Good Morning India: एशियन गेम्स में 44 साल बाद भारत ने मैराथन में जीता मेडल! कांगो में बड़ा विमान हादसा, 14 लोगों की मौत! उत्तराखंड समेत कई राज्यों में मौसम को लेकर महा-अलर्ट! उत्तराखंड लोअर PCS का रिजल्ट घोषित, आयुष बेलवाल ने किया टॉप
नमस्कार दोस्तों, आवाज इंडिया अपना खास कॉलम ‘गुड मॉर्निंग इंडिया’ लेकर एक फिर आपके समक्ष प्रस्तुत है। आईए आज के प्रमुख कार्यक्रमों पर नजर डालते हैं। आज विदेश मंत्री एस. जयशंकर संयुक्त राष्ट्र महासभा को संबोधित करेंगे।
अब बड़ी खबरों की तरफ रुख करते हैं, देश के कई राज्यों में मौसम के तल्ख तेवरों ने हर किसी की टेंशन बढ़ा दी है। उत्तराखण्ड समेत कई राज्यों में देर शाम से बारिश का दौर जारी है। भारत मौसम विभाग (IMD) ने दक्षिण छत्तीसगढ़ और उससे सटे दक्षिणी आंतरिक ओडिशा के ऊपर बने डिप्रेशन के प्रभाव से देश के कई हिस्सों में मूसलाधार बारिश होने का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार, आज यानी 26 सितंबर को उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड समेत 11 राज्यों में भारी से भारी बारिश हो सकती है। इस दौरान 50 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं। साथ ही गरज-चमक की भी संभावना जताई गई है। IMD ने उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, बिहार, झारखंड, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, हरियाणा और दिल्ली में हल्की से भारी बारिश होने की संभावना जताई है। इस बीच मौसम विभाग ने भारी बारिश और तेज हवाओं के कारण निचले इलाकों में जलभराव, बाढ़ की आशंका जताई है। जबकि पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन की स्थिति भी बन सकती है।
इधर कांगो में एक विमान हादसे में कम से कम 14 लोगों की मौत हो गई है। मरने वालों में सेना के 2 सीनियर अफसर भी शामिल हैं। कांगो की सेना ने शुक्रवार को हादसे की जानकारी दी। सेना के मुताबिक, हादसे में लेफ्टिनेंट जनरल मुतोम्बो कातालायी तिएंदे और लेफ्टिनेंट जनरल बाकुमी लिकुलिया की भी मौत हुई है। तिएंदे सैन्य अदालत के प्रमुख थे, जबकि लिकुलिया सशस्त्र बलों के ऑडिटर जनरल के पद पर तैनात थे। कांगो की सेना के प्रवक्ता मेजर जनरल एफोमी एकेंगे ने एक बयान में कहा, 'दोनों जनरल अधिकारियों के अलावा, इस हादसे में प्रतिनिधिमंडल के 12 सदस्य और विमान के चालक दल के सदस्य भी मारे गए हैं।' सेना के इस बयान के मुताबिक विमान में सवार किसी भी व्यक्ति की जान नहीं बच सकी। स्थानीय अधिकारियों के अनुसार, विमान दक्षिण-पश्चिमी कांगो के किक्विट शहर से राजधानी किंशासा लौट रहा था। इसी दौरान विमान में तकनीकी खराबी आ गई और वह केंगे इलाके में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे के समय विमान में मौजूद सभी लोगों की मौत हो गई। सेना के प्रवक्ता एफोमी एकेंगे ने बताया कि दुर्घटना की वजह का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी गई है। कांगो के नागरिक उड्डयन प्राधिकरण के बोर्ड के अध्यक्ष ट्रायफॉन किन-कीए मुलुंबा ने भी कहा कि फिलहाल विमान हादसे की वजह स्पष्ट नहीं है।
उधर नागोया में भारत के सावन बरवाल ने वो कर दिखाया, जिसका इंतजार पूरा देश 44 साल से कर रहा था। सावन ने एशियन गेम्स 2026 की पुरुष मैराथन में सिल्वर मेडल जीतकर इतिहास रच दिया। उन्होंने शनिवार तड़के 2 घंटे 11 मिनट 37 सेकंड का समय निकाला, जो उनका पर्सनल बेस्ट भी है। इस प्रदर्शन के साथ भारत को 1982 के बाद पहली बार एशियन गेम्स मैराथन में पोडियम फिनिश मिली। साथ ही यह समय अब नेशनल रिकॉर्ड भी है। जापान के इचिटाका यामाशिता ने 2:10:49 के समय के साथ गोल्ड मेडल जीता। चीन के पेइयू फेंग ने 2:12:13 के समय के साथ ब्रॉन्ज अपने नाम किया। सावन यामाशिता से 48 सेकंड पीछे रहे। सावन ने रेस की शुरुआत से ही दम दिखाया। 