Sep 30, 2026 Login

Good Morning India: एशियन गेम्स में बेटियों का कमाल, भारत की झोली में आया सातवां गोल्ड! ट्रंप ने बदला AI का नाम, अब कहलाएगा 'सुपर इंटेलिजेंस'! डेमोग्राफी कमेटी ने राज्यों से 'धार्मिक आबादी' का जिलावार डेटा मांगा! छात्रसंघ चुनाव- हल्द्वानी में बागी आर्यन बेलवाल बने अध्यक्ष

Good Morning India: Daughters shine at the Asian Games; India bags its seventh gold! Trump renames AI; it will now be called 'Super Intelligence'! Demography committee seeks district-wise 'religious

नमस्कार दोस्तों, आवाज इंडिया अपना खास कॉलम ‘गुड मॉर्निंग इंडिया’ लेकर एक फिर आपके समक्ष प्रस्तुत है। आईए आज के प्रमुख कार्यक्रमों पर नजर डालते हैं, आज से मोदी कैबिनेट की चिंतन बैठक का दूसरा चरण है। वहीं आज विपक्षी गठबंधन की नई दिल्ली में बैठक हो सकती है।

अब बड़ी खबरों की तरफ रुख करते हैं, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी AI ने पूरी दुनिया को चौंका कर रख दिया है। AI तेजी से विकसित हो रहा है और कई देशों के बीच अब इस क्षेत्र में आगे रहने की होड़ मची हुई है। इस बीच अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बड़ा ऐलान किया है। ट्रंप ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का नाम बदल दिया है। डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि यह AI नहीं है, हमने आधिकारिक तौर पर इसका नाम बदलकर SI कर दिया है। इसका मतलब है सुपर इंटेलिजेंस। बता दें कि डोनाल्ड ट्रंप ने मेटा के CEO मार्क जुकरबर्ग, गूगल के CEO सुंदर पिचाई, एलन मस्क और अन्य टेक दिग्गजों के साथ सुपर इंटेलिजेंस को लेकर बैठक भी की है। दरअसल, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक कार्यकारी आदेश पर हस्ताक्षर किया है। इस आदेश में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का नाम बदलकर सुपर इंटेलिजेंस करने की घोषणा की गई है। इस आदेश में कहा गया है- "संघीय सरकार द्वारा प्रयोग की जाने वाली शब्दावली इस तकनीक की क्रांतिकारी क्षमताओं और अमेरिकी लोगों के लिए इससे पैदा होने वाले असीमित अवसरों की झलक मिलनी चाहिए। इसलिए सुपर इंटेलिजेंस शब्द इस तकनीक की क्षमता, संभावनाओं और तेजी से बढ़ रही खूबियों को सही तरीके से प्रदर्शित करता है। इसलिए मेरे प्रशासन ने ये नीति बनाई है कि कानून के दायरे में रहते हुए एग्जीक्यूटिव ब्रांच 'आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस' और 'AI' की जगह 'सुपर इंटेलिजेंस' और 'SI' शब्दों का इस्तेमाल करेगी। किसी भी स्थिति में 'आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस' और 'AI' के प्रयोग की मान्यता नहीं मिलेगी।" बता दें कि डोनाल्ड ट्रंप इससे पहले भी AI के विकास को किसी भी तरह की रोकने की आवश्यकता को खारिज कर दिया था। ट्रंप ने कहा था कि AI दुनिया पर कब्जा कर लेगा, उसे निगल जाएगा और बर्बाद कर देगा, और रोबोट हमारे शहरों में घुस आएंगे और हम सबको खत्म कर देंगे। ये सब झूठ है।

इधर पाकिस्तानी आतंकवादी संगठन लश्कर-ए-तैयबा का मोस्ट वांटेड आतंकवादी मंगलवार को कश्मीर के बडगाम जिले के ऊंचाई वाले इलाके में राष्ट्रीय राइफल्स के साथ मुठभेड़ में मारा गया। सूत्रों के मुताबिक, मारे गए आतंकवादी की पहचान लश्कर-ए-तैयबा के टॉप कमांडर फौजी मूसा के तौर पर हुई है। वह जम्मू-कश्मीर में कई हमलों में शामिल होने के कारण वांछित था और 5 सितंबर को यूसमर्ग की पहाड़ियों में हुई मुठभेड़ से बच निकला था, जिसमें उसका करीबी साथी यासिर मारा गया था।  हालांकि, मारे गए आतंकवादी के बारे में अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। सेना ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में बताया कि अन्य सुरक्षा बलों के साथ मिलकर मध्य कश्मीर के कोराग, यूसमर्ग के सामान्य क्षेत्र में अभियान शुरू किया था। जवानों ने संदिग्ध गतिविधि देखी और चुनौती दिए जाने पर आतंकवादियों ने गोलीबारी शुरू कर दी, जिसके बाद भीषण गोलीबारी हुई, जिसमें एक आतंकवादी को मार गिराया गया। कई वर्षों से पीर पंजाल पर्वतमाला के दोनों ओर हुए कई हमलों में शामिल होने के कारण वांछित मूसा इस महीने की शुरुआत में यूसमर्ग की पहाड़ियों में हुई मुठभेड़ से बच निकला था। अधिकारियों के अनुसार, उसका करीबी सहयोगी यासिर पांच सितंबर को हुई उस मुठभेड़ में मारा गया था। अधिकारियों ने कहा कि मूसा का मारा जाना जम्मू-कश्मीर में लश्कर-ए-तैयबा के लिए सबसे बड़ा झटका माना जा रहा है।  

