Good Morning India: गांधी-शास्त्री जयंती, राजघाट पहुंचे पीएम मोदी, किया नमन! एशियन गेम्स में भारतीय महिला रिकर्व टीम ने रचा इतिहास, तीरंदाजी में आ गया चौथा गोल्ड! मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ बड़ा प्रदर्शन आज! फिर चर्चा में आए मोहम्मद दीपक, पुलिस ने किया गिरफ्तार
नमस्कार दोस्तों, आवाज इंडिया अपना खास कॉलम ‘गुड मॉर्निंग इंडिया’ लेकर एक फिर आपके समक्ष प्रस्तुत है। आईए आज के प्रमुख कार्यक्रमों पर नजर डालते हैं, आज से इंडिया गठबंधन का विरोध प्रदर्शन शुरू होगा। इसके साथ ही आज देश में महात्मा गांधी की 157वीं जयंती मनाई जाएगी।
अब बड़ी खबरों की तरफ रुख करते हैं, भारतीय महिला रिकर्व टीम ने एशियन गेम्स में इतिहास रच दिया है। अंकिता भकत, कुमकुम अनिल मोहोद और कीर्ति शर्मा की तिकड़ी ने दक्षिण कोरिया को 5-3 से हराकर स्वर्ण पदक अपने नाम कर लिया। यह तीरंदाजी में भारत का चौथा स्वर्ण और इस एशियाड में देश का 11वां स्वर्ण पदक है। महिला टीम रिकर्व में भारत ने आखिरकार एशियन गेम्स का स्वर्ण पदक जीत लिया है। 2010 ग्वांगझू में कांस्य और 2022 हांगझोउ में कांस्य जीतने के बाद भारतीय टीम ने 2026 में इतिहास रच दिया। अंकिता भकत, कुमकुम अनिल मोहोद और कीर्ति शर्मा की तिकड़ी ने फाइनल में दक्षिण कोरिया को 5-3 से हराकर इस स्पर्धा में भारत का पहला स्वर्ण दिलाया। इस स्पर्धा में दक्षिण कोरिया का लंबे समय से दबदबा रहा है, लेकिन अब भारत ने उस सिलसिले को तोड़ते हुए पहली बार स्वर्ण अपने नाम कर लिया है।
इधर फ्लाईदुबई की तेल अवीव जा रही उड़ान में कॉकपिट हमले के आरोपी ओमानी को-पायलट को सऊदी अरब ने संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के हवाले कर दिया है। जांच एजेंसियां अब इस बात की पड़ताल कर रही हैं कि क्या यह घटना जानबूझकर विमान को क्रैश करने की कोशिश थी। अमीराती सरकार ने कहा कि उसकी टीम हमले की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या इसका किसी आतंकवादी उद्देश्य से कोई संबंध था। फ्लाईदुबई फ्लाइट FZ1073 दुबई से तेल अवीव जा रही थी, जिसमें करीब 182 यात्री सवार थे। उड़ान के दौरान ओमानी को-पायलट ने भारतीय कैप्टन स्मिट मच्छर पर चाकू से हमला किया और विमान का नियंत्रण लेने की कोशिश की। घायल होने के बावजूद कैप्टन ने कॉकपिट का दरवाजा खोला, जिससे यात्री और क्रू सदस्यों ने घुसकर को-पायलट को काबू में कर लिया।
उधर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ आज दिल्ली में प्रदर्शन होना है। हालांकि दिल्ली पुलिस ने जंतर-मंतर पर प्रस्तावित प्रदर्शन की इजाजत देने से मना कर दिया है। साथ ही पुलिस ने सेंट्रल दिल्ली में सुरक्षा भी कड़ी कर दी है। इतना ही नहीं, पुलिस का कहना है कि बड़ी संख्या में लोगों के आने की उम्मीद है और इसी वजह से पुलिस ने विदेश मंत्रालय से अतिरिक्त फोर्स की मांग की है। जंतर-मंतर पर CEC ज्ञानेश कुमार के खिलाफ यह विरोध प्रदर्शन ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन यानी AISA, राज्यसभा सांसद मनोज झा और सुप्रीम कोर्ट के वकील प्रशांत भूषण ने बुलाया है। वोटर लिस्ट और चुनाव कराने के तरीके में गड़बड़ियों के आरोपों के चलते मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को हटाने की मांग कर रहे हैं। अधिकारियों ने बताया कि नई दिल्ली इलाके में जिला और रिजर्व फोर्स, रैपिड एक्शन फोर्स और अन्य पैरामिलिट्री यूनिट्स के लगभग 5,000 जवानों को तैनात किया गया है।
