Good Morning India: नेपाल में फिर आ सकती है तबाही, अगले 3 दिन अहम, मृतकों की संख्या 400 के करीब पहुंची! इलाहाबाद हाईकोर्ट का बड़ा फैसला- नाबालिग बेटी की कस्टडी पिता को देने से मना नहीं कर सकते ननिहाल वाले! रक्षाबंधन पर नहीं रहेगा भद्रा का साया
नमस्कार दोस्तों, आवाज इंडिया अपना खास कॉलम ‘गुड मॉर्निंग इंडिया’ लेकर एक फिर आपके समक्ष प्रस्तुत है। आईए आज के प्रमुख कार्यक्रमों पर नजर डालते हैं। आज देशभर में भाई-बहन के स्नेह का पर्व रक्षाबंधन धूमधाम से मनाया जा रहा है। वहीं वित्त मंत्री आज से पांच दिन के अमेरिका दौरे पर रहेंगी।
अब बड़ी खबरों की तरफ रुख करते हैं, नेपाल और चीन ने गुरुवार को हिमालय में फिर से बाढ़ आने के खतरे की चेतावनी दी। दोनों देशों की सीमा के दोनों ओर दो झीलें बन गई हैं, जिससे उनके फटने का डर पैदा हो गया है, जबकि यह इलाका इस हफ़्ते आई भयानक बाढ़ से उबरने की कोशिश कर रहा है। नेपाल की आपदा प्रबंधन एजेंसी ने बताया कि बाढ़ वाली जगह पर मलबे से नदी का रास्ता रुकने के कारण बनी झील का जलस्तर बढ़ रहा है और उसके फटने का खतरा है। अथॉरिटी ने कहा, "निचले किनारों पर रहने वाले लोग, यात्रियों, बचाव कार्यों में लगे बचाव कर्मियों और सभी लोगों से अनुरोध किया है कि वे खास सावधानी बरतें और नदी के किनारों तथा जोखिम वाली जगहों से दूर सुरक्षित स्थानों पर रहें। काठमांडू स्थित 'इंटरनेशनल सेंटर फॉर इंटीग्रेटेड माउंटेन डेवलपमेंट' में जलवायु और पर्यावरण जोखिम विभाग के प्रमुख और जलवायु विशेषज्ञ कियांगगोंग झांग ने कहा कि नेपाल-चीन सीमा पर नदी के ऊपरी हिस्से में मलबे के कारण रुकावट का मतलब है कि दूसरी बाढ़ "कभी भी आ सकती है"। इस बीच नेपाल और तिब्बत में बचावकर्मी अभी भी जीवित बचे लोगों की तलाश कर रहे हैं। बुधवार को आई अचानक बाढ़ ने घरों को तबाह कर दिया, पुल बहा दिए और सड़कों को पानी में डुबो दिया। मरने वालों की संख्या बढ़कर 400 के करीब पहुंच गई है और 1,400 से ज़्यादा लोग अभी भी लापता हैं।
उधर आज देशभर में रक्षाबंधन का त्योहार मनाया जा रहा है। आज के दिन भद्रा का साया नहीं रहेगी जिसके चलते पूरे दिन राखी बांधी जा सकती है। राखी बांधने का सबसे अच्छा मुहूर्त आज सुबह 5 बजकर 57 मिनट से लेकर सुबह 9 बजकर 48 मिनट तक रहेगा। लेकिन आज के दिन राहुकाल में भूलकर भी राखी ना बांधे। आज राहुकाल का समय सुबह 10 बजकर 54 मिनट से लेकर 12 बजकर 28 मिनट तक रहेगा। ऐसे में इस दौरान राखी बांधने से बचें। आज श्रावण पूर्णिमा है और इसी के साथ आज सावन का पवित्र महीना भी खत्म हो जाएगा। इसके बाद भाद्रपद माह की शुरूआत होगी। ऐसे में आज के दिन बहनें राखी बांधने के साथ भगवान शिव की विधि-विधान के साथ पूजा करें। शिवलिंग पर जलाभिषेक, दूधाभिषेक करना बहुत ही शुभ रहेगा।
इधर नेपाल पुलिस ने चितवन में 25 वर्षीय मदन गुरुंग और 38 वर्षीय उमेश चौधरी को गिरफ्तार कर लिया है। वीडियो फुटेज में दोनों को भोटेकोशी नदी के किनारे बाढ़ पीड़ित की लाश से बालियां (ईयरिंग्स) चुराते हुए देखा गया था। ये क्लिप्स सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुईं, जिससे लोगों में भारी आक्रोश फैल गया। यह घटना तब सामने आई जब तिब्बत से आए लैंडस्लाइड के कारण भयावह बाढ़ आई थी। इस आपदा में अब तक कम से कम 359 लोगों की मौत हो चुकी है और सैकड़ों लोग अभी भी लापता बताए जा रहे हैं। बचाव और राहत कार्यों के बीच इस घिनौनी हरकत ने पूरे नेपाल में आक्रोश पैदा कर दिया है। नेपाल पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। आम लोगों ने सोशल मीडिया पर इस घटना को कलयुग बताते हुए निंदा की है।
उधर दिल्ली के मुस्कान मर्डर केस में वॉंटेड बदमाश आकिब उर्फ इमरान पुलिस एनकाउंटर में गोली लगने से घायल हो गया है। दिल्ली पुलिस के स्पेशल स्टाफ को आरोपी बदमाश इमरान के आने की सूचना मिली थी जिसके बाद स्पेशल स्टाफ की टीम ने ट्रैप लगाया। जैसे ही बदमाश राजौरी गार्डन के नाला रोड पर आया उसी दौरान बदमाश ने पुलिस को देखते ही फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने जवाबी फायर किया जिसमें बदमाश के पैर में गोली लगी जिसके बाद उसे काबू में किया गया। घायल इमरान को गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस बीच FSL की टीम ने एनकाउंटर वाली जगह से बैलिस्टिक सबूत जुटाए है। तिलक नगर के महावीर नगर इलाके में बुधवार की रात घर में घुसकर 21 साल की छात्रा और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर मुस्कान की चाकू मारकर हत्या करने के बाद से इमरान फरार था। शुरुआती जांच में पता चला कि मृतका की डेढ़ साल से आरोपी की जान-पहचान थी। आशंका है कि दूसरे से दोस्ती की शक में आरोपी ने उसकी हत्या की है।
इधर इलाहाबाद हाई कोर्ट ने अपने एक फैसले में कहा है कि हिंदू माइनॉरिटी एंड गार्जियनशिप एक्ट, 1956 की धारा 6 के तहत अपनी नाबालिग बेटी का स्वाभाविक अभिभावक (natural guardian) होने के नाते, पिता को उसकी कस्टडी देने से तब तक मना नहीं किया जा सकता जब तक कि यह साबित न हो जाए कि वह अभिभावक के तौर पर काम करने के लायक नहीं है। जस्टिस सरल श्रीवास्तव और जस्टिस सुधांशु चौहान की डिवीजन बेंच ने प्रयागराज के वकील अभिषेक यादव की अपील को मंज़ूरी देते हुए यह बात कही। अभिषेक ने ट्रायल कोर्ट के उस आदेश के खिलाफ अपील की थी जिसमें उन्हें अपनी नाबालिग बेटी की कस्टडी देने से मना कर दिया गया था। मामले की सुनवाई करते हुए कोर्ट ने कहा कि हिंदू माइनॉरिटी एंड गार्जियनशिप एक्ट, 1956 की धारा 6 के प्रावधानों को देखते हुए, बच्चों की कस्टडी का सबसे बड़ा अधिकार पिता का होता है।
उधर जापान में इन दिनों इंसानों और भालुओं के बीच टकराव तेजी से बढ़ रहा है। पिछले साल भालुओं ने 230 से ज्यादा लोगों पर हमला किया, जिनमें 13 लोगों की मौत हो गई। यह जापान में भालू हमलों का अब तक का सबसे घातक साल रहा। हालात को देखते हुए जापान ने बड़े पैमाने पर भालुओं को मारने का अभियान शुरू किया। सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, अप्रैल 2025 से जनवरी 2026 के बीच 14,000 से ज्यादा भालुओं को मार दिया गया। इनमें करीब 12,000 एशियाई काले भालू और 2,000 भूरे भालू शामिल थे। आपको बता दें कि दुनिया में भालू की कुल 8 मान्यता प्राप्त प्रजातियां पाई जाती हैं। जानकारों के मुताबिक इसकी कई वजहें हैं। जापान के जंगलों में भालुओं के मुख्य भोजन जैसे बलूत और बीच के फल की पैदावार कई इलाकों में कम हुई है। गर्मी और जलवायु परिवर्तन ने भी जंगलों में भोजन की उपलब्धता को प्रभावित किया है। इसके अलावा, जापान के ग्रामीण इलाकों में आबादी लगातार कम हो रही है। कई खेत और बगीचे खाली पड़े हैं। इन जगहों पर उगे फल और दूसरी वनस्पतियां भालुओं को गांवों और शहरों के आस-पास खींच रही हैं।
इधर देश में आरक्षण को लेकर छिड़ी बहस के बीच बिहार और केंद्र की राजनीति गर्मा गई है। केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने आरक्षण व्यवस्था की समीक्षा और अनुसूचित जातियों के भीतर उप-वर्गीकरण (सब-कोटा) की खुलकर वकालत की है। केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान के आरक्षण पर दिए गए 'खैरात वाले बयान' के बाद मांझी का यह रुख काफी अहम माना जा रहा है। मांझी ने कहा कि वर्तमान में आरक्षण का लाभ कुछ चुनिंदा संपन्न परिवारों और जातियों तक ही सीमित रह गया है, जबकि समाज के सबसे निचले पायदान पर खड़े लोग अब भी इसके वास्तविक लाभ से वंचित हैं। केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी का मानना है कि आरक्षण व्यवस्था का निष्पक्ष मूल्यांकन होना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि आरक्षित वर्गों में से जिन्होंने सामाजिक और शैक्षणिक रूप से प्रगति कर ली है, उनके बच्चे लगातार आगे बढ़ रहे हैं। दूसरी ओर, अति-पिछड़े और अत्यंत वंचित तबकों में साक्षरता दर अब भी चिंताजनक बनी हुई है। ऐसे में सुप्रीम कोर्ट के दिशानिर्देशों का पालन करते हुए बिहार सरकार को आरक्षण में सब-कोटा लागू करना चाहिए ताकि वास्तविक जरूरतमंदों को न्याय मिल सके।
अब उत्तराखण्ड की खबरों पर नजर डालते हैं, शेयर मार्केट और IPO में निवेश के नाम पर मोटे मुनाफे का लालच देकर लाखों रुपए की साइबर ठगी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के खिलाफ उत्तराखंड एसटीएफ ने बड़ी कार्रवाई की। एसटीएफ ने पश्चिम बंगाल के 24 परगना जिले से गिरोह के दो सदस्यों राजेश कुमार रजक और सैयद शादाब अली उर्फ करीम को गिरफ्तार किया है। साइबर टीम द्वारा दोनों आरोपियों को ट्रांजिट रिमांड पर देहरादून लाया गया है। साथ ही आरोपी के बैंक खाते के संबंध में एनसीआरपी पोर्टल पर 19 से अधिक शिकायत दर्ज है। साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन देहरादून में दर्ज मुकदमे की जांच में सामने आया कि आरोपियों ने खुद को अमेरिका और भारत के शेयर मार्केट से जुड़ा बताकर निवेश पर अधिक मुनाफे का झांसा दिया। 16 अक्टूबर से 18 नवंबर 2025 के बीच पीड़ित से अलग-अलग बैंक खातों में 47,63,537 रुपए जमा कराए गए। वहीं, पटेल नगर से एसटीएफ को ट्रांसफर किए गए एक अन्य मामले में भी अक्टूबर 2025 के दौरान शेयर मार्केट में निवेश के नाम पर पीड़ित से 18,54,900 रुपए अलग-अलग बैंक खातों में जमा कराए गए।
इधर नेपाल में आई आपदा के बाद उत्तराखंड सरकार ने ग्लेशियर झीलों से जुड़े संभावित खतरों को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। राज्य की 13 संवेदनशील ग्लेशियर झीलों की निगरानी मजबूत करने के साथ अत्याधुनिक अर्ली वार्निंग सिस्टम लगाने के निर्देश दिए गए हैं। नेपाल में हाल में हुई आपदा के बाद उत्तराखंड सरकार ने प्रदेश में ग्लेशियर झीलों और उनसे जुड़े संभावित खतरों को लेकर सतर्कता बढ़ा दी है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने संवेदनशील ग्लेशियर झीलों की नियमित और वैज्ञानिक निगरानी के साथ अत्याधुनिक अर्ली वार्निंग सिस्टम स्थापित करने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही जरूरत के अनुसार सेंसर, जलस्तर मापक उपकरण और संचार व्यवस्था को भी मजबूत किया जाएगा। उत्तराखंड में फिलहाल 13 ग्लेशियर झीलों को संवेदनशील श्रेणी में चिन्हित किया गया है। जिनमें से चार का सर्वेक्षण पूरा हो चुका है। अब शेष झीलों का चरणबद्ध तरीके से वैज्ञानिक सर्वे और अध्ययन कराया जाएगा।
उधर रुड़की में कोतवाली क्षेत्र के नन्हेड़ा अनंतपुर गांव में बृहस्पतिवार को पारिवारिक विवाद को लेकर दो पक्षों में हुए खूनी संघर्ष में एक युवक की मौत हो गई। दोनों पक्षों के बीच जमकर लाठी-डंडे चले। मारपीट में गंभीर रूप से घायल 23 वर्षीय अभिषेक को पहले रुड़की के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे देहरादून के दून अस्पताल रेफर कर दिया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। युवक की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। जानकारी के अनुसार, नन्हेड़ा अनंतपुर गांव में बृहस्पतिवार को एक ही परिवार के दो पक्षों के बीच किसी पारिवारिक बात को लेकर कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। इसके बाद दोनों ओर से लाठी-डंडे चलने लगे। संघर्ष में अभिषेक गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन उसे लहूलुहान हालत में रुड़की के सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए दून अस्पताल रेफर कर दिया। वहां उपचार के दौरान देर शाम अभिषेक ने दम तोड़ दिया।