Good Morning India: 2 लाख विदेशियों के वीजा रद करने की तैयारी में अमेरिका! भीख मांगते-मांगते महिला की उम्र बीत गई, मौत के बाद घर से मिला 'खजाना'! फिर सड़कों पर उतरेगी सीजेपी, किया बड़ा ऐलान! उत्तराखण्ड में कैबिनेट की बैठक आज
नमस्कार दोस्तों, आवाज इंडिया अपना खास कॉलम ‘गुड मॉर्निंग इंडिया’ लेकर एक फिर आपके समक्ष प्रस्तुत है। आईए आज के प्रमुख कार्यक्रमों पर नजर डालते हैं। आज से केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण कनाडा और अमेरिका के दौरे पर रहेंगी। टीएमसी के 20 बागी सांसदों की लोकसभा सदस्यता और अयोग्यता को लेकर सुप्रीम कोर्ट में मंगलवार को सुनवाई होगी।
अब बड़ी खबरों की तरफ रुख करते हैं, डोनाल्ड ट्रंप प्रशासन उन 2 लाख विदेशियों के बिजनेस और टूरिज्म वीजा रद करने की तैयारी कर रहा है, जिन्होंने अमेरिका में शरण के लिए आवेदन किया है या अभी शरण पाने की कोशिश कर रहे हैं। यह अमेरिकी इतिहास में एक ही बार सबसे बड़ी संख्या में वीजा रद करने की घटना हो सकती है। उम्मीद है कि विदेश विभाग आने वाले हफ्तों में इस कदम की घोषणा करेगा, बशर्ते इस योजना को चुनौती न दी जाए या इसमें बदलाव न किया जाए। समाचार एजेंसी एपी ने विदेश विभाग के दस्तावेजों और अमेरिकी अधिकारियों का हवाला देते हुए बताया कि इसमें 2016 और 2026 के बीच जारी किए गए B1 और B2 वीजा शामिल होंगे, जो उन लोगों को दिए गए थे जिन्होंने शरण मांगी है या अभी शरण पाने की कोशिश कर रहे हैं। विदेश विभाग के प्रवक्ता टॉमी पिगॉट ने कहा कि हम होमलैंड सिक्योरिटी विभाग के साथ मिलकर उन विदेशियों की पहचान कर रहे हैं और उनके नॉन-इमिग्रेंट वीजा रद कर रहे हैं जो कम समय के लिए आने वाले विजिटर के तौर पर अमेरिका आए थे, लेकिन बाद में यहां स्थायी रूप से रहने के लिए शरण की अर्जी दाखिल कर दी।
उधर कर्नाटक में एक भिखारी महिला के घर से सिक्कों का खजाना बरामद हुआ है। इतना ही नहीं इस महिला ने अपने बैंक खाते में भी लाखों रुपये जमा कर रखे थे। इस बात का राज महिला की मौत के बाद खुला। यह कहानी कर्नाटक के मांड्या की रहने वाली हूर की है, जिन्होंने अपनी पूरी जिंदगी भीख मांगकर बिताई। 68 साल की हूर मांड्या में अपने घर में मृत पाई गईं। जब स्थानीय लोगों ने उनके घर की तलाशी ली, तो उन्हें 30 से ज्यादा बोरों में भरे हजारों सिक्के और 10, 20 और 50 रुपये के नोट मिले। एक वीडियो में स्थानीय लोगों को उनके सामान को खंगालते और पैसे गिनते हुए देखा गया। हूर अपनी बहन के साथ किराए के घर में रहती थीं, जिनकी दो साल पहले मौत हो गई थी। दोनों में से किसी की भी शादी नहीं हुई थी। मरने के बाद हूर के घर से जो रकम मिली उसकी गिनती की गई। कुल रकम 8,40,000 रुपये निकली। यह पैसा उनके भाइयों को सौंप दिया गया। एक भाई ने 6 लाख रुपये लिए, जबकि दूसरे को 2,40,000 रुपये मिले, जिसे उसने एक मस्जिद को दान कर दिया। हालांकि कुछ रिपोर्ट में 30 लाख रूपए मिलने का दावा किया जा रहा है।
इधर गुजरात के सूरत से उत्तर प्रदेश के कानपुर जा रही यात्री बस में मंगलवार रात करीब 1:10 बजे सरदारपुर नगर की भोपावर चौकी से कुछ दूरी पर अचानक आग लग गई। बस से धुआं निकलता देख चालक ने बस रोकी और मौके से भाग निकला। इसके बाद बस में सवार यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। कई यात्रियों ने दरवाजे से निकलकर जान बचाई, जबकि कुछ यात्रियों को खिड़कियों के कांच तोड़कर बाहर निकलना पड़ा। हादसे में कुछ यात्रियों को हल्की चोटें आईं, वहीं कई यात्रियों का सामान जलकर राख हो गया। यात्रियों के अनुसार बस संख्या UP 83 bt 3947 सूरत सहित गुजरात के विभिन्न स्थानों से यात्रियों को लेकर कानपुर की ओर जा रही थी। यात्रियों ने बताया कि गुजरात के दाहोद के पास एक होटल पर बस को करीब चार घंटे रोककर उसमें काम भी करवाया गया था। इसके बाद बस आगे रवाना हुई।
