Sep 02, 2026 Login

Good Morning India: मैगी, चिप्स और कुरकुरे खाने वाले हो जाएं सावधान, यहां खेला जा रहा था एक्सपायरी डेट बदलने का खेल! महान फुटबॉलर लियोनेल मेसी ने किया संन्यास का ऐलान! यूपी में फिर मुठभेड़, पटाखा फैक्ट्री विस्फोट का आरोपी गिरफ्तार! उत्तराखण्ड में 10 वर्षीय लड़के ने किया मर्डर, मामूली बात पर दोस्त को उतारा मौत के घाट

Good Morning India: Consumers of Maggi, chips, and Kurkure, take note—a scheme to alter expiry dates was uncovered here! Legendary footballer Lionel Messi has announced his retirement! Another encoun

नमस्कार दोस्तों, आवाज इंडिया अपना खास कॉलम ‘गुड मॉर्निंग इंडिया’ लेकर एक फिर आपके समक्ष प्रस्तुत है। आईए आज के प्रमुख कार्यक्रमों पर नजर डालते हैं। सुप्रीम कोर्ट की एक विशेष पीठ आज सिविल सेवा परीक्षा (सीएसई) 2025 के उम्मीदवारों पर ओबीसी क्रीमी लेयर मापदंडों की प्रयोज्यता के स्पष्टीकरण पर सुनवाई करेगी। 

अब बड़ी खबरों की तरफ रुख करते हैं, नेपाल में 26 अगस्त को आई भयानक बाढ़ के बाद अबतक मृतकों का आंकड़ा 955 तक पहुंच गया है। वहीं अभी भी रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। हालांकि नेपाल के बाद अब सिक्किम में भी भूकंप के झटके महसूस किए गए हैं। नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी (NCS) ने बताया कि मंगलवार तड़के सिक्किम के मंगन जिले में रिक्टर स्केल पर 3.9 तीव्रता का भूकंप आया। भूकंप की निगरानी करने वाली एजेंसी ने 'X' पर एक पोस्ट में यह जानकारी दी। बता दें कि सिक्किम के मंगन जिले में ये झटके ऐसे समय में महसूस किए गए जब पड़ोसी देश नेपाल विनाशकारी बाढ़ से जूझ रहा है। बाढ़ के बीच, 29 अगस्त को नेपाल में अचानक बाढ़ का अलर्ट जारी रहा। अधिकारियों ने कई जिलों में नदियों और नालों में जलस्तर बढ़ने की चेतावनी दी और नुवाकोट तथा रसुवा जिलों में "अचानक बाढ़ का उच्च जोखिम" बताया। सोमवार को नेपाल के राष्ट्रीय आपदा जोखिम न्यूनीकरण और प्रबंधन प्राधिकरण (NDRRMA) द्वारा जारी नवीनतम आंकड़ों के अनुसार, नेपाल में विनाशकारी अचानक बाढ़ से मरने वालों की संख्या 788 से बढ़कर 903 हो गई है। आंकड़ों के मुताबिक, इस आपदा में लगभग 4,247 लोग लापता हैं, जबकि अब तक 10,451 लोगों को बचाया जा चुका है।

इधर किर्गिजस्तान की राजधानी और सबसे बड़े शहर बिश्केक में भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से मुलाकात की है। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच द्विपक्षीय वार्ता भी हुई। उन्होंने पुतिन से साफ कहा है कि अब युद्ध बहुत हुआ, शांति की तरफ बढ़िए। दरअसल पीएम मोदी, रूस और यूक्रेन युद्ध के बारे में बात कर रहे थे। गौरतलब है कि रूस और यूक्रेन युद्ध साढ़े चार साल से चल रहा है। लाखों लोग मारे जा चुके हैं। दर्जनों शहर तबाह हो चुके हैं लेकिन न यूक्रेन पीछे हटने को तैयार है और न रूस। इसीलिए आज प्रधानमंत्री मोदी ने प्रेसीडेंट पुतिन से कहा कि युद्ध से किसी का भला नहीं होता, इसलिए बेहतर होगा कि रूस शांति के बारे में सोचे। युद्ध कैसे खत्म हो, इसके उपाय तलाशे क्योंकि युद्ध का एक-एक दिन पूरी इंसानियत पर भारी पड़ रहा है। पीएम मोदी ने अपने एक्स हैंडल पर पुतिन के साथ मुलाकात की तस्वीर शेयर की। पीएम मोदी ने अपने एक्स हैंडल पर बताया, "राष्ट्रपति पुतिन के साथ विस्तार से बातचीत हुई। भारत-रूस की 'विशेष और विशेषाधिकार प्राप्त रणनीतिक साझेदारी' के सभी पहलुओं पर चर्चा की गई। यह देखकर खुशी होती है कि हाल के वर्षों में विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति हुई है। भारत-रूस मित्रता के मुख्य क्षेत्रों में ऊर्जा, इनोवेशन, अंतरिक्ष, उर्वरक और लोगों के बीच आपसी संपर्क शामिल हैं।"

