Sep 25, 2026 Login

Good Morning India: सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम का बड़ा फैसला, उत्तराखण्ड समेत 4 हाईकोर्ट के 12 जजों की स्थायी नियुक्ति को दी मंजूरी! महादेव बेटिंग ऐप केस में CBI की बड़ी कार्रवाई! एशियन गेम्स 2026 में भारत का जलवा! लिंक में पढ़ें प्रमुख खबरें

Good Morning India: Major decision by the Supreme Court Collegium—permanent appointments approved for 12 judges across four High Courts, including Uttarakhand! Major CBI action in the Mahadev betting

नमस्कार दोस्तों, आवाज इंडिया अपना खास कॉलम ‘गुड मॉर्निंग इंडिया’ लेकर एक फिर आपके समक्ष प्रस्तुत है। आईए आज के प्रमुख कार्यक्रमों पर नजर डालते हैं। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आज यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो के चौथे संस्करण का उद्घाटन करेंगे।

अब बड़ी खबरों की तरफ रुख करते हैं, नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह ने गुरुवार को संयुक्त राष्ट्र महासभा (UNGA) के 81वें सत्र को संबोधित किया। उन्होंने जलवायु परिवर्तन पर ज़्यादा वैश्विक सहयोग की अपील की। ​इसके अलावा बालेन शाह ने नेपाल, भारत और चीन के नेतृत्व में Himalayan climate resilience mechanism बनाने का प्रस्ताव भी रखा। उन्होंने कहा कि भोटेकोशी-त्रिशूली आपदा सिर्फ एक स्थानीय त्रासदी नहीं थी, बल्कि दुनिया के लिए एक चेतावनी थी। उन्होंने सवाल किया कि क्या वैश्विक समुदाय ने उस चेतावनी पर ध्यान दिया है। उन्होंने आपदा के बाद नेपाल की मदद करने वाले देशों और संगठनों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने खास तौर पर भारत से मिली मदद का भी जिक्र किया। नेपाल के पीएम बालेन शाह ने कहा, "भोटेकोशी-त्रिशूली आपदा सिर्फ एक स्थानीय त्रासदी नहीं थी। यह दुनिया के लिए एक चेतावनी थी। और आज मैं आपसे पूछता हूं, क्या हमने सचमुच उस चेतावनी पर ध्यान दिया है? नेपाल के लिए, जलवायु आपदा सिर्फ एक मानवीय घटना नहीं, बल्कि विकास से जुड़ी एक आपातकालीन स्थिति है।" उन्होंने आगे कहा, "मैं उन सभी लोगों का आभार व्यक्त करना चाहता हूं, जो बाढ़ के बाद हमारी मदद के लिए आगे आए। हमारे करीबी पड़ोसी, भारत और चीन ने तुरंत और उदारतापूर्वक मदद की। अन्य मित्र देशों, संयुक्त राष्ट्र प्रणाली, मानवीय एजेंसियों, परोपकारी संस्थाओं और दुनिया भर के लोगों ने नेपाल का साथ दिया। मैं नेपाल के आभारी लोगों की ओर से उन सभी को धन्यवाद देता हूं।"

उधर जापान के आइची नागोया में चल रहे एशियन गेम्स 2026 में भारतीय टीम के खाते में अब तक कुल 17 मेडल दर्ज हो चुके हैं, जिसमें एक गोल्ड, 7 सिल्वर और 9 ब्रॉन्ज मेडल जीतने में सफलता मिली है। 25 सितंबर को भारतीय दल कई अलग-अलग खेलों के इवेंट्स में हिस्सा लेगा जिसमें सबसे ज्यादा नजरें शूटिंग के इवेंट पर रहने वाली हैं जहां से गोल्ड मेडल की उम्मीद की जा सकती है। वहीं बैडमिंटन के इवेंट्स का भी आगाज होने के साथ भारतीय खिलाड़ी एक्शन में दिखाई देंगे। इसके अलावा कबड्डी में भारत की महिला और पुरुष दोनों टीमें अपने-अपने सेमीफाइनल मुकाबले खेलने उतरेंगी जिसमें उनकी नजरें गोल्ड मेडल मैच में अपनी जगह बनाने पर रहने वाली हैं। एशियन गेम्स 2026 में भारतीय महिला और पुरुष दोनों कबड्डी टीम का अब तक काफी शानदार प्रदर्शन देखने को मिला है, जिसमें 25 सितंबर को वह सेमीफाइनल मुकाबला खेलने उतरेंगे। भारतीय महिला कबड्डी टीम का सेमीफाइनल मैच में सामना नेपाल की टीम से होगा जो भारतीय समयानुसार सुबह 9:30 पर शुरू होगा। वहीं भारतीय पुरुष कबड्डी टीम अपना सेमीफाइनल मैच थाईलैंड की टीम के खिलाफ खेलेगी और इस मैच की शुरुआत भारतीय समयानुसार सुबह 10:45 पर होगी। टीम इंडिया की नजरें गोल्ड मेडल मैच के लिए अपनी जगह बनाने पर रहने वाली हैं।

