Sep 29, 2026 Login

Good Morning India: FBI की 'मोस्ट वांटेड' लिस्ट में आया गोल्डी बराड़, रखा 10 लाख डॉलर का इनाम! म्यांमार में भीषण हवाई हमला, 49 लोगों की मौत! सोशल मीडिया पर नाबालिगों की सुरक्षा को लेकर सुप्रीम कोर्ट सख्त! यूपी सड़क हादसे में उजड़ गया उत्तराखंड का परिवार

Good Morning India: Goldy Brar added to FBI's 'Most Wanted' list; $1 million reward announced! Massive airstrike in Myanmar leaves 49 dead! Supreme Court takes a tough stance on the safety of minors

नमस्कार दोस्तों, आवाज इंडिया अपना खास कॉलम ‘गुड मॉर्निंग इंडिया’ लेकर एक फिर आपके समक्ष प्रस्तुत है। आईए आज के प्रमुख कार्यक्रमों पर नजर डालते हैं, वित्त मंत्री के कतर दौरे का आज आखिरी दिन है। वहीं आज कांग्रेस की दलित-आदिवासी स्वाभिमान बैठक होगी।

अब बड़ी खबरों की तरफ रुख करते हैं, अमेरिका की जांच एजेंसी एफबीआई ने कुख्यात गैंगेस्टर सतिंदरजीत सिंह (गोल्डी बराड़) को अपनी 10 मोस्ट वांटेड भगोड़े की सूची में शामिल किया है। गोल्डी बराड़ पर लॉरेंस बिश्नोई ऑर्गनाइज्ड क्राइम ग्रुप से कथित तौर पर जुड़े होने का आरोप है।  सतिंदरजीत सिंह उर्फ गोल्डी बराड़ की गिरफ्तारी में मदद करने और जानकारी देने वाले व्यक्ति को 10 लाख डॉलर (करीब 8.3 करोड़ रुपये) तक का इनाम देने की घोषणा की गई है। बता दें कि लॉरेंस बिश्नोई इस समय भारत की जेल में बंद है और कथित तौर पर जेल के अंदर से ही एक बड़ा आपराधिक नेटवर्क चला रहा है। कहा जाता है कि उसके ग्रुप में सैकड़ों शूटर हैं। हाल ही में भारत में हुई कई हत्याओं में लॉरेंस बिश्नोई का नाम चर्चा में आया था, जिसमें पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला और मुंबई में एनसीपी नेता बाबा सिद्दीकी की हत्या प्रमुख है। FBI के मुताबिक, यह गिरोह दक्षिणी कैलिफोर्निया के साथ-साथ अमेरिका और कनाडा में विभिन्न हिंसक गतिविधियों में कथित रूप से शामिल है। गोल्डी बराड़ को हथियारबंद, खतरनाक और भागने की फिराक में रहने वाला माना जाना चाहिए। 1 जुलाई को, यूनाइटेड स्टेट्स डिस्ट्रिक्ट कोर्ट में गोल्डी के खिलाफ गिरफ्तारी का फेडरल वारंट जारी किया गया था। उस पर 'रैकेटीयर इन्फ़्लुएंस्ड एंड करप्ट ऑर्गेनाइज़ेशन्स' (RICO) साजिश (जबरन वसूली के जरिए व्यापार में दखल देने की साजिश और कोशिश) और प्रतिबंधित पदार्थों को बांटने और बांटने के इरादे से उन्हें अपने पास रखने की साजिश के आरोप लगाए गए थे।

