Good Morning India: नेपाल त्रासदी में अबतक 160 की मौत, वैज्ञानिकों ने जारी की चेतावनी, आ सकता है दूसरा 'जलप्रलय'! हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान की गोली मारकर हत्या! यहां प्रेमी ने प्रेमिका को पास कराने के लिए कर दिया पेपर लीक, ब्रेकअप के बाद खुला राज, पढ़ें प्रमुख खबरें
नमस्कार दोस्तों, आवाज इंडिया अपना खास कॉलम ‘गुड मॉर्निंग इंडिया’ लेकर एक फिर आपके समक्ष प्रस्तुत है। आईए आज के प्रमुख कार्यक्रमों पर नजर डालते हैं। आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी युवाओं से संवाद करेंगे।
अब बड़ी खबरों की तरफ रुख करते हैं, नेपाल के रसुवा जिले में तिब्बत सीमा के पास बुधवार को आई विनाशकारी फ्लैश फ्लड में मौतों का आंकड़ा बढ़कर कम से कम 160 हो गया है। करीब 400 लोग लापता हैं, जिनमें 133 भारतीय पर्यटक और 37 एनआरआई शामिल हैं। इनमें से कई कैलाश मानसरोवर यात्रा पर गए थे। काठमांडू पोस्ट के अनुसार, काठमांडू स्थित टच कैलाश ट्रैवल्स एंड टूर्स के प्रबंध निदेशक बासु कुमार अधिकारी ने बताया कि 390 तीर्थयात्री बुधवार को सीमा पार करने वाले थे। उन्होंने कहा कि कुछ को छोड़कर दोपहर 3 बजे तक हम ज्यादातर यात्रियों से संपर्क स्थापित नहीं कर पाए हैं।
उधर नेपाल में बाढ़ से हुई भीषण तबाही के बाद भारत में भी अलर्ट है। खासकर बिहार के 9 जिलों और यूपी के 7 जिलों में हाईअलर्ट जारी किया गया है। बिहार के पश्चिमी चंपारण में गंडक नदी में अचानक पानी बढ़ने से बैराज के 36 गेट खोले गए हैं। साथ ही नदी किनारे वाले इलाकों को खाली करवाया जा रहा है। हालात कितने संवेदनशील हैं, उसका अंदाजा इसी बात से लग जाता है कि खुद प्रधानमंत्री मोदी अलर्ट मोड में है तो गृह मंत्री अमित शाह भी नजर बनाए हुए हैं। अमित शाह ने बुधवार को बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से दोनों राज्यों में नदियों में संभावित वृद्धि के बारे में बात की। शाह ने कहा कि नेपाल में बाढ़ से हुई तबाही अत्यंत हृदयविदारक है। उन्होंने बताया कि मैंने बिहार और यूपी के मुख्यमंत्रियों से इस आपदा के बारे में बात की है। जब पीएम और गृहमंत्री अलर्ट हैं तो बिहार और यूपी के मुख्यमंत्री भी एक्शन में आ गए हैं। हालात को देखते हुए बिहार के CM सम्राट चौधरी ने अधिकारियों के साथ इमरजेंसी मीटिंग की। उधर, यूपी के सीएम योगी ने महाराजगंज और कुशीनगर जिले में गंडक और नारायणी नदियों के जलस्तर में नजर रखने का आदेश दिया है। राज्य सरकारों के निर्देश मिलते ही सीनियर अधिकारी मौके पर तैनात हो गए हैं और लगातार मॉनिटरिंग कर रहे हैं।
इधर उत्तर प्रदेश के शामली जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, यहां हरियाणवी एक्टर व सिंगर अंकित बालियान की शामली में गोलियों से भूनकर हत्या कर दी गई है। सामने आई जानकारी के मुताबिक, अंकित बालियान को जिम से बाहर निकलते वक्त गोली मार दी गई है। हत्या की इस वारदात ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी है। बताया जाता है कि हरियाणावी सिंगर जिम से वर्कआउट कर अपनी स्कार्पियो कार से साथी के साथ घर जा रहे थे। सदर कोतवाली से महज 500 मीटर की दूरी पर घटना को अंजाम दिया गया। घटना के बाद परिजनों ने सिटी के वर्मा मार्केट के सामने शव को रखकर जाम लगाया। मृतक के परिजनों ने पुलिस पर भी लापरवाही के आरोप लगाये हैं। मृतक के परिजनों ने आरोपियों के एनकाउंटर और बुलडोजर कार्रवाई की मांग की है। जानकारी के अनुसार, एक्टर व सिंगर अंकित बालियान शामली के बंतीखेडा गांव के मूल निवासी थे। वह हरियाणा के रोहतक व सोनीपत में रहकर बतौर सिंगर-एक्टर काम करते थे। अंकित बालियान का सबसे हिट गाना- "भरी कोर्ट में गोली मारेंगे मेरी जान, जज के भी आवेंगे पसीने देखिये" था जो कि काफी हिट हुआ था। हरियाणा उत्तर प्रदेश और आसपास के राज्यों में उनकी एक अच्छी खासी फैन फॉलोइंग थी।
