उत्तराखण्ड: SSJ विश्वविद्यालय की प्री-पीएचडी परीक्षा में यूजीसी नियमों की अनदेखी का आरोप! हाईकोर्ट पहुंचा मामला
नैनीताल। अल्मोड़ा स्थित सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय की ओर से आयोजित प्री-पीएचडी प्रवेश परीक्षा का मामला उत्तराखंड हाईकोर्ट में पहुंच गया है। परीक्षा में यूजीसी रेगुलेशन-2020 के उल्लंघन का आरोप लगाते हुए इतिहास विषय के अभ्यर्थी दीपक चंद्र उप्रेती ने हाईकोर्ट में याचिका दायर की है। याचिका में कहा गया है कि यूजीसी रेगुलेशन-2020 के अनुसार प्री-पीएचडी प्रवेश परीक्षा में 50 प्रतिशत प्रश्न संबंधित विषय से और 50 प्रतिशत प्रश्न रिसर्च मेथोडोलॉजी से पूछे जाने अनिवार्य हैं। लेकिन एसएसजे विश्वविद्यालय की ओर से आयोजित परीक्षा में सभी प्रश्न केवल इतिहास विषय से पूछे गए और रिसर्च मेथोडोलॉजी से एक भी प्रश्न नहीं पूछा गया।याचिकाकर्ता ने इसी आधार पर परीक्षा प्रक्रिया को हाईकोर्ट में चुनौती दी है। मामले की सुनवाई मुख्य न्यायाधीश मनोज कुमार गुप्ता और न्यायमूर्ति सुभाष उपाध्याय की खंडपीठ में हुई। कोर्ट ने विश्वविद्यालय से पूछा है कि यदि प्री-पीएचडी प्रवेश परीक्षा आयोजित कराने में यूजीसी रेगुलेशन का उल्लंघन हुआ है, तो क्या विश्वविद्यालय दोबारा परीक्षा आयोजित करा सकता है। कोर्ट ने संबंधित विभाग को 3 सितंबर तक स्थिति स्पष्ट करने के निर्देश दिए हैं। मामले की अगली सुनवाई के लिए तीन सितंबर की तिथि नियत की गई है।