Good Morning India: दुनिया में योग दिवस की धूम, भारत में जबरदस्त उत्साह! जंग के बीच ईरान ने भारत के लिए खोला एयरस्पेस, उत्तराखण्ड के कुमाऊं मंडल पुलिस विभाग में बंपर तबादले, बदले गए 101 दरोगा! जानें 21 जून को ही क्यों मनाया जाता है योग दिवस?

Good Morning India: Yoga Day celebrated all over the world, tremendous enthusiasm in India! Iran opens airspace for India amidst war, bumper transfers in Kumaon Mandal Police Department of Uttarakhan

नमस्कार दोस्तों, आवाज 24X7 अपने खास कॉलम "गुड मॉर्निंग इंडिया" लेकर एक फिर आपके समक्ष प्रस्तुत है। आईए अभी तक की प्रमुख खबरों और आज के प्रमुख कार्यक्रमों पर नजर डालते हैं। शुरुआत आज की उन खबरों से करते हैं जिनपर सभी की नजर रहेगी। आज भारत-इंग्लैंड के बीच पहले टेस्ट का दूसरा दिन है। लीड्स के मैदान पर इंडिया ने पहले दिन 351 रन बनाए हैं।

अब बड़ी खबरों पर नजर डालते हैं, दुनियाभर में शनिवार को 11वां योग दिवस मनाया जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी विशाखापट्टनम में 3 लाख लोगों और 40 देशों के राजनयिक के साथ योग कर रहे हैं। इस मौके पर पीएम मोदी ने कहा कि योग का मतलब होता है- जोड़ना। और ये देखना सुखद है कि कैसे योग ने पूरी दुनिया को जोड़ा है। उन्होंने कहा कि वो दिन जब संयुक्त राष्ट्र में भारत ने 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के रूप में मान्यता दिए जाने का प्रस्ताव रखा तो कम से कम समय में 175 देश हमारे प्रस्ताव के साथ खड़े हुए। आज की दुनिया में ऐसी एकता और ऐसा समर्थन सामान्य बात नहीं है। ये सिर्फ एक प्रस्ताव का समर्थन नहीं था। बल्कि मानवता के भले के लिए दुनिया का सामूहिक प्रयास था। बता दें कि योग न केवल आपकी फिजिकल हेल्थ पर बल्कि आपकी मेंटल हेल्थ पर भी ढेर सारे पॉजिटिव असर डाल सकता है। 21 जून का दिन साल का सबसे लंबा दिन होता है। इस खास दिन को ग्रीष्म संक्रांति के नाम से भी जाना जाता है। कहा जाता है कि 21 जून के दिन सूर्य की किरणें सबसे ज्यादा देर तक धरती पर पड़ती हैं। इस दिन के खास महत्व की वजह से ही भारत ने अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के लिए 21 जून की तारीख तय की थी।

इधर योग दिवस पर पूरे उत्तराखंड से शानदार तस्वीरें सामने आ रही हैं। यहां देहरादून पुलिस लाइन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, राज्यपाल और कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल के साथ योग कर रही हैं। वहीं सीएम पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में आज अंतरराष्ट्रीय योग दिवस भराड़ीसैण में कई कार्यक्रम आयोजित होंगे। भराड़ीसैंण (गैरसैंण) में 8 देशों के 10 राजदूत व प्रतिनिधि और योग गुरु पद्मश्री स्वामी भारत भूषण भी कार्यक्रम के लिए पहुंचे हैं।

उधर इजराइल-ईरान जंग के बीच ईरान ने भारत के लिए एयरस्पेस खोला। भारत सरकार ऑपरेशन सिंधु के तहत एक हजार से ज्यादा फंसे स्टूडेंट्स को वापस लाएगी। अगले 2 दिन में भारतीय छात्र दिल्ली आएंगे। अब तक 300 स्टूडेंट्स लौट चुके हैं। ईरान ने इजराइल के बीर्शेबा शहर पर बैलिस्टिक मिसाइल भी दागीं, जो माइक्रोसॉफ्ट ऑफिस के नजदीक गिरी। 13 जून से जारी जंग में 657 ईरानी, जबकि 24 इजराइली मारे जा चुके हैं।

इधर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ओडिशा के भुवनेश्वर में रोड शो किया और 18,600 करोड़ रुपए के डेवलपमेंट प्रोजेक्ट्स लॉन्च किए। इस दौरान उन्होंने कहा कि साथियों 2 दिन पहले मैं कनाडा में G7 समिट के लिए था। ट्रम्प ने कहा अमेरिका होकर जाइए। मैंने अमेरिका के राष्ट्रपति को कहा- आपका निमंत्रण के लिए धन्यवाद मुझे तो महाप्रभु की धरती पर जाना बहुत जरूरी है। इससे पहले PM ने बिहार के सीवान में करीब 10 हजार करोड़ की योजनाओं का शिलान्यास किया। साथ ही पाटलिपुत्र-गोरखपुर वंदे भारत को हरी झंडी दिखाई। PM ने RJD और कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा कि पंजे और लालटेन के शिकंजे ने बिहार को पलायन का प्रतीक बना दिया था। आपने मिलकर बिहार में जंगलराज का सफाया किया है।

उधर पाकिस्तान के डिप्टी PM इशाक डार ने पहली बार माना कि भारत ने उनके दो बड़े एयरबेस नूर खान और शोरकोट एयरबेस पर हमला किया था। डार ने जियो न्यूज से कहा, '6-7 मई की रात पाकिस्तान जवाबी हमला करने की तैयारी कर रहा था, तभी भारत ने दोबारा स्ट्राइक की और नूरखान-शोरकोट एयरबेस को निशाना बनाया। सीजफायर के लिए सऊदी प्रिंस ने पहल की थी, हमारे हां कहने पर उन्होंने भारत से बात की।'