उधर वैज्ञानिकों ने चेतावनी दी है कि नेपाल-चीन बॉर्डर के पास ऊपरी इलाके में अभी भी रुकावट बनी हुई है, जिससे फिर से जलप्रलय आ सकता है। यह चेतावनी 'इंटरनेशनल सेंटर फॉर इंटीग्रेटेड माउंटेन डेवलपमेंट' (ICIMOD) ने दी है। काठमांडू में स्थित यह अंतर-सरकारी संस्था हिंदू-कुश हिमालय क्षेत्र के आठ देशों - भारत, नेपाल, भूटान, चीन, पाकिस्तान, बांग्लादेश, म्यांमार और अफ़गानिस्तान - के लिए काम करती है। संस्था ने एक विस्तृत बयान जारी करते हुए बताया कि 26 अगस्त को अचानक आई बाढ़ की वजह तलाशने के लिए अधिकारी और वैज्ञानिक यह समझने की कोशिश में जुट गए कि इस आपदा का कारण क्या था और क्या आगे और भी खतरा हो सकता है। वैज्ञानिकों ने चेतावनी दी है कि भोटे कोशी और त्रिशूली नदी प्रणालियों के किनारे रहने वाले समुदायों के लिए खतरा शायद अभी टला नहीं है। ICIMOD की चेतावनी कि दूसरी बाढ़ आ सकती है, ने हिमालय की सबसे संवेदनशील पहाड़ी घाटियों में से एक में लोगों को सुरक्षित जगहों पर पहुंचाने और लगातार निगरानी करने की कोशिशों को और ज़रूरी बना दिया है।
इधर यूपी के बुलंदशहर में पत्नी ने तौलिये से गला घोंटकर पति की हत्या कर दी। आरोप है कि अवैध संबंधों का विरोध करने पर पति कृष्ण कुमार की हत्या की गई है। रिश्तेदारों के पहुंचने से पहले पत्नी अपने पति के अंतिम संस्कार की तैयारी कर रही थी। हालांकि, गले पर निशान देखकर रिश्तेदारों को शक हुआ और उन्होंने पुलिस को सूचना दी। इसके बाद, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला घोंटकर हत्या की पुष्टि हुई और पुलिस ने आरोपी पत्नी प्रीति को गिरफ्तार कर लिया। मृतक की मां अंगूरी देवी ने नगर कोतवाली में तहरीर देकर आरोप लगाया कि उनकी पुत्रवधू ने उनके बेटे कृष्ण कुमार के साथ मारपीट करने के बाद गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। परिजनों का आरोप है कि प्रेमी के साथ फरार होने के लिए संपत्ति बेचने की तैयारी थी। कुछ महीने पहले 35 लाख रुपये में प्लॉट बेचने का दावा भी किया गया था। तीन बीघा जमीन, मकान और एक प्लॉट समेत संपत्ति का विवाद भी सामने आया है। इकलौते बेटे की मौत से बूढ़ी मां का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल। ये घटना थाना नगर कोतवाली क्षेत्र के गांव बहलीमपुरा की घटना हुई है।
उधर जम्मू-कश्मीर से बुधवार को दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। प्रदेश के पुंछ जिले में एक वाहन खाई में गिर गया। इस हादसे में 6 लोगों की मौत हो गई है। सामने आई जानकारी के अनुसार, हादसे में जान गंवाने वालों में दो महिलाएं शामिल हैं। वहीं, 3 लोग घायल बताए जा रहे हैं। जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने भी इस हादसे पर दुख जताया है। अधिकारियों की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, यह दुर्घटना सुरनकोट के शेलधर इलाके में हुई है। ये पूरा हादसा तब हुआ जब बुधवार को एक वाहन के अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरा और दो महिलाओं समेत 6 लोगों की जान चली गई। हादसे में तीन लोग घायल हैं जिनका इलाज अस्पताल में जारी है। इनमें से एक बच्ची की हातल गंभीर बताई जा रही है। हादसे की जानकारी मिलते ही 108 एम्बुलेंस सेवा, अतिरिक्त एम्बुलेंस और अन्य आपातकालीन संसाधनों को तुरंत मौके पर भेजा गया।
