Good Morning India: UGC नेट के परीक्षा परिणाम जारी! नेपाल में सैलाब से मौत का आंकड़ा 600 के करीब पहुंचा! ट्रंप का बड़ा ऐलान- वेनेजुएला के 65 अरब बैरल तेल पर होगा अमेरिका का कब्जा! उत्तराखण्ड में रक्षाबंधन के दिन बड़ा हादसा, दो भाइयों ने दुनिया को कहा अलविदा
नमस्कार दोस्तों, आवाज इंडिया अपना खास कॉलम ‘गुड मॉर्निंग इंडिया’ लेकर एक फिर आपके समक्ष प्रस्तुत है। आईए आज के प्रमुख कार्यक्रमों पर नजर डालते हैं। न्यूयॉर्क में आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत भारतवंशियों को संबोधित करेंगे। वहीं, आज देश में राष्ट्रीय खेल दिवस मनाया जा रहा है।
अब बड़ी खबरों की तरफ रुख करते हैं, राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) ने शुक्रवार देर रात यूजीसी नेट का रिजल्ट जारी कर दिया। एजेंसी ने बताया कि 84 विषयों के लिए विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) की राष्ट्रीय पात्रता परीक्षा (नेट) के नतीजे घोषित कर दिए गए हैं। इस परीक्षा में शामिल होने वाले 4,000 से ज्यादा अभ्यर्थियों ने जूनियर रिसर्च फेलोशिप (जेआरएफ) के लिए क्वालिफाई कर लिया है। एनटीए के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, ''84 विषयों की परीक्षा में शामिल हुए 6.07 लाख अभ्यर्थियों में से 97,000 से अधिक ने पीएचडी में दाखिले के लिए और 4,000 से अधिक ने जेआरएफ के लिए अर्हता हासिल की है।'' एनटीए ने इस साल जून में अंग्रेजी, वाणिज्य और समाजशास्त्र की परीक्षा देने वाले अभ्यर्थियों के लिए दोबारा परीक्षा कराने का आदेश दिया था। यह फैसला एक विशेषज्ञ समिति को प्रश्नपत्रों में तथ्यात्मक, टाइपिंग, अनुवाद और भाषा संबंधी गलतियां मिलने के बाद किया गया था। इन विषयों की परीक्षा सितंबर में होने वाली है। एनटीए ने बताया है कि अगर इन विषयों की परीक्षा देने वाले लोग रिजल्ट चेक करते हैं तो इनवैलिड पासवर्ड का मैसेज आ सकता है।
इधर नेपाल में फ्लैश फ्लड से मरने वालों का आंकड़ा बढ़कर 600 के करीब पहुंच गया है। इस विनाशकारी सैलाब के बाद से करीब दो हजार लोग ऐसे हैं जिनसे संपर्क नहीं हो पा रहा है। लापता लोगों में बड़ी संख्या में विदेशी नागरिक भी हैं। भारत के करीब 320 नागरिक अभी लापता हैं। उनसे संपर्क करने की कोशिश की जा रही है। लापता भारतीयों में से कई कैलाश मानसरोवर यात्रा पर गए तीर्थयात्री बताए जा रहे हैं। वहीं इस बीच नेपाल में एक नया खतरा पैदा हो गया है। चीन और नेपाल बॉर्डर पर तिब्बत के दोभाल इलाके में बनी आर्टिफिशियल झील से लगातार पानी ओवरफ्लो होने की खबर है। वहीं सेना और नेपाल पुलिस का रेक्स्यू ऑपरेशन जारी है। सेना ने रसुवा जिले में अपर त्रिशूली-1 हाइड्रोप्रोजेक्ट की सुरंग में फंसे लोगों का रेस्क्यू किया है। चीन-नेपाल सीमा के पास तिब्बत के दोभाल इलाके में बनी आर्टिफिशियल झील से लगातार पानी ओवरफ्लो होने की खबर है। इसके चलते भोटे कोशी नदी का जलस्तर बढ़ गया है और नदी किनारे व निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को घर खाली कर सुरक्षित स्थानों पर जाने के निर्देश दिए गए हैं। त्रिशूली हाइड्रोपावर प्रोजेक्ट में काम कर रहे 63 कर्मचारियों समेत अब तक 84 लोगों को सुरक्षित बचाया जा चुका है। बाढ़ प्रभावित इलाकों से तमिलनाडु के 21 तीर्थयात्रियों को भी सुरक्षित भारत पहुंचाया गया है। वहीं चीन की सीमा की ओर फंसे करीब 400 भारतीय नागरिक सुरक्षित बताए जा रहे हैं।