उधर नीरव मोदी से जुड़े पंजाब नेशनल बैंक (PNB) फ्रॉड केस में जांच एजेंसी सीबीआई को बड़ी सफलता मिली है। नीरव मोदी से जुड़े इस मामले के आरोपी संदीप मिस्त्री को यूएई से डिपोर्ट करके भारत लाया गया है। CBI ने विदेश मंत्रालय (MEA) और गृह मंत्रालय (MHA) के कोर्डिनेशन से यह कार्रवाई की है। संदीप मिस्त्री की नीरव मोदी से जुड़े PNB फ्रॉड केस में तलाश थी। CBI की मुंबई स्थित BSFB यूनिट ने उसे वांटेड घोषित किया था। उस पर फर्जी अंतरराष्ट्रीय व्यापार लेन-देन के जरिए बैंक धोखाधड़ी में शामिल होने का आरोप है। CBI के मुताबिक, मिस्त्री अलग-अलग कंपनियों के बीच महत्वपूर्ण कड़ी के तौर पर काम करता था। वह कंपनियों की रोजमर्रा की गतिविधियों की निगरानी करता था और सबूत छिपाने के लिए ऐसे गुप्त कम्युनिकेशन प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल करता था, जिनमें बातचीत अपने आप डिलीट हो जाती थी। उस पर हीरा, सोना और मोती की ज्वेलरी के फर्जी आयात-निर्यात दस्तावेज तैयार कराने में मदद करने का भी आरोप है। इसके अलावा, अन्य आरोपियों के साथ मिलकर विदेशी कंपनियों के डमी डायरेक्टरों पर दबाव डालने, उन्हें गिरफ्तारी की धमकी देने, उनके इलेक्ट्रॉनिक उपकरण कब्जे में लेने और कंपनियों का असली मालिक दिखाने वाले फर्जी दस्तावेजों पर हस्ताक्षर कराने का भी आरोप है।

इधर एशियन गेम्स में भारत ने आज की शुरुआत स्वर्ण से की है। तीरंदाजी में भारतीय महिला कंपाउंड टीम ने स्वर्ण पदक जीता है। ज्योति सुरेखा, पृथिका प्रदीप और चिखिता तनिपर्थी की तिकड़ी ने स्वर्ण पर निशाना साधा है। भारत ने फाइनल में चीन को चार अंकों के अंतर से हराया। भारतीय टीम ने 238 स्कोर किया, जबकि चीन का स्कोर 234 रहा। 238 के स्कोर के साथ ही भारतीय टीम ने वर्ल्ड रिकॉर्ड भी बना दिया। महिला कंपाउंड तीरंदाजी के फाइनल में सबसे ज्यादा स्कोर करने का रिकॉर्ड पहले दक्षिण कोरिया के नाम था। उन्होंने 2014 में 238 स्कोर बनाया था। भारतीय टीम ने इसकी बराबरी की। भारत का प्रदर्शन इतना दमदार था कि चीन हैरान रह गया। छह-छह शॉट के चार राउंड थे। यानी गोल्ड के लिए कुल 24 शॉट थे। भारत ने इनमें से 22 शॉट में परफेक्ट 10 का स्कोर बनाया। सिर्फ दो शॉट नौ पर जाकर लगे। 

