Good Morning India: महिला आरक्षण के मुद्दे पर उत्तराखण्ड में विशेष सत्र आज! नाइजीरिया के गांव में ISIS के आतंकियों का हमला, 29 लोगों की हत्या! दक्षिण सूडान में प्लेन क्रैश, 14 लोगों की मौत! मौसम को लेकर बड़ा अलर्ट, लिंक में पढ़ें प्रमुख खबरें

Good Morning India: A special session is being held in Uttarakhand today on the issue of women's reservations. ISIS terrorists attack a village in Nigeria, killing 29 people. A plane crashes in South

नमस्कार दोस्तों, आवाज 24X7 अपना खास कॉलम "गुड मॉर्निंग इंडिया" लेकर एक फिर आपके समक्ष प्रस्तुत है। आज के प्रमुख कार्यक्रमों पर नजर डालते हैं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज वाराणसी के दौरे पर रहेंगे। वहीं केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह आज का एससीओ देशों के रक्षा मंत्रियों के साथ बैठक करेंंगे। 

अब बड़ी खबरों की तरफ रुख करते हैं, इस्लामिक स्टेट ग्रुप (ISIS) के आतंकियों ने पूर्वोत्तर नाइजीरिया के एक गांव पर देर रात हमला कर भीषण रक्तपात मचाया। इस हमले में कम से कम 29 लोगों की मौत हो गई। राज्य के गवर्नर के अनुसार, यह हमला रविवार देर रात नाइजीरिया के अदामावा राज्य के गोम्बी स्थानीय सरकारी क्षेत्र में स्थित गुयाकू गांव में हुआ। स्थानीय प्रशासन के मुताबिक आतंकियों ने गांव में घुसकर अंधाधुंध गोलीबारी की, जिससे बड़ी संख्या में लोग मारे गए और कई घायल हो गए। इस हमले के बाद पूरे इलाके में दहशत फैल गई है। इस हमले की जिम्मेदारी ISIS ने ली है। इस्लामिक स्टेट समूह ने टेलीग्राम मैसेजिंग ऐप पर एक संदेश के ज़रिए इस हमले की ज़िम्मेदारी ली। अदामावा राज्य के गवर्नर अहमदु उमरू फ़िंटिरी ने सोमवार को गांव का दौरा कर इस हमले की कड़ी निंदा की। उन्होंने इसे दुखद और अस्वीकार्य बताया। उन्होंने कहा कि सरकार आतंकवाद के खिलाफ सख्त कार्रवाई करेगी।

उधर दक्षिण सूडान से सामने आ रही है। यहां दक्षिण सूडान की राजधानी के बाहरी इलाके में सोमवार को एक सेस्ना विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस हादसे में विमान में सवार सभी 13 यात्री और पायलट की मौत हो गई। यह जानकारी देश के नागरिक उड्डयन प्राधिकरण ने दी। प्राधिकरण ने कहा कि प्रारंभिक रिपोर्टों से संकेत मिलता है कि खराब मौसम के कारण कम दृश्यता होने से विमान दुर्घटनाग्रस्त हुआ होगा। अधिकारियों ने बताया कि विमान में सवार लोगों में दो केन्याई नागरिक थे, जबकि बाकी सभी दक्षिण सूडानी थे। नागरिक उड्डयन प्राधिकरण ने जानकारी देते हुए बताया कि जुबा से लगभग 20 किलोमीटर (12 मील) दूर स्थित दुर्घटनास्थल पर सूचना जुटाने और आपातकालीन सेवाओं की सहायता के लिए एक टीम भेजी गई है। सोशल मीडिया पर साझा किए गए दुर्घटनास्थल के वीडियो में विमान का मलबा आग की लपटों में घिरा दिखाई दे रहा है।

इधर केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय ने देशभर में लू के प्रकोप को देखते हुए सभी राज्यों को सतर्क रहने और मेडिकल सिस्टम तैयार रखने का निर्देश दिया है। इस संबंध में स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय के सचिव ने सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के मुख्य सचिवों को पत्र लिखा है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने अप्रैल से जून 2026 तक लू का दौर जारी रहने की आशंका जाहिर की है। मौसम विभाग के अनुसार अप्रैल से जून तक पूर्वी, मध्य और उत्तर-पश्चिमी भारत के कुछ हिस्सों और दक्षिण-पूर्वी प्रायद्वीप में, साथ ही ओडिशा, पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, पुडुचेरी और आंध्र प्रदेश के कई तटीय इलाकों में सामान्य से ज़्यादा लू चलेगी। 

उधर पंजाब के पटियाला में राजपुरा-शंभू के बीच रेलवे लाइन पर देर रात धमाका हुआ। जानकारी के मुताबिक, राजपुरा और शंभू रेलवे स्टेशनों के बीच स्थित डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर (DFCCI) की रेलवे लाइन पर देर रात जोरदार ब्लास्ट हुआ। सूचना मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल (RPF), जीआरपी और स्थानीय पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस को उस ट्रैक से किसी अज्ञात का भी शव मिला है, जिसके चिथड़े उड़े हुए थे। रेल ट्रैक पर हाथ-पैर और सिर धड़ से अलग-अलग मिले। पटियाला के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक वरुण शर्मा ने बताया कि धमाके से ट्रैक को भी कुछ नुकसान पहुंचा है। यह घटना रात करीब 10 बजे मालगाड़ियों के लिए बने रेल ट्रैक के पास हुई। एसएसपी ने बताया कि कम तीव्रता का एक धमाका हुआ है। उन्होंने बताया कि एक अज्ञात शव भी क्षत-विक्षत हालत में बरामद किया गया है। यह पूछे जाने पर कि क्या मरने वाले व्यक्ति की मौत धमाके में हुई है, एसएसपी ने कहा कि मामले की जांच चल रही है।

