Good Morning India: चीनी ने तोड़े रिकॉर्ड, खुदरा बाजार में 64 रुपये किलो हुई कीमत! सुबह-सुबह भूकंप के झटकों से थर्राया हिमाचल! एशिया कप के लिए आखिरी टीम का ऐलान! उत्तराखण्ड में रक्षा बंधन से पहले दो सगी बहनों का मर्डर, लिंक में पढ़ें प्रमुख खबरें
नमस्कार दोस्तों, आवाज इंडिया अपना खास कॉलम ‘गुड मॉर्निंग इंडिया’ लेकर एक फिर आपके समक्ष प्रस्तुत है। आईए आज के प्रमुख कार्यक्रमों पर नजर डालते हैं। केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह आज पत्रादेवी में हुतात्मा स्मृति स्मारक का उद्घाटन करेंगे। वहीं दिल्ली सरकार आज दिल्ली लक्ष्मी योजना की पहली किस्त जारी करेगी।
अब बड़ी खबरों की तरफ रुख करते हैं, चीनी की कीमत लगातार बढ़ती जा रही है। खुदरा बाजार में मंगलवार को चीनी की कीमत लगभग एक रुपये बढ़कर करीब 64 रुपये प्रति किलोग्राम हो गईं। कहीं- कहीं चीनी 76 रुपये के दर से भी बेची गई। चीनी की औसत कीमत सोमवार को 63.05 रुपये प्रति किलो थी। हालांकि पिछले कुछ दिनों में चीनी के मिल भाव (एक्स-मिल दर) में गिरावट आई है, लेकिन खुदरा बाजार में इसका असर दिखना बाकी है। उपभोक्ता मामलों के विभाग के मूल्य निगरानी प्रभाग के अनुसार, 25 अगस्त को चीनी का औसत भाव 63.97 रुपये प्रति किलो था, जो एक महीने पहले के 48.81 रुपये प्रति किलो से 31 प्रतिशत अधिक है, जबकि एक साल पहले चीनी का औसत मूल्य 46.31 रुपये प्रति किलो था। थोक बाजार में सोमवार को चीनी का भाव 59.23 रुपये प्रति किलो था, जबकि एक महीने पहले यह 45.35 रुपये प्रति किलो और एक साल पहले 43.01 रुपये प्रति किलो था।
इधर तेलंगाना के सूर्यापेट जिले में आज सुबह करीब 5 बजकर 20 मिनट पर एक बड़ा हादसा हो गया। एक प्राइवेट ट्रैवल बस की ट्रक से टक्कर हो गई। इस हादसे में 6 लोगों की मौत हो गई है। यह बस हैदराबाद से विजयवाड़ा जा रही थी। बस में 43 यात्री सवार थे। इस हादसे में कई लोग घायल भी हुए हैं, उन्हें स्थानीय अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। सूर्यापेट पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, एक प्राइवेट ट्रैवल बस हैदराबाद से विजयवाड़ा जा रही थी। बस में 43 यात्री सवार थे, लेकिन अचानक ही दुर्गापुरम स्टेज के पास बस की ट्रक हो गई।
उधर शिमला में मानसून की सक्रियता के बीच बुधवार को सुबह राजधानी शिमला और चंबा जिले में लोगों ने भूकंप के झटकें महसूस किया। हालांकि, तीव्रता कम होने के कारण कहीं से भी किसी प्रकार के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र (एनसीएस) के अनुसार, शिमला में सुबह 5 बजकर 46 मिनट पर रिक्टर पैमाने पर 4.0 तीव्रता का भूकंप दर्ज किया गया। इसका केंद्र जमीन की सतह से 10 किलोमीटर की गहराई पर 31.387 डिग्री उत्तरी अक्षांश और 77.787 डिग्री पूर्वी देशांतर पर स्थित था। इससे ठीक पहले चंबा जिले में तड़के 4 बजकर 38 मिनट पर 2.5 तीव्रता के झटके दर्ज किए गए। राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अनुसार सभी क्षेत्रों में स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार प्रदेश में 31 अगस्त तक मौसम खराब रहेगा और कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी रहेगा, हालांकि भारी बारिश को लेकर कोई विशेष चेतावनी जारी नहीं की गई है।