उधर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप ने शुक्रवार को वेनेजुएला के साथ एक व्यापक समझौता की घोषणा किया है। यदि यह धरातल पर उतरता है, तो इसके तहत अमेरिका को दक्षिण अमेरिकी देश के विशाल कच्चे तेल के भंडार तक लागत मूल्य पर पहुंच मिल सकेगी। सोशल मीडिया पर इस समझौते की घोषणा करते हुए राष्ट्रपति ट्रंप ने बताया कि इस पर विदेश मंत्री मार्को रुबियो, रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ और वेनेजुएला की कार्यवाहक राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिग्ज के बीच बातचीत हुई थी। ट्रंप ने इसे विश्व इतिहास का सबसे बड़ा तेल समझौता करार दिया है। वेनेजुएला में डेल्सी रोड्रिग्ज सरकार द्वारा जारी बयान के अनुसार, यह ऐतिहासिक समझौता 17 तेल क्षेत्रों के विकास से जुड़ा है, जिनमें 65 अरब बैरल तेल की प्रमाणित क्षमता मौजूद है। इस समझौते से वेनेजुएला के तेल उद्योग में लगभग 100 अरब डॉलर का भारी निवेश आने की उम्मीद है, जिससे कराकस को 209 अरब डॉलर से अधिक का कर राजस्व प्राप्त हो सकता है।
इधर मध्य प्रदेश के रीवा स्थित श्याम शाह मेडिकल कॉलेज से संबद्ध गांधी मेमोरियल अस्पताल में प्रसव के दौरान मनगवां निवासी कल्पना मिश्रा और उनके नवजात की मौत हो गई। इसके बाद परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर लापरवाही और अभद्र व्यवहार का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। परिजनों के हंगामे के बाद मेडिकल कॉलेज के डीन ने दो चिकित्सकों और दो नर्सिंग आफिसरों को निलंबित कर दिया है। इस मामले की निष्पक्ष जांच के लिए एक 5 सदस्यीय उच्च स्तरीय जांच समिति गठित की गई है, जो 3 दिनों के भीतर अपनी रिपोर्ट कमिश्नर (DoPH & ME) और एमडी (NHM) को सौंपेगी। प्रसूता का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें वह रोते हुए कह रही थी कि ऐ बाबू, हमको बचा लो…ये हमको मार डालेंगे। जानकारी के अनुसार मनगवां निवासी कल्पना मिश्रा को 25 अगस्त को प्रसव (डिलीवरी) के लिए गांधी मेमोरियल अस्पताल में भर्ती कराया गया था। परिजनों के अनुसार, 26 अगस्त की रात को इलाज में कथित लापरवाही के कारण जच्चा और बच्चा दोनों की मौत हो गई। मौत की खबर मिलते ही परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा। उन्होंने अस्पताल प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाए।
उधर सावन में घटी हुई मांग और पर्याप्त आपूर्ति ने प्याज की कीमतों को थोक में नियंत्रण में रखा, परंतु रिटेल में व्यापारी मुनाफाखोरी करने से नहीं चूक रहे। नासिक में प्याज के पुराने स्टॉक की कमी का असर अब बाजार पर दिखने लगा है। कीमतों पर नियंत्रण के सरकार के उपाय काम नहीं आ रहे और देश के अलग-अलग राज्यों में प्याज की कीमतों में बढ़ोतरी देखी जा रही है। दिल्ली-एनसीआर में खुदरा प्याज 50 से 55 रुपये किलो बिक रहा है, लेकिन खुले बाजार में 60 से 70 रुपये प्रति किलो बिक रहा है। कुछ राज्यों में प्याज के दाम 80 रुपये तक पहुंच गए हैं। हल्द्वानी मंडी में प्याज 46 से 50 रुपये प्रति किलो है, ऊधम सिंह नगर की रुद्रपुर मंडी में प्याज 35 से 40 रुपये प्रति किलो है।