इधर महादेव ऑनलाइन बेटिंग ऐप मामले में केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक प्रमुख आरोपी और कथित किंगपिन अभिषेक कुमार को गिरफ्तार किया है। CBI ने उसे दुबई से भारत लौटते ही हैदराबाद के राजीव गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर गिरफ्तार किया। जांच में सामने आया है कि अभिषेक कुमार महादेव बुक के जरिए ऑनलाइन सट्टेबाजी और जुए का नेटवर्क चलाने, अलग-अलग पैनल के बीच तालमेल बनाने और सट्टे से जुटाए गए पैसों को इकट्ठा करने में सक्रिय भूमिका निभा रहा था। जांच एजेंसी के मुताबिक, उसने सट्टेबाजी से मिले पैसों से दुबई में अचल संपत्तियां भी खरीदी थीं। गिरफ्तारी के तुरंत बाद की गई तलाशी में CBI ने उसके पास से कई अहम और आपत्तिजनक सामान बरामद किए हैं। एजेंसी का कहना है कि जब्त सामान से प्रथम दृष्टया महादेव बेटिंग ऐप के संचालन में अभिषेक की भूमिका सामने आती है। वह मामले के मुख्य आरोपियों सौरभ चंद्राकर और शुभम सोनी के साथ मिलकर काम कर रहा था।

उधर हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला के घणाहट्टी क्षेत्र में गुरुवार को दर्दनाक सड़क हादसे ने एक परिवार को जिंदगी भर का गम दे दिया। घंडल-सोलह मील के पास कार की HRTC बस से जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में कार सवार बेटे ने अपनी मां, पिता और दादी को खो दिया। तीनों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि युवक घायल बताया जा रहा है और उसे उपचार के लिए IGMC अस्पताल पहुंचाया गया है। बताया जा रहा है कि परिवार सुबह इलाज के लिए IGMC अस्पताल पहुंचा था। दवा लेने के बाद सभी कार में सवार होकर वापस घणागुघाट लौट रहे थे। इसी दौरान घंडल-सोलह मील के पास उनकी कार HRTC बस की चपेट में आ गई। कार में दो महिलाएं और दो पुरुष सवार थे। हादसे में तीन लोगों की मौत हुई है, जबकि घायल युवक को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।

इधर सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम ने आंध्र प्रदेश, केरल, उत्तराखंड और गुवाहाटी हाईकोर्ट में 12 अपर न्यायाधीशों को स्थायी जज के तौर पर नियुक्त करने को मंजूरी दे दी है। प्रधान न्यायाधीश (सीजेआई) सूर्यकांत और जस्टिस विक्रम नाथ और जस्टिस बी.वी. नागरत्ना वाले कॉलेजियम ने बुधवार को हुई बैठक में यह फैसला लिया। आंध्र प्रदेश हाईकोर्ट में पांच अपर न्यायाधीशों को स्थायी तौर पर नियुक्त करने की मंजूरी दी गई है। इनमें अपर न्यायाधीश महेश्वर राव कुंचेम, थूटा चंद्र धना सेकर, चल्ला गुणरंजन, अवधानम हरि हरनाध शर्मा, और डॉ. यादवल्ली लक्ष्मणा राव को स्थायी जज बनाया गया है। इसी तरह कॉलेजियम ने केरल हाई कोर्ट के अपर न्यायाधीश पी. कृष्णा कुमार, के.वी. जयकुमार, मुरली कृष्णा एस., जोबिन सेबेस्टियन और पी.वी. बालकृष्णन को स्थायी जज के तौर पर नियुक्ति की मंजूरी दी। कालेजियम ने अपर न्यायाधीश सुभाष उपाध्याय को उत्तराखंड हाईकोर्ट का स्थायी जज नियुक्त किया है। एक और प्रस्ताव में अपर न्यायाधीश कौशिक गोस्वामी को गुवाहाटी हाईकोर्ट का स्थायी जज नियुक्त करने को मंज़ूरी दी।

