Aug 30, 2026 Login

Good Morning India: 16 राज्यों में भारी बारिश-आंधी की चेतावनी! नेपाल में फिर तबाही की आशंका, NDRRMA ने लोगों को किया अलर्ट! दिल्ली के प्ले स्कूल में मासूम से हैवानियत, CCTV में कैद हुई करतूत! उत्तराखंड में स्वाइन फ्लू के बढ़ते मामलों ने बढ़ाई टेंशन

Good Morning India: Heavy rain and storm warning for 16 states! Fear of fresh devastation in Nepal; NDRRMA issues alert to the public! Atrocity against a young child at a Delhi play school; incident

नमस्कार दोस्तों, आवाज इंडिया अपना खास कॉलम ‘गुड मॉर्निंग इंडिया’ लेकर एक फिर आपके समक्ष प्रस्तुत है। आईए आज के प्रमुख कार्यक्रमों पर नजर डालते हैं। प्रधानमंत्री के उज्बेकिस्तान दौरे का दूसरा दिन है। इसके साथ ही आदिवासी समाज परिसीमन के विरोध में रैली करेंगे। 

अब बड़ी खबरों की तरफ रुख करते हैं, नेपाल में बाढ़ के कारण आई आपदा में करीब 700 लोगों की मौत हो चुकी है। अभी भी अलग-अलग जगहों पर राहत और बचाव टीमें अभियान चला रही हैं। हजारों लोग लापता हैं। इस बीच यहां दूसरी बार भयंकर बाढ़ की चेतावनी दी गई है। तिब्बत के पहाड़ों में बर्फ का टुकड़ा टूटने से तबाही आई थी। पानी के साथ भारी मात्रा में मलबा और बड़ी चट्टानें बहकर आई थीं, जिससे जमकर तबाही हुई। अब दोबारा तिब्बत में ऐसे हालात बने हैं, जिसके कारण फिर से भारी मात्रा में पानी और मलबा निचले इलाकों में आ सकता है और इसके रास्ते में आने वाली हर चीज तबाह हो जाती है। नेपाल की नेशनल डिजास्टर रिस्क रिडक्शन एंड मैनेजमेंट अथॉरिटी ने लोगों को अलर्ट करते हुए एक्स पर लिखा, "रासुवा डिस्ट्रिक्ट एडमिनिस्ट्रेशन ऑफिस को जानकारी मिली है कि भोटे कोशी नदी में बाढ़ का बहाव तेज होने की आवाज सुनी गई है। इसलिए, हम नदी के आस-पास के इलाकों में रासुवा, नुवाकोट और धाडिंग तक सावधानी बरतने की रिक्वेस्ट करते हैं। जैसे ही और जानकारी मिलेगी, हम आगे अपडेट देंगे।" वहीं इस भीषण त्रासदी में अबतक 675 लोगों के मारे जाने की पुष्टि हुई है।

इधर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) प्रमुख मोहन भागवत ने न्यूयॉर्क के मैडिसन स्क्वायर गार्डन में आयोजित ‘यूनिवर्सल वननेस सेलिब्रेशन’ कार्यक्रम में भारत की विविधता, एकता, मानवता और आध्यात्मिक विकास को लेकर अपने विचार रखे। इस दौरान उन्होंने कहा कि एकता और विविधता भारत के DNA में है। इस कार्यक्रम में 5 हजार से अधिक भारतीय मूल के अमेरिकी शामिल हुए, जबकि 30 देशों के करीब 180 धार्मिक नेता भी शामिल हुए। संघ प्रमुख ने कहा कि लोगों का पहनावा, रहन-सहन, शरीर और पूजा-पद्धति अलग हो सकती है, लेकिन उनके बीच एक जन्मजात जुड़ाव है। उन्होंने कहा कि इंसानियत सभी धर्मों से ऊपर है और अलग-अलग रास्ते अंततः एक ही सत्य की ओर ले जाते हैं। उन्होंने कहा कि भारत का दायित्व है कि वह स्वयं ‘विविधता में एकता’ को महसूस करे और समय-समय पर पूरी दुनिया को भी इसका एहसास कराए। उन्होंने मानव जीवन में आध्यात्मिक विकास को भी जरूरी बताया।