उधर दिल्ली सरकार ने पूर्वी विनोद नगर के एक सरकारी स्कूल में 10 वर्षीय छात्रा की मौत के मामले में जांच पूरी होने तक एक शिक्षिका का सोमवार को तबादला कर दिया। छात्रा के परिवार का आरोप है कि स्कूल में किताब नहीं लाने पर सजा के तौर पर उसे धूप में खड़ा किया गया था, जिसके कारण उसकी तबीयत बिगड़ गई। यह पूरी घटना 27 अगस्त की है। शिक्षा मंत्री आशीष सूद ने कहा कि घटना की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने के लिए तत्काल प्रभाव से स्थानांतरण का आदेश दिया गया है। सूद ने कहा, "पूर्वी विनोद नगर के एक स्कूल में एक छात्रा की दुखद मौत की जांच चल रही है। जांच पूरी होने तक, संबंधित शिक्षिका को तत्काल प्रभाव से स्थानांतरित कर दिया गया है, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि जांच निष्पक्ष और बिना किसी हस्तक्षेप के हो।" सूत्रों के मुताबिक, यह घटना 27 अगस्त को सर्वोदय कन्या विद्यालय में हुई। परिवार के मुताबिक, तबीयत बिगड़ने पर स्कूल ने लड़की की मां अंजलि को बुलाया। अंजलि ने आरोप लगाया कि स्कूल पहुंचने पर उसने अपनी बेटी को धूप में खड़ा पाया और उसकी हालत खराब थी।

इधर उत्तर-पूर्वी दिल्ली में फरवरी 2020 में हुए दंगों से जुड़े एक मामले में दिल्ली की कड़कड़डूमा कोर्ट ने 12 आरोपियों को बड़ी राहत दी है। कोर्ट ने इन सभी को गैरकानूनी जमावड़ा, दंगा, आगजनी, हत्या, सबूत मिटाने, डकैती, लोगों की भावनाएं भड़काने समेत कई गंभीर आरोपों से बरी कर दिया है। कोर्ट ने कहा कि अभियोजन पक्ष आरोपों को संदेह से परे साबित करने में नाकाम रहा। बता दें कि यह मामला गोकुलपुरी इलाके में दंगों के दौरान मारे गए मुरसलीन की हत्या से भी जुड़ा हुआ है। अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश प्रवीण सिंह ने 25 अगस्त को अपना फैसला सुनाते हुए 12 आरोपियों को इन आरोपों से बरी किया। बरी किए गए आरोपियों में लोकेश सोलंकी, पंकज शर्मा, अंकित चौधरी उर्फ फौजी, प्रिंस उर्फ डीजे वाला, जतिन शर्मा उर्फ रोहित, हिमांशु ठाकुर, विवेक पंचाल उर्फ नंदू, ऋषभ चौधरी उर्फ तपस, सुमित चौधरी उर्फ बादशाह, टिंकू अरोड़ा, संदीप उर्फ मोगली और साहिल उर्फ बाबू शामिल हैं।

उधर सुप्रीम कोर्ट ने दिल्ली पुलिस की ओर से दाखिल उस याचिका पर मंगलवार को सुनवाई के लिए सहमति दी है, जिसमें नीट पेपर लीक के विरोध में हुए प्रदर्शनों में शामिल रहे छात्रों के खिलाफ दर्ज 13 प्राथमिकी को रद करने और हिंसा में भूमिका की जांच के लिए आंदोलन के दौरान मौजूद 2,873 लोगों के खिलाफ नया मामला दर्ज करने की अनुमति मांगी है। चीफ जस्टिस सूर्यकांत, जस्टिस जोयमाल्या बागची और जस्टिस वी मोहना की पीठ ने सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता की उस दलील पर संज्ञान लिया, जिसमें उन्होंने इस मामले की तत्काल सुनवाई का अनुरोध किया था। जब पीठ दिनभर की कार्यवाही के बाद उठने वाली थी तो उसी समय मेहता ने कहा, 'हम एक अंतरिम आवेदन दाखिल करना चाहते हैं। यह प्राथमिकी रद करने की मांग से जुड़ा है। हम संविधान के अनुच्छेद 142 का हवाला दे रहे हैं।' शीर्ष अदालत ने कहा कि अगर पक्षकार समझौता कर रहे हैं तो उसे कोई दिक्कत नहीं है और उसने मामले को मंगलवार को सुनवाई के लिए सूचीबद्ध करने की सहमति दी।

इधर महाराष्ट्र फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन (FDA) ने एक ऐसे रैकेट का भंडाफोड़ किया है जो पैक्ड फूड प्रोडक्ट पर मैन्युफैक्चरिंग और एक्सपायरी डेट बदल कर दोबारा बाजार में बेचने के लिए तैयार करते थे। FDA और नवी मुंबई पुलिस क्राइम ब्रांच के इस साझा ऑपरेशन के दौरान जब्त किए गए स्टॉक में भारत के कुछ सबसे मशहूर फूड और बेवरेज ब्रांड शामिल हैं। यह ऑपरेशन पुलिस की सेंट्रल क्राइम ब्रांच से मिली जानकारी के बाद 24 से 29 अगस्त के बीच Turbhe TTC इंडस्ट्रियल एरिया में साधना एंटरप्राइजेज के परिसर में चलाया गया था। FDA के अनुसार, फूड पैकेजिंग पर छपी तारीखों को हटाया या उन पर दूसरी तारीखें लिखी जा रही थीं। FDA अधिकारियों को कथित तौर पर इंकजेट प्रिंटर, थिनर और खास तौर पर तैयार किए गए स्टिकर मिले, जिनका इस्तेमाल ओरिजनल मैन्युफैक्चरिंग जानकारी मिटाने या छिपाने के लिए किया जा रहा था।

