Good Morning India: रूस-यूक्रेन युद्ध के बीच आया बड़ा अपडेट, क्या खत्म होगी जंग! राजा रघुवंशी जैसा हत्याकांड, डकैती का 'ड्रामा' और बेवफा पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर पति को लगा दिया ठिकाने! बारिश का दौर खत्म, अब सताएगी गर्मी! लिंक में पढ़ें अब तक की प्रमुख खबरें

Good Morning India: A major update has arrived amid the Russia-Ukraine war. Will the war ever end? A Raja Raghuvanshi-style murder, a robbery drama, and an unfaithful wife, along with her lover, kill

नमस्कार दोस्तों, आवाज 24X7 अपना खास कॉलम "गुड मॉर्निंग इंडिया" लेकर एक फिर आपके समक्ष प्रस्तुत है। आज के प्रमुख कार्यक्रमों पर नजर डालते हैं, नीतीश कुमार आज बिहार के मुख्यमंत्री के तौर पर अंतिम कैबिनेट बैठक कर सकते हैं। वहीं आज आईपीएल में दिल्ली और गुजरात के बीच मुकाबला होगा।

अब बड़ी खबरों की तरफ रुख करते हैं, रूस और यूक्रेन के बीच चल रहे युद्ध के बीच एक अहम खबर सामने आई है। रूसी राष्ट्रपति व्लादीमिर पुतिन ने रूढ़िवादी ईस्टर के मौके पर अस्थायी युद्धविराम का ऐलान किया है। यह युद्धविराम 11 अप्रैल शाम 4 बजे से शुरू होकर 12 अप्रैल 2026 के अंत तक लागू रहेगा। इस दौरान रूसी सेना को सभी मोर्चों पर सैन्य कार्रवाई रोकने के निर्देश दिए गए हैं। क्रेमलिन के मुताबिक, यह कदम त्योहार के सम्मान में उठाया गया है और उम्मीद जताई गई है कि यूक्रेन भी इसी तरह का फैसला करेगा। दूसरी ओर, यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की ने पहले ही एक छुट्टी के दौरान युद्धविराम का प्रस्ताव रखा था। उन्होंने यह प्रस्ताव अमेरिका के माध्यम से भेजा था, लेकिन अब तक शांति वार्ताओं में कोई ठोस नतीजा नहीं निकल सका है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी हालात जटिल बने हुए हैं और ध्यान अन्य क्षेत्रों की ओर भी बंटा हुआ है। इसी बीच, युद्ध से जुड़ी एक और संवेदनशील जानकारी सामने आई है। रूस ने हाल ही में यूक्रेन को 1,000 सैनिकों के शव सौंपे हैं। बदले में यूक्रेन ने 41 रूसी सैनिकों के शव लौटाए हैं।

इधर मध्य प्रदेश के धार जिले में सनसनी मचा देने वाली वारदात हुई है। दरअसल, यहां के राजोद थाना क्षेत्र के गोंदीखेड़ा चारण में हुए सनसनीखेज लूट और हत्या के मामले का पुलिस ने चंद घंटों में खुलासा कर दिया है। इस पूरे हत्याकांड की साजिश मृतक की पत्नी प्रियंका ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर रची थी। पुलिस ने पत्नी और उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक अन्य आरोपी अभी फरार है। बता दें कि बीते 7 अप्रैल की रात मिर्ची व्यापारी देवकृष्ण पुरोहित की हत्या को पहले लूट की वारदात बताया गया था। पत्नी प्रियंका पुरोहित ने रिपोर्ट दर्ज करवाई थी कि अज्ञात बदमाशों ने घर में घुसकर पति की हत्या कर दी और उसे बंधक बनाकर सोने-चांदी के आभूषण व नगदी लूटकर फरार हो गए। जांच के दौरान, पुलिस को कई अहम तकनीकी और वैज्ञानिक साक्ष्य मिले, जिससे संदेह की दिशा मृतक की पत्नी प्रियंका की ओर मुड़ गई। पूछताछ के दौरान प्रियंका ने शुरुआत में पुलिस को गुमराह किया, लेकिन सख्ती और मनोवैज्ञानिक तरीके से पूछताछ करने पर उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। प्रियंका ने बताया कि उसका राजगढ़ निवासी कमलेश पुरोहित से लंबे समय से प्रेम संबंध था। पति से परेशान होकर उसने प्रेमी के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची। आरोपी कमलेश ने अपने साथी सुरेंद्र भाटी निवासी छडावद को 1 लाख रुपये देकर देवकृष्ण की हत्या करवाई और पूरी घटना को लूट का रूप देने की योजना बनाई गई। हत्या के बाद घर में सामान बिखेरकर लूट की झूठी कहानी रची गई ताकि पुलिस को गुमराह किया जा सके।

