Aug 31, 2026 Login

Good Morning India: यूपी में बड़ा एनकाउंटर, हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान के दो हत्यारे ढेर! 18 राज्यों में मौसम को लेकर बड़ा अलर्ट, फ्लैश फ्लड से लेकर भूस्खलन तक का खतरा! हैदराबाद में नर्स की निर्मम हत्या! राहुल गांधी के खिलाफ FIR, उत्तराखण्ड में गरमा सकती है सियासत

Good Morning India: Major encounter in UP—two killers of Haryanvi singer Ankit Balian gunned down! High weather alert across 18 states; risks ranging from flash floods to landslides! Brutal murder of

नमस्कार दोस्तों, आवाज इंडिया अपना खास कॉलम ‘गुड मॉर्निंग इंडिया’ लेकर एक फिर आपके समक्ष प्रस्तुत है। आईए आज के प्रमुख कार्यक्रमों पर नजर डालते हैं। बिश्केक में आज से SCO समिट आयोजित होगा। इस दौरान PM मोदी, जिनपिंग और पुतिन एक मंच पर होंगे।

अब बड़ी खबरों की तरफ रुख करते हैं, हरियाणवी कलाकार अंकित बालियान के दो हत्यारे उत्तर प्रदेश पुलिस के साथ मुठभेड़ में मारे गए हैं। यह एनकाउंटर सोमवार तड़के खेड़ी करमू गांव में हुआ। शामली-कैराना मार्ग के किनारे एक मकान के पास पुलिस और आरोपियों का आमना-सामना हुआ। आरोपियों ने पुलिस पर गोली चलाई, जिसमें दो पुलिसकर्मी घायल हो गए। हालांकि, पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दोनों आरोपी घायल हो गए और अस्पताल ले जाने पर उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस और बदमाशों की मुठभेड़ शामली में सदर कोतवाली थाना क्षेत्र के पानीपत खटीमा हाईवे मार्ग पर हुई। पुलिस ने दोनों आरोपियों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं और आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। बता दें कि अंकित बालियान की हत्या में कथित तौर पर चार लोग शामिल थे। ये चारों बाइक पर आए थे और गोलीबारी कर फरार हो गए थे। दो हत्यारे करनाल और दो रोहतक के रहने वाले हैं। इनमें से दो हत्यारों की पहचान रविवार को सामने आई थी और अब दो आरोपियों का एनकाउंटर कर दिया गया। हालांकि, अब तक एनकाउंटर में मारे गए आरोपियों की पहचान नहीं हो पाई है।

इधर हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर समेत उत्तर-पश्चिम भारत के पहाड़ी क्षेत्रों में मूसलाधार बारिश ने कहर बरपाया है। हिमाचल प्रदेश में शनिवार की रात को हुई बारिश से कालका-शिमला रेलवे ट्रैक के नीचे की मिट्टी बह जाने से रेल ट्रैक करीब 50 मीटर ऊपर हवा में लटक गया है। इस मार्ग पर सभी ट्रेनें रद्द कर दी गई हैं। जम्मू-कश्मीर में भूस्खलन से सांबा-मानसर मार्ग और बनी-बसोहली सड़क पर यातायात ठप हो गया है। मौसम विभाग ने उत्तर भारत के 10 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में 5 सितंबर तक बारिश और बज्रपात का अनुमान जताया है। आईएमडी के अनुसार, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान, मुजफ्फराबाद, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड में 31 अगस्त से 5 सितंबर तक छिटपुट से व्यापक बारिश होने की संभावना है। मैदानी इलाकों में हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पंजाब, पूर्वी व पश्चिमी उत्तर प्रदेश और राजस्थान में 5 सितंबर तक छिटपुट से लेकर कहीं-कहीं भारी बारिश के आसार हैं। इसके अलावा, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और उत्तराखंड में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की चेतावनी जारी की गई है।

उधर अमेरिका और ईरान के बीच छह महीने से अधिक समय से जारी संघर्ष में एक बार फिर तनाव बढ़ गया है। अमेरिकी सेना ने रविवार को स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में लारक द्वीप पर ईरान के रॉकेट लॉन्चरों पर हमला किया। यह करीब एक महीने में अमेरिका की ईरान के खिलाफ पहली सैन्य कार्रवाई है। हमले के बाद ईरान ने जवाबी कार्रवाई की है। ईरान के इस्लामिक रिवॉल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने दावा किया है कि लारक द्वीप पर अमेरिकी हमले के जवाब में उसने जॉर्डन स्थित अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर बैलिस्टिक मिसाइलों से हमला किया है। ईरानी मीडिया के मुताबिक, निशाने पर किंग हुसैन और अल-अज्राक स्थित अमेरिकी ठिकाने थे। इससे पहले रविवार को अमेरिका ने ईरान के लारक द्वीप पर दो सैन्य लॉन्चरों को निशाना बनाया था। अमेरिकी अधिकारियों के मुताबिक, IRGC के जवान इन लॉन्चरों के जरिए स्ट्रेट ऑफ हॉर्मुज में समुद्री बारूदी सुरंगें पहुंचाने वाले रॉकेट लॉन्च करने की तैयारी कर रहे थे। अमेरिका ने इसे महत्वपूर्ण समुद्री मार्ग की सुरक्षा के लिए तत्काल खतरा बताया।

इधर नेपाल में अचानक आई बाढ़ से मरने वालों की संख्या शनिवार को बढ़कर 788 हो गई है। मलबे में शव मिलने का सिलसिला अभी भी जारी है। दूसरी तरफ अधिकारियों ने भोटेकोशी नदी में जलस्तर बढ़ने की चेतावनी जारी की है। उन्होंने बाढ़ प्रभावित जिलों में रहने वाले लोगों और बचाव कर्मियों से सतर्क रहने को कहा है। नेशनल डिज़ास्टर रिस्क रिडक्शन एंड मैनेजमेंट अथॉरिटी (NDRRMA) के अनुसार, 2,500 से ज़्यादा लोग अभी भी लापता हैं, जबकि लगभग 9,500 लोगों को बचाया गया है। नेपाल के अस्पतालों में, लापता रिश्तेदारों की तलाश में लोगों की भारी भीड़ जमा हो रही है। अब ध्यान मृतकों की पहचान करने पर ज़्यादा केंद्रित हो रहा है। अस्पतालों की दीवारों पर तस्वीरें लगाई गई हैं, जहां लोगों की भारी भीड़ उन्हें ध्यान से देखती हुई देखी जा सकती है। हालांकि, पुलिस ने बताया कि अब तक मिले शवों में से केवल 17 की ही पहचान हो पाई है।

उधर द ग्रेट खली उर्फ रेसलर दिलीप सिंह 29 अगस्त 2026 को एक दुर्घटना का शिकार हो गए। शनिवार को हरियाणा के पानीपत में एक टोल प्लाजा पर रेसलर की SUV एक कार से टकरा गई। इस दुर्घटना का एक वीडियो जल्द ही सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। इसके बाद ग्रेट खली ने अब एक वीडियो इंस्टाग्राम पर शेयर करके अपने फैंस को अपनी सलामती के बारे में बताया है और दुर्घटना के बारे में जानकारी दी। 'बिग बॉस 4' फेम खली ने फैंस को इसे मामूली दुर्घटना बताया और कहा कि यह कोई बड़ी बात नहीं है। साथ ही हेल्थ अपडेट देते हुए, कहा कि वह सुरक्षित हैं। खली ने इंस्टाग्राम पर वीडियो शेयर कहा, 'कल मेरी कार का एक्सीडेंट हो गया था और तब से मुझे अपनी खैरियत जानने के लिए बहुत सारे फोन कॉल और मैसेज मिल रहे हैं, लेकिन सब ठीक है। मैं बिल्कुल ठीक हूं। यह आप लोगों का और भगवान का आशीर्वाद है जो मेरे साथ है। यह एक मामूली दुर्घटना थी और इसीलिए मैं किसी को इसके बारे में बताना नहीं चाहता था, क्योंकि मैं इसे कोई बड़ी बात नहीं बनाना चाहता था, लेकिन फिर वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया इसलिए मैं बस साफ करना चाहता था, लेकिन मैं बिल्कुल ठीक हूं। अपना ध्यान रखें, जय हिंद।'

इधर यमुना एक्सप्रेसवे पर रविवार रात तेज रफ्तार ट्राले ने क्रैश बीम बैरियर तोड़कर दूसरी तरफ जा रही कार को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। हादसे में कार सवार पिता-पुत्र समेत चार लोगों की मौत हो गई। मृतकों में चालक भी शामिल है। पुलिस के मुताबिक, दिल्ली की तरफ से आगरा की ओर जा रहा तेज रफ्तार ट्राला 36 किमी साबौता इंटरचेंज के समीप यमुना एक्सप्रेसवे के मध्य में लगे क्रैश बीम बैरियर को तोड़कर दूसरी तरफ पहुंच गया और आगरा से दिल्ली की तरफ आ रही बलेनो कार को घसीटते एक बाइक व छोटा हाथी वाहन से टकरा गया। हादसे में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार चारों लोग अंदर फंस गए। पुलिस और एक्सप्रेसवे की सुरक्षा टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला। घायलों को जेवर स्थित कैलाश अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने महाराजगंज निवासी विकास गुप्ता, डीएन पांडेय व उनके पुत्र आयुष पांडेय और धौलपुर राजस्थान निवासी चालक विजय सिंह निवासी के रूप में हुई है।

उधर तमिलनाडु सरकार वोकेशनल एजुकेशन को आधुनिक बनाने जा रही है। छात्रों के लिए रोजगार के मौके बेहतर करने की पांच साल की योजना के तहत, 50 सरकारी इंडस्ट्रियल ट्रेनिंग इंस्टिट्यूट (आईटीआई) में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) और मशीन लर्निंग (एमएल) को नए ट्रेड के तौर पर शुरू करेगी। 2026-27 के संशोधित बजट में घोषित इस पहल को कुल 10 करोड़ रुपये की लागत से चरणों में लागू किया जाएगा। हर साल दस सरकारी आईटीआई ये कोर्स शुरू करेंगे, जिससे पांचवें साल के आखिर तक यह प्रोग्राम 50 संस्थानों तक पहुंच जाएगा। थलपति विजय सरकार को उम्मीद है कि इस प्रोग्राम के लागू होने के दौरान लगभग 24,000 छात्रों को इन नए कोर्स से फायदा होगा। सरकार का मानना ​​है कि यह प्रोग्राम आईटीआई छात्रों को उभरती हुई टेक्नोलॉजी की बुनियादी जानकारी और प्रैक्टिकल अनुभव देगा, जो तेजी से रोजगार बाजार को बदल रही हैं।

इधर क्लाइमेट एक्टिविस्ट सोनम वांगचुक ने 'कॉकरोच जनता पार्टी' (CJP) मूवमेंट के आयोजक अभिजीत दिपके और उनके साथियों पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि अभिजीत दीपके और उनके साथियों में राजनीतिक महत्वाकांक्षाएं दिखती हैं। हालांकि उन्होंने कहा कि इसमें कुछ भी गलत नहीं है, बशर्ते यह स्टूडेंट प्लेटफॉर्म अपनी गैर-राजनीतिक पहचान बनाए रखे। एक पॉडकास्ट में वांगचुक ने कहा कि दिपके और अन्य लोगों ने उनके सामने कोई योजना नहीं रखी थी और उनकी राय उनके अपने आकलन पर आधारित थी। उन्होंने कहा कि राजनीतिक महत्वाकांक्षा बहुत सामान्य बात है। मुझे उनके पिछले राजनीतिक संबंधों से कोई फर्क नहीं पड़ता। वर्तमान और भविष्य की राजनीतिक आकांक्षाएं कोई समस्या नहीं हैं। आयोजकों की व्यक्तिगत या राजनीतिक आकांक्षाओं की संभावना का ज़िक्र करते हुए सोनम वांगचुक ने कहा कि वे ऐसे संत नहीं हैं जो कुछ भी नहीं चाहते और यह सब पूरी तरह निस्वार्थ भाव से कर रहे हैं। नेतृत्व के लिए उनकी उपयुक्तता का आकलन करते हुए सोनम वांगचुक ने आयोजकों को नेक इरादों वाले, काफी कुशल और औसत से बेहतर बताया। 

उधर हैदराबाद में 21 साल की एक नर्स की कथित तौर पर हत्या कर दी गई। वह अनुसूचित जनजाति समुदाय से थी। नर्स के चेहरे पर चोट के निशान थे और खून निकल रहा था। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी। राज्य की महिला और बाल कल्याण मंत्री डी अनसूया सीतक्का ने इस घटना पर दुख जताया। उन्होंने पुलिस महानिदेशक सीवी आनंद को फोन किया। मंत्री ने उनसे घटना की उच्च स्तरीय और पूर्ण जांच कराने को कहा। उन्होंने कहा कि जांच में देरी नहीं होनी चाहिए। इसे जल्द पूरा करने के लिए कदम उठाए जाएं। साथ ही, पीड़ित परिवार को न्याय भी सुनिश्चित किया जाए। मंत्री ने यह बात एक आधिकारिक बयान में कही। महिला भद्राद्री कोठागुडेम जिले की रहने वाली थी। शनिवार को उसका शव अस्पताल के पास एक कमरे में मिला। इसी अस्पताल में वह काम करती थी। अस्पताल के कर्मचारियों ने उसे देखा। इसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी।

अब उत्तराखण्ड की खबरों पर नजर डालते हैं, नेता विपक्ष राहुल गांधी के खिलाफ हल्द्वानी कोतवाली में एफआईआर दर्ज की गई है। उनके खिलाफ बीएनएस 196, 299 और एससी-एसटी एक्ट की धारा 3 (1) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। प्राथमिकी दर्ज कराने वाले श्रीराम सेना धर्मार्थ सेवा समिति के सदस्य अमित कुमार अनुसूचित जाति के हैं। जवाहर नगर कॉलोनी निवासी अमित का आरोप है कि रामलीला मैदान में 11 अगस्त को हुए साफ-सफाई कार्य को कांग्रेस नेता ने जातिगत रूप दिया और दिल्ली में प्रेस वार्ता के दौरान कार्य को छुआछूत व आपराधिक बताया। अमित कुमार ने जातिगत भावनाएं आहत होने का आरोप लगाया है। तहरीर में अमित कुमार ने कहा कि आठ अगस्त को रामलीला मैदान में कांग्रेस का राजनीतिक कार्यक्रम हुआ था। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद उन्होंने मैदान का निरीक्षण किया जहां कूड़ा-कचरा, खाली बोतलें और आपत्तिजनक सामग्री पड़ी थी। 11 अगस्त को स्थल की सफाई और धार्मिक अनुष्ठान कराया गया। यह भी आरोप लगाया कि राहुल गांधी की प्रेसवार्ता के बाद सोशल मीडिया पर उन्हें और समिति से जुड़े लोगों को सार्वजनिक रूप से छुआछूत करने वाले, जातिवादी और दलित विरोधी बताया जा रहा है। इससे उनकी सामाजिक प्रतिष्ठा, आजीविका और सुरक्षा प्रभावित हो रही है।

उधर उत्तराखंड के पर्वतीय जिलों में सोमवार को भी मौसम बदला हुआ रहेगा। मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से जारी पूर्वानुमान के अनुसार देहरादून समेत बागेश्वर, चमोली और नैनीताल जिले के कुछ इलाकों में गर्जन और बिजली चमकने के साथ भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा पौड़ी, टिहरी, रुद्रप्रयाग, चमोली, चंपावत और ऊधमसिंह नगर जिले के कुछ इलाकों में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। आने वाले दिनों की बात करें तो पांच सितंबर तक प्रदेश भर में मौसम का मिजाज कुछ ऐसा ही रहेगा। मौसम विभाग के ऑरेंज अलर्ट के कारण एसडीआरएफ को हाई अलर्ट पर रखा गया है। रविवार को सेनानायक अर्पण यदुवंशी ने प्रदेशभर में तैनात टीमों की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने टीमों को बारिश के दौरान आवश्यक उपकरणों के साथ अलर्ट रहने के निर्देश दिए। आपातकालीन कॉल पर तत्काल रेस्क्यू करने को कहा गया। नदियों, नालों और संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं।

इधर चमोली पुलिस ने मूक-बधिर महिला अपराध पर एक्शन लेते हुए दुष्कर्म के आरोपी को 24 घंटे के भीतर धर दबोच कर गिरफ्तार किया है। विगत रोज शनिवार को एक महिला द्वारा थाना पोखरी में तहरीर दी गई थी। जिसमें महिला ने बताया उसकी मूक-बधिर ननद के साथ संजय उर्फ सन्तू पुत्र धर्मपाल, निवासी ग्राम सांकरी, थाना पोखरी, उम्र 34 वर्ष द्वारा जबरन दुष्कर्म किया है। महिला की तहरीर के आधार पर थाना पोखरी पर मुकदमा दर्ज किया। पोखरी के थानाध्यक्ष देवेंद्र पंत ने बताया बीते शनिवार को एक महिला ने थाने में तहरीर दी की उसकी मूक-बधिर ननद के साथ पोखरी ब्लॉक के सांकरी गांव निवासी संजय उर्फ सन्तू ने जबरन दुष्कर्म किया। तहरीर मिलते ही पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए तत्काल पुलिस टीम गठित की। पोखरी पुलिस की तत्परता व त्वरित कार्रवाई के चलते आरोपी संजय उर्फ सन्तू को घटना की सूचना प्राप्त होने के 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने बताया कि आरोपी को न्यायालय में पेश करने की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।