उधर म्यांमार की सेना ने ताकतवर विद्रोही गुट के कब्जे वाले इलाके में एक बाजार के पास भीषण हवाई हमला किया है। इस हमले में कम से कम 49 लोगों की मौत हो गई। 58 लोग घायल हुए हैं। हवाई हमले के बाद से इलाके में हड़कंप मच गया। म्यांमार के पश्चिमी रखाइन राज्य में हुआ यह हमला, देश भर में लोकतंत्र समर्थक विद्रोही गुटों और जातीय सशस्त्र समूहों के खिलाफ किए जा रहे घातक हवाई हमलों की कड़ी में सबसे ताजा घटना है। सोमवार को यह हमला क्याउक्ताव टाउनशिप में हुआ। यह इलाका देश के दूसरे सबसे बड़े शहर मांडले से लगभग 340 किलोमीटर (210 मील) पश्चिम में है। क्याउक्ताव पर रखाइन स्थित एक ताकतवर जातीय सशस्त्र समूह, 'अराकान आर्मी' का नियंत्रण है। इस हमले की जानकारी की स्वतंत्र रूप से पुष्टि करना संभव नहीं था।  मंगलवार तड़के जारी एक बयान में अराकान आर्मी ने कहा कि दोपहर के समय एक लड़ाकू विमान ने स्थानीय बाजार के पास दो बम गिराए, जिसमें सामान बेचने वाले, खरीदार और पैदल चलने वाले लोग मारे गए। समूह ने बताया कि 58 अन्य लोग घायल हुए, जिनमें से 22 की हालत गंभीर है। 

इधर सुप्रीम कोर्ट ने सोमवार को केंद्र सरकार को ऐसे कानूनी नियम बनाने के निर्देश दिए, जो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स के लिए नाबालिगों से जुड़े भारतीय कानूनों का पालन करना अनिवार्य बनाएं। इसमें स्वतंत्र रूप से सोशल मीडिया अकाउंट बनाने के लिए कम से कम 18 वर्ष की आयु सीमा लागू करना भी शामिल है। यह मामला मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत, न्यायमूर्ति जॉयमाल्या बागची और न्यायमूर्ति वी. मोहाना की पीठ के सामने आया। अदालत 'जस्ट राइट्स फॉर चिल्ड्रन एलायंस' नाम के गैर-सरकारी संगठन (NGO) द्वारा दायर एक याचिका पर सुनवाई कर रही थी। एनजीओ ने 18 साल से कम उम्र के बच्चों को स्वतंत्र रूप से सोशल मीडिया अकाउंट बनाने और उनका इस्तेमाल करने से रोकने के लिए कड़े सुरक्षा इंतजाम और डिजिटल रुकावटें (फायरवॉल) लगाने की मांग की थी। अदालत में एनजीओ की तरफ से वरिष्ठ वकील एच. एस. फुल्का और केंद्र सरकार की तरफ से सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता पेश हुए। सर्वोच्च अदालत का ध्यान ऑनलाइन ग्रूमिंग, सेक्सटॉर्शन, साइबर बुलिंग (इंटरनेट पर मानसिक रूप से परेशान करना) और यौन शोषण जैसे गंभीर खतरों की ओर खींचा गया। पीठ को यह भी बताया गया कि उम्र की सही जांच न होने के कारण बच्चों के डेटा का गलत इस्तेमाल हो रहा है। पीठ ने सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता से कहा, आपको इसकी जांच करनी चाहिए। सोशल मीडिया अकाउंट खोलने के लिए डिजिटल सेवा की शर्तों पर सहमति देनी होती है, जो कि एक कानूनी अनुबंध (कॉन्ट्रैक्ट) की तरह काम करता है।

उधर भारतीय दूरसंचार नियामक प्राधिकरण (ट्राई) ने टेलीकॉम कंपनियों को निर्देश दिया है कि वे उपभोक्ता की शिकायत का इंतजार किए बिना अपने एआई-आधारित सिस्टम द्वारा पहचाने गए स्पैम नंबरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करें। ट्राई की ओर से सोमवार को जारी अधिसूचना में कहा गया है कि टेलीकॉम ऑपरेटरों को स्पैम काल पकड़ने के लिए एआइ का उपयोग करना होगा। यदि कोई इनकमिंग कॉल 'सस्पेक्टेड स्पैम' के रूप में चिह्नित होती है, तो टेलीकाम ऑपरेटर को दो घंटे के भीतर उस कंपनी से विवरण साझा करना होगा, जहां से कॉल आई है।  ट्राई के अनुसार, टेलीकॉम ऑपरेटर को स्पैम काल करने वाले का केवाईसी फिर से शुरू करना होगा। अगर यह पाया जाता है कि पिछले 10 दिनों में सेंडर के पांच या उससे ज्यादा सीएलआई (लाइन आइडेंटिफिकेशन) की पहचान की गई है, तो सभी संबंधित ऑपरेटर को उसके खिलाफ कार्रवाई करनी होगी।