उधर भारत में नारी शक्ति को सुरक्षा व्यवस्था के अग्रिम मोर्चे पर मजबूत करने की दिशा में NSG ट्रेनिंग अकादमी, मानेसर ने एक अहम पहल शुरू की है। पहली बार देश में महिला कमांडो कन्वर्जन कोर्स (MCCC) का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें राज्य पुलिस बलों और केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों (CAPFs) की महिला कर्मियों को विशेष कमांडो प्रशिक्षण दिया जा रहा है। 24 अगस्त से 14 नवंबर 2026 तक चलने वाला यह 12 सप्ताह का कठिन और व्यापक प्रशिक्षण कार्यक्रम महिला जवानों को अत्यधिक प्रशिक्षित, आत्मविश्वासी और ऑपरेशनल तौर पर सक्षम कमांडो के रूप में तैयार करने के उद्देश्य से शुरू किया गया है। इस प्रशिक्षण में महिला कर्मियों को फिजिकल कंडीशनिंग, हथियार संचालन, सटीक निशानेबाजी, इंटरवेंशन स्किल्स, बंधक बचाव अभियान (Hostage Rescue Operations) और आतंकवाद विरोधी अभियानों से जुड़े विभिन्न पहलुओं की ट्रेनिंग दी जा रही है। इस पहल का उद्देश्य सिर्फ महिला कर्मियों की शारीरिक और पेशेवर क्षमता को बढ़ाना नहीं, बल्कि उन्हें ऐसे चुनौतीपूर्ण ऑपरेशनल माहौल के लिए तैयार करना है, जहां तेजी से निर्णय लेने, साहस और उच्च स्तर की कमांडो दक्षता की जरूरत होती है। NSG का यह कदम देश की आंतरिक सुरक्षा व्यवस्था में महिला कमांडो का एक सक्षम और प्रशिक्षित कैडर तैयार करने की दिशा में महत्वपूर्ण मील का पत्थर माना जा रहा है। बदलते सुरक्षा परिदृश्य और आतंकवाद की नई चुनौतियों के बीच महिलाओं की भागीदारी को बढ़ावा देते हुए यह पहल नारी शक्ति को राष्ट्रीय सुरक्षा की अग्रिम पंक्ति से जोड़ने की दिशा में एक बड़ा कदम है।
इधर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने एक बार फिर से बड़ी घोषणा की है। सीजेपी ने आगामी 5 सितंबर 2026 को नई दिल्ली में शांतिपूर्ण विरोध मार्च निकालने का देशव्यापी आह्वान किया है। सीजेपी ने आरोप लगाया है कि भारत सरकार ने 25 जुलाई को युवाओं से किए गए वादों को पूरा नहीं किया है। इस वजह से इस मार्च का ऐलान किया जा रहा है। सीजेपी ने कहा कि सरकार के वादों के बाद ही युवाओं ने सद्भावना दिखाई थी और अपना देशव्यापी विरोध प्रदर्शन वापस लिया था। कॉकरोच जनता पार्टी ने जानकारी दी है कि 5 सितंबर को होने वाला यह शांतिपूर्ण मार्च इंडिया गेट से शुरू होकर नई दिल्ली पुलिस मुख्यालय तक जाएगा। इस मार्च का नेतृत्व NEET परीक्षा से जुड़े मामलों में जान गंवाने वाले छात्रों और पुलिस की की कार्रवाई के शिकार लोगों के परिवार करेंगे। इसमें देश भर से छात्रों, युवा संगठनों और युवा नागरिकों के शामिल होने की उम्मीद है। इससे पहले सोमवार को कॉकरोच जनता पार्टी ने अपनी अपनी राष्ट्रीय कार्यसमिति की बैठक बुलाई थी।
उधर नगालैंड और असम में जुलाई में आई भीषण बाढ़ से बचाई गई 53 साल की मादा हाथी ‘जॉयमोती’ को एयरलिफ्ट करके जामनगर स्थित ‘वंतारा’ पहुंचाया गया है, जहां उसे पशु चिकित्सकों की देखरेख में तुरंत और विशेष इलाज मिलना शुरू हो गया है। जुलाई के दूसरे हफ्ते में जॉयमोती, नगालैंड में आई बाढ़ के पानी में बह गई थी। सरकारी एजेंसियों की मदद से स्थानीय लोगों ने उसे सुरक्षित बाहर निकाला था। हादसे के दौरान उसे शरीर पर कई जगह चोटें आईं। इनमें उसका माथा, दाहिना कान, पूंछ के ऊपर का हिस्सा, बाईं अंदरूनी जांघ और पेट शामिल हैं। उसके बाहरी जननांग के पास एक गहरा जख्म हो गया था, जिसमें कीड़े पड़ गए थे। उसकी दाहिनी आंख बुरी तरह डैमेज हो गई है और उसे उस आंख से दिखना बंद हो गया है। उससे लगातार आंसू बहते रहते हैं। लकड़ी ढोने के दौरान पैर टूटने की वजह से उसकी पिछली बाईं टांग में लंबे समय से समस्या है। इस वजह से उसे सामान्य रूप से चलने-फिरने और खाना व पानी तलाशने में काफी तकलीफ होती है।
