Good Morning India: कैंची धाम में आस्था का महासंगम, बाबा के जयकारों से गूंजा धाम! ईरान-अमेरिका के बीच शांति समझौता, जल्द खुलेगा स्ट्रेट ऑफ हॉर्मुज, कच्चे तेल की कीमतों में भारी गिरावट! भारतीय महिला टीम ने पाकिस्तान को चटाई धूल, लिंक में पढ़ें प्रमुख खबरें
नमस्कार दोस्तों, आवाज 24X7 अपना खास कॉलम "गुड मॉर्निंग इंडिया" लेकर एक फिर आपके समक्ष प्रस्तुत है। आज के प्रमुख कार्यक्रमों पर नजर डालते हैं, विश्व प्रसिद्ध बाबा नीब करौरी महाराज के कैंची धाम में आज स्थापना दिवस मनाया जा रहा है। इधर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आद स्लोवाकिया दौरे पर रहेंगे। वहीं आज नोएडा हवाई अड्डे से उड़ान शुरू होगी।
अब बड़ी खबरों की तरफ रुख करते हैं, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने ईरान के साथ डील होने का दावा किया है। उन्होंने कहा कि शांति समझौते में हस्ताक्षर होने के बाद होर्मुज स्ट्रेट को बिना किसी टोल टैक्स के खोलने की इजाजत दी गई है। उन्होंने यह भी बताया कि 19 जून को डील पर दोनों देश दस्तखत करेंगे। हालांकि, ईरान की तरफ से डील पर फिलहाल कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है। इससे पहले भी ट्रंप ने दावा किया था कि ईरान डील पर साइन करने को तैयार हो गया है। न्यूक्लियर प्रोग्राम, ऑयल बैन, फ्रीज प्रॉपर्टी और होर्मुज से जुड़े मुद्दों पर सहमति बन गई है, लेकिन ईरान ने ट्रंप के दावे को झूठा बताया था। ईरान का कहना है ट्रंप पहले 24 बिलियन डॉलर का फंड दें, उसके बाद ही डील पर साइन होंगे। अमेरिका और ईरान के बीच लड़ाई 107 दिन से जारी है। इस लड़ाई के शुरू होने के बाद से ही स्ट्रेट ऑफ हॉर्मुज भी बंद है। यहीं से दुनिया तेल सप्लाई का 20 फीसदी हिस्सा गुजरता है। इसके खुलने से भारत समेत कई देशों में तेल की सप्लाई शुरू होगी और अंतरराष्ट्रीय बाजार में क्रूड ऑयल सस्ता होगा।
इधर अमेरिका के मिसौरी राज्य में स्काइडाइविंग के लिए यात्रियों को ले जा रहा एक विमान रविवार को दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस विमान पर सवार सभी 12 लोगों की मौत हो गई। मिसौरी स्टेट हाईवे पेट्रोल ने एक बयान में कहा कि उसके जवान घटनास्थल पर मौजूद हैं और बटलर पुलिस विभाग तथा बेट्स काउंटी शेरिफ कार्यालय की सहायता कर रहे हैं। दुर्घटना बटलर मेमोरियल एयरपोर्ट के निकट हुई। बटलर शहर कैनसस सिटी से लगभग 65 मील दक्षिण में स्थित है। मिसौरी हाईवे पेट्रोल के सार्जेंट जस्टिन इविंग ने बताया कि विमान स्काइडाइविंग के लिए लोगों को ऊपर ले जा रहा था। रविवार सुबह करीब 11:30 बजे आपातकालीन सेवाओं को सूचना मिली कि एक विमान दुर्घटनाग्रस्त होकर आग की लपटों में घिर गया है। इविंग ने कहा कि दुर्घटना के कुछ ही समय बाद राहत एवं बचाव दल ने आग पर काबू पा लिया, लेकिन उन्होंने घटनास्थल को "बेहद भयावह" बताया।