इधर ACC वूमेन्स क्रिकेट के एशिया कप में इस बार एक नई टीम इतिहास रचने की तैयारी में है। इंडोनेशिया पहली बार इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में मैदान पर उतरेगा। आठ टीमों के इस टूर्नामेंट के लिए इंडोनेशिया ने सबसे आखिर में अपनी टीम का ऐलान किया है। टूर्नामेंट की शुरुआत 28 अगस्त से होने जा रही है। इंडोनेशिया ने टूर्नामेंट के लिए मजबूत टीम चुनी है। इंडोनेशिया ने जून में खेले गए ACC महिला प्रीमियर कप के जरिए एशिया कप में जगह बनाई थी। खास बात यह रही कि क्वालिफिकेशन टूर्नामेंट के दौरान टीम के पास कई मौकों पर सिर्फ 11 उपलब्ध खिलाड़ी ही थे। इसके बावजूद इंडोनेशिया ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सेमीफाइनल तक का सफर तय किया। हालांकि, सेमीफाइनल में उसे थाईलैंड के हाथों हार मिली, जबकि तीसरे स्थान के मुकाबले में हांगकांगने उसे मात दी। एशिया कप के लिए घोषित टीम में कुछ नए चेहरों को भी मौका मिला है। युवा स्पिनर सोफिया वेलिक और आक्रामक बल्लेबाज मारिया कोराजोन वोम्बाकी को टीम में शामिल किया गया है। हालांकि, क्वालिफिकेशन अभियान का हिस्सा रहीं दारा मरामिथा इस बार टीम में जगह नहीं बना सकीं।
उधर सुप्रीम कोर्ट ने पश्चिम बंगाल के स्पेशल इंटेंसिव रिविज़न (SIR) मामले की सुनवाई के दौरान कई अहम कानूनी सवाल उठाए। कोर्ट ने पूछा कि क्या न्यायपालिका नए चुनाव कराने का आदेश दे सकती है, जब कई विधानसभा क्षेत्रों में जीत के अंतर से ज़्यादा वोटर्स के नाम हटाए जाने के दावे किए गए हों। भारत के मुख्य न्यायाधीश सूर्य कांत, जस्टिस जॉयमाल्य बागची और जस्टिस वी. मोहना की बेंच ने तृणमूल कांग्रेस (TMC) के एक सदस्य की ओर से सीनियर एडवोकेट कल्याण बंद्योपाध्याय द्वारा दायर अर्ज़ी पर सुनवाई के दौरान ये सवाल पूछा। तृणमूल कांग्रेस के याचिकाकर्ता की ओर से पेश होते हुए, सीनियर वकील कल्याण बंदोपाध्याय ने इस संबंध में कोर्ट के सामने एक विस्तृत ब्योरा पेश किया। इसमें 31 विधानसभा क्षेत्रों का ज़िक्र किया गया, जहां जीतने वाले भाजपा उम्मीदवारों की जीत का अंतर, SIR प्रक्रिया के दौरान हटाए गए कुल मतदाताओं की संख्या से कम था। बेंच ने साफ़ किया कि वह अपनी जांच को सिर्फ़ उन 31 सीटों तक सीमित नहीं रखेगी। इसके बजाय, सुप्रीम कोर्ट का इरादा पश्चिम बंगाल में अपीलीय ट्रिब्यूनल के सामने लंबित सभी मामलों की जांच करना है, ताकि उनका समय पर समाधान हो सके।
इधर उत्तर प्रदेश में बदायूं की बिसौली तहसील के फैजगंज बेहटा थाना क्षेत्र के सीकरी गांव में सरकारी जमीन पर बिना अनुमति मूर्ति स्थापित करने को लेकर भारी बवाल हो गया। ईंटों का चबूतरा बनाकर प्रतिमा स्थापित करने की कोशिश के दौरान जब पुलिस-प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची, तो भीड़ उग्र हो गई। उपद्रवियों ने पुलिस टीम पर पथराव कर दिया, जिसमें पुलिस की कई गाड़ियां क्षतिग्रस्त हो गईं, साथ ही कुछ पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं। स्थिति बिगड़ते देख पुलिस ने लाठीचार्ज कर भीड़ को खदेड़ा और स्थिति को नियंत्रित किया। मामला फैजगंज बेहटा थाना क्षेत्र के सीकरी गांव का है, जहां सरकारी जमीन पर बिना प्रशासनिक अनुमति के बाबा साहब भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा स्थापित करने को लेकर विवाद खड़ा हो गया। बताया जा रहा है कि इस जगह पर ईंटों का चबूतरा बनाकर दोबारा मूर्ति स्थापित करने का प्रयास किया जा रहा था। जब स्थानीय प्रशासन और पुलिस टीम ने बिना अनुमति हो रहे निर्माण को रोकने की कोशिश की, तो वहां मौजूद भीड़ आक्रोशित हो गई।
उधर कर्नाटक के मंड्या में जिले में विधायक की बेटी ने एक महिला सब-इंस्पेक्टर को थप्पड़ जड़ दिया। मंदिर में दर्शन को लेकर हुई बहस के बाद ये घटना हुई। थप्पड़ लगने के बाद सब इंस्पेक्टर ने भी जवाबी थप्पड़ विधायक की बेटी को रसीद दिया। फिर वहां मौजूद लोगों ने बीच-बचाव किया महिला सब इंस्पेक्टर की ओर से इस संबंध में एफआईआर भी कराई गई। इस घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। दरअसल, यह घटना करीब 13 दिन पुरानी है जब तुमकुरु ग्रामीण BJP MLA सुरेश गौड़ा की बेटी ऐश्वर्या, श्रीरंगपट्टनम के आरती उक्कडा मंदिर में भीमना अमावस्या समारोह के दौरान दर्शन के लिए पहुंची थी। इस दौरान यह घटना हुई। पुलिस सब इंस्पेक्टर सविता की ओर से क्यातनहल्ली पुलिस स्टेशन में दर्ज FIR के अनुसार, भारी भीड़ के बावजूद ऐश्वर्या ने गर्भगृह में तुरंत प्रवेश की मांग की। जब उन्हें थोड़ी देर इंतजार करने के लिए कहा गया, तो उन्होंने कथित तौर पर पुलिस सब इंस्पेक्टर सविता के साथ बहस की, अपने पिता के पद का हवाला दिया और उन्हें थप्पड़ मार दिया। सविता ने आरोप लगाया कि ड्यूटी के दौरान ऐश्वर्या ने उनके साथ बदसलूकी की, काम में बाधा डाली और उन पर हमला किया।