इधर लोकसभा सचिवालय ने तृणमूल कांग्रेस (TMC) के 20 बागी सांसदों को नोटिस जारी किया है। TMC नेता अभिषेक बनर्जी ने दलबदल विरोधी कानून के तहत इन सांसदों को अयोग्य ठहराने की मांग करते हुए याचिकाएं दायर की थीं, जिन पर सचिवालय ने उनसे सात दिनों के भीतर जवाब मांगा है। लोकसभा स्पीकर द्वारा 20 NCPI सांसदों को नोटिस जारी करने पर TMC सांसद सौगत रॉय ने कहा, "यह एक कानूनी मामला है जिस पर हमारे वकील कल्याण बनर्जी ने कल बयान दिया था। मैं इस पर कुछ नहीं कहना चाहता।" टीएमसी की याचिका पर अयोग्यता के मामले में सुप्रीम कोर्ट ने मंगलवार को सभी 20 "बागी" सांसदों के खिलाफ नोटिस जारी किया था, ये सभी सांसद नेशनलिस्ट सिटिजन्स पार्टी ऑफ इंडिया (NCPI) में शामिल हो गए हैं। इस मामले में लोकसभा स्पीकर ओम बिरला की ओर से सॉलिसिटर जनरल पेश हुए थे। टीएमसी नेता अभिषेक बनर्जी ने सुप्रीम कोर्ट में इस मामले से संबंधित याचिका दायर की थी और मांग की थी कि लोकसभा स्पीकर दल-बदल विरोधी कानून के तहत इन सांसदों के खिलाफ दायर याचिकाओं पर जल्द फैसला करें। इसके बाद सुप्रीम कोर्ट ने उनकी याचिका पर 20 बागी सांसदों को नोटिस जारी कर जवाब मांगा था।
उधर महाराष्ट्र लोक सेवा आयोग (एमपीएससी) द्वारा आयोजित ड्रग इंस्पेक्टर (औषधि निरीक्षक) भर्ती परीक्षा में बड़े पेपर लीक घोटाले का भंडाफोड़ हुआ है। मुंबई क्राइम ब्रांच ने एमपीएससी के तीन अधिकारियों समेत कुल छह लोगों को गिरफ्तार किया है। इस घोटाले का खुलासा एक प्रेमी-प्रेमिका के विवाद और ब्रेकअप के बाद हुआ। मामले के अनुसार, परीक्षार्थी ऋतुजा पाटिल के पिता अमृत पाटिल ने कोचिंग संचालक प्रवीण पाटिल से प्रश्नपत्र खरीदा। ऋतुजा ने फिर यह पेपर अपने प्रेमी गौरव पाटिल के साथ साझा किया। परीक्षा में ऋतुजा का चयन हो गया, लेकिन गौरव फेल हो गया। दोनों के बीच विवाद और ब्रेकअप के बाद गौरव ने एमपीएससी को ईमेल के जरिए पेपर लीक की शिकायत भेज दी। शिकायत वापस लेने की कोशिश के बावजूद जांच शुरू हो गई और पूरा सिंडिकेट सामने आ गया।
अब उत्तराखण्ड की खबरों पर नजर डालते हैं, नेपाल में भारी बारिश और भीषण बाढ़ की स्थिति को देखते हुए सीमावर्ती जनपद चंपावत में प्रशासन और एसडीआरएफ को हाई अलर्ट पर रखा गया है। टनकपुर में एसडीआरएफ की टीम शारदा नदी, शारदा घाट और बैराज क्षेत्र में लगातार निगरानी कर रही है। नदी के जलस्तर में संभावित बढ़ोतरी को देखते हुए संवेदनशील इलाकों में गश्त भी बढ़ा दी गई है। सेनानायक एसडीआरएफ अर्पण यदुवंशी के निर्देश पर टनकपुर पोस्ट की टीम को 24 घंटे अलर्ट मोड में रहने के निर्देश दिए गए हैं। टीम शारदा नदी के जलस्तर और बैराज क्षेत्र की स्थिति पर लगातार नजर रख रही है। स्थानीय प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर संभावित आपात स्थिति से निपटने की तैयारियां भी की जा रही हैं। एसडीआरएफ ने शारदा घाट और निचले इलाकों में पहुंचकर स्थानीय लोगों, यात्रियों और मछुआरों को जागरूक किया। लोगों से नदी के तेज बहाव और तटीय क्षेत्रों से दूर रहने की अपील की गई है। बच्चों और पशुओं को भी नदी किनारे नहीं जाने देने को कहा गया है।
