Good Morning India: दुनिया के नक्शे से मिटा दिए जाओगे, ट्रंप ने ईरान को दी तबाह करने की धमकी! दिल्ली और उत्तराखंड में आतंकी हमले का अलर्ट, मंदिर, रेलवे स्टेशन को बना सकते हैं निशाना! सुबह-सुबह जापान में आया भूकंप, 6.1 रही तीव्रता! साइबर फ्रॉड को लेकर सरकार ने जारी की चेतावनी

Good Morning India: You will be wiped off the world map—Trump threatens to destroy Iran! Terror attack alert for Delhi and Uttarakhand; temples and railway stations could be targeted! Earthquake stri

नमस्कार दोस्तों, आवाज इंडिया अपना खास कॉलम ‘गुड मॉर्निंग इंडिया’ लेकर एक फिर आपके समक्ष प्रस्तुत है। आईए आज के प्रमुख कार्यक्रमों पर नजर डालते हैं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज मन की बात कार्यक्रम को संबोधित करेंगे। वहीं आज आयरलैंड दौरे पर भारतीय टीम दूसरा टी20 मैच खेलेगी।

अब बड़ी खबरों की तरफ रुख करते हैं, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर ईरान पर हमला करने की धमकी दी है। उन्होंने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'ट्रुथ सोशल' पर ईरान को सीधे तौर पर तबाह करने की चेतावनी दी है। ट्रंप ने जानकारी दी कि अमेरिका के विमानों ने ईरान के मिसाइल और ड्रोन ठिकानों के साथ-साथ तटीय रडार साइटों पर हमला किया है। डोनाल्ड ट्रंप ने अपने पोस्ट में लिखा, "अमेरिका के विमानों ने एक बार फिर सीजफायर समझौते का उल्लंघन करने के लिए ईरानी मिसाइल और ड्रोन भंडारण स्थानों और तटीय रडार साइटों पर हमला किया है, क्योंकि उन्होंने फिर से सीज़फायर समझौते का उल्लंघन किया है!... एक ऐसा समय आ सकता है जब हम अब और समझदारी दिखाने की स्थिति में नहीं होंगे और हमें सैन्य रूप से उस काम को पूरा करने के लिए मजबूर होना पड़ेगा, जिसे हमने बहुत सफलतापूर्वक शुरू किया था। अगर ऐसा होता है, तो इस्लामिक रिपब्लिक ऑफ ईरान का अस्तित्व ही खत्म हो जाएगा!" बता दें कि मिडिल ईस्ट में महज दो हफ्ते पहले हुआ शांति समझौता पूरी तरह ध्वस्त हो गया है। स्ट्रेट ऑफ हॉर्मुज के पास एक तेल टैंकर पर ड्रोन हमले के बाद, अमेरिका ने लगातार दूसरे दिन शनिवार को ईरान पर भीषण सैन्य हमले किए हैं। इस सैन्य कार्रवाई के तुरंत बाद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को खुली चेतावनी दी है।

उधर खुफिया विभाग ने उत्तराखंड से लेकर दिल्ली तक आतंकी हमले का अलर्ट जारी किया है। सूत्रों के अनुसार आतंकी उत्तराखंड और दिल्ली के मंदिरों को टारगेट कर सकते हैं। अर्लट के मुताबिक, आने वाले दिनों में खालिस्तानी आतंकी बड़ा हमला कर सकते हैं। वह सरकारी संस्थान, रेलवे स्टेशन और पुलिस को भी टारगेट कर सकते हैं। एक ईमेल के मिलने के बाद से उत्तराखंड पुलिस, इंटेलिजेंस एजेंसियां और दिल्ली पुलिस अलर्ट पर हैं। ईमेल में कई मन्दिरों के नाम, कई ऑफिस और पॉलिटिकल नेताओं को टारगेट के बारे में भी लिखा है। दिल्ली पुलिस भी अब इस ईमेल की जांच में जुटी है। अलर्ट मिलने के बाद उत्तराखंड पुलिस, खुफिया एजेंसियों और दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा उपायों को बढ़ा दिया है और संवेदनशील स्थानों पर निगरानी तेज कर दी है। दिल्ली के कई सार्वजनिक संस्थानों को धमकी भरे ई-मेल मिलते रहे हैं। अधिकतर मौकों पर ऐसे ई-मेल फर्जी पाए जाते हैं। इन ईमेल में स्कूल के अंदर बम होने की धमकी दी जाती है या फ्लाइट में बम होने की बात कही जाती है। हालांकि, आतंकी हमले की धमकी से जुड़े मेल कम होते हैं। सुरक्षा एजेंसियां इस ईमेल को गंभीरता से ले रही हैं और पूरी सतर्कता बरत रही हैं। 

