Aug 23, 2026 Login

Good Morning India: राहत भरी खबर-मिडिल ईस्ट तनाव के बीच स्ट्रेट ऑफ होर्मुज पार कर आ रहा है भारत का LPG टैंकर! नासिक में दर्दनाक हादसा, एक ही परिवार के नौ लोगों की मौत! आर्टेमिस- 2 के यात्रियों ने कैद किया अद्भुत नजारा! मौसम को लेकर बड़ा अलर्ट, धामी सरकार ने 14 वरिष्ठ नेताओं को बांटे दायित्व

Good Morning India: Amid Middle East tensions, an Indian LPG tanker is crossing the Strait of Hormuz! A tragic accident in Nashik claimed the lives of nine members of the same family! Passengers on A

नमस्कार दोस्तों, आवाज 24X7 अपना खास कॉलम "गुड मॉर्निंग इंडिया" लेकर एक फिर आपके समक्ष प्रस्तुत है। आज के प्रमुख कार्यक्रमों पर नजर डालते हैं, आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तमिलनाडु और केरल दौरे पर रहेगे। वहीं उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन शनिवार को बिहार के दौरे पर रहेंगे। 

अब बड़ी खबरों की तरफ रुख करते हैं, ईरान ने अमेरिका के जेट फाइटर A-10 और एफ-15E को मार गिराया है, जिसके बाद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने लापता एफ-15 चालक दल के सदस्य को ईरान द्वारा पकड़े जाने या नुकसान पहुंचाए जाने की स्थिति में ईरान के खिलाफ अपनी जवाबी योजनाओं का ब्योरा देने से इनकार कर दिया है। यह चालक दल का सदस्य ईरानी क्षेत्र में विमान के मार गिराए जाने के बाद इजेक्ट करने के लिए मजबूर हुआ था। इस घटना के बाद  मध्य पूर्व में बढ़ते युद्ध में एक गंभीर बंधक संकट की आशंका बढ़ गई है। द इंडिपेंडेंट के साथ एक संक्षिप्त साक्षात्कार में, ट्रंप ने पायलट के जीवित बचने की खबरों की सत्यता के बारे में सीधे पूछे गए प्रश्न का उत्तर देने से बचते हुए केवल इतना कहा: "मैं इस पर टिप्पणी नहीं कर सकता क्योंकि - हम उम्मीद करते हैं कि ऐसा नहीं होगा, ऐसा कहकर ट्रंप ने अचानक कॉल काट दी। इसके बाद ट्रम्प ने अलग से एनबीसी न्यूज़ को बताया कि विमानों का नुकसान युद्ध है, लेकिन इससे अमेरिका-ईरान की चल रही बातचीत पटरी से नहीं उतरेगी: "नहीं, बिल्कुल नहीं। नहीं, यह युद्ध है और हम अभी युद्ध में हैं।" 

इधर महाराष्ट्र के नासिक जिले में शुक्रवार रात एक दर्दनाक हादसे में एक ही परिवार के नौ लोगों की मौत हो गई। मृतकों में छह बच्चे भी शामिल हैं। पुलिस ने शनिवार को इसकी जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, यह हादसा शुक्रवार रात करीब 10 बजे डिंडोरी कस्बे के शिवाजी नगर इलाके में हुआ। परिवार के सभी सदस्य एक समारोह में शामिल होकर घर लौट रहे थे, तभी उनकी कार अनियंत्रित होकर पास के एक कुएं में जा गिरी। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और आपातकालीन सेवाएं मौके पर पहुंचीं। राहत-बचाव अभियान के तहत दो क्रेन और तैराकों की मदद से आधी रात के आसपास कार और उसमें सवार सभी लोगों को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक सभी की मौत हो चुकी थी।

