Good Morning India: मिडिल ईस्ट में छिड़ी खतरनाक जंग, सऊदी अरब में तेल के कुओं को निशाना बना रहा ईरान! जम्मू में फारूक अब्दुल्ला पर फायरिंग, आरोपी गिरफ्तार! महाकुंभ वाली मोनालिसा ने मुस्लिम बॉयफ्रेंड संग की शादी

Good Morning India: A dangerous war has broken out in the Middle East, with Iran targeting oil wells in Saudi Arabia! Shots fired at Farooq Abdullah in Jammu, suspect arrested! Mahakumbh star Monalis

नमस्कार दोस्तों, आवाज 24X7 अपना खास कॉलम "गुड मॉर्निंग इंडिया" लेकर एक फिर आपके समक्ष प्रस्तुत है। आज के प्रमुख कार्यक्रमों पर नजर डालते हैं, BJP चुनाव समिति की बैठक आज, केरल और बंगाल के उम्मीदवारों के नाम पर लगेगी मुहर।

अब बड़ी खबरों की तरफ रुख करते हैं, मध्य पूर्व में अब तक की सबसे खतरनाक जंग छिड़ गई है। ईरान, इजरायल और अमेरिका के बीच का यह संघर्ष क्षेत्रीय स्तर पर अभूतपूर्व तरीके से फैल चुका है। इलाके में मौत और तबाही का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। 28 फरवरी को अमेरिका और इजरायल ने ईरान पर बड़े पैमाने पर हवाई हमले किए थे, जिनमें ईरान के सर्वोच्च नेता अली खामेनेई की मौत हो गई। इस घटना के बाद अब पूरा इलाका धधक रहा है। ईरान ने जवाबी कार्रवाई में मिसाइल और ड्रोन हमले किए है। इससे खाड़ी क्षेत्र में तनाव चरम पर पहुंच गया। अब यह जंग सिर्फ ईरान तक सीमित नहीं रही, बल्कि लेबनान, सऊदी अरब और अन्य देशों तक फैल गई है। लाखों लोग विस्थापित हो चुके हैं और तेल की कीमतें आसमान छू रही हैं। दुनियाभर में तेल और गैस की किल्लत देखी जा रही है। सऊदी अरब की एयर डिफेंस ने शाइबा तेल क्षेत्र की ओर जा रहे कई ड्रोन को रोक लिया और तबाह कर दिया। सऊदी रक्षा मंत्रालय ने बताया कि खाली इलाके में ये ड्रोन पकड़े गए है। ये ड्रोन तेल क्षेत्र को निशाना बनाने की कोशिश कर रहे थे। कई रिपोर्टों में अलग-अलग संख्या बताई गई, लेकिन हालिया घटनाओं में 2 से 9 तक ड्रोन तबाह किए गए।

उधर करप्शन के खिलाफ अपनी जीरो-टॉलरेंस पॉलिसी को आगे बढ़ाते हुए CBI ने दिल्ली में तैनात अपने ही इंस्पेक्टर को रिश्वत के एक केस में गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई 10 मार्च को दिल्ली में हुई। गिरफ्तार आरोपी का नाम दीपक फाल्सवाल है। CBI ने यह केस इस आरोप पर दर्ज किया कि CBI में एक व्यक्ति के खिलाफ दर्ज शिकायत में कार्रवाई न करने के बदले इंस्पेक्टर ने उस व्यक्ति से रिश्वत मांगी थी। शिकायतकर्ता ने इसकी जानकारी CBI को दी, जिसके बाद एजेंसी ने जांच शुरू की और जरूरी सबूत जुटाए। आरोपी के घर की तलाशी ली गई और इलेक्ट्रॉनिक गैजेट सहित आपत्तिजनक दस्तावेज जब्त किए गए। आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद उसे कोर्ट में पेश किया गया। कोर्ट ने आगे की जांच के लिए आरोपी के दो दिन की पुलिस रिमांड में भेज दिया है। इससे CBI को और सबूत इकट्ठा करने में मदद मिलेगी। CBI के मुताबिक, यह कदम भ्रष्टाचार मुक्त प्रशासन की दिशा में महत्वपूर्ण है और जनता में एजेंसी के प्रति विश्वास बढ़ाने वाला साबित होगा।