उधर केंद्रीय गृह मंत्रालय के तहत बनी 'जनसांख्यिकीय बदलावों पर उच्च-स्तरीय समिति' ने राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से जिलों, औद्योगिक क्लस्टर और सीमावर्ती जिलों में पिछले 15 वर्षों में धार्मिक आबादी में आए बदलावों का डाटा मांगा है। समिति ने राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों को इस आशय का एक पत्र भेजकर 2011 से आदिवासी आबादी की धार्मिक संरचना का डाटा भी मांगा है। सरकार ने जस्टिस (सेवानिवृत्त) प्रकाश प्रभाकर नवलेकर की अध्यक्षता में इस समिति का गठन किया था। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 15 अगस्त, 2025 को हाई पावर्ड डेमोग्राफी मिशन की घोषणा की थी, जिसके फलस्वरूप उच्चस्तरीय समिति का गठन किया गया था। पत्र में राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से समिति ने "समय-क्रम के अनुसार डाटा" (जो वर्षों में आए बदलावों को दिखाए) के साथ-साथ राज्य सरकारों से आबादी में आए बड़े बदलावों पर उनका आकलन भी पूछा है। राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों से कहा गया है कि वे यह सुनिश्चित करें कि यह डाटा जहां तक संभव हो जिलों के सरकारी रिकॉर्ड में उपलब्ध आंकड़ों से इकट्ठा किया जाए।

इधर महाराष्ट्र के ठाणे स्थित मनोरमा नगर इलाके में शिवसेना (यूबीटी) गुट के विभाग प्रमुख प्रदीप पूर्णेकर पर अज्ञात हमलावरों ने फायरिंग कर दी। घटना कपूरबावड़ी पुलिस थाना क्षेत्र में आर मॉल के पास हुई। प्रदीप अपने दफ्तर में थे, तभी हथियार लेकर आए हमलावरों ने दफ्तर के अंदर ही उनके ऊपर ताबड़तोड़ फायरिंग की। हमले में पूर्णेकर को दो गोलियां लगीं, जिसके बाद उन्हें गंभीर हालत में पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया। देर रात उनकी इलाज के दौरान हो मौत हो गई। जानकारी के मुताबिक, प्रदीप पूर्णेकर पर दो अज्ञात और नकाबपोश हमलावरों ने गोलियां चलाईं और वारदात के बाद मौके से फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरातफरी का माहौल बन गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हमलावरों की पहचान करने के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। बता दें कि प्रदीप पूर्णेकर शिवसेना (यूबीटी) के विभाग प्रमुख थे और पूर्व सांसद राजन विचारे के करीबी माने जाते थे। उनके भाई जयनाथ पूर्णेकर ठाणे नगर निगम के पूर्व नगरसेवक रह चुके हैं। हमला मनपाड़ा के गणेश नगर स्थित पूर्णेकर के कार्यालय के पास होने की बात भी सामने आई है। हालांकि, घटना का सटीक स्थान और हमले की परिस्थितियों को लेकर पुलिस की जांच जारी है।

उधर ठंड की दस्तक के बीच मौसम विभाग ने अपना अलर्ट जारी कर दिया है। मौसम विभाग की भविष्यवाणी के मुताबिक आज यानी 30 सितंबर को दिल्ली, बिहार, उत्तर प्रदेश सहित 16 राज्यों में मूसलाधार बारिश हो सकती है। IMD ने इस दौरान 65 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान जताया है। मौसम विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि इस दौरान किसानों के साथ-साथ आम लोगों को भी सतर्क रहने की जरूरत है। मौसम विभाग के मुताबिक बंगाल की खाड़ी में तेज हवाएं चल रही हैं। उत्तर प्रदेश के पश्चिमी और उत्तरी भाग में ऊपरी हवा के साथ निचले क्षोभमंडल स्तर पर परिसंचरण मौजूद है। आईएमडी के मुताबिक 3 से ज्याा राज्यों में ओले गिरने की भी चेतावनी है। दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान, मध्य प्रदेश, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, केरल, पंजाब, छत्तीसगढ़, जम्मू-कश्मीर, असम, झारखंड, तेलंगाना, ओडिशा और पश्चिम बंगाल में भारी बारिश का अलर्ट है। 

अब उत्तराखण्ड की खबरों पर नजर डालते हैं, प्रदेश में छात्रसंघ चुनाव संपन्न हो गए हैं। रुद्रपुर के बाद हल्द्वानी में भी अध्यक्ष पद पर निर्दलीय प्रत्याशी ने बाजी मारी है। यहां एमबीपीजी कॉलेज छात्रसंघ चुनाव के सभी प्रमुख पदों के परिणाम देर रात जारी कर दिए गए हैं। अध्यक्ष पद पर निर्दलीय आर्यन बेलवाल ने 1723 वोट हासिल कर जीत दर्ज की। उन्हें 466 वोटों के अंतर से विजेता घोषित किया गया। NSUI के मेहुल शाह को 1257 वोट, जबकि ABVP के धीरज बिष्ट को 988 वोट मिले। इस पद पर कुल 4047 मत दर्ज किए गए। उपाध्यक्ष पद पर पूरन सिंह मेवाड़ी ने 1411 वोट हासिल कर जीत दर्ज की। उनके बाद वशिष्ठ कुमार को 1266, योगेश ब्रजवासी को 786, योगेश चन्द्र को 183 और नोटा को 140 वोट मिले। इस पद पर 277 मत निरस्त हुए और कुल 4063 मत दर्ज किए गए। उपाध्यक्ष छात्रा पद पर दीपा रैकुनी ने 1970 वोट हासिल किए और 303 वोटों के अंतर से जीत दर्ज की। श्रेया पाण्डे को 1667 वोट मिले। नोटा को 125 और 301 मत निरस्त हुए।

इधर देहरादून के डीएवी पीजी कालेज छात्रसंघ चुनाव में एक बार फिर अध्यक्ष पद पर अभाविप ने कब्जा जमाया। मंगलवार को भारी हंगामे के बीच हुए मतदान और मतगणना के बाद अभाविप के नवदीप राणा अध्यक्ष निर्वाचित हुए। उन्होंने एनएसयूआइ के सौरभ सेमवाल को 94 मतों से हराया। अध्यक्ष पद पर चार प्रत्याशी मैदान में थे। आर्यन छात्र संगठन के अमित सिंह तीसरे स्थान पर रहे, जबकि वायस आफ स्टूडेंट्स की तान्या को 36 मत मिले। छह पदों के लिए हुए चुनाव में कुल 28 प्रत्याशियों ने दावेदारी की थी। उपाध्यक्ष पद पर एसएफआइ के शैलेंद्र सिंह ने हर्ष रावल को 785 मतों से पराजित किया। सचिव पद पर निर्दलीय नीलांश ने सत्यम शिवम छात्र संगठन के दीपक राणा को 402 मतों से हराया। सह-सचिव (छात्रा आरक्षित) पद पर अनुष्का ठाकुर ने अनुष्का नौटियाल को 306 मतों के अंतर से हराया। कोषाध्यक्ष पद पर अंजलि भट्ट ने अनुष्का को 423 मतों से मात दी।

उधर हरिद्वार जिले के रुड़की गंगनहर कोतवाली क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां पनियाला गांव में उस समय हड़कंप मच गया जब बाइक सवार दो हमलावरों ने हिंदू रक्षा दल के जिलाध्यक्ष विशाल चौहान को गोली मार दी। गोली लगने के बाद विशाल लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा। वारदात को अंजाम देने के बाद बाइक सवार दोनों हमलावर मौके से फरार हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने घायल विशाल को उपचार के लिए रुड़की के सिविल अस्पताल पहुंचाया, जहां पर उसका इलाज चल रहा है। फिलहाल पुलिस बाइक सवार बदमाशों की तलाश में जुटी हुई है। जानकारी के मुताबिक, रुड़की गंगनहर कोतवाली क्षेत्र के पनियाला गांव निवासी विशाल चौहान (उम्र 26 वर्ष) पुत्र प्रवीण चौहान कार में सवार होकर किसी काम से से जा रहा था। इसी दौरान बाइक सवार दो अज्ञात बदमाशों ने उसे निशाना बनाते हुए फायरिंग कर दी। गोली कंधे को छूकर निकलने से विशाल घायल गंभीर रूप से घायल हो गया। गोली चलने की आवाज से मौके पर हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही तत्काल पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायल अवस्था में विशाल को रुड़की के सिविल अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया गया।

इधर हरिद्वार के बहादराबाद कोतवाली क्षेत्र के शांतरशाह गांव के पास हुए हैप्पी हत्याकांड में पुलिस ने मंगलवार को मुख्य आरोपी इस्तकार उर्फ इस्तयाक पुत्र वहीद निवासी शांतरशाह को सहारनपुर के छुटमलपुर फ्लाईओवर के पास से गिरफ्तार किया। आरोपी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल 315 बोर का तमंचा, खोखा कारतूस और खून सनी शर्ट बरामद की गई है। इससे पहले पुलिस मुठभेड़ के बाद आरोपी मुदस्सिर को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। पुलिस पूछताछ में इस्तकार ने मुदस्सिर और शादाब के साथ मिलकर पुरानी रंजिश के कारण हैप्पी की हत्या करने की बात बताई है। इस्तकार पर पुलिस ने दस हजार का इनाम भी घोषित किया था। घटना के मुताबिक, 14 सितंबर को पतंजलि रोड स्थित देव धर्मकांटा, शांतरशाह के पास 28 वर्षीय बाइक मैकेनिक हैप्पी की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। मृतक के भाई कपिल की तहरीर पर बहादराबाद कोतवाली में हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया था। घटना के बाद एसएसपी नवनीत सिंह ने पुलिस टीमों का गठन किया था। पुलिस टीम ने बहादराबाद क्षेत्र में मुठभेड़ के दौरान मुदस्सिर नाम के बदमाश को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। जबकि वारदात में शामिल चार अन्य बदमाश फरार चल रहे थे।