उधर ईरान पर अमेरिका और इजरायल के हमले को एक महीने से ज्यादा का वक्त बीत चुका है और अब ये युद्ध क्या मोड़ लेगा इसका किसी को अंदाजा नहीं है। युद्ध के बीच भारतीय झंडे वाला एक और एलपीजी टैंकर लदा जहाज स्ट्रेट ऑफ होर्मुज पार कर गया है। इस जहाज का नाम ग्रीन सान्वी है और इस पर 44,000 मीट्रिक टन से अधिक एलपीजी लदा है। जहाज ने शुक्रवार को होर्मुज स्ट्रेट पार कर लिया है और इसके छह अप्रैल तक मुंबई पहुंचने की संभावना है। युद्ध के बीच मार्च महीने में अब तक होर्मुज पार करने वाला सातवां भारतीय जहाज है। बता दें कि अब भी भारत के कई तेल-गैस टैंकर वाले जहाज होर्मुज में फंसे हैं और ईरान के क्लीयरेंस का इंतजार कर रहे हैं। ट्रैकिंग डेटा के मुताबिक, ग्रीन सान्वी ने ईरान के समुद्री इलाके से होकर एक कॉरिडोर का इस्तेमाल किया और फिर वह होर्मुज स्ट्रेट के पूरब में पहुंच गया है और अब वह मुंबई की ओर बढ़ रहा है। खाड़ी में जारी युद्ध की वजह से भारत में एलपीजी की कमी हो सकती है, क्योंकि अभी किसी को पता नहीं कि ये युद्ध कब तक समाप्त होगा। भारत के लिए खुशखबरी जल्द सामने आएगी जब भारतीय झंडे वाले दो और एलपीजी टैंकर ग्रीन आशा और जग विक्रम भी होर्मुज पार कर भारत आ सकते हैं।

इधर मौसम विभाग ने बताया है कि इस हफ्ते लगातार दो वेस्टर्न डिस्टर्बेंस उत्तरी भारत पर असर डालेंगे। तीन और चार अप्रैल को यह सबसे ज्यादा एक्टिव होंगे। इस दौरान बारिश, तेज हवाएं और ओले गिरने की आशंका है। 3, 4 और 7 अप्रैल को इसका असर सबसे ज्यादा देखने को मिलेगा। इस वजह से कुछ हिस्सों में ओले गिरने की संभावना है और कश्मीर घाटी में कहीं-कहीं भारी बारिश की उम्मीद है। जम्मू कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और छत्तीसगढ़ में बारिश, तेज हवा, ओलावृष्टि और आकाशीय बिजली गिरने को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इन इलाकों में तेज हवाएं चलने और ओले गिरने की भी संभावना है। आने वाले दिनों में झारखंड और बिहार में बारिश के साथ ओले गिरने की आशंका है। वहीं, जम्मू कश्मीर में बेमौसम बारिश का सिलसिला जारी रहने के आसार हैं।

उधर शुक्रवार देर शाम दिल्ली-एनसीआर और उत्तर भारत के कई हिस्सों में भूकंप के तेज़ झटके महसूस किए गए। रात लगभग 9:50 बजे आए इन झटकों की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 5.9 मापी गई। भूकंप के झटके महसूस होते ही दिल्ली-एनसीआर (गुरुग्राम, नोएडा, गाजियाबाद) सहित अन्य प्रभावित क्षेत्रों में लोग दहशत में अपने घरों और ऊंची इमारतों से बाहर निकलकर खुले स्थानों की ओर भागे। शुरुआती जानकारी के अनुसार, भूकंप का केंद्र अफगानिस्तान के हिंदू कुश क्षेत्र में स्थित था। इन झटकों का असर पूरे उत्तर भारत के साथ-साथ पाकिस्तान और अफगानिस्तान में भी देखा गया।