इधर जम्मू में एक शादी समारोह में पहुंचे ते पूर्व सीएम डॉ फारूक अब्दुल्ला और जम्मू कश्मीर के डिप्टी सीएम सुरेंद्र चौधरी, शादी समारोह में मौजूद एक शख्स ने फायरिंग कर दी। घटना से ऐसा लगा कि जैसे फायरिंग करने वाले के निशाने पर पूर्व सीएम और डिप्टी सीएम थे। हालांकि जिस शख्स  ने गोली चलाई, उसे पुलिस ने हिरासत में लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है कि आखिर उसने ऐसा क्यों किया। फायरिंग में फारूक अब्दुल्ला और डिप्टी सीएम दोनों सुरक्षित हैं। हमलावर की पहचान जम्मू के स्थानीय निवासी कमल सिंह जामवाल के रूप में हुई है. फिलहाल पुलिस फायरिंग के पीछे की वजह का पता लगाने में जुटी हुई है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि आरोपी, जिसकी उम्र 70 वर्ष से अधिक है, कार्यक्रम स्थल के बाहर इंतजार कर रहा था और उसने अब्दुल्ला पर गोली चलाने की कोशिश की। हालांकि, दो पुलिसकर्मियों ने उसे काबू में कर लिया, लेकिन फिर भी उसने एक गोली चला दी, जिसके बाद उसे निहत्था कर हिरासत में ले लिया गया। अधिकारियों ने बताया कि गोलीबारी में कोई घायल नहीं हुआ और जमवाल कथित तौर पर नशे की हालत में था। अधिकारियों ने बताया कि अब्दुल्ला और चौधरी पार्टी नेता बी एस चौहान को उनके बेटे के विवाह पर बधाई देने आए थे। 

उधर मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव और वैश्विक अनिश्चितता के बीच देश में एलपीजी और कच्चे तेल की सप्लाई को लेकर लोगों के मन में चिंता बढ़ गई है। हालांकि सरकार  का कहना है कि भारत में ऊर्जा आपूर्ति पूरी तरह सुरक्षित है और घबराने की कोई जरूरत नहीं है। देश में तेल और गैस की सप्लाई लगातार बनी हुई है और हालात पूरी तरह कंट्रोल में हैं। पेट्रोलियम मंत्रालय की ज्वाइंट सेक्रेटरी (मार्केटिंग और ऑयल रिफाइनरी) सुजाता शर्मा ने बुधवार को प्रेस कांफ्रेंस में बताया कि भारत अपनी जरूरत का कच्चा तेल करीब 40 अलग-अलग देशों से आयात करता है। इससे सप्लाई किसी एक क्षेत्र पर निर्भर नहीं रहती। भारत की कुल कच्चे तेल की खपत करीब 189 मिलियन मीट्रिक टन है और रोजाना लगभग 55 लाख बैरल तेल की जरूरत पड़ती है। अच्छी बात यह है कि हालात के बावजूद तेल की सप्लाई जारी है और हाल ही में दो कच्चे तेल के कार्गो भी भारत के लिए रवाना हो चुके हैं।

इधर पश्चिम एशिया में चल रहे तनाव के बीच गुजरात के कांडला बंदरगाह की ओर जा रहे एक जहाज पर हमला हुआ है। भारत सरकार ने इस घटना की कड़ी निंदा की है और कहा है कि किसी भी हालत में व्यापारिक जहाजों और आम नागरिकों की जान को निशाना नहीं बनाया जाना चाहिए। विदेश मंत्रालय (एमईए) ने बुधवार को कहा कि पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के दौरान व्यापारिक जहाजों को निशाना बनाया जाना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। मंत्रालय ने यह भी कहा कि पहले भी ऐसे हमलों में भारतीय नागरिकों समेत कई लोगों की जान जा चुकी है और अब इन हमलों की गंभीरता और बढ़ती दिखाई दे रही है। जिस जहाज पर हमला हुआ उसका नाम मयूरी नरे है। यह एक थाईलैंड के झंडे वाला मालवाहक जहाज है जो गुजरात के कांडला पोर्ट की ओर जा रहा था। जहाज संयुक्त अरब अमीरात के खलीफा पोर्ट से रवाना हुआ था और जब वह होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजर रहा था, तभी उस पर दो अज्ञात प्रोजेक्टाइल (मिसाइल जैसे हथियार) से हमला हुआ। हमले के बाद जहाज के इंजन रूम में आग लग गई और भारी नुकसान हुआ। जहाज की संचालन कंपनी प्रेशियस शिपिंग के अनुसार, इस घटना में तीन क्रू सदस्य लापता हैं और आशंका है कि वे इंजन रूम में फंस गए होंगे। वहीं 20 अन्य क्रू सदस्यों को समुद्र से सुरक्षित बचा लिया गया है, क्योंकि उन्हें जहाज छोड़कर पानी में कूदना पड़ा। बाद में ईरान की रिवोल्यूशनरी गार्ड्स ने बयान जारी कर कहा कि उन्होंने ही इस जहाज पर हमला किया था। उनका कहना है कि उन्होंने होर्मुज जलडमरूमध्य में इस जहाज को अपने प्रोजेक्टाइल से निशाना बनाया।