इधर मौसम विज्ञान विभाग ने इस सप्ताह पूर्वोत्तर भारत, पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भारी से बहुत भारी वर्षा की संभावना व्यक्त की है। आईएमडी के अनुसार 27 से 29 जून के दौरान उप हिमालय पश्चिम बंगाल और सिक्किम में और 28 जून को असम और मेघालय में कुछ स्थानों पर बहुत ज्यादा वर्षा हो सकती है। वहीं, उत्तर प्रदेश में हीटवेव की स्थिति बनी हुई है। यह अगले दो दिनों तक जारी रहेगी। मानसून फिलहाल रुका हुआ है और इसकी उत्तरी सीमा सूरत, इंदौर, मंडला, डाल्टनगंज ,मोतिहारी से गुजर रही है। अगले तीन-चार दिनों में मानसून के गुजरात, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड और बिहार के बाकी हिस्सों को कवर करने और उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड में पहुंचने के लिए परिस्थितियां अनुकूल होती हुई दिखाई दे रही हैं। पश्चिमी बंगाल और पश्चिमी मध्य प्रदेश के कुछ स्थानों में पिछले 24 घंटे में भारी वर्षा दर्ज की गई है। पूर्वी मध्य प्रदेश, बिहार, अरुणाचल प्रदेश, असम, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में सामान्य बारिश देखी गई है। पश्चिम बंगाल और सिक्किम में बहुत भारी बारिश को लेकर रेड अलर्ट जारी किया गया है। यहां कुछ जगहों पर 21 सेंटीमीटर से ज्यादा बारिश के आसार हैं। असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, बिहार, उड़ीसा, झारखंड, छत्तीसगढ़, विदर्भ और पूर्वी मध्य प्रदेश में ऑरेंज वार्निंग जारी की गई है।

उधर जापान में रविवार सुबह भूकंप के जोरदार झटके महसूस किए गए। मौसम विज्ञान एजेंसी के अनुसार उत्तर-पूर्वी जापान में 6.1 तीव्रता का भूकंप आया। इस इलाके में लगातार भूकंप के झटके महसूस किए जा रहे हैं। हालांकि, इस भूकंप के बाद सुनामी की कोई चेतावनी नहीं जारी की गई। फिलहाल इस भूकंप से किसी भी तरह के नुकसान या किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। टाइफून के मौसम में लगातार भूकंप आने से दूसरी परेशानी खड़ी हो रही है। इन भूकंपों ने मडस्लाइड की चिंता बढ़ा दी है। रविवार का भूकंप स्थानीय समय के अनुसार सुबह 7:25 बजे इवाते प्रीफेक्चर के तट पर आया, जिसकी गहराई लगभग 40 किलोमीटर (25 मील) थी। इस भूकंप ने आओमोरी प्रीफेक्चर और आस-पास के दूसरे इलाकों को हिला दिया। हाल के दिनों में कई बड़ी तीव्रता वाले भूकंप महसूस किए गए हैं। वेनेजुएला में बुधवार को दो विनाशकारी भूकंप के झटकों से भारी तबाही झेलनी पड़ी। वेनेजुएला में मरने वाले की संख्या 920 से अधिक हो गई है, जबकि 3,360 से लोगों के घायल होने की आशंका जताई जा रही है। 