उधर देशभर के कई राज्यों में भारी बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग ने 30 अगस्त को दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान, हरियाणा, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर समेत कई राज्यों में बारिश और तेज आंधी का अलर्ट जारी किया है। कुछ इलाकों में हवा की रफ्तार 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। पहाड़ी राज्यों में भारी बारिश के कारण भूस्खलन का खतरा भी बना हुआ है। वहीं, तेज बारिश से कई नदियों का जलस्तर बढ़ सकता है। किसानों को भी सावधानी बरतने की सलाह दी गई है, क्योंकि तेज हवाओं और ओलावृष्टि से फसलों को नुकसान हो सकता है। मौसम विभाग के मुताबिक, आज उत्तर प्रदेश, दिल्ली, बिहार, राजस्थान, हरियाणा, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, झारखंड, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, असम, गुजरात, महाराष्ट्र, केरल और तमिलनाडु में बारिश और आंधी का असर देखने को मिल सकता है।

इधर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दो दिन की यात्रा पर उज़्बेकिस्तान पहुंच गए हैं। यहां ताशकंद में पहुंचने पर उनका स्वागत किया गया। इस यात्रा के दौरान, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दोनों देशों के बीच रणनीतिक साझेदारी को और मज़बूत करने के लिए राष्ट्रपति मिर्ज़ियोयेव के साथ प्रतिनिधिमंडल स्तर की बातचीत करेंगे। दोनों नेता व्यापार और निवेश, रक्षा, डिजिटल कनेक्टिविटी, ऊर्जा, शिक्षा और लोगों के बीच आपसी संबंधों के क्षेत्रों में सहयोग की समीक्षा करेंगे और आगे की राह के लिए एजेंडा तय करेंगे। पीएम मोदी उज्बेकिस्तान की अपनी चौथी यात्रा पर ताशकंद पहुंचे। यहां एयरपोर्ट पर पहुंचते ही राष्ट्रपति मिर्जियोयेव ने पीएम मोदी का स्वागत किया। इस दौरान दोनों नेता एक-दूसरे से गले भी मिले। बता दें कि पीएम मोदी उज्बेकिस्तान और किर्गिज गणराज्य की अपनी दो देशों की यात्रा के पहले चरण में ताशकंद में हैं। इस यात्रा का मकसद मध्य एशिया में भारत की रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करना और इस क्षेत्र के साथ सांस्कृतिक संबंधों को गहरा करना है।

उधर राजधानी दिल्ली के मौजपुर इलाके में एक स्कूल में मासूम छात्र के साथ दरिंदगी का मामला सामने आया है। स्कूल के अंदर छात्र के साथ न केवल मारपीट की गई। बल्कि उसका यौन उत्पीड़न कर कुर्सी में बांधकर पीटा गया। स्कूल में लगे सीसीटीवी कैमरे में सारी करतूत कैद हो गई। पीड़ित छात्र के पिता की शिकायत पर पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज जब्त कर ली है। फुटेज और परिवार के बयान के बाद जाफराबाद पुलिस ने 28 अगस्त को स्कूल की डायरेक्टर, प्रिंसिपल, टीचर और आया के खिलाफ पॉस्को जुवेनाइल जस्टिस एक्ट और बीएनएस की कई धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि पीड़ित परिवार मौजपुर में ही रहता है। परिवार ने अपने बयान में बताया कि उनका बेटा मौजपुर के एक प्ले स्कूल में पढ़ता है। कुछ दिनों से उनका बच्चा टायलेट जाने से घबराता है। रात भर वह सो नहीं पाता ओर रोता रहता है। तब उन्होंने बच्चे को ईएनटी एक्सपर्ट को दिखाया। तब पता चला कि उसके दोनों कान के पर्दों में भारी सूजन है। डॉक्टर ने मारपीट करने से चोट आने की आशंका जताई। इसके बाद पूरा मामला खुल गया।