इधर केरलम के मलप्पुरम में कांग्रेस सांसद शशि थरूर के काफिले पर हमला हुआ है। यह घटना रात के समय वांडूर के चेल्लितोडु में हुई। शशि थरूर ए.पी. अनिल कुमार के चुनाव प्रचार के लिए वांडूर आए थे। शिकायत यह है कि बाइक पर आए कुछ लोगों के एक समूह ने गाड़ी को रोका, गनमैन के साथ गाली-गलौज की और बाद में उसके साथ मारपीट की। गनमैन ने ही यह शिकायत दर्ज कराई है। आरोप है कि कुछ लोगों के समूह ने शशि थरूर का पीछा करने के बाद उनकी कार पर हमला कर दिया। उपद्रवी शशि थरूर को गालियां देते हुए उन पर हमला करने की कोशिश कर रहे थे, तब गनमैन ने बीच-बचाव किया। इससे नाराज लोगों ने गनमैन की पिटाई कर दी।

उधर रणवीर सिंह और आदित्य धर भारतीय सिनेमा के अब सबसे दमदार एक्टर-डायरेक्टर जोड़ी बन गए हैं। उन्होंने बॉलीवुड का चेहरा और उस पर लोगों का भरोसा हमेशा के लिए बदल दिया है। दोनों ने एक ऐसा बेंचमार्क सेट किया है जिसे तोड़ना शायद थोड़ा मुश्किल है। 'धुरंधर 2' ने 1500 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर लिया है और यह रिकॉर्ड बनाने वाली चौथी भारतीय फिल्म बन गई है। धुरंधर 2 से पहले सिर्फ आमिर खान की दंगल, प्रभास और राजामौली की बाहुबली 2 और अल्लू अर्जुन की पुष्पा 2 ही इस बेंचमार्क को पार कर पाई थीं। Sacnilk की रिपोर्ट के अनुसार अपने तीसरे शुक्रवार यानी 16वें दिन धुरंधर 2 ने गुरुवार के कलेक्शन के मुकाबले 17.8% की बढ़त दिखाई। फिल्म ने 13,330 शो से 21.55 करोड़ रुपये कमाए, जिससे भारत में इसका कुल ग्रॉस कलेक्शन 1,148 करोड़ रुपये और कुल नेट कलेक्शन 959.37 करोड़ रुपये हो गया। 5 करोड़ रुपये के ओवरसीज कलेक्शन के साथ अब तक का कुल ओवरसीज ग्रॉस 375 करोड़ रुपये हो गया है, जिससे दुनिया भर का कुल ग्रॉस कलेक्शन बढ़कर 1,523.58 करोड़ रुपये हो गया है।

इधर नासा के चांद मिशन आर्टेमिस-2 में शामिल अंतरिक्ष यात्रियों ने धरती की खुबसूरत तस्वीरें भेजी हैं, जिन्हें नासा ने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर शेयर किया है। इसके साथ ही नासा ने लिखा है कि 1977 से लेकर अब तक काफी चीजें बदली हैं, लेकिन जो एक बात समान है। वह यह है कि अभी भी हमारी धरती अंतरिक्ष से चमकती हुई नजर आती है। नासा का मिशन लगातार आगे बढ़ रहा है, लेकिन जब अंतरिक्ष यात्रियों ने पीछे मुड़कर देखा तो वे भावुक हो गए। क्योंकि, हमारी पृथ्वी उनके कैप्सूल से बेहद ही खूबसूरत नजर आई है। जिसे उन्होंने तस्वीरों में कैद किया है। नासा ने शुक्रवार को चालक दल की पहली डाउनलिंक की गई तस्वीरें जारी कीं। करीब 50 साल बाद इंसानों को चांद की ओर ले जा रहे इस मिशन के अंतरिक्ष यात्रियों ने अंतरिक्ष से पृथ्वी की बेहद खूबसूरत तस्वीरें भेजी हैं, जिसने सबको हैरान कर दिया है। इस मिशन के कमांडर रीड वाइजमैन ने जो पहली तस्वीर ली, उसमें पृथ्वी का एक घुमावदार हिस्सा कैप्सूल की खिड़की से नजर आता है। दूसरी तस्वीर में पूरी पृथ्वी दिखाई देती है, जिसमें नीले महासागर, सफेद बादलों की लहरें और यहां तक कि हम हरे रंग की ऑरोरा (उत्तरी रोशनी) भी चमकती दिख रही है। नासा के मुताबिक, ये नजारा अंतरिक्ष से बेहद शानदार और भावुक कर देने वाला था।