अब उत्तराखण्ड की खबरों पर नजर डालते हैं, हरिद्वार से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, यहां रुडकी में मंगलवार 25 अगस्त देर शाम को दो सगी बहनों पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसाई गई, जिससे दोनों बहनों की मौके पर ही मौत हो गई। सगी बहनों को इस तरह गोली मारने वाला कोई और नहीं, बल्कि उनका सगा भाई ही बताया जा रहा है। आरोपी ने अपने जीजा को भी गोली मारी है। जीजा की हालात फिलहाल गंभीर है, जिसके हॉस्पिटल ले जाया गया है। दोनों सगी बहनों की हत्या करने के बाद आरोपी भाई मौके से फरार हो गया। वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची और अपनी जांच पड़ताल शुरू की। फिलहाल हत्या के पीछे का कारण पारिवारिक विवाद बताया जा रहा है। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। ये पूरा मामला रुड़की गंगनहर कोतवाली क्षेत्र का है।
इधर उत्तराखंड भाजपा ने प्रदेश प्रवक्ता टोली का विस्तार करते हुए 8 नए नेताओं को प्रवक्ता की जिम्मेदारी सौंपी है। प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट की सहमति के बाद पार्टी ने नई सूची जारी की है। नई टोली में देहरादून से लेकर ऊधम सिंह नगर, नैनीताल, कोटद्वार और ऋषिकेश तक के नेताओं को जगह दी गई है। नए प्रवक्ताओं में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हरक सिंह रावत का पुत्रवधू अनुकृति गुसाईं को भी जगह दी गई है। जारी सूची के मुताबिक विंद्र जुगरान, राजेश शुक्ला, सुरेश तिवारी, शादाब शम्स, अनुकृति गुसाईं, विश्वजीत नेगी, सत्यवीर चौहान, मनोज जखमोला को प्रदेश प्रवक्ता टोली में शामिल किया गया है।
उधर नैनीताल जिले के ओखलकांडा में बीते दिनों पत्नी की पीट-पीटकर हत्या करने का मामला सामने आया था। इस मामल में आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। आरोप है कि भीम सिंह ने अपने चार बच्चों की मौजूदगी में पत्नी डिक्री देवी को डंडों और चम्मच से बेरहमी से पीटा, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस के अनुसार आरोपी पति को अपनी पत्नी पर अवैध संबंधों को लेकर शक था। इसी वजह से उसने 22 अगस्त रात को पत्नी को बेरहमी से पीटा, जिससे उसकी मौत हो गई। पत्नी की हत्या के बाद आरोपी अपने बच्चों को धमकाकर फरार हो गया था। पुलिस ने लगातार दबिश और सुरागरसी के बाद आरोपी को काठगोदाम के पास से गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक, भीम सिंह ने अपने चार बच्चों की मौजूदगी में पत्नी डिक्री देवी के साथ मारपीट की। आरोप है कि उसने डंडों और चम्मच आदि से पत्नी को बुरी तरह पीटा, जिससे उसकी मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी रात में घर पर ही सोया और अगले दिन सुबह अपने बच्चों को धमकाते हुए घटना के बारे में किसी को कुछ नहीं बताने को कहा। इसके बाद वह घर से फरार हो गया।
इधर युवा निशानेबाज अभिनव देशवाल एवं लंबी व मध्यम दूरी की भारतीय धावक अंकिता ध्यानी को देवभूमि उत्तराखंड खेल रत्न पुरस्कार मिलेगा। अभिनव को वर्ष 2025 और अंकिता को वर्ष 2024-25 के लिए यह पुरस्कार दिया जाएगा। खेल विभाग की ओर से खेल पुरस्कारों की घोषणा की गई है। 29 अगस्त राष्ट्रीय खेल दिवस पर इन खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया जाएगा।