इधर पश्चिमी विक्षोभ उत्तर भारत में सक्रिय होने के कारण जम्मू-कश्मीर से उत्तराखंड तक पहाड़ों पर बर्फबारी और मैदान में भारी बारिश जारी है। इससे पारा 10 डिग्री तक गिरा है। केदारनाथ मार्ग में लगातार दूसरे दिन भूस्खलन के बाद यात्रा रोक दी गई है। चट्टान की चपेट में आने से एक बच्चे की मौत हो गई, जबकि रास्ते पर मलबा आने से 1,500 से अधिक श्रद्धालु फंस गए, जिन्हें मुश्किल से सुरक्षित निकाल कर गौरीकुंड पहुंचाया गया। मौसम विभाग ने मौजूदा हालात पर सोमवार आधी रात के बाद करीब ढाई बजे अपडेट दिया। इसके मुताबिक उत्तरी अंडमान सागर और उससे सटे म्यांमार तट पर बना गहरा निम्न दबाव पिछले 6 घंटों में 13 किमी प्रति घंटे की गति से उत्तर-उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ा है। मौसम विभाग के मुताबिक, उत्तर प्रदेश के ऊपर बना निम्न दबाव का क्षेत्र अब कमजोर हो गया है, लेकिन चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र अभी भी बना हुआ है। वहीं, एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है। इसके चलते ही सोमवार को उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल, राजस्थान, बिहार और अंडमान-निकोबार में गरज के साथ बौछारें पड़ीं। वहीं, मराठवाड़ा, ओडिशा, पूर्वी असम, सिक्किम और अरुणाचल प्रदेश में अलग-अलग स्थानों पर हल्की बारिश हुई। 

उधर अरबपति एलन मस्क की स्वामित्व वाली कंपनी SpaceX ने सोमवार को पहली बार अपने विशाल स्टारशिप को ऑर्बिट में लॉन्च किया है। स्टारशिप ने अभी तक के सबसे आधुनिक स्टारलिंक सैटेलाइट्स को सफलतापूर्वक ऑर्बिट में पहुंचा दिया है। हालांकि, सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए स्टारशिप की उड़ान को जल्दी ही खत्म कर दिया गया। स्टारशिप विमान ने टेक्सास से उड़ान भरी थी और ये प्रशांत महासागर के ऊपर वापस लौटा और हवाई द्वीप के उत्तर में पानी में उतरा। स्पेसएक्स का मकसद 10 घंटे की उड़ान को पूरा करना था जिसमें पृथ्वी के चारों ओर 6 चक्कर लगाए जाने थे। इसका मकसद नासा के आगामी 'आर्टेमिस मून मिशन' के लिए अपनी तैयारी को साबित करना था। एपी की रिपोर्ट के मुताबिक, SpaceX का स्टारशिप जैसे ही पानी में उतरा, ये पलट गया और इसमें आग लग गई। जानकारी के अनुसार, स्टारशिप ऑर्बिट तक पहुंचने में करीब-करीब नाकाम ही हो गया था। इसका एक इंजन समय से पहले ही बंद हो गया था। हालांकि, इसके बाकी सभी सिस्टमम ठीक तरह से काम कर रहे थे। ऐसे में खराब इंजन की जरूरत नहीं थी। इसलिए उड़ान के कुछ मिनट तो तनावपूर्ण रहे लेकिन फिर फ्लाइट कंट्रोलर्स ने प्लानिंग के मुताबिक ही आगे बढ़ने का फैसला किया। इसके बाद मिशन कंट्रोल ने शोर के बीच घोषणा करते हुए बताया- "स्टारशिप ऑर्बिट में है।" इसके कुछ ही देर बाद कंट्रोल रूम ने स्टारशिप की उड़ान को समय से पहले खत्म करने का फैसला किया। स्पेसएक्स ने एक ऑनलाइन अपडेट में जानकारी दी है कि इंजन में शुरुआती खराबी की वजह से "बहुत ज्यादा सावधानी बरतते हुए" यह फैसला किया गया है।