अब उत्तराखण्ड की खबरों पर नजर डालते हैं, धामी सरकार ने शुक्रवार को विभिन्न आयोगों, परिषदों और समितियों में 14 लोगों को नियुक्त कर दिया गया है। गृह एवं गोपन सचिव शैलेश बगौली की ओर से इस बाबत आदेश जारी किए गए। इस दौरान देहरादून से कुलदीप सुटोला को राज्य स्तरीय खेल परिषद में अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है जबकि नैनीताल से ध्रुव रौतेला को मीडिया सलाहकार समिति का उपाध्यक्ष बनाया गया है। वहीं, चंपावत से हरिप्रिया जोशी को राज्य महिला आयोग में, टिहरी से विनोद सुयाल को राज्य युवा कल्याण सलाहकार परिषद में, चंपावत से मुकेश महराना को चाय विकास सलाहकार परिषद में स्थान दिया गया है। वहीं देहरादून से चारु कोठारी को राज्य निर्माण आंदोलनकारी सम्मान परिषद में.चमोली से प्रेम सिंह राणा को जनजाति आयोग में, टिहरी से खेमसिंह चौहान को ओबीसी आयोग कल्याण परिषद में, टिहरी से ही सोना सजवाण को जड़ी बूटी सलाहकार समिति में, अल्मोड़ा से गोविंद पिलखवात को हथकरघा एवं हस्तशिल्प विकास परिषाद में, देहरादून से बलजीत सोनी को अल्पसंख्यक आयोग, काशीपुर की सीमा चौहान को मत्स्य विकास प्राधिकरण में उपाध्यक्ष बनाया गया है। इनके अलावा वरिष्ठ भाजपा नेता भावना मेहरा और अशोक वर्मा को भी जिम्मेदारी सौंपी गई है।

इधर राजधानी देहरादून में रिटायर्ड ब्रिगेडियर मुकेश जोशी मर्डर केस में फरार दो आरोपियों को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। इनमें से एक आरोपी के पैर में गोली लगी है, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटनास्थल से बदमाश से एक पिस्टल बरामद हुई। साथ ही एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल और एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने घटनास्थल का जायजा लिया और आरोपियों से पूछताछ की। जानकारी के अनुसार राजपुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार रात को जोहड़ी गांव मे सघन चेकिंग के दौरान ब्रिगेडियर मुकेश जोशी की हत्या मे शामिल संदिग्ध बदमाशों की जानकारी दून पुलिस को मिली। जिसके बाद पुलिस ने बदमाशों का पीछा करने पर, गुनियाल गांव की जंगल पर,एक बदमाश को गिरफ्तार कर लिया। दूसरा बदमाश का पीछा करने पर बदमाश ने पुलिस पर फायरिंग कर दी, पुलिस की जवाबी फायरिंग में बदमाश के पैर में गोली लग गई, जिससे बदमाश घायल हो गया।

उधर एसटीएफ की साइबर क्राइम टीम ने बुजुर्ग के साथ डिजिटल अरेस्ट कर साइबर धोखाधड़ी करने वाले आरोपी को रुद्रपुर से गिरफ्तार किया। साइबर अपराधियों के ने पीड़ित को व्हाट्सएप कॉल के माध्यम से डिजिटल अरेस्ट कर मनी लॉन्ड्रिंग के केस से बचाने के नाम पर 69 लाख रुपए की साइबर ठगी कर डाली। लाखों रुपए की चपत लगने के बाद बुजुर्ग को ठगी का अहसास हुआ और पुलिस के पास पहुंचा। पुलिस ने शिकायत के बाद मुकदमा दर्ज कर पड़ताल तेज की, और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।