5 किमी पर वह 15:28 के समय के साथ दूसरे स्थान पर थे, लेकिन 10 किमी तक पहुंचते-पहुंचते उन्होंने बढ़त हासिल कर ली। 15 किमी पर उनका समय 47:35 रहा, तब भी लीड कर रहे थे, 20 किमी पर भी वो 1:02:35 के समय पर लीड कर रहे थे। हाफवे यानी 21.1 किमी पर उन्होंने 1:05:54 का समय निकाला और तब भी सबसे आगे थे। यानी शुरू से ही उनका इसमें दमखम दिखा। 25 किमी तक सावन की बढ़त कायम रही और उन्होंने 1:18:19 का समय लिया। 30 किमी पर जापान के यामाशिता ने उन्हें पकड़ लिया और सावन एक सेकंड पीछे होकर दूसरे स्थान पर आ गए।
इधर पूर्वजों के प्रति श्रद्धा, कृतज्ञता और स्मरण का पर्व पितृ पक्ष 26 सितंबर से शुरू ने शुरू हो रहा है। 26 सितंबर को पूर्णिमा श्राद्ध के साथ पितरों के तर्पण का सिलसिला शुरू होगा। इसके अगले दिन 27 सितंबर से प्रतिपदा श्राद्ध के साथ नियमित श्राद्ध कर्म शुरू होंगे। 10 अक्टूबर को अमावस्या के साथ पितृ पक्ष का समापन होगा। इस बार 15 दिनों में 16 श्राद्ध तिथियां संपन्न होंगी। इस पक्ष में लोग अपने दिवंगत परिजनों की मृत्यु तिथि के अनुसार श्राद्ध, तर्पण, पिंडदान और दान-पुण्य करेंगे। धार्मिक मान्यता के अनुसार, जिस पितर की मृत्यु तिथि ज्ञात होती है, उनका श्राद्ध उसी तिथि पर किया जाता है। वहीं, जिन पूर्वजों की मृत्यु तिथि ज्ञात नहीं है या किसी कारण से निर्धारित तिथि पर श्राद्ध नहीं हो पाता, उनके में लिए अमावस्या का दिन महत्वपूर्ण माना जाता है।
उधर हिंदी सिनेमा और टेलीविजन के जाने-माने अभिनेता मुश्ताक खान का 75 साल की उम्र में निधन हो गया। अभिनेता ने गुरुवार, 24 सितंबर को मुंबई के नानावटी अस्पताल में आखिरी सांस ली। वह लंबे समय से कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से जूझ रहे थे। उनके निधन की खबर सामने आते ही फिल्म और टीवी इंडस्ट्री में शोक की लहर दौड़ गई। परिवार, दोस्तों और फिल्म जगत से जुड़े कई लोगों ने उन्हें अंतिम विदाई दी और उनके साथ बिताए पलों को याद किया। मुश्ताक खान के पार्थिव शरीर को अंतिम संस्कार से पहले सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक उनके आवास पर रखा गया था। इस दौरान परिवार के अलावा फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े लोग और उनके चाहने वाले अंतिम दर्शन के लिए पहुंचे। इसके बाद यारी रोड स्थित कब्रिस्तान में उनकी अंतिम नमाज और दफन की प्रक्रिया पूरी की गई। अंतिम विदाई के दौरान मुश्ताक खान के बेटे मोहसिन खान ने मीडिया से बातचीत में अभिनेता के आखिरी पलों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बीमारी के बावजूद उनके पिता ने जिंदगी के अंतिम क्षणों में मुस्कुराते हुए दुनिया को अलविदा कहा।
इधर अंतरिक्ष में डेटा सेंटर बनाने का लक्ष्य लेकर चल रही दुनिया की दिग्गज टेक कंपनी गूगल, 1 अक्टूबर को नया इतिहास रच सकती है। वह पहली बार अंतरिक्ष में अपनी टेंसर प्रोसेसिंग यूनिट्स (TPU) को भेजने की तैयारी कर रही है। इसका मकसद यह जांचना है कि अंतरिक्ष के वातावरण में TPU चिप्स कितनी सटीकता से काम कर पाती हैं। TPU चिप्स को मुख्य रूप से क्लाउड डेटा सेंटरों में लगाया जाता है। गूगल पहले ही कह चुकी है कि वह प्रोजेक्ट सनकैचर के तहत अंतरिक्ष में डेटा सेंटर स्थापित करने की योजना में जुटी है। अंतरिक्ष में गूगल की टीपीयू चिप्स को स्पेसएक्स के ट्रांसपोर्टर-18 राइडशेयर मिशन के जरिए भेजा जाएगा। यह मिशन कैलिफोर्निया के वैंडेनबर्ग स्पेस फोर्स बेस से 1 अक्टूबर को उड़ान भरने के लिए तैयार है। किसी तरह की रुकावट आने पर 2 अक्टूबर का दिन बैकअप में प्लान किया गया है। गूगल की टीपीयू चिप्स की पृथ्वी की निचली कक्षा यानी लो-अर्थ ऑर्बिट में टेस्ट किया जाएगा। यह परखा जाएगा कि जमीन पर तैयार और यहां के वातावरण में काम करने वाली टीपीयू चिप्स, रॉकेट लॉन्च के दबाव, रेडिएशन और अधिक तापमान को कैसे झेलती हैं।