इधर फ्रांस से राफेल खरीद की डील को लेकर अच्छी खबर सामने आई है। दरअसल, 114 राफेल फाइटर जेट खरीदने की भारत की योजना तेजी से आगे बढ़ रही है। रक्षा सचिव राजेश कुमार सिंह ने गुरुवार को कहा कि इस प्रोजेक्ट के इस फाइनेंशियल ईयर के आखिर तक पूरा होने की उम्मीद है। भारत इसमें ज्यादा से ज्यादा स्वदेशीकरण और भारतीय हथियारों को शामिल करने पर जोर दे रहा है। रक्षा सचिव ने कहा, "वे पहले से खरीदे गए राफेल मरीन में भी भारतीय हथियारों को शामिल करने पर सहमत हुए थे। इस मामले में, हम एक कदम और आगे बढ़ रहे हैं, क्योंकि यह 'खरीदें और बनाएं' (buy-and-make) वाला प्रोग्राम है, जिसमें ज़्यादातर एयरक्राफ्ट भारत में ही असेंबल किए जाएंगे और इनमें भारतीय सिस्टम और हथियारों का बड़े पैमाने पर स्वदेशीकरण और इंटीग्रेशन होगा।" उनसे एयरक्राफ्ट पर भारतीय हथियारों को शामिल करने के बारे में पूछा गया था। रक्षा सचिव ने पुष्टि की कि रिक्वेस्ट फॉर प्रपोजल (RFP) स्टेज के तहत जमा की गई बोलियों (bids) का औपचारिक मूल्यांकन किया जा रहा है। उन्होंने आगे कहा, "उन्होंने अपनी बोलियां दे दी हैं और उनका मूल्यांकन किया जा रहा है। इसके बाद, हम इस पर आगे काम शुरू करेंगे। हमें उम्मीद है कि इस साल के आखिर से पहले हम इस खरीद प्रक्रिया में किसी नतीजे पर पहुंच पाएंगे।"
उधर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया है कि इजरायल जा रहे फ्लाईदुबई विमान को कथित तौर पर गिराने की कोशिश करने वाले को-पायलट के ईरान से संबंध हो सकते हैं। हालांकि, ट्रंप ने इस संभावित कनेक्शन के बारे में कोई ठोस विवरण साझा नहीं किया। व्हाइट हाउस में पत्रकारों ने ट्रंप से पूछा कि क्या उन्हें विमान घटना से जुड़े पायलट और ईरान के बीच किसी संभावित संबंध के बारे में जानकारी दी गई है। इस पर ट्रंप ने कहा, "हम अभी इस पर काम कर रहे हैं।" इसके बाद जब उनसे पूछा गया कि क्या ईरान के साथ किसी तरह का संबंध होने की संभावना है, तो ट्रंप ने कहा, "जो मैं सुन रहा हूं, उसके आधार पर मैं कहूंगा कि जवाब हां है, लेकिन हम अभी इस पर काम कर रहे हैं। पत्रकारों ने ट्रंप से यह भी पूछा कि अगर विमान घटना के पीछे ईरान का हाथ साबित होता है, तो क्या अमेरिका तेहरान के खिलाफ जवाबी कार्रवाई करेगा। इस पर ट्रंप ने कहा, “ओह, उन्हें बहुत कड़ी मार पड़ेगी, चिंता मत करो।" ट्रंप ने आगे कहा, "बस उनसे पूछिए। उन्हें पता है कि क्या हुआ है। उन्हें बहुत कड़ी मार पड़ेगी।"
इधर महात्मा गांधी की 157वीं जयंती और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की 122वीं जयंती के अवसर पर शुक्रवार को देशभर में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किए गए। दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महात्मा गांधी को राजघाट पहुंचकर श्रद्धांजलि दी। इसके बाद उन्होंने गांधी समाधि पर आयोजित सर्व-धर्म प्रार्थना में भी हिस्सा लिया। वहीं प्रधानमंत्री ने विजय घाट पहुंचकर पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री को भी नमन किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर राजघाट स्थित गांधी समाधि पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद वह वहां आयोजित सर्व-धर्म प्रार्थना में शामिल हुए। इस दौरान गांधीजी के विचारों और उनके योगदान को याद किया गया।