इधर नेपाल में भीषण बाढ़ से हुई जन-धन की क्षति को देखते हुए उत्तराखंड राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (यूएसडीएम) ने उत्तराखंड के नागरिकों की सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं। यूएसडीएम के अनुसार अगर उत्तराखंड का कोई नागरिक नेपाल के प्रभावित क्षेत्र में फंसा हुआ है अथवा कोई किसी व्यक्ति के संबंध में कुछ भी जानकारी साझा करना चाहता है तो इन हेल्पलाइन नंबरों पर संपर्क कर सकता है। इसके अलावा टोल फ्री नंबर 1070 पर भी संपर्क किया जा सकता है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नेपाल में आई आपदा से जानमाल के नुकसान पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की जनता और राज्य सरकार की संवेदनाएं नेपाल के प्रभावित परिवारों के साथ हैं।
उधर प्रदेश में स्वाइन फ्लू के तीन और नए मामले सामने आए हैं। अब संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़कर 52 हो गई है। 16 मरीज अभी सक्रिय है। इन मरीजों का अलग-अलग अस्पतालों में उपचार चल रहा है। उधर स्वास्थ्य विभाग इसकी रोकथाम के लिए युद्ध स्तर पर जुटा हुआ है। हर जिले रैपिड रिस्पॉन्स टीम को भी सक्रिय कर दिया गया है। इसके अलावा सभी सरकारी और निजी अस्पतालों में इसके लिए बेड भी आरक्षित किए गए हैं। इसकी श्रृंखला को तोड़ने के लिए हर स्तर पर तैयारी की जा रही है। अब तक सामने आए कुल 52 मरीजों में 35 देहरादून के हैं। नए मामलों में भी एक देहरादून का है अन्य दो दूसरे जिले के हैं। पर स्वास्थ्य सचिव विनय शंकर पांडेय का कहना है कि प्रदेश के सभी जिलों के सीएमओ को इसकी तैयारी पूरी रखने के निर्देश दिए गए हैं। शासन की ओर से इसकी रोकथाम के लिए एडवाइजरी भी जारी की गई है। स्वाइन फ्लू एक संक्रामक श्वसन रोग है। यह इंफ्लुएंजा ए वायरस के एच1एन1 सबटाइप से फैलता है। इसे स्वाइन फ्लू कहने के पीछे वैज्ञानिक कारण यह है कि 2009 में फैली महामारी के दौरान सामने आए ए (एच1एन1) पीडीएम09 वायरस को स्वाइन फ्लू कहा गया था। इसे मौसमी इंफ्लुएंजा भी कहा जाता है।
इधर हल्द्वानी में जेल परिसर के पास बड़ी वारदात की साजिश को पुलिस ने समय रहते नाकाम कर दिया। बाजपुर से हल्द्वानी जेल आए एक व्यक्ति का पीछा कर जान से मारने की धमकी देने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। CCTV फुटेज और सुरागरसी के आधार पर आरोपियों की पहचान हुई। गिरफ्तार आरोपियों के आपराधिक इतिहास की भी जानकारी सामने आई है। पुलिस ने तीनों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। हल्द्वानी में जेल परिसर के पास एक बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की साजिश को पुलिस ने समय रहते नाकाम कर दिया। पुलिस की सतर्कता और CCTV कैमरों की फुटेज के बारीकी से किए गए विश्लेषण के बाद तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामला 24 अगस्त का है, जब बाजपुर निवासी अराज सिंह सिद्धू अपने एक मित्र से मिलने हल्द्वानी जेल पहुंचा था। आरोप है कि इसी दौरान सौरभ बावा, गुरूचरण उत्पल उर्फ गगन, मानव वाट और उनका एक अन्य साथी सिल्वर रंग की वरना कार से उसका पीछा करते हुए जेल परिसर के पास पहुंचे।