उधर पश्चिम बंगाल की राजनीति में विधानसभा चुनाव की वोटिंग से पहले बड़ा उलटफेर देखने को मिला है। अब असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी AIMIM ने हुमायूं कबीर की आम जनता उन्नयन पार्टी से गठबंधन तोड़ दिया है। AIMIM ने अपने X पर पोस्ट किया है, हुमायूं कबीर के खुलासों से यह जाहिर हो गया है कि बंगाल के मुसलमान कितने कमजोर हैं। AIMIM ऐसे किसी भी बयान से खुद को नहीं जोड़ सकती, जिससे मुसलमानों की गरिमा पर सवाल उठे। आज की तारीख में, AIMIM ने कबीर की पार्टी के साथ अपना गठबंधन तोड़ लिया है। पोस्ट में आगे लिखा गया है, ''बंगाल के मुसलमान सबसे गरीब, उपेक्षित और शोषित समुदायों में से एक हैं। दशकों तक धर्मनिरपेक्ष शासन रहने के बावजूद, उनके लिए कुछ भी नहीं किया गया है। किसी भी राज्य में चुनाव लड़ने के पीछे AIMIM की नीति यह है कि हाशिए पर पड़े समुदायों की अपनी एक स्वतंत्र राजनीतिक आवाज हो। हम बंगाल चुनाव स्वतंत्र रूप से लड़ेंगे और आगे किसी भी पार्टी के साथ हमारा कोई गठबंधन नहीं होगा।''

इधर भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने बताया है कि अब देश में बेमौसम बारिश का दौर खत्म हो चुका है और अगले सात दिनों में तापमान तेजी से बढ़ेगा। फिलहाल अप्रैल के महीने में भी ठंड का एहसास हो रहा है, लेकिन आने वाले दिनों में पूरे उत्तर और मध्य भारत में तापमान तेजी से बढ़ेगा। वहीं, दक्षिण भारत में गर्मी परेशान कर सकती है। अगले 2-3 दिनों के दौरान उत्तर-पश्चिम, मध्य और पूर्वी भारत के अधिकांश हिस्सों में दिन का तापमान सामान्य से नीचे से लेकर सामान्य के आसपास रहने की संभावना है और इसके बाद धीरे-धीरे सामान्य से ऊपर होने के आसार हैं। मौसम विभाग ने अगले सप्ताह उत्तर पूर्वी भारत में भारी बारिश और दक्षिणी भारत में उमस भरी गर्मी की चेतावनी दी है। वहीं, असम और मेघालय में ओलावृष्टि को लेकर भी चेतावनी दी गई है। भारत में दो पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हैं, जिनका असर अगले सप्ताह देखने को मिलेगा। हालांकि, ये काफी कमजोर हैं। इस वजह से मैदानी इलाकों में इनका असर नहीं देखने को मिलेगा। जम्मू कश्मीर और हिमाचल में बारिश हो सकती है। वहीं, पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी की भी संभावना है। आईएमडी ने बताया कि पूर्वी भारत में 9-10 अप्रैल और पूर्वोत्तर भारत में अगले 5 दिनों के दौरान हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं। बारिश के साथ गरज और वज्रपात भी हो सकता है। वहीं, अरुणाचल प्रदेश के कुछ हिस्सों में बारी बारिश हो सकती है।