इधर देश के कई राज्यों में झमाझम बारिश को लेकर मौसम विभाग ने चेतावनी जारी की है। भारत मौसम विभाग (IMD) ने आज यानी 25 अगस्त को उत्तर प्रदेश, बिहार समेत 13 राज्यों में भारी बारिश होने का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान 40 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इसके अलावा कहीं-कहीं आंधी-तूफान के साथ-साथ आसमानी बिजली गिरने की भी संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, 25 अगस्त को गंगा के मैदानी इलाकों वाले पश्चिम बंगाल और उससे सटे झारखंड, उत्तरी ओडिशा के के ऊपर एक कम दबाव वाला क्षेत्र बना हुआ है। जिसके प्रभाव से ओडिशा, झारखंड, छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। इसके अलावा, दक्षिण-पश्चिम उत्तर प्रदेश से उत्तरी मध्य प्रदेश, उत्तरी छत्तीसगढ़ और झारखंड होते हुए कम दबाव वाले क्षेत्र के साइक्लोनिक सर्कुलेशन तक एक ट्रफ निचले क्षोभमंडलीय स्तरों पर फैली हुई है। इन मौसम प्रणालियों के कारण नमी वाली हवाओं के ऊपर उठने और बादल बनने की अनुकूल परिस्थितियां बन रही हैं, जिससे कई इलाकों में बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने 25 अगस्त को देश के 13 राज्यों में मूसलाधार बारिश होने की चेतावनी जारी की है। इन 13 राज्यों में उत्तर प्रदेश, बिहार, उत्तराखंड, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, बिहार, झारखंड, महाराष्ट्र, केरल, आंध्र प्रदेश, त्रिपुरा, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह शामिल हैं।
अब उत्तराखण्ड की खबरों पर नजर डालते हैं, सड़क हादसे के बाद पुलिस की कथित कार्रवाई को लेकर श्रीनगर में देर रात माहौल गरमा गया। करीब साढ़े 12 बजे छात्र संघ से जुड़े कई पदाधिकारी और नेता श्रीनगर कोतवाली पहुंच गए। इस दौरान कोतवाली परिसर में जमकर हंगामा हुआ और छात्र नेताओं ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए संबंधित पुलिसकर्मी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। मामला देर रात हुए सड़क हादसे से जुड़ा बताया जा रहा है। पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष जसवंत राणा के अनुसार, वह देर रात श्रीनगर से जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में बाइक और स्कूटी की भिड़ंत हो गई। हादसा देखकर वह मदद के लिए मौके पर पहुंचे। जसवंत राणा का आरोप है कि कुछ देर बाद पुलिस की एक गाड़ी मौके पर पहुंची। उनके मुताबिक, गाड़ी से एक व्यक्ति बाहर आया, जिसने खुद को सीओ बताया। आरोप है कि उक्त व्यक्ति ने हादसे में शामिल एक छात्र को थप्पड़ मार दिया।
इधर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में मंगलवार को कैबिनेट बैठक होगी। सचिवालय में आयोजित बैठक में विभिन्न विभागों के प्रस्तावों पर चर्चा कर महत्वपूर्ण फैसले लिए जाएंगे। बैठक में स्वास्थ्य, शिक्षा, आवास, शहरी विकास, उद्योग, कार्मिक, परिवहन विभाग के प्रस्तावों को कैबिनेट में चर्चा के लिए रखा जा सकता है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को मुख्य सेवक सदन में प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से आए लोगों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने अधिकारियों को जनसमस्याओं के त्वरित और प्रभावी समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। सीएम ने कहा कि आम जनता की समस्याओं का समयबद्ध निस्तारण सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। अधिकारियों को निर्देश दिए कि आम लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से परेशान न होना पड़े। मुख्यमंत्री ने दिव्यांग कुलदीप को तत्काल आर्थिक सहायता और ट्राईसाइकिल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।