अब उत्तराखण्ड की खबरों पर नजर डालते हैं, उत्तराखंड में पहाड़ों पर बारिश का सिलसिला जारी है, जबकि निचले इलाकों में भी रुक-रुककर मध्यम बौछारें पड़ रही हैं। हालांकि, फिलहाल भारी वर्षा का दौर कुछ थमा है, लेकिन आने वाले दिनों में बारिश फिर जोर पकड़ सकती है। मौसम विभाग ने आज प्रदेश के सभी जिलों में हल्की से मध्यम वर्षा और गर्जन के साथ बौछारों की संभावना जताई है। इसके बाद रविवार से मानसून फिर जोर पकड़ सकता है। मौसम विभाग ने रुद्रप्रयाग, पिथौरागढ़, चमोली, नैनीताल और बागेश्वर में कहीं-कहीं भारी वर्षा को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा सभी जिलों में कहीं-कहीं गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने और वर्षा के तीव्र से अति तीव्र दौर होने की संभावना है। हालांकि रविवार से बारिश के दौर में तेजी आने की संभावना है। विशेषकर कुमाऊं मंडल में भारी वर्षा का असर देखने को मिल सकता है।
इधर हरिद्वार के सिडकुल क्षेत्र में युवक युवती के आपसी विवाद के बाद सड़क पर कई लोगों के बीच जमकर मारपीट हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के लोग सड़क पर ही एक दूसरे से भिड़ गए। इस दौरान लात घूंसे चलने के साथ बेल्ट से भी जमकर मारपीट की गई है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में कुछ युवतियां भी हाथ साफ करती नजर आ रही हैं। वायरल वीडियो के आधार पर पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। सिडकुल क्षेत्र में स्थित फैक्ट्री में काम करने वाले कई युवक और युवतियां छुट्टी के वक्त बाहर निकले थे। बताया जा रहा है कि एक युवक और युवती के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद कितना बड़ा की देखते ही देखते दोनों पक्षों के लोग आमने सामने आ गए। एक दूसरे के साथ मारपीट करने लगे। इतना ही नहीं इस बीच लोगों ने मारपीट की घटना को अपने मोबाइल में कैद कर लिया, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
उधर रक्षाबंधन के दिन जिन बहनों की कलाई पर भाई ने राखी बंधवाई थी, उन्हें क्या पता था कि कुछ ही घंटों बाद वही भाई उनसे हमेशा के लिए दूर हो जाएंगे। सुबह बहन से राखी बंधवाकर जीवनभर उसकी रक्षा का वचन देने वाले दो चचेरे भाई शुभम और ऋषभ शाम को एक दर्दनाक सड़क हादसे में दुनिया छोड़ गए। भद्रकाली के समीप हुए बस हादसे ने दो परिवारों के चिराग बुझा दिए और रक्षाबंधन की खुशियों को मातम में बदल गई। शुक्रवार देर शाम करीब साढ़े आठ बजे ऋषिकेश से हरिद्वार जा रही एक बस भद्रकाली मोड़ के समीप अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। इसी दौरान सड़क किनारे अपनी स्कूटी खड़ी कर बैठे शुभम (26) पुत्र कुंदन सिंह बिष्ट और ऋषभ (34) पुत्र विक्रम सिंह बिष्ट निवासी गली नंबर-6, गणेश विहार, गंगानगर ऋषिकेश बस की चपेट में आ गए। हादसा इतना भयावह था कि दोनों चचेरे भाइयों की मौके पर ही मौत हो गई।