उधर संयुक्त राष्ट्र महासभा यानी कि UNGA में पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ के भाषण के बाद भारत ने राइट ऑफ रिप्लाई के तहत कड़ा जवाब दिया है। संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी मिशन की फर्स्ट सेक्रेटरी पेटल गहलोत ने पाकिस्तान पर आतंकवाद, धार्मिक असहिष्णुता, लोकतांत्रिक अधिकारों और कश्मीर के मुद्दे पर पाकिस्तान को जमकर लताड़ा। गहलोत ने शरीफ के भाषण को निशाना बनाते हुए कहा कि महासभा ने पाकिस्तान के प्रतिनिधि की ओर से कुछ 'अजीब टिप्पणियां' सुनीं। उन्होंने कहा कि यह उस समय हुआ है, जब न्यूयॉर्क और पूरी दुनिया ने करीब 2 सप्ताह पहले 9/11 आतंकी हमले की 25वीं बरसी मनाई थी। पेटल गहलोत ने कहा कि 9/11 हमले का संदर्भ महत्वपूर्ण है, क्योंकि इस हमले का मास्टरमाइंड ओसामा बिन लादेन पाकिस्तानी सेना की प्रमुख सैन्य अकादमी के ठीक पास रह रहा था। उन्होंने कहा कि आज पाकिस्तान के प्रतिनिधि ने जिस संस्था की इतनी प्रशंसा की, वही पाकिस्तानी सेना की संस्था थी। गहलोत ने आगे कहा कि पाकिस्तान में खुद जिस सरकार को 'फॉर्म 47 सरकार' कहा जाता है, उससे ऐसी बातें सुनना हैरानी की बात नहीं है।
अब उत्तराखण्ड की खबरों पर नजर डालते हैं, प्रदेश में मौसम ने फिर करवट बदल ली है। मौसम विभाग के अनुसार, शनिवार को बागेश्वर, नैनीताल, पिथौरागढ़, चंपावत और ऊधमसिंह नगर में कुछ स्थानों पर भारी वर्षा के आसार हैं। इन जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, देहरादून, पौड़ी, चमोली, रुद्रप्रयाग और अल्मोड़ा में कुछ स्थानों पर भी वर्षा की आशंका को देखते हुए आरेंज अलर्ट जारी किया गया है। हल्द्वानी और नैनीताल और पिथौरागढ़ में रात से ही तेज बारिश जारी है। टनकपुर -पिथौरागढ़ हाईवे घाट बैंड पर शुक्रवार सांय से बंद है, पिथौरागढ़ में जिला मुख्यालय का अन्य जिलों से सम्पर्क कटा हुआ है। घाट बैंड पर लगातार पत्थर गिर रहे हैं। आदि कैलास यात्रा भी मौसम को लेकर आज रोकी गई है।
इधर उत्तराखंड लोक सेवा आयोग ने लोअर पीसीएस 2024 का अंतिम परिणाम जारी कर दिया है। देहरादून के आयुष बेलवाल ने परीक्षा में पहला स्थान हासिल किया। विक्रांत सिंह दूसरे और हिमानी लोहानी तीसरे स्थान पर रहीं। कुल 113 पदों के लिए चयन हुआ है। इनमें नायब तहसीलदार, उप कारापाल, पूर्ति निरीक्षक समेत विभिन्न पद शामिल हैं। इस भर्ती प्रक्रिया के तहत विभिन्न विभागों में कुल 113 रिक्त पदों के लिए 3 जनवरी 2025 को विज्ञापन जारी किया गया था। इसके बाद 27 मार्च 2026 को मुख्य लिखित परीक्षा का परिणाम घोषित किया गया। मुख्य परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों के लिए 27 जुलाई से 3 सितंबर 2026 तक साक्षात्कार, शारीरिक मापदंड और चिकित्सकीय परीक्षण की प्रक्रिया पूरी की गई। इन्हीं चरणों के आधार पर अब अंतिम मेरिट और पदवार चयन परिणाम जारी किया गया है। आयोग की ओर से जारी परिणाम के अनुसार नायब तहसीलदार के 36 पदों के लिए अभ्यर्थियों का चयन किया गया है। वहीं उप कारापाल के 14, पूर्ति निरीक्षक के 36, विपणन निरीक्षक के 6 और श्रम प्रवर्तन अधिकारी के 5 पदों पर चयन हुआ है।
उधर मसूरी एमपीजी कॉलेज छात्रसंघ चुनाव प्रक्रिया होल्ड किए जाने के बाद विवाद और गहरा गया है। चुनाव कराने की मांग को लेकर एनएसयूआई, जौनपुर छात्र संगठन और मसूरी छात्र संगठन से जुड़े छात्रों ने देर रात कॉलेज के सभागार में अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया। वहीं एनएसयूआई के वरिष्ठ नेता जगपाल गोसाईं और शहर अध्यक्ष दक्ष पवार अनिश्चितकालीन अनशन पर बैठ गए।