इधर राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) की विशेष अदालत ने प्रतिबंधित आतंकी संगठन इस्लामिक स्टेट (ISIS) के 'वॉइस ऑफ हिंद' आतंकी साजिश मामले में 4 दोषियों को सजा सुनाई है। अदालत ने 3 दोषियों उमर निसार उर्फ कासिम खुरासानी, रमीज अहमद लोन और तनवीर अहमद भट को 6-6 साल की कठोर कैद की सजा सुनाई है, जबकि अफशान परवेज जराबी को 5 साल की कठोर कैद की सजा दी गई है। चारों पर अलग-अलग जुर्माना भी लगाया गया है। राउज एवेन्यू जिला अदालत परिसर स्थित NIA की स्पेशल कोर्ट-01 ने सोमवार को यह फैसला सुनाया। अदालत ने उमर निसार पर 36 हजार रुपये, रमीज अहमद लोन पर 31 हजार रुपये, तनवीर अहमद भट पर 23 हजार रुपये और अफशान परवेज जराबी पर 9 हजार रुपये का जुर्माना लगाया है। सभी दोषियों की सजाएं एक साथ चलेंगी। इससे पहले विशेष अदालत ने 17 सितंबर को चारों आरोपियों को दोषी करार दिया था। अदालत ने उन्हें आपराधिक साजिश और गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम (UAPA) तथा भारतीय दंड संहिता (IPC) की विभिन्न धाराओं के तहत दोषी पाया था।

उधर इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने इस वीकेंड गुप्त रूप से संयुक्त अरब अमीरात (UAE) की यात्रा की। इस यात्रा का मकसद UAE के राष्ट्रपति से उन खबरों का खंडन करने के लिए कहना था, जिनमें कहा गया था कि उन्होंने इजरायली नेता को हमास के उस हमले के बारे में चेतावनी दी थी जो 7 अक्टूबर, 2023 को दक्षिणी इजरायल पर हुआ था। इजरायली नेता की यात्रा की जानकारी रखने वाले दो लोगों ने सोमवार को इस बात की पुष्टि की। उनके मुताबिक नेतन्याहू और UAE के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान के बीच रविवार को बैठक हुई थी। बता दें कि नेतन्याहू की यात्रा की खबर सबसे पहले इजरायल के चैनल 12 टीवी स्टेशन ने दी थी। इस मामले की जानकारी रखने वाले एक व्यक्ति ने बताया कि बातचीत का मुख्य विषय इजरायली अखबार 'हारेट्ज़' में इस महीने की शुरुआत में छपी एक रिपोर्ट थी। इस रिपोर्ट में कहा गया था कि अमीराती नेता ने नेतन्याहू को हमास के हमले के बारे में चेतावनी दी थी, जो 7 अक्टूबर, 2023 को हुआ था और जिसके कारण युद्ध शुरू हुआ। बैठक के बारे में प्रत्यक्ष जानकारी रखने का दावा करने वाले व्यक्ति के अनुसार, नेतन्याहू ने शेख मोहम्मद से उस रिपोर्ट का खंडन करने को कहा। वहीं नेतन्याहू के कार्यालय ने पहले ही 'हारेट्ज़' की रिपोर्ट का खंडन किया था। उस व्यक्ति ने और बैठक के बारे में जानकारी रखने वाले एक क्षेत्रीय अधिकारी ने नाम न बताने की शर्त पर इस गुप्त यात्रा के बारे में बात की। UAE के विदेश मंत्रालय ने बैठक के बारे में खबरों पर टिप्पणी करने से इनकार कर दिया है। लेकिन उसने कहा कि वह इजरायल के साथ "खुले और सीधे संचार माध्यम" बनाए रखता है और "सभी संबंधित खुफिया जानकारी" साझा करता है। वहीं नेतन्याहू के कार्यालय की ओर से इस पर कोई तत्काल टिप्पणी नहीं आई।