अब उत्तराखण्ड की खबरों पर नजर डालते हैं, प्रदेश में मौसम के तल्ख तेवर बने हुए हैं। इस बीच मौसम विभाग ने दो सितंबर तक प्रदेश के ज्यादातर जिलों में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। अगस्त के अंत और सितंबर की शुरुआत में कम दबाव के क्षेत्र बनने से बारिश का दौर आगे भी जारी रहने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने आज भी बारिश के दौर जारी रहने की आशंका जताई है। रविवार को यलो अलर्ट के तहत देहरादून, पौड़ी, टिहरी, रुद्रप्रयाग, पिथौरागढ़, चमोली, नैनीताल और बागेश्वर में कहीं-कहीं भारी बारिश की संभावना है। वहीं, चंपावत, ऊधम सिंह नगर समेत प्रदेश के सभी जिलों में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली चमकने और बारिश के तीव्र से अति तीव्र दौर होने की आशंका है। सोमवार को मौसम और ज्यादा तल्ख रहने का अनुमान है। मौसम विभाग ने देहरादून, बागेश्वर, चमोली और नैनीताल में भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में आकाशीय बिजली के साथ बारिश के अति तीव्र से अत्यंत तीव्र दौर होने की भी संभावना है।

इधर मदरसा शिक्षा बोर्ड की समाप्ति के बाद एक जुलाई 2026 को अस्तित्व में आए उत्तराखंड अल्पसंख्यक शिक्षा प्राधिकरण ने राज्य में अवैध रूप से संचालित मदरसों के विरुद्ध कार्रवाई तेज कर दी है। प्राधिकरण की सिफारिश पर शनिवार को शिक्षा महानिदेशक आकांक्षा कौंडे और हरिद्वार जिला प्रशासन के अधिकारियों की संयुक्त टीम ने मंगलौर क्षेत्र में संचालित दो अवैध मदरसों को सील कर दिया। दो को सोमवार तक अभिलेख प्रस्तुत करने को कहा गया है। प्राधिकरण के चेयरमैन डॉ. सुरजीत सिंह गांधी ने इसकी पुष्टि की है। प्राधिकरण के चेयरमैन डॉ. गांधी के अनुसार, ऊधम सिंह नगर जिले में भी सात अवैध मदरसों के संचालन की जानकारी सामने आई है। इन मदरसों को बंद कर सील करने के लिए संबंधित प्रशासन से कार्रवाई की सिफारिश की गई है। इन संस्थानों में शिक्षा विभाग की निर्धारित मुख्यधारा की शिक्षा के बजाय धार्मिक शिक्षा पर अधिक जोर दिया जा रहा है। 

उधर उत्तराखंड में सीजनल बीमारियों के साथ ही अब स्वाइन फ्लू (इंफ्लुएंजा एच1एन1) तेजी से पैर पसार रहा है। वर्तमान स्थिति यह है कि स्वाइन फ्लू की चपेट में आने वाले मरीजों की संख्या 70 का आंकड़ा पार कर चुकी है। लगातार बढ़ रहे मरीजों की संख्या को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग जिलों में रैपिड रिस्पांस टीम तैनात की हैं, जो लोगों की जांच कर रही है। वर्तमान स्थिति यह है कि अभी तक 73 मरीजों में स्वाइन फ्लू की पुष्टि हो चुकी है, जिसमें से अकेले 67 मामले देहरादून जिले में देखे गए है। इसके अलावा नैनीताल जिले में चार और हरिद्वार जिले में 2 मामले सामने आए है। स्वाइन फ्लू पॉजिटिव कुल 73 मरीजों में से 43 मरीज स्वस्थ हो चुके है, जबकि 25 मरीजों का इलाज चल रहा है। हालांकि, देहरादून जिले में स्वाइन फ्लू पॉजिटिव पाए 5 मरीजों को मौत भी चुकी है। ये पांचों मरीज पहले से ही अन्य गंभीर बीमारी से ग्रसित थे और स्वाइन फ्लू पॉजिटिव होने की वजह से इनकी मौत हो गई है।