उधर फुटबॉल की दुनिया के एक सुनहरे दौर का अंत हो गया है। अर्जेंटीना के दिग्गज स्टार लियोनेल मेसी ने इंटरनेशनल फुटबॉल से संन्यास का ऐलान कर दिया है। अर्जेंटीना की जर्सी में दो दशक से ज्यादा समय तक मैदान पर जादू बिखेरने वाले मेसी अब नेशनल टीम के लिए खेलते नजर नहीं आएंगे। मेसी की कप्तानी में अर्जेंटीना फीफा वर्ल्ड कप 2022 का खिताब जीता था। 2026 में भी टीम मेसी की कप्तानी में फाइनल खेली, लेकिन स्पेन से हारकर लगातार दूसरा खिताब जीतने से चूक गई। मेसी ने अपने भावुक विदाई संदेश में बताया कि यह फैसला लेना उनके लिए बेहद मुश्किल था। उन्होंने लिखा कि उन्होंने देश के लिए अपना सबकुछ दिया और अब उन्हें लगता है कि आगे देने के लिए उनके पास कुछ नहीं बचा है। मेसी के मुताबिक, यह निर्णय उनके दिल को गहराई तक चोट पहुंचाने वाला था, लेकिन उन्हें महसूस हुआ कि अब यही सही समय है। मेसी ने इंस्टाग्राम पर लिखा- फाइनल के बाद उन्होंने इस बारे में अच्छी तरह सोच-विचार करने के बाद यह तय किया है कि वह नेशनल टीम से रिटायर हो रहे हैं। यह एक ऐसा फैसला था जिसने उन्हें अंदर तक दुखाया, लेकिन उन्हें एहसास है कि अब सही समय आ गया है। उन्होंने हमेशा अपना सब कुछ दिया है, न सिर्फ हाल के सालों में जब हमने सब कुछ जीता, बल्कि उससे पहले भी। उन्होंने हमेशा इस जर्सी के लिए कड़ी मेहनत की और अपना सब कुछ झोंक दिया, ताकि आपको खुशी दे सके और फुटबॉल के जरिए आपको अर्जेंटीना का होने पर गर्व महसूस करा सके।

इधर कौशांबी में पटाखा फैक्ट्री में हुए भीषण ब्लास्ट मामले में ताबड़तोड़ एक्शन जारी है। पुलिस ने ब्लास्ट मामले में आरोपी नौशाद को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में नौशाद के पैर में गोली लगी है। घायल आरोपी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मुठभेड़ हाइवे स्थित चरवा थाना क्षेत्र के तेरह मील गांव के पास हुई है। जानकारी के मुताबिक चरवा थाना क्षेत्र के तेरह मील गांव के पास तड़के पुलिस और आरोपी नौशाद के बीच मुठभेड़ हो गई। पटाखा फैक्ट्री में हुए भीषण ब्लास्ट के मामले में पुलिस आरोपी नौशाद की तलाश कर रही थी। बता दें कि सोमवार को पिपरी थाना इलाके के महमूदपुर मनौरी कस्बे में एक पटाखा फैक्ट्री में आग लगने के बाद भीषण धमाका हुआ। इस धमाके से पूरा इलाका दहल उठा। धमाके की आवाज कई किलोमीटर दूर तक सुनाई देने की बात सामने आई। देखते ही देखते कई मकान मलबे में तब्दील हो गए और आसपास के घरों में भी भारी नुकसान हुआ। हादसे में बच्चों और महिलाओं समेत अब तक 11 लोगों की मौत हो गई। 

अब उत्तराखण्ड की खबरों पर नजर डालते हैं, ऊधम सिंह नगर जिले के जसपुर बाजार चौकी क्षेत्र के मोहल्ला लकड़ी मंडी में बच्चों के बीच बैडमिंटन खेलने को लेकर हुए मामूली विवाद में एक नाबालिग ने दूसरे के सीने में चाकू घोंप दिया। गंभीर रूप से घायल नाबालिग ने एक निजी अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव का कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। इस घटना के बाद जहां इलाके में मातम पसरा हुआ है, वहीं लोगों में दहशत भी देखने को मिल रही है। जानकारी के अनुसार, सोमवार की दोपहर तीन बजे मोहल्ले निवासी तसलीम का छोटा बेटा 12 वर्षीय मोहम्मद ईशान मोहल्ले के ही रहने वाले आरोपित बच्चे के साथ बैडमिंटन खेल रहा था। इस दौरान बैडमिंटन खेलने के दौरान दोनों में किसी बