Sep 01, 2026 Login

पंतनगर रोड पर ट्रक की टक्कर से साइकिल सवार की मौत, लोगों ने पीछा कर चालक को दबोचा

Cyclist killed after being hit by a truck on Pantnagar Road, locals chased down and apprehended the driver.

उत्तराखंड की सड़कों पर रफ्तार का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। रुद्रपुर के पंतनगर रोड पर मंगलवार शाम हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में तेज रफ्तार ट्रक ने साइकिल सवार 50 वर्षीय कर्मचारी को रौंद दिया, जिससे उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान जयनगर निवासी महेंद्र कुमार के रूप में हुई है, जो पंतनगर स्थित बायोटेक्नोलॉजी विभाग में कार्यरत थे।

जानकारी के अनुसार, महेंद्र कुमार (50 वर्ष) रोजाना की तरह शाम लगभग 5:30 बजे अपने कार्यालय से काम निपटाकर अपने साइकिल से घर लौट रहे थे। इसी दौरान पंतनगर की ओर जा रहे एक अनियंत्रित और तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी साइकिल को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि महेंद्र कुमार सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर चोटों के कारण उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे को अंजाम देने के बाद चालक वाहन रोकने के बजाय मौके से भाग निकला। हालांकि, आसपास मौजूद जागरूक प्रत्यक्षदर्शियों ने तत्परता दिखाते हुए भाग रहे ट्रक का पीछा किया और पंतनगर में पुराने टीडीसी के सामने उसे घेरकर पकड़ लिया। लोगों ने आरोपी चालक और ट्रक को तुरंत पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पंतनगर और आसपास के औद्योगिक व संस्थानिक क्षेत्रों में तेज रफ्तार और भारी वाहनों की अनियंत्रित आवाजाही राहगीरों के लिए लगातार जानलेवा साबित हो रही है। अपनी ड्यूटी पूरी कर घर लौट रहे एक जिम्मेदार कर्मचारी का यूं असमय चले जाना पूरे प्रशासनिक व्यवस्था और यातायात प्रबंधन पर सवाल खड़े करता है। जब तक ओवरस्पीडिंग और लापरवाही से वाहन चलाने वालों पर सख्त लगाम नहीं कसेगी, तब तक सड़कें यूँ ही खून से लाल होती रहेंगी।