अब उत्तराखण्ड की खबरों पर नजर डालते हैं, देशभर में सुर्खियां बटोर चुके दीपक कुमार उर्फ 'मोहम्मद' दीपक को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा कि दीपक ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो पोस्ट किया। जिस पर व्यापारी ने कमेंट कर दिया। जिसके बाद मामले को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि दीपक ने व्यापारी के दुकान में घुसकर बदसलूकी की। जिसके बाद व्यापारी धरने पर बैठ गए। मामला बिगड़ता देख पुलिस ने 'मोहम्मद' दीपक को गिरफ्तार कर लिया। बता दें कि कोटद्वार में सोशल मीडिया पर की गई एक पोस्ट को लेकर शुरू हुआ विवाद अब पुलिस कार्रवाई तक पहुंच गया है। उज्जैन में सड़क चौड़ीकरण के दौरान मस्जिद तोड़े जाने से जुड़े घटनाक्रम पर दीपक कुमार उर्फ 'मोहम्मद' दीपक ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो पोस्ट की थी। इसी पोस्ट पर एक व्यापारी ने कमेंट कर प्रतिक्रिया दी। जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद की स्थिति पैदा हो गई। विवाद से जुड़ा एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें दीपक कुमार और व्यापारी के बीच तीखी कहासुनी होती दिखाई दे रही है। व्यापारी संजीव टांक ने मामले को लेकर कोटद्वार कोतवाली में तहरीर दी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने दीपक कुमार पर कार्यवाही की।
इधर उत्तराखंड प्रीमियर लीग 2026 के फाइनल में देहरादून वॉरियर्स ने शानदार जीत दर्ज करते हुए सीजन-3 की ट्रॉफी अपने नाम कर ली है। राजीव गांधी इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए खिताबी मुकाबले में देहरादून ने हरिद्वार इल्मास को 36 रन से हराया। देहरादून वॉरियर्स ने पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन किया और फाइनल में भी अपनी लय बरकरार रखी। लीग स्टेज में टीम ने छह में से चार मुकाबले जीते थे। शानदार नेट रन रेट के चलते देहरादून की टीम अंक तालिका में पहले स्थान पर रही थी। फाइनल में भी टीम ने बल्लेबाजी और गेंदबाजी, दोनों में हरिद्वार को पीछे छोड़ते हुए खिताब पर कब्जा किया। फाइनल मुकाबले में देहरादून वॉरियर्स के कप्तान कुणाल चंदेला ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। टीम की शुरुआत उम्मीद के मुताबिक नहीं रही। महज 22 रन के स्कोर पर देहरादून के दो विकेट गिर गए। इसके बाद कप्तान कुणाल चंदेला ने पारी को संभाला। तेजी से रन बनाने का सिलसिला शुरू किया।
उधर बॉलीवुड सिंगर जुबिन नौटियाल के पिता राम शरण नौटियाल के BJP से इस्तीफ़ा दिये जाने की खबरें जोरों पर हैं। अब BJP से इस्तीफ़ा दिये जाने पर राम शरण नौटियाल ने चुप्पी तोड़ी है। उन्होंने कहा जहां अपमान हो वहां नहीं रहना चाहिए। साथ ही उन्होंने बिना नाम लिये पार्टी के बड़े नेताओं पर निशाना साधा है। जुबिन नौटियाल के पिता राम शरण नौटियाल ने कहा जहां अनुशासन न हो और जहां सीनियर नेता अनुशासन तोड़ने वालों का साथ देते हों, या जहां सम्मान न हो और साफ़ तौर पर बेइज़्ज़ती होती हो वहां किसी को नहीं रहना चाहिए। किसी भी हाल में वहां नहीं रुकना चाहिए। उन्होंने कहा इस्तीफे को लेकर मेरा रुख़ बिल्कुल साफ़ है। मैंने 2014 में पार्टी जॉइन की थी। उन्होंने कहा इस दौरान मैने काफ़ी कुछ सीखा और अनुभव किया। राम शरण नौटियाल ने कहा पार्टी में सीनियर नेताओं से लेकर ज़मीनी स्तर के कार्यकर्ताओं तक, कई लोगों ने मुझे बहुत प्यार और सम्मान दिया, और मैं उनका शुक्रगुज़ार हूं।