Good Morning India: विधानसभा चुनाव, 5 राज्यों में वोटों की गिनती जारी! मौसम को लेकर बड़ा अलर्ट, कई राज्यों में बारिश की संभावना! यूपी में बड़ा हादसा, घायलों की मदद करने गए लोगों को कार ने रौंदा, 8 की मौत! लिंक में पढ़ें प्रमुख खबरें

Good Morning India: Assembly elections, vote counting continues in five states! A major weather alert, with rain expected in several states! A major accident in Uttar Pradesh: A car ran over people t

नमस्कार दोस्तों, आवाज 24X7 अपना खास कॉलम "गुड मॉर्निंग इंडिया" लेकर एक फिर आपके समक्ष प्रस्तुत है। आज के प्रमुख कार्यक्रमों पर नजर डालते हैं, आज चार राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश के चुनावी नतीजे घोषित किए जाएंगे। वहीं आज आईपीएल में मुंबई और लखनऊ के बीच मुकाबला है।

अब बड़ी खबरों की तरफ रुख करते हैं, देश के पांच राज्यों में हुए विधानसभा चुनावों के नतीजे आज सामने आ जाएंगे। वोटों की गिनती जारी है और काउंटिंग सेंटर्स के बाहर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था नजर आ रही है। चप्पे-चप्पे पर निगरानी की जा रही है और किसी तरह के विवाद की बात सामने नहीं आ रही है। गौरतलब है कि पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, केरल, असम और पुडुचेरी में हालही में विधानसभा चुनाव हुए थे। इसी के साथ पश्चिम बंगाल की 293 विधानसभा सीटों पर मतगणना शुरू हो गई है। दोपहर तक नतीजे भी सामने आने लगेंगे। जारी मतगणना के शुरुआती रुझानों में बीजेपी 14, जबकि टीएमसी 11 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है। वहीं कांग्रेस भी एक सीट पर आगे है। बता दें कि पश्चिम बंगाल में दो चरणों में चुनाव कराए गए। पहले चरण का मतदान 23 अप्रैल को जबकि दूसरे चरण का मतदान 29 अप्रैल को संपन्न हुआ। वहीं मतदान संपन्न होने के बाद आज मतों की गणना हो रही है। एक तरफ पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी अपनी कुर्सी बचाने के लिए चुनाव लड़ रही हैं, तो वहीं दूसरी बीजेपी की नजर पश्चिम बंगाल की सत्ता पर है। हालांकि देखने वाली बात ये होगी कि इस बार पश्चिम बंगाल की सत्ता पर किसका कब्जा होगा। 

इधर यूपी के अंबेडकरनगर जिले में रविवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया। यहां जलालपुर क्षेत्र के अशरफपुर भुवा भट्ठे के पास तेज रफ्तार और बेकाबू कार ने सड़क किनारे खड़े लोगों को कुचल दिया, जिससे कुल 8 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, रात करीब 12 बजे पहले दो बाइकों के बीच जोरदार टक्कर हो गई थी। इस दुर्घटना में दोनों बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे को देख आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और घायलों की मदद करते हुए उन्हें अस्पताल पहुंचाने की कोशिश कर रहे थे। इसी दौरान अचानक एक तेज रफ्तार स्विफ्ट डिजायर कार अनियंत्रित होकर वहां पहुंची और सड़क पर मौजूद लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस और ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) जलालपुर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने 6 लोगों को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल दो अन्य लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां से उन्हें टांडा मेडिकल कॉलेज भेजा गया। इलाज के दौरान उनकी भी मौत हो गई, जिससे मृतकों की संख्या बढ़कर 8 हो गई।