उधर लुधियाना, मोहाली व चंडीगढ़ में विभिन्न ठिकानों पर चली प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की 36 से 50 घंटे की कार्रवाई खत्म हो गई है। ग्रेटर मोहाली एरिया डेवलपमेंट अथॉरिटी (गमाडा) से ईडी की टीम 30 से ज्यादा बैगों में दस्तावेज जब्त कर ले गई है। लुधियाना में मंत्री हरदीप सिंह मुंडियां के भांजे के घर व चंडीगढ़ सेक्टर-39 स्थित सरकारी आवास से ईडी को कुछ खास बरामद नहीं हुआ है। चंडीगढ़ में ही आईएएस के आवास से नकदी व जेवरात बरामद होने की बात सामने आ रही है। फिलहाल ईडी ने इसकी पुष्टि नहीं की है। ईडी की इस कार्रवाई के खिलाफ बृहस्पतिवार को आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने आप के प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष व विधायक अमनशेर सिंह शेरी कलसी की अगुवाई में गमाडा कार्यालय के बाहर बवाल किया। कार्यकर्ता बैरिकेडिंग व गेट तोड़कर गमाडा कैंपस में घुस गए। कुछ प्रदर्शनकारियों ने ईडी की गाड़ियों पर पत्थर फेंकने शुरू कर दिए, जिससे ईडी की गाड़ियों के शीशे टूट गए और कुछ वाहनों के टायरों की हवा भी निकाल दी गई। गमाडा कार्यालय की तरफ भी पथराव किया गया, जिससे कार्यालय के शीशे टूट गए। बढ़ते तनाव को देखते हुए मौके पर सीआरपीएफ और एंटी रॉयट फोर्स को बुलाया गया। इसके बाद दोपहर को ईडी टीम को सुरक्षा घेरे में बाहर ले जाया गया। पुलिस से धक्का-मुक्की के बाद 12 से 15 कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया गया है।

अब उत्तराखण्ड की खबरों पर नजर डालते हैं, हरिद्वार के बहादराबाद क्षेत्र में शादी के नाम पर कथित तौर पर ठगी करने का मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार, एक महिला ने विवाह के बाद पति को विश्वास में लेकर कथित रूप से नशीला पदार्थ खिलाया और मौका पाकर घर से नकदी व अन्य सामान लेकर फरार हो गई। मामले में बहादराबाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महिला समेत पांच आरोपियों को हिरासत में लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से पांच मोबाइल फोन, 70 हजार रुपये नकद और नशीला पाउडर बरामद करने का दावा किया है। घटना में प्रयुक्त बोलेरो वाहन को भी सीज किया गया है। पुलिस के अनुसार, जांच के दौरान कथित रूप से घटना से जुड़े पांच लोगों को हिरासत में लिया गया। इनमें मिर्जापुर उत्तर प्रदेश की 21 वर्षीय महिला, मिर्जापुर निवासी अब्दुल बारी, शामली की एक महिला, शामली निवासी पुनीत कुमार और भरतपुर राजस्थान निवासी फतेह सिंह मीना शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक, 24 सितंबर को ग्राम दौलतपुर निवासी प्रवेश पुरी ने कोतवाली बहादराबाद में तहरीर दी। तहरीर में बताया गया कि उनके भाई योगेश पुरी के साथ विवाह करने वाली महिला ने पति को विश्वास में लिया। आरोप है कि इसके बाद महिला ने उसे नशीला पदार्थ खिला दिया और मौका पाकर घर से नकदी व अन्य सामान लेकर फरार हो गई।

इधर देहरादून के बाद उधम सिंह नगर जिले में भी मेडिकल कॉलेजों में दाखिले के लिए फर्जी पते और कूटरचित दस्तावेजों के आधार पर प्रमाण पत्र बनवाने का मामला सामने आया है। मामला बाजपुर तहसील क्षेत्र का है। उधम सिंह नगर जिलाधिकारी के निर्देश पर हुई जांच में संबंधित अभ्यर्थियों के बताए पते पर निवास नहीं करने की पुष्टि हुई। प्रशासन ने प्रमाण पत्र निरस्त करते हुए एक अधिवक्ता समेत चार लोगों के खिलाफ बाजपुर कोतवाली में प्राथमिकी दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया। साथ ही पूर्व में जारी प्रमाण पत्रों का भी दोबारा सत्यापन शुरू कर दिया गया है। प्रशासन के अनुसार स्थलीय सत्यापन के दौरान संबंधित अभ्यर्थी प्रमाण पत्रों में दर्ज पते पर निवासरत नहीं पाए गए। इसके बाद प्रमाण पत्रों के साथ लगाए गए दस्तावेजों की संबंधित विभागों से जांच कराई गई। जांच में कथित तौर पर यह सामने आया कि कुछ अभ्यर्थियों ने स्थानीय लोगों की सहायता से गलत पते और कूटरचित साक्ष्यों के आधार पर प्रमाण पत्र बनवाए थे।