इधर पश्चिम बंगाल के चुनाव में एक पुलिस ऑब्जर्वर आफिसर के वीडियो पर सियासी घमासान शुरू हो गया है। TMC के नेता आरोप लगा रहे हैं कि तृणमूल कांग्रेस के सपोर्टर्स को डराने के लिए चुनाव आयोग ने बीजेपी के इशारे पर दूसरे राज्यों के पुलिस अफसरों को बंगाल में भेजा है। यूपी कैडर के IPS अजय पाल शर्मा को चुनाव आयोग ने साउथ 24 परगना में पुलिस ऑब्जर्वर बनाया है। तृणमूल कांग्रेस का आरोप है कि अजयपाल शर्मा पार्टी के उम्मीदवारों और कार्यकर्ताओं को खुलेआम धमकी दे रहे हैं। टीएमसी के नेता, अजय पाल शर्मा का एक वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट कर रहे हैं। ये वीडियो साउथ 24 परगना का है जिसमें चेकिंग के दौरान, अजयपाल शर्मा फाल्टा सीट से TMC कैंडीडेट जहांगीर खान को चेतावनी देते दिखाई दे रहे हैं। वह कह रहे हैं कि अभी न समझे, तो बाद में पछताना पड़ेगा। वीडियो में अजयपाल शर्मा कह रहे हैं, ''आसपास के जितने भी लोग हैं...अच्छी तरह से समझ लें कि अगर किसी ने बदमाशी की...उनका कायदे से इलाज किया जाएगा। अगर कहीं से कोई खबर आ गई कि किसी ने कोई खुराफात करने की..किसी को परेशान करने की कोशिश की है...तो फिर उसकी खबर अच्छे से लेंगे हम। ये जहांगीर के घरवाले भी खड़े हैं...उसको बता देना कायदे से। ये बार बार जो खबरें आ रही हैं कि उसके लोग धमका रहे हैं तो फिर अच्छे से खबर लेंगे फिर बाद में रोना पछताना मत।''

उधर अमेरिका की राजधानी वॉशिंगटन डीसी में आयोजित व्हाइट हाउस कॉरेस्पॉन्डेंट्स एसोसिएशन डिनर के दौरान फायरिंग के मामले में एक बड़ा अपडेट सामने आया है। फायरिंग करने वाले शख्स पर राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की हत्या की कोशिश का मुकदमा चलेगा। आरोपी 31 वर्षीय कोल टोमास एलन इस हमले की योजना कई हफ्तों से बना रहा था। हमले के दौरान पकड़े जाने के बाद से एलन ने चुप्पी साध रखी है। हलांकि हमले से ठीक पहले अपने परिवार और पूर्व एंप्लायर को भेजे गए मेल ने उसके इरादों का खुलासा किया है। मेल में उसने खुद को फ्रेंडली फेडरल असैसिन बताया और ट्रंप प्रशासन द्वारा अपनाई जा रही नीतियों के प्रति नाराजगी जताई। उसने अपने परिवार से माफी भी मांगी और हमले को एक विदाई संदेश के रूप में पेश किया। 

अब उत्तराखण्ड की खबरों पर नजर डालते हैं, महिला आरक्षण के मुद्दे पर चर्चा के लिए आज विधानसभा का विशेष सत्र होगा। सदन में चर्चा के दौरान पक्ष-विपक्ष के बीच तीखी बहस के साथ हंगामा होने के आसार हैं। सरकार की ओर से संसद में नारी शक्ति वंदन अधिनियम (महिला आरक्षण) में संशोधन के प्रस्ताव के खिलाफ मतदान करने पर विपक्ष के खिलाफ निंदा प्रस्ताव पारित किया जाएगा। वहीं, विपक्ष ने महिलाओं के मुद्दों पर सरकार को घेरने की रणनीति बनाई है। प्रदेश सरकार ने नारी सम्मान लोकतंत्र में अधिकार विषय पर चर्चा के लिए विशेष सत्र बुलाया है। पक्ष-विपक्ष के सदस्य महिला आरक्षण के मुद्दे पर चर्चा में शामिल होंगे। सत्ता पक्ष के विधायक लोकसभा व विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने के लिए केंद्र सरकार की ओर से लाए नारी शक्ति वंदन अधिनियम में संशोधन के प्रस्ताव का समर्थन करेंगे।

इधर उत्तराखंड में मौसम ने एक बार फिर करवट लेने के संकेत दिए हैं। अधिकतम तापमान गिरने लगा है। साथ ही मंगलवार से और राहत के आसार हैं। मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से जारी पूर्वानुमान के अनुसार मंगलवार को राज्य के कई जिलों में बारिश, आंधी और ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है। इसके अलावा ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी का भी अनुमान है ऐसे में गर्मी से राहत मिल सकती है। केंद्र की ओर जारी पूर्वानुमान के अनुसार उत्तरकाशी, नैनीताल, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों के कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ बिजली गिरने, ओलावृष्टि और बारिश के साथ 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चल सकती हैं। इन जिलों के लिए ओरेंज अलर्ट जारी किया गया है और 4400 मीटर या उससे अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना है।

उधर रोमियो लेन बार प्रकरण में पुलिस मुख्यालय ने भी कड़ा रुख अपनाया है। मुख्यालय ने पूरे मामले को स्पष्ट करते हुए 24 घंटे के भीतर रिपोर्ट मांगी है। इसमें एडीजी कानून व्यवस्था डॉ. वी मुरुगेशन, आईजी गढ़वाल राजीव स्वरूप और एसएसपी देहरादून प्रमेंद्र सिंह डोबाल से तथ्यात्मक रिपोर्ट प्रस्तुत करने के लिए कहा गया है।