उधर असम, केरल और पुडुचेरी में विधानसभा चुनावों के लिए गुरुवार को हुई एक चरण की वोटिंग में मतदाताओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। चुनाव आयोग के रात 9:30 बजे तक के आंकड़ों के मुताबिक, पुडुचेरी में सबसे ज्यादा 89.87 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। इसके बाद असम में 85.65 प्रतिशत और केरल में 78.24 प्रतिशत मतदान हुआ। तीनों राज्यों में मतदान शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ और बड़ी संख्या में लोगों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। तीनों राज्यों में मतगणना 4 मई को होगी। असम की 126, केरल की 140 और पुडुचेरी की 30 सीटों के लिए मतदान हुआ। वहीं केरल में 2.6 करोड़ से अधिक मतदाताओं ने 140 सीटों पर 883 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला किया। जबकि असम में 2.5 करोड़ से ज्यादा मतदाताओं ने 126 सदस्यीय विधानसभा के लिए मतदान किया, जहां 722 उम्मीदवार मैदान में हैं। पुडुचेरी में 10,14,070 मतदाता 30 सीटों के लिए वोट डालने के पात्र थे। इनमें 5,39,125 महिला, 4,74,788 पुरुष और 157 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं।

इधर नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह उर्फ बालेन शाह ने गुरुवार को अपनी सरकार के श्रम, रोजगार और सामाजिक सुरक्षा मंत्री दीपक कुमार साह को अनुशासनहीनता के आरोप में पद से हटा दिया। यह कार्रवाई उनकी पार्टी की सिफारिश के बाद की गई। प्रधानमंत्री ने यह फैसला पार्टी अध्यक्ष रवि लामिछाने द्वारा भेजे गए पत्र के आधार पर लिया। यह सिफारिश पार्टी की केंद्रीय अनुशासन समिति की जांच रिपोर्ट पर आधारित थी। प्रधानमंत्री कार्यालय के अनुसार, दीपक कुमार साह को पार्टी की आचार संहिता और अनुशासन का उल्लंघन करने का दोषी पाए जाने के बाद हटाया गया। जांच में सामने आया कि साह ने अपने पद का दुरुपयोग करते हुए अपनी पत्नी जुनू श्रेष्ठा को हेल्थ इंश्योरेंस बोर्ड का सदस्य बनाए रखा। बताया जा रहा है कि यह पद लंबे समय से निष्क्रिय था। अनुशासन समिति ने इस मामले की जांच करके बुधवार को अपनी रिपोर्ट पार्टी को सौंपी और प्रधानमंत्री बालेन शाह से दीपक कुमार साह के खिलाफ कार्रवाई की सिफारिश की। पार्टी अध्यक्ष लामिछाने ने अपने पत्र में कहा कि इस मामले से पार्टी की छवि, सिद्धांत और ईमानदारी को नुकसान पहुंचा है, इसलिए तुरंत कार्रवाई जरूरी है।

उधर सुप्रीम कोर्ट ने अलग रह रहे पति-पत्नी के बीच लगभग 10 साल से जारी विवाद को "वैवाहिक महाभारत" करार दिया और इस कड़वी कानूनी लड़ाई को "पूर्ण विराम" देते हुए दोनों की शादी रद्द कर दी। जस्टिस विक्रम नाथ और जस्टिस संदीप मेहता की बेंच ने कहा कि यह शादी "व्यावहारिक रूप से दम तोड़ चुकी थी" और संविधान के अनुच्छेद 142 के तहत अपनी असाधारण शक्तियों का इस्तेमाल करते हुए दोनों के वैवाहिक रिश्ते को समाप्त कर दिया। बेंच ने पेशे से वकील पति की इस बात के लिए आलोचना की कि उसने अपनी कानूनी विशेषज्ञता का इस्तेमाल अपनी पत्नी, उसके परिवार और यहां तक ​​कि उसके वकील के खिलाफ "प्रतिशोधी एवं परेशान करने वाले" अभियान के तहत 80 से अधिक मामले दर्ज कराने के लिए किया।

इधर नाइजीरिया के पूर्वोत्तर क्षेत्र में गुरुवार को हुए एक आतंकी हमले में नाइजीरियाई सेना के ब्रिगेडियर जनरल सहित कई सैनिकों की मौत हो गई। अधिकारियों ने बताया कि हमलावरों के सेना के ठिकाने पर हमला किया। नाइजीरियाई सेना ने कहा है कि हमले को सेना ने विफल कर दिया, लेकिन इस दौरान कई सैनिक मारे गए हैं। नाइजीरिया ने अभी तक मृतकों का सही आंकड़ा जारी नहीं किया है। सेना के प्रवक्ता माइकल ओनोजा ने एक बयान में कहा कि हमला बोर्नो राज्य के बेनिशेख इलाके में हुआ। उन्होंने हमलावरों को आतंकवादी बताया। नाइजीरिया के पूर्वोत्तर में इस्लामी उग्रवादी संगठनों के लिए सेना द्वारा आतंकी शब्द का इस्तेमाल किया जाता है। स्थानीय प्रशासन के अध्यक्ष जन्ना लावन अजीमी ने सोशल मीडिया पर घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि 'एक साहसी और समर्पित अधिकारी, 29 टास्क फोर्स ब्रिगेड के कमांडर ब्रिगेडियर जनरल ओ. ओ. ब्राइमा सहित अन्य वीर जवानों की शहादत अत्यंत पीड़ादायक है, जिन्होंने कर्तव्य निभाते हुए सर्वोच्च बलिदान दिया।'

उधर आईपीएल 2026 सीजन के लिए प्लेयर ऑक्शन में जब लखनऊ सुपर जाएंट्स की टीम ने बाकी फ्रेंचाइजियों को पीछे छोड़ते हुए 21 साल के मुकुल चौधरी के लिए 2.60 करोड़ रुपये खर्च कर दिए थे, तो उस समय सभी को थोड़ी हैरानी जरूर हुई थी। इस सीजन के शुरुआती दो मैचों में मुकुल चौधरी बल्ले से कोई खास कमाल दिखाने में कामयाब नहीं हो सके थे। इसके बाद कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ मैच में कहानी पूरी तरह से पलट गई और मुकुल चौधरी ने ये साबित किया कि आखिर क्यों एलएसजी ने उनको लेने के लिए इतनी बड़ी रकम को खर्च कर दिया। केकेआर के खिलाफ मैच में एक समय लखनऊ सुपर जाएंट्स टीम की हार तय दिख रही थी, जब उन्होंने 182 रनों के टारगेट का पीछा करते हुए 16वें ओवर में सिर्फ 128 के स्कोर पर अपना 7वां विकेट गंवा दिया था। यहां से मुकुल चौधरी ने जिस तरह से पूरे मैच को पलटा और सिर्फ 27 गेंदों में 7 चौके और 2 छक्कों की मदद से 54 रनों की नाबाद पारी खेलने के साथ लखनऊ सुपर जाएंट्स को जीत दिलाकर वापस लौटे उसकी तारीफ हर जगह देखने को मिल रही है।

अब उत्तराखण्ड की खबरों पर नजर डालते हैं, थाना मुनि की रेती और नगर पंचायत तपोवन अंतर्गत एक होटल की तीसरी मंजिल से एक विदेशी महिला पर्यटक ने संदिग्ध परिस्थितियों में छलांग लगा दी। इस हादसे में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। स्थानीय लोगों और थाना पुलिस की मदद से घायल महिला को उप जिला चिकित्सालय ऋषिकेश में भर्ती किया गया, जहां चिकित्सकों ने महिला को मृत घोषित कर दिया। अस्पताल की मोर्चरी में महिला का शव रखा हुआ है। थाना पुलिस ने दूतावास को इसकी सूचना दे दी है। 

इधर सितारगंज के अमरिया रोड में मलपुरी के पास एक बड़ा सड़क हादसा हुआ है, यहां एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने सड़क पर जा रही रेडी को अपनी चपेट में ले लिया। इस घटना में गौरीखेड़ा सितारगंज निवासी तीन युवकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर घायल हो गया। जिसे प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है। घटना के बाद मृतकों के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। वहीं पुलिस अज्ञात वाहन की पड़ताल में जुट गई है। घटना के बाद मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया है। सितारगंज के उपजिला चिकित्सालय में लोगों का जमावड़ा लग गया। वहीं सूचना पर पुलिस क्षेत्राधिकारी भूपेंद्र सिंह धौनी ने मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक युवकों की पहचान शादाब,नाजिम, सुलतान निवासी सितारगंज गौरीखेड़ा के रूप में हुई है. जिनमें से दो सगे भाई बताए जा रहे हैं। घटना के बाद मृतक के परिवारों में मातम पसरा हुआ है।