इधर शनिवार की शाम को जम्मू-कश्मीर से लेकर दिल्ली तक भूकंप के झटके महसूस किए गए। आम लोग भूकंप की वजह से अपने घरों से बाहर निकल आए। जानकारी के मुताबिक भूकंप का केंद्र अफगानिस्तान में था। वहीं भूकंप की तीव्रता 6.2 दर्ज की गई है। भूकंप की गहराई 215 किमी गहराई में दर्ज की गई। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र के मुताबिक शनिवार की शाम 7 बजकर 4 मिनट पर भूकंप के झटके महसूस किए गए। हाल ही में वेनेजुएला में भूकंप के जोरदार झटके महसूस किए गए थे। बुधवार को दो विनाशकारी भूकंप के झटकों से भारी तबाही झेलनी पड़ी। वेनेजुएला में मरने वाले की संख्या 920 से अधिक हो गई है, जबकि 3,360 से लोगों के घायल होने की आशंका जताई जा रही है। सरकार का कहना है कि मरने वालों की संख्या और बढ़ सकती है। इस त्रासदी के बाद वेनेजुएला में अभी भी रेस्क्यू ऑपरेशन चलाए जा रहे हैं। 

उधर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने सेशेल्स दौरे के पहले दिन शनिवार को राजधानी विक्टोरिया के सेशेल्स नेशनल बॉटनिकल गार्डन गए। इस दौरान, PM मोदी ने दुनिया के सबसे उम्रदराज जीवित स्थलीय जीव माने जाने वाले कछुए जोनाथन को अपने हाथों से खाना दिया। करीब 194 साल की आयु वाले जोनाथन को विश्व का सबसे पुराना जिंदा स्थलीय जानवर माना जाता है। बॉटनिकल गार्डन की विजिट के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और सेशेल्स के राष्ट्रपति हर्मिनी ने एक पौधा भी लगाया। इस दौरान, दोनों नेताओं ने बॉटनिकल गार्डन के कर्मचारियों से भी मुलाकात की। साथ ही, वहां मौजूद दुर्लभ वनस्पतियों और जीव-जंतुओं की सेफ्टी से जुड़ी जानकारी भी ली। 

इधर हिमाचल प्रदेश से राज्यसभा सांसद हर्ष महाजन की शनिवार को शिमला में अचानक तबीयत बिगड़ गई। वह शिमला के डीसी ऑफिस के बाहर भारतीय जनता पार्टी  के प्रदर्शन में शामिल होने पहुंचे थे। यह प्रदर्शन बीडीसी चेयरमैन और जिला परिषद चेयरमैन के गठन में कथित देरी के विरोध में आयोजित किया गया था। प्रदर्शन समाप्त होने के बाद हर्ष महाजन ने मीडिया से बातचीत करते हुए राज्य की कांग्रेस सरकार पर निशाना साधा। इसके बाद जब बीजेपी विधायक बलवीर वर्मा पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे, तब हर्ष महाजन उनके पास ही खड़े थे। इसी दौरान उन्हें अचानक चक्कर आया और वह लड़खड़ाने लगे। मौके पर मौजूद बीजेपी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने तुरंत उन्हें संभाल लिया, जिससे वह गिरने से बच गए। 