उधर महाराष्ट्र के सोलापुर जिले से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है। यहां पंढरपुर इलाके में एक बड़ा हादसा हो गया है। दरअसल, श्रद्धालुओं से भरी पिकअप वैन सड़क किनारे बने कुएं में गिर गई। हादसे के समय पिकअप में कुल 15 लोग सवार थे। पुलिस ने बताया कि इस हादसे में 8 लोगों की मौत हो गई है, जबकि सात लोग घायल हैं। पुलिस के मुताबिक घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं जानकारी के मुताबिक ये सभी लोग पंढरपुर के रांजनी गाव के निवासी हैं। ये सभी लोग तीर्थयात्रा पर जा रहे थे। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भी इस हादसे पर दुख व्यक्त किया है। प्रधानमंत्री कार्यालय ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, "महाराष्ट्र के सोलापुर ग्रामीण इलाके में हुए दुखद हादसे में लोगों की मौत से मुझे गहरा दुख हुआ है। इस दुख की घड़ी में, मैं मृतकों के परिवारों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करता हूं। मैं घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं। प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से, प्रत्येक मृतक के परिवार को ₹2 लाख की राहत राशि दी जाएगी। इसके अलावा, घायलों को ₹50,000 दिए जाएंगे।"
इधर टी20 वर्ल्ड कप 2026 के अपने पहले ही मैच में भारतीय महिला टीम ने पाकिस्तान को 64 रनों से हराकर शानदार शुरुआत की है। इस बड़ी जीत से कप्तान हरमनप्रीत कौर बेहद खुश हैं। मैच के बाद उन्होंने विकेटकीपर बल्लेबाज ऋचा घोष और स्मृति मंधाना की जमकर तारीफ की, जिन्होंने बल्लेबाजी में बेहतरीन खेल दिखाया। वहीं, गेंदबाजी में दीप्ति शर्मा भारत की स्टार रहीं और उन्होंने अकेले ही पांच विकेट चटकाए और टीम इंडिया की जीत में अहम भूमिका निभाई। पोस्ट मैच प्रेजेंटेशन सेरेमनी में हरमनप्रीत ने सबसे पहले फैंस को धन्यवाद कहा। इसके साथ ही कप्तान ने उन्होंने सीनियर खिलाड़ी स्मृति मंधाना और दीप्ति शर्मा की तारीफ करते हुए कहा कि जब भी टीम मुश्किल में होती है, ये दोनों जिम्मेदारी संभालकर टीम को आगे ले जाती हैं। हरमन ने बताया कि वह आज दीप्ति और मंधाना की प्रदर्शन से बहुत खुश हैं। भारतीय कप्तान ने आगे कहा कि शुरुआत में टीम ने खुद पर थोड़ा दबाव बना लिया था, जबकि पिच खेलने के लिए ठीक थी। इसके बाद जब वह और स्मृति क्रीज पर थीं, तो उन्होंने सूझबूझ से मैच को संभाला और टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। ऋचा घोष की तारीफ करते हुए उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि अगर उनके बस में हो, तो वह उनको पहली ही गेंद पर बल्लेबाजी के लिए भेज दें। लेकिन ऋचा की एक निश्चित भूमिका है और वो उस भूमिका को अच्छे से निभा रही हैं।
उधर इजरायल ने रविवार को लेबनान की राजधानी बेरूत पर बम बरसाए। ये हमला ऐसे वक्त में हुआ जब अमेरिका और ईरान के बीच शांति समझौता बहुत करीब है। इसे लेकर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि ये हमला नहीं होना चाहिए था। ट्रुथ सोशल पर डोनाल्ड ट्रंप ने पोस्ट किया, "बेरूत पर आज सुबह हुआ हमला नहीं होना चाहिए था, खासकर ऐसे खास दिन पर जब हम ईरान के साथ शांति समझौते के बहुत करीब हैं... हम एक ऐसे समझौते के बहुत करीब हैं, जो लेबनान समेत पूरे इलाके में शांति लाएगा, और सभी पक्षों को पीछे हट जाना चाहिए।" इस हमले के बाद ईरान के बड़े नेता और संसद अध्यक्ष मोहम्मद बाघर गालिबाफ ने अमेरिका पर गुस्सा जाहिर किया है। उन्होंने कहा कि इजरायल के इस हमले से साबित होता है कि अमेरिका या तो युद्ध रुकवाना नहीं चाहता, या फिर इजरायल पर उसका कोई कंट्रोल नहीं है। उन्होंने साफ कहा कि अगर अमेरिका अपने वादों को पूरा नहीं कर सकता, तो आगे बात करना मुश्किल है।
इधर टीएमसी के बागी सांसदों ने बड़ा फैसला लिया है। मिली जानकारी के मुताबिक, वे नेशनलिस्ट सिटिजन्स पार्टी में शामिल होंगे और विलय के बाद एनडीए का समर्थन करेंगे। खुद इस मामले पर काकोली घोष ने जानकारी दी है। इस मामले में काकोली घोष का बयान सामने आया है। काकोली घोष ने कहा है कि हम नेशनलिस्ट सिटिजन्स पार्टी में विलय करेंगे। हम एनडीए का समर्थन करेंगे। टीएमसी के 20 सांसदों ने स्पीकर को चिट्ठी सौंपी है और संसद में अलग बैठने की मांग की है। काकोली घोष ने साफ कहा है कि हम एनडीए का हिस्सा होंगे और प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में काम करेंगे। इस मामले में सुदीप बनर्जी का बयान भी सामने आया है। उन्होंने कहा कि हमने नेशनलिस्ट सिटीजन्स पार्टी में विलय का फैसला किया है लेकिन हम यह भी क्लेम करेंगे कि असली टीएमसी हम हैं। कोर्ट में भी मामले को लेकर जाएंगे।
उधर NEET-UG का पेपर लीक होने के बाद देशभर में री-एग्जाम कराया जा रहा है। इसे लेकर बड़ी खबर सामने आई है। दरअसल, राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) ने रविवार को 21 जून को होने वाली NEET-UG 2026 के रि-एग्जाम के लिए एग्जाम सेंटरों की घोषणा कर दी है। एनटीए ने एक पोस्ट में बताया कि अभ्यर्थी अब NEET-UG 2026 के रि-एग्जाम के लिए अपने आवंटित एग्जाम सिटी की जानकारी देख सकते हैं। अपनी एग्जाम सिटी देखने और डाउनलोड करने के लिए अभ्यर्थी एनटीए की वेबसाइट https://neet.nta.nic.in पर जा सकते हैं। इसके बाद अभ्यर्थी अपने आवेदन नंबर और पासवर्ड से वेबसाइट पर लॉग इन कर सकते हैं, जिसके बाद परीक्षा शहर से संबंधित जानकारी मिल जाएगी। हालांकि एनटीए ने स्पष्ट किया है कि यह एडमिट कार्ड नहीं है। एनटीए द्वारा जारी एक सार्वजनिक सूचना के अनुसार, री-एग्जाम 21 जून को दोपहर 2 बजे से शाम 5:15 बजे तक भारत के 551 शहरों और अन्य देशों के 14 शहरों में पेन-एंड-पेपर मोड में आयोजित की जाएगी। इसके साथ ही एनटीए ने यह भी स्पष्ट किया है कि यह सिर्फ एग्जाम सिटी की सूचना है, यह एडमिट कार्ड नहीं है। इसे केवल उम्मीदवारों को उनके परीक्षा केंद्र के शहर के बारे में सूचित करने के लिए जारी किया जा रहा है। एजेंसी ने कहा, "यह एडमिट कार्ड नहीं है। इसमें केवल आपका परीक्षा शहर दिखाया गया है। एडमिट कार्ड बाद में जारी किया जाएगा।" एनटीए ने कहा कि सभी छात्रों को उनकी पहली पसंद का शहर देने के लिए हर संभव प्रयास किया जा रहा है।
इधर पश्चिम एशिया में तनाव के चलते ईंधन के बढ़ते दामों के बीच सोमवार सुबह एक राहत भरी खबर सामने आई है। जिसके बाद आने वाले समय में डीजल-पेट्रोल और LPG की कीमतों में गिरावट देखने को मिल सकती है। दरअसल, रविवार को तेल की कीमतों में भारी गिरावट आई है। ब्रेंट क्रूड 3.9% गिरकर $84 प्रति बैरल पर आ गया, जबकि US क्रूड 4.8% गिरकर लगभग $81 प्रति बैरल हो गया। यह गिरावट ट्रंप के उस एलान के बाद आई, जिसमें उन्होंने कहा कि ईरान और अमेरिका के बीच में समझौता पूरा हो गया है और स्ट्रेट ऑफ होर्मुज अब बिना टोल के खोल दिया जाएगा। ट्रंप ने लिखा, "इस्लामिक रिपब्लिक ऑफ ईरान के साथ समझौता अब पूरा हो गया है। मैं इसके जरिए होर्मुज जलडमरूमध्य (Strait of Hormuz) को बिना किसी शुल्क के खोलने की पूरी मंजूरी देता हूं। साथ ही, अमेरिकी नौसेना की नाकेबंदी को तुरंत हटाने का भी आदेश देता हूं। दुनिया भर के जहाज़ों, अपने इंजन चालू करो। तेल का प्रवाह शुरू होने दो!"
उधर दिल्ली-एनसीआर और उत्तर प्रदेश के विमानन इतिहास में आज 15 जून 2026 का दिन सुनहरे अक्षरों में दर्ज हो गया है। जेवर में बने नोएडा अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे से कमर्शियल उड़ान सेवाओं का आधिकारिक तौर पर शंखनाद हो चुका है. लखनऊ के चौधरी चरण सिंह इंटरनेशनल एयरपोर्ट से उड़ान भरने वाली इंडिगो की पहली फ्लाइट ने सुबह करीब 8:05 बजे जेवर एयरपोर्ट के रनवे पर सफलतापूर्वक लैंडिंग कर ली है। इस पहली ऐतिहासिक लैंडिंग के साथ ही एयरपोर्ट पर विमान को वाटर कैनन सैल्यूट दिया गया। वहीं, नोएडा एयरपोर्ट से पहली उड़ान का शुभारंभ केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री के. राम मोहन नायडू कुछ ही देर में करेंगे। वह बेंगलुरु जाने वाली पहली फ्लाइट को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। एयरपोर्ट से पहले दिन लखनऊ, बेंगलुरु, हैदराबाद और अमृतसर के लिए उड़ान सेवाएं शुरू होंगी। इसके बाद 16 जून से जम्मू, नवी मुंबई और बेंगलुरु के लिए अतिरिक्त उड़ानों का संचालन शुरू किया जाएगा। एयरपोर्ट प्रशासन के अनुसार पहले दिन कुल आठ बार विमान टेकऑफ और लैंडिंग करेंगे।
अब उत्तराखण्ड की खबरों पर नजर डालते हैं, विश्व प्रसिद्ध बाबा नीब करौरी महाराज के कैंची धाम में स्थापना दिवस के मौके पर आस्था का सैलाब उमड़ा है। मेले का शुभारंभ आज सुबह की आरती के साथ शुरू हो चुका है। नीब करौरी बाबा के दरबार में श्रद्धालुओं का रेला उमड़ पड़ा है। दर्शन के लिए लोग लाइन में लगकर अपनी बारी का इंतजार कर रहे हैं। मेले को लेकर नैनीताल पुलिस और प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। लाखों श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुगम यातायात व्यवस्था के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं। भारी पुलिस बल की तैनाती, शटल सेवा, पार्किंग व्यवस्था और रूट डायवर्जन प्लान के जरिए श्रद्धालुओं को सुरक्षित और व्यवस्थित दर्शन कराने की तैयारी की गई है। जिला पुलिस के अलावा एसडीआरएफ, एटीएस, बम निरोधक दस्ता, एलआईयू और अर्द्धसैनिक बलों के जवानों को विभिन्न स्थानों पर तैनात किया गया है। सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी के लिए वरिष्ठ अधिकारियों की भी बड़ी तैनाती की गई है, जिसमें तीन जिलों के एसएसपी और एसपी, सात अपर पुलिस अधीक्षक, चौदह क्षेत्राधिकारी और वायरलेस विभाग के अधिकारी शामिल हैं। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सहायता के लिए करीब पंद्रह सौ से अधिक पुलिस एवं पैरामिलिट्री फोर्स के जवान लगातार ड्यूटी पर मौजूद हैं।
इधर अंकिता भंडारी से जुड़े आडियो-वीडियो प्रसारित होने के मामले में डालनवाला कोतवाली में दर्ज एक मुकदमे में पुलिस ने ज्वालापुर के पूर्व विधायक सुरेश राठौर को गिरफ्तार कर लिया है। भाजपा के प्रदेश प्रभारी दुष्यंत कुमार गौतम ने आरोप लगाया था कि अंकिता भंडारी के मामले में इंटरनेट मीडिया पर सुरेश राठौर व उर्मिला सनावर के कुछ ऑडियो-वीडियो प्रसारित किए जा रहे हैं। इसमें जानबूझकर उनका और भाजपा के अन्य नेताओं का नाम लेकर उन्हें बदनाम करने व साजिश के तहत झूठे मामले में फंसाने का प्रयास किया जा रहा है। शिकायत के अनुसार, यह पूरी कवायद राजनीतिक दुर्भावना से प्रेरित है। इसका उद्देश्य जनता को गुमराह कर प्रदेश के माहौल को अशांत करना है।शिकायत में यह भी कहा गया कि उक्त आडियो-वीडियो में आपत्तिजनक और भड़काऊ भाषा का प्रयोग किया गया है, जिससे न केवल शिकायतकर्ता को मानसिक प्रताड़ना झेलनी पड़ी, बल्कि भाजपा और उसके पदाधिकारियों की सामाजिक व राजनीतिक प्रतिष्ठा को भी ठेस पहुंची है।