इधर चीन की राजधानी बीजिंग से एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां गर्मी से राहत पाने के लिए 10 मिनट के भीतर 1.5 लीटर कोका-कोला पीने से एक 22 वर्षीय युवक की जान चली गई। डेली मेल की रिपोर्ट के अनुसार, इतनी तेजी से सॉफ्ट ड्रिंक पीने के कारण युवक के शरीर में गैस का खतरनाक स्तर बन गया। इससे उसके लिवर तक ऑक्सीजन की आपूर्ति बाधित हो गई, जिससे उसकी मौत हो गई। ड्रिंक पीने के छह घंटे बाद पेट में तेज दर्द और सूजन की शिकायत पर युवक को बीजिंग के चाओयांग अस्पताल ले जाया गया। शुरुआती जांच में मरीज की दिल की धड़कन तेज, सांसें उथली, ब्लड प्रेशर बेहद कम और वह इस्केमिक हेपेटाइटिस (शॉक लिवर) से पीड़ित पाया गया। डॉक्टरों के अनुसार, यह स्थिति लिवर में खून का बहाव रुकने से पैदा होती है। 'क्लिनिक्स एंड रिसर्च इन हेपेटोलॉजी एंड गैस्ट्रोएंटरोलॉजी' जर्नल में प्रकाशित रिपोर्ट के मुताबिक, तेजी से सोडा पीने के कारण उसकी आंतों में अत्यधिक गैस बनी, जो बाद में लिवर की मुख्य रक्त वाहिका में रिस गई। डॉक्टरों ने उसे बचाने के लिए दवाएं दीं और लिवर का नुकसान रोकने का प्रयास किया, लेकिन 12 घंटे बाद आई रिपोर्ट में गंभीर क्षति की पुष्टि हुई।

अब उत्तराखण्ड की खबरों पर नजर डालते हैं, यूपी के पीलीभीत जिले में हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में उत्तराखंड निवासी तीन लोगों मौत हो गई। बताया जाता है कि ये सभी उधम सिंह नगर जिले के शक्तिफार्म इलाके के रहने वाले है, जो पलिया जा रहे थे। इस दौरान बीच रास्ते में पूरनपुर-खुटार हाईवे पर चीनी मिल के पास उनकी कार की तेज रफ्तार डंपर से टक्कर हो गई। इस हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी के अनुसार मृतकों की शिनाख्त साधना गायन, साधना की सास और उनके देवर तारक के रूप में हुई है। वहीं इस हादसे में साधना गायन की 16 साल की बेटी खुशबू और 14 साल का बेटा सनातनु घायल हुआ है। हादसे में घायल हुए बच्चों को पुलिस और स्थानीय लोगों ने एंबुलेंस की मदद से पास के हॉस्पिटल में भर्ती कराया था। खुशबू की हालत गंभीर बताई जा रही है। 