उधर साइबर अपराधी लोगों को फ्रॉड का शिकार बनाने के लिए नए-नए पैंतरे आजमाते रहते हैं। हाल ही में सरकार ने साइबर अपराधियों के ऐसे ही नए पैंतरे को लेकर चेतावनी जारी की है। गृह मंत्रालय की साइबर सिक्योरिटी विंग I4C ने अपनी चेतावनी में बताया कि क्रिमिनल्स साइबर क्राइम पोर्टल की फर्जी वेबसाइट बनाकर लोगों के साथ फ्रॉड कर रहे हैं। फर्जी वेबसाइट पर लोगों को डिवाइस को अनब्लॉक करवाने के लिए पेमेंट करने के लिए कहा जाता है, जिसके बाद उनकी डिटेल्स चुराकर फ्रॉड को अंजाम दिया जा रहा है। I4C Cyber Dost ने अपने आधिकारिक X हैंडल से इसे लेकर चेतावनी जारी की है। अपने पोस्ट में I4C ने बताया कि साइबर अपराधी राष्ट्रीय साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल का फर्जी वेबसाइट बनाकर लोगों को अपनी जाल में फंसा रहे हैं। अगर कोई साइबर क्राइम को कैसे रिपोर्ट करें सर्च कर रहा है तो उन्हें साइबर क्रिमिनल्स द्वारा बनाई गई फर्जी वेबसाइट दिखाई देती है। इस वेबसाइट के होम पेज पर पेमेंट करने का ऑप्शन मिलता है। साइबर दोस्त ने अपनी चेतावनी में कहा कि फर्जी वेबसाइट का स्क्रीनशॉट भेजकर ये दावा किया जा रहा है कि उनका डिवाइस ब्लॉक हो गया है। इसे अनब्लॉक करने के लिए पेमेंट करना होगा। I4C साइबर दोस्त ने लोगों को आगाह करते हुए कहा कि आपको घबराने की जरूरत नहीं है और कोई पेमेंट नहीं करना है।

अब उत्तराखण्ड की खबरों पर नजर डालते हैं, जून की गर्मी में पिछले दो दिनों में बिजली की मांग ने रिकॉर्ड तोड़ दिया है। बिजली की मांग करीब 6.5 करोड़ यूनिट पहुंच गई है। बिजलीघरों पर इतना लोड हो रहा है कि कई जगह ट्रिपिंग की समस्या आ रही है। हालांकि आधिकारिक तौर पर यूपीसीएल कहीं भी घोषित कटौती से इन्कार कर रहा है। जून महीने में बिजली की मांग ने अब तक के सभी रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। राज्य में गर्मी और अन्य कारणों से बिजली की खपत में लगातार उछाल देखा जा रहा है। इस माह में अब तक के आंकड़ों पर नजर डालें तो बिजली की मांग में भारी बढ़ोतरी दर्ज की गई है। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, जून माह में बिजली की सकल ऊर्जा मांग का ग्राफ तेजी से ऊपर चढ़ा है। जून की शुरुआत में जहां यह मांग 4.6 करोड़ यूनिट थी। 26 जून तक यह बढ़कर करीब 6.5 करोड़ यूनिट के उच्चतम स्तर पर पहुंच गई है। दो दिन के भीतर ही बिजली की मांग 5.9 करोड़ यूनिट से बढ़कर 6.5 करोड़ यूनिट के आंकड़े के करीब पहुंच गई। मांग के सापेक्ष उपलब्धता को देखें तो राज्य पूल से करीब 1.6 करोड़ यूनिट बिजली उपलब्ध है। केंद्रीय पूल से 2.1 करोड़ यूनिट और अन्य स्रोतों से 1.8 करोड़ यूनिट बिजली उपलब्ध है।

इधर मॉनसून आने से पहले उत्तराखंड में गर्मी ने अपने तेवर दिखा रखे हैं। हालांकि आज 28 जून रविवार को गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद हैं। देहरादून मौसम विज्ञान केंद्र की मानें तो आज उत्तराखंड के कई हिस्सों में तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है, जिससे गर्मी से लोगों को थोड़ी राहत मिलेगी। देहरादून मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार 28 और 29 जून को उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में कहीं-कहीं पर गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने और तेज बारिश होने के साथ ही 30 से 40 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने के आसार हैं। इसलिए मौसम विभाग ने आज के लिए येलो अलर्ट जारी किया हैं।