उधर कुंभ मेले के दौरान सोशल मीडिया पर वायरल हुई इंदौर की मोनी भोसले उर्फ मोनालिसा एक बार फिर सुर्खियों में है। हाल ही में मोनालिसा की पहली फिल्म 'द डायरी ऑफ मणिपुर' का ट्रेलर जारी हुआ था और अब वह अपनी लव लाइफ को लेकर चर्चा में हैं। मोनालिसा अब प्यार में गिरफ्तार हो चुकी हैं, जिसके लिए उन्होंने हाल ही में तिरुवनंतपुरम के थंपानूर पुलिस स्टेशन में शरण ली। हीरोइन बन चुकीं मोनालिसा अपने प्रेमी फरमान खान के साथ थंपापुर पुलिस स्टेशन पहुंचीं, जहां उन्होंने पुलिस से मदद की गुहार लगाई और फिर मंदिर में जाकर शादी के बंधन में बंध गईं। दोनों ने अपने परिवारों द्वारा उनके रिश्ते का विरोध करने के बाद एक सुरक्षित पनाहगाह के रूप में केरल में शरण मांगी थी, जो डेढ़ साल पहले फेसबुक पर शुरू हुआ था। मध्य प्रदेश के इंदौर की रहने वाली मोनालिसा ने बताया कि उनके पिता उनके और फरमान खान के रिश्ते के खिलाफ हैं, जो मूल रूप से महाराष्ट्र के रहने वाले हैं। मोनालिसा ने पुलिस को बताया कि उनके पिता उन्हें किसी और से शादी करने के लिए मजबूर कर रहे थे, लेकिन वह फरमान के साथ रहना चाहती हैं। अभिनेत्री अपने प्रेमी के साथ उस समय स्टेशन पहुंची जब वह एक फिल्म की शूटिंग के लिए आई थीं। मोनालिसा की शिकायत के बाद उनके पिता जय सिंह भोसले को थंपानूर पुलिस स्टेशन बुलाया गया और फिर दोनों की शादी करा दी गई।

इधर मिडिल ईस्ट में जारी तनाव के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने कहा कि ईरान के साथ युद्ध "जल्द ही" समाप्त हो सकता है क्योंकि "निशाना लगाने के लिए व्यावहारिक रूप से कुछ बचा ही नहीं है।" एक्सियोस के साथ एक संक्षिप्त बातचीत में ट्रम्प ने कहा: "थोड़ा-बहुत... जब भी मैं चाहूं, यह समाप्त हो जाएगा।" अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने कहा, "हमने उनकी नौसेना, उनकी वायु सेना, उनकी रक्षा प्रणाली, सब कुछ ध्वस्त कर दिया है। ऐसा पहले कभी किसी ने नहीं देखा। हमारे पास दुनिया की सबसे शक्तिशाली सेना है। उन्होंने 47 वर्षों के बराबर दुनिया को नुकसान पहुंचाया है। अब वे इसकी भारी कीमत चुका रहे हैं।" जब उनसे पूछा गया कि क्या वे अमेरिका को ईरान से वापस बुला रहे हैं, तो अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने कहा, "मैं इसका जवाब नहीं दूंगा। लेकिन हमने उन्हें इतिहास में लगभग किसी भी देश से कहीं अधिक भीषण प्रहार किया है। हमारा काम अभी खत्म नहीं हुआ है।"