इधर स्विस बैंकों में भारतीयों का जमा पैसा 2023 के मुकाबले 2024 में तीन गुना बढ़कर 3.5 अरब स्विस फ्रैंक हो गया है। भारतीय रुपए में ये रकम करीब 37,600 करोड़ रुपए होती है। ये पैसा भारतीय व्यक्तियों और कंपनियों का है, जो स्विस बैंकों में जमा है, लेकिन ज्यादातर बढ़ोतरी बैंकों और वित्तीय संस्थानों के जरिए आए फंड्स से हुई है।

उधर अहमदाबाद प्लेन क्रैश के बाद 9 दिन में अलग-अलग वजहों से अब तक 87 उड़ानें रद्द हो चुकी हैं। इनमें एअर इंडिया की 85 और दूसरी एयरलाइन की 3 फ्लाइट शामिल हैं। बीते दिन एअर इंडिया ने 9 फ्लाइट्स कैंसिल की, जिनमें 4 इंटरनेशनल और 5 डोमेस्टिक हैं। एयरलाइंस ने बताया कि मेंटेनेंस और ऑपरेशनल वजहों से उड़ानों को रद्द किया गया है।

इधर मानसून ने शुक्रवार को हिमाचल प्रदेश,उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर में एंट्री कर ली। यूपी में भी मानसून और आगे बढ़ा है। अब सिर्फ दिल्ली, हरियाणा, चंडीगढ़ और पंजाब में ही मानसून का पहुंचना बाकी है। भारी बारिश के चलते गुजरात के अहमदाबाद, वापी और राजकोट में सड़क, घरों और दुकानों में पानी भर गया। महाराष्ट्र के नासिक में भारी बारिश से गोदावरी नदी का जलस्तर बढ़ा है। झांसी में 10 साल का रिकॉर्ड टूटा है। शुक्रवार को 28.7°C के साथ झांसी प्रदेश में सबसे ठंडा रहा।

उधर कोलंबियाई डेयरी कंपनी 'अल्पिना' ने दुनिया का सबसे बड़ा चीज टेस्टिंग इवेंट होस्ट करने का रिकॉर्ड बनाया। कंपनी ने ये इवेंट अपनी 80वीं सालगिरह पर रखा था, जिसमें 1180 लोग शामिल हुए। चीज के शौकीन लोगों ने इवेंट के दौरान 3 तरह के चीज को चखा।

इधर पेरिस डायमंड लीग 2025 में नीरज चोपड़ा ने तिरंगा लहरा दिया है। वह 88.16 का थ्रो फेंककर सभी प्लेयर्स से आगे रहे। पिछले दो बार से वह जर्मनी के जूलियन वेबर से पीछे चल रहे थे, लेकिन पेरिस डायमंड लीग 2025 में उन्होंने वेबर को कोई मौका नहीं दिया और पहले स्थान पर कब्जा कर लिया।

अब उत्तराखण्ड की खबरों की तरफ रुख करते हैं, 30 जून को राज्य के मैदानी क्षेत्रों में बाढ़ के दौरान प्रभावी तरीके से राहत और बचाव कार्यों को संचालित करने के लिए मॉक ड्रिल का आयोजन किया जाएगा। सचिव आपदा प्रबंधन विनोद कुमार सुमन की अध्यक्षता में मॉक ड्रिल की तैयारी को लेकर ओरिएंटेशन और कोऑर्डिनेशन कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया गया। इस दौरान सभी जनपदों को मॉक ड्रिल कराने को लेकर विभिन्न पहलुओं के बारे में विस्तारपूर्वक बताया गया।

इधर उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में बारिश का दौर जारी है। बारिश के कारण नदी नाले उफान पर हैं। टिहरी गढ़वाल में भी तेज बारिश होने से आपदा जैसे हालात पैदा हो गये। यहां बारिश के कारण कई जगहों पर भूस्खलन की घटनाएं हुई हैं। जिससे लोगों की परेशानियां बढ़ गई हैं। नरेंद्रनगर बाईपास मार्ग भूस्खलन के कारण बंद है, जिससे लोगों को परेशानी हो रही है।

उधर उत्तराखंड पुलिस विभाग में इन दिनों तबादला का दौर चल रहा है। एक बार कुमाऊं मंडल पुलिस महकमे में बड़ा फेरबदल हुआ है। लंबे समय से एक जगह पर जमे दारोगा और सिपाहियों के तबादले हुए हैं। आईजी कुमाऊं ने मुख्यालय के आदेश के बाद जनपदों में सेवाकाल पूरा कर चुके 101 दरोगा और 221 सिपाहियों के कार्यक्षेत्र में बदलाव किया है। इसमें से 101 पुलिसकर्मी मैदान से लंबे समय बाद पहाड़ चढ़े हैं जबकि 118 ऐसे सिपाही और दरोगा हैं, जो पहाड़ से मैदान को आए हैं। आदेश के अनुसार उधम सिंह नगर से 40, नैनीताल जिले से 21, पिथौरागढ़ से 14, चम्पावत से 11, बागेश्वर से छह, अल्मोड़ा से नौ उप निरीक्षकों का तबादला अन्य जिलों में कर दिया है। इसके अलावा पुलिस के सिपाहियों में उधम सिंह नगर से 64, नैनीताल से 39, अल्मोड़ा से 11, पिथौरागढ़ से 57, चम्पावत से सात, बागेश्वर से 42 के तबादले किए गए हैं।