उधर देश के कुछ केंद्र शासित प्रदेशों में राशन वितरण के लिए नया सिस्टम शुरू करने की योजना है। केंद्र सरकार CBDC (केंद्रीय बैंक की डिजिटल मुद्रा) आधारित खाद्य सब्सिडी कार्यक्रम का विस्तार जून तक चंडीगढ़, दादरा एवं नागर हवेली तथा दमन और दीव तक करने की योजना बना रही है। आधिकारिक सूत्रों ने ये जानकारी दी। सूत्रों के अनुसार, यS योजना फिलहाल गुजरात और पुडुचेरी में प्रायोगिक आधार पर लागू है। इस योजना के तहत लाभार्थियों को सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) के तहत मिलने वाला खाद्यान्न अब भौतिक रूप में लेने के बजाय 'डिजिटल टोकन' के रूप में प्रदान किया जाता है। ये टोकन भारतीय रिजर्व बैंक की केंद्रीय बैंक डिजिटल मुद्रा व्यवस्था के माध्यम से जारी किए गए एक डिजिटल वॉलेट में जमा रहता है। 

इधर बिहार के रोहतास जिले में सोमवार की अहले सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। राष्ट्रीय राजमार्ग 319 पर दिनारा थाना क्षेत्र के मठिया गांव के पास तेज रफ्तार ट्रक ने बस और पिकअप में जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में पांच लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल सासाराम भेज दिया। पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है। जानकारी के अनुसार, पिकअप और बस में सवार लोग चेनारी थाना क्षेत्र के लोधी गांव से एक तिलक समारोह में शामिल होकर अपने गांव लौट रहे थे। सोमवार की सुबह करीब तीन बजे जब सभी लोग अपने गांव के पास राष्ट्रीय राजमार्ग पर बस और पिकअप से उतर रहे थे, तभी एक तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्रक ने दोनों वाहनों को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि पांच लोग वाहनों के नीचे दब गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

उधर उत्तर प्रदेश के अंबेडकरनगर जिले के अकबरपुर थाना क्षेत्र स्थित मीरानपुर मुरादाबाद मोहल्ले में हुए सनसनीखेज हत्याकांड के मुख्य आरोपी आमिर को पुलिस ने सोमवार सुबह एक मुठभेड़ में ढेर कर दिया है। पुलिस और बदमाश के बीच यह मुठभेड़ बाईपास के पास हुई। मुठभेड़ में पुलिस टीम के दो जवान भी घायल हो गए। मरैला चौकी प्रभारी राजेश यादव और एसओजी में तैनात सिपाही जाकिर हुसैन के बाएं हाथ में गोली लगी है। दोनों घायल पुलिसकर्मियों को  जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह पुलिस को आरोपी आमिर की लोकेशन बाईपास के पास मिली। घेराबंदी करने पर आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में आरोपी के सीने पर गोली लगी। घायल अवस्था में उसे तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। फिलहाल एसपी प्राची सिंह के अस्पताल पहुंचने का इंतजार किया जा रहा है, जिसके बाद पुलिस आधिकारिक बयान जारी करेगी।

इधर उत्तर भारत के कई हिस्सों में रविवार को मौसम का मिजाज बदला नजर आया। यूपी, बिहार, हरियाणा और उत्तराखंड समेत देश के कई राज्यों में रविवार सुबह को आंधी तूफान के साथ तेज बारिश हुई, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली। इस बीच उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर जिले के धनपतगंज थाना क्षेत्र के एक गांव में तेज आंधी और बारिश के चलते पेड़ गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। इधर, देश के कई शहरों में अब भी हीटवेव की स्थिति है। महाराष्ट्र का वर्धा 44.5 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ देश में सबसे सबसे गर्म रहा। चंद्रपुर में 44.4 डिग्री सेल्सियस पारा रहा। राजस्थान के जैसलमेर में 44.4 डिग्री सेल्सियस और बाड़मेर में 44.3 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।