उधर उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में एक सनसनीखेज मामला सामने आया। घर के अंदर तीन लोगों की गला रेतकर हत्या हो गई। बन्द कमरे में मां-बेटे का शव मिला और देवर गंभीर घायल था। पुलिस ने दरवाजा तोड़कर घायल को अस्पताल पहुंचाया। जहां पर डॉक्टरों ने घायल को मृत घोषित कर दिया। बंद कमरे में मौके पर पहुंची पुलिस को ब्लेड और सल्फास के पैकेट मिला। पूरे घर में खून फैला था। बहन ने घर में रसोई गैस सिलेंडर खत्म होने की बात बताई जिससे तीनों के बीच विवाद होने की अटकलें लगाई जा रही है।

अब उत्तराखण्ड की खबरों पर नजर डालते हैं, लोगों की आस्था की प्रतीक गंगा को स्वच्छ बनाने के लिए सरकार की ओर से करोड़ों रुपये खर्च किए जा रहे हैं, इसके बावजूद कई शहरों में सीवर और नालों का गंदा पानी गंगा नदीं में गिरने का सिलसिला जारी है। इससे गंगा की स्वच्छता को लेकर चल रहे अभियखनों पर सवाल खड़े हो रहे हैं। नमामि गंगे कार्यक्रम को लेकर भारत के नियंत्रक एवं महालेखापरीक्षक (कैग) की रिपोर्ट में कहा गया है कि उत्तराखंड में गंगा नदी से संबंधित कुल 42 परियोजनाओं में से 23 की वर्ष 2018 से 2022-23 तक जांच की गई। परियोजनाएं सीवेज प्रबंधन, रिवर फ्रंट डेवलपमेंट, घाटों की सफाई और वन रोपण व औद्यानिकी प्रद्मण से संबंधित थी। जांच में कुछ कमियां सामने आई हैं। जांच में पाया गया कि राज्य गंगा समिति और राज्य गंगा मिशन ने स्थानीय समुदाय के सहयोग से सीवेज शोधन अवसंरचना की योजना और कार्यान्वयन नहीं किया।

इधर सीमांत जिला मुख्यालय पिथौरागढ़ के चंडाक क्षेत्र के गौड़ियागांव में गुलदार ने हमला कर महिला को घायल कर दिया। महिला का जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है। घटना के बाद क्षेत्र में लोग दहशत में हैं। स्थानीय लोगों ने वन विभाग के अधिकारियों को जल्द गुलदार के आतंक से निजात दिलाने की मांग की है। गौर हो कि बुधवार देर शाम को निर्मला बिष्ट 46 घास लेने खेतों की ओर जा रही थी, इसी दौरान गुलदार ने उन पर हमला कर दिया। तेंदुए के हमले में निर्मला के चेहरे और हाथ में जख्म बन गए। महिला की चीख पुकार सुनकर जब आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाया तो तेंदुआ वहां से जंगल की ओर भागा।

उधर राजधानी देहरादून में सड़क हादसे में दो छात्रों की जान चली गई। हादसा राजपुर थाना क्षेत्र में आईटी पार्क के पास हुआ। बताया जा रहा है कि मंगलवार रात को बुलेट बेकाबू होकर सड़क के दूसरी साइड पेड से टकरा गई थी। इस हादसे में दोनों छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए थे, जिन्हें पुलिस हॉस्पिटल लेकर गई थी  एक छात्र को तो डॉक्टरों ने तभी मृत घोषित कर दिया था, जबकि दूसरे छात्र ने बुधवार को उचपार के दौरान दम तोड़ा। पोस्टमॉर्टम की कार्रवाई के बाद दोनों छात्रों के शवों को उनके परिजनों के सुपर्द कर दिया गया है। दोनों छात्र डीआईडी कॉलेज में बी फार्मा की पढ़ाई कर रहे थे। जानकारी के अनुसार 22 वर्षीय देव कुमार निवासी जिला जमुई बिहार (स्टूडेंट DIT B फार्मा 1st year) और 19 वर्षीय रोनित विश्वास दीमापुर नागालैंड (छात्र B फार्मा 1st ईयर DIT) राजपुर में रह कर पढ़ाई कर थे।