबरों पर नजर डालते हैं, दो दिन से लापता युवक का शव आज डाकपत्थर क्षेत्र अंतर्गत यमुना पुल के पास नदी में फंसे एक ट्रक से मिला है। सूचना पर पहुंची एसडीआरएफ की टीम ने शव बरामद किया। जानकारी के अनुसार, युवक 17 अप्रैल से लापता था। सर्चिंग अभियान में भी उसका सुराग नहीं मिला। आज फिर दोबारा अभियान चलाया गया। टीम ने संदीप अधिकारी(32) पुत्र प्रताप सिंह अधिकारी, निवासी ग्राम बुराष्टि (कच्चा ) चकराता देहरादून का शव ट्रक के नीचे से बरामद किया।
इधर विदेश में नौकरी दिलाने के नाम पर 13.5 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। हिमाचल प्रदेश के सोलन निवासी रेखा शर्मा ने राजीव शर्मा, लवलेश और सीमा शर्मा (रिधन्या प्लेसमेंट सर्विसेज) समेत अन्य के खिलाफ डालनवाला थाने में तहरीर देकर धोखाधड़ी, आपराधिक षड्यंत्र और उत्पीड़न के आरोप लगाए हैं। पुलिस ने शनिवार को प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस की दी गई शिकायत के अनुसार जून 2024 में आरोपियों ने खुद को क्रोएशिया वर्क परमिट के लिए अधिकृत एजेंट बताकर संपर्क किया और भरोसा दिलाया कि उनके पास वैध लाइसेंस है। इस पर विश्वास करते हुए शिकायतकर्ता ने 17 कैंडिडेट्स की प्रोसेसिंग कराते हुए कुल 18 लाख रुपये आरोपियों को दिए जिसमें 15 लाख ऑनलाइन और तीन लाख नकद शामिल हैं। आरोप है कि बाद में सभी वीजा आवेदन फर्जी दस्तावेज के कारण निरस्त हो गए। जांच में सामने आया कि आरोपियों ने जाली दस्तावेज और फर्जी जॉब ऑफर के जरिये ठगी की। लगातार दबाव के बाद आरोपियों ने केवल 4.5 लाख रुपये ही वापस किए जबकि शेष रकम लौटाने के लिए टालमटोल करते रहे।
उधर जौलीग्रांट पाल मोहल्ले में आपसी विवाद में एक पति ने अपनी पत्नी पर चाकू से वार कर दिया। घायल महिला ने उपचार के दौरान जौलीग्रांट अस्पताल में दम तोड़ दिया। शुक्रवार शाम आपसी विवाद में पाल मोहल्ला में किराए पर रहने वाले आरोपी पति गोपाल (39) ने अपनी पत्नी प्रतिभा (30) को घायल कर दिया। महिला को जौलीग्रांट अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां उपचार के दौरान आज सुबह प्रतिभा की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार आरोपी पति मूल रूप से पीलीभीत का रहने वाला है। वर्तमान में पति-पत्नी दोनों जौलीग्रांट पाल मोहल्ले में रहते थे। आरोपी पति मजदूरी करता है।
इधर बीजेपी नेता एवं ग्राम प्रहरी के साथ मारपीट मामले में खटीमा वन रेंज के रेंजर और दो अन्य वन कर्मियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले में कार्रवाई न होने पर पीड़ित के परिजनों और बीजेपी पदाधिकारियों ने कोतवाली का घेराव किया। जिस पर अब कोतवाल ने रेंजर समेत 3 लोगों के खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि पीड़ित का नाम विपिन राणा है, जो बीजेपी अनुसूचित जनजाति चकरपुर मंडल का अध्यक्ष के साथ ग्राम प्रहरी भी है। बताया जा रहा है कि विपिन राणा ने वन विभाग के कर्मचारियों पर मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी थी, लेकिन शुरुआती स्तर पर पुलिस की ओर से कोई कार्रवाई न होने से बीजेपी कार्यकर्ताओं में आक्रोश फैल गया।