अब उत्तराखण्ड की खबरों पर नजर डालते हैं, मसूरी में रविवार देर शाम माल रोड बैरियर पर उस समय हंगामे की स्थिति बन गई, जब दिल्ली से आए एक पर्यटक ने प्रतिबंधित समय में माल रोड के अंदर वाहन ले जाने की जिद पकड़ ली। विवाद इतना बढ़ गया कि पर्यटक दंपति और स्थानीय दंपति के बीच जमकर मारपीट हो गई। घटना के बाद मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई और पुलिस को स्थिति संभालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। वहीं दंपतियों के बीच जमकर गाली-गलौज और लात घूसे चले। स्थानीय लोगों और पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद दोनों को अलग किया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दिल्ली से आया पर्यटक अपनी पत्नी और बच्चों के साथ माल रोड बैरियर पर पहुंचा था। ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों ने उसे बताया कि प्रतिबंधित समय में माल रोड पर वाहनों की एंट्री पूरी तरह बंद है और वाहन को पार्किंग में खड़ा कर पैदल जाना होगा। लेकिन पर्यटक वाहन अंदर ले जाने की जिद पर अड़ गया। बताया जा रहा है कि पर्यटक ने बैरियर के पास ही वाहन खड़ा कर दिया और करीब साढ़े पांच घंटे तक वहीं बैठा रहा। जिससे सड़क पर लंबा जाम लग गया। देर शाम स्थानीय दंपति और लोग वहां पहुंचे और सड़क से वाहन हटाने का अनुरोध किया। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई।

इधर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल पौड़ी के सतपुली विकासखंड के ग्राम रैतपुर पहुंचे। यहां उन्होंने मृतक युवक पंकज कुमार के परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने परिजनों को सांत्वना देते हुए स्थानीय पुलिस से मामले की सम्पूर्ण जानकारी लेते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मामले की जांच कराए जाने एवं पीड़ित परिवार को न्याय दिलाये जाने की मांग उठाई। गणेश गोदियाल ने सतपुली पहुंचकर घटना की पूरी जानकारी ली और स्थानीय पुलिस अधिकारियों से बातचीत करके पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग उठाई है। उन्होंने मुख्यमंत्री धामी को पत्र लिखकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों को खिलाफ कानून सम्मत कार्रवाई की मांग की है। घटना स्थल पर पहुंचकर स्थानीय लोगों एवं परिजनों से मुलाकात करने के बाद उन्होंने सीएम धामी को लिखे पत्र में कहा कि जनपद पौड़ी गढ़वाल के ग्राम रैतपुर, सतपुली क्षेत्र के एक युवक ने कथित रूप से पुलिस प्रताड़ना से आहत होकर आत्महत्या की,जो अत्यंत गंभीर एवं दुखद विषय है।

उधर काशीपुर में एक पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की जहर देकर हत्या कर दी, फिर शव को नहर में फेंक दिया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। जबकि अभी शव की तलाश जारी है। दरअसल काशीपुर क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर अपने ही पति को मौत के घाट उतार दिया। यह पूरा मामला 1 मई को सामने आया, जब यूपी के रामपुर जिले के थाना स्वार क्षेत्र निवासी चंद्रवती ने कोतवाली आईटीआई (काशीपुर) में तहरीर दी। तहरीर में उन्होंने बताया कि बीती 25 अप्रैल को उनका बेटा कुलवंत सिंह अपनी पत्नी के पास काशीपुर के वांसखेड़ा गांव जाने की बात कहकर घर से निकला था, लेकिन इसके बाद वो वापस नहीं लौटा। जब परिजनों ने कुलवंत की पत्नी से पूछताछ की तो उसने गलत जानकारी देकर मामले को टालने की कोशिश की। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने सर्विलांस का सहारा लिया, जिसमें एक चौंकाने वाला खुलासा हुआ। पता चला कि महिला का कपिल मौर्या उर्फ राहुल मौर्या निवासी मसवासी (रामपुर) के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। इतना ही नहीं घटना के समय दोनों की लोकेशन भी एक ही स्थान पर पाई गई। पुलिस के सख्ती से पूछताछ करने पर महिला ने अपना अपराध कबूल कर लिया।