इधर हरिद्वार में तैनात एक महिला पुलिसकर्मी ने अपने ही दफ्तर में नियुक्त होमगार्ड पर गंभीर आरोप लगाया है। आरोप है कि होमगार्ड ने महिला पुलिसकर्मी के साथ छेड़छाड़ की है। ये मामले हरिद्वार एसएसपी के पास भी पहुंचा है, जिसके बाद हरिद्वार एसएसपी ने जांच के आदेश दिए हैं। साथ ही सिडकुल थाने में मुकदमा भी दर्ज किया गया है। आरोप है कि होमगार्ड लगातार महिला पुलिसकर्मी का पीछा कर रहा था। इनता ही आरोपी होमगार्ड न सिर्फ महिला पुलिसकर्मी को परेशान किया, बल्कि उसके साथ बदसलूकी भी की। महिला कांस्टेबल के मना करने पर भी जब आरोपी होमगार्ड नहीं माना तो पीड़िता ने हरिद्वार एसएसपी से मामले की शिकायत की। एसएसपी के निर्देश पर सिडकुल थाना में मुकदमा दर्ज कर लिया गया। पुलिस के अनुसार महिला कांस्टेबल ने शिकायत देकर तहरीर में बताया कि कार्यालय में नियुक्त होमगार्ड उसे आए दिन परेशान करता है। उसने कई बार उसे समझाने का प्रयास किया, लेकिन इसके बाद भी उसकी हरकतें बंद नहीं हुईं। 

उधर उत्तराखंड के दो युवाओं ने वैश्विक मंच पर देश का मान बढ़ाया है। शंघाई, चीन में आयोजित 48वीं वर्ल्ड स्किल्स प्रतियोगिता में देहरादून की सानिया जोशी और पार्थ वोहरा ने भारत के लिए रजत पदक जीते। सानिया ने रिटेल सेल्स और पार्थ ने औद्योगिक डिजाइन तकनीक कौशल में अपनी दक्षता का लोहा मनवाया। 22 से 27 सितंबर तक चली प्रतियोगिता में भारत ने छह रजत पदक व 20 मेडलियन फार एक्सीलेंस हासिल करते हुए 10वां स्थान प्राप्त किया, जो वर्ल्ड स्किल्स में भारत का अब तक का सर्वश्रेष्ठ वैश्विक प्रदर्शन बताया गया है। भारत ने छह रजत पदक व 20 मेडलियन फार एक्सीलेंस हासिल करते हुए 10वां स्थान प्राप्त किया, जो वर्ल्ड स्किल्स में भारत का अब तक का सर्वश्रेष्ठ वैश्विक प्रदर्शन बताया गया है। वर्ल्ड स्किल्स को तकनीकी दक्षता, नवाचार, सृजनात्मकता और व्यावसायिक कौशल के लिए दुनिया के प्रमुख अंतरराष्ट्रीय मंचों में गिना जाता है। इस बार करीब 1400 प्रतिभागियों ने 64 विभिन्न कौशल विधाओं में प्रतिभाग किया।

इधर दून विश्वविद्यालय की मेस में सोमवार रात परोसे गए खाने में कीड़ा मिलने के बाद छात्रों का गुस्सा फूट पड़ा। मेस की व्यवस्था और भोजन की गुणवत्ता को लेकर नाराज छात्र-छात्राओं ने देर रात कुलपति आवास का घेराव किया।  छात्राओं ने नारेबाजी करते हुए मेस व्यवस्था में सुधार की मांग उठाई। बड़ी संख्या में छात्रों के कुलपति आवास पहुंचने की सूचना पर विश्वविद्यालय प्रशासन में भी हलचल मच गई। पुलिस और चीफ प्रॉक्टर मौके पर पहुंचे और छात्रों से बातचीत की। छात्रों का कहना था कि मेस के खाने की गुणवत्ता को लेकर पहले भी शिकायतें की गई हैं। उनका आरोप था कि शिकायतों के बावजूद व्यवस्था में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ। सोमवार रात भोजन में कीड़ा मिलने के बाद छात्राएं पहले विरोध जताने लगीं और बाद में समूह के साथ कुलपति आवास पहुंच गईं। कुछ देर में अन्य छात्र भी वहां जुट गए। छात्रों ने मेस के भोजन की गुणवत्ता की जांच कराने, साफ-सफाई पर ध्यान देने और भोजन व्यवस्था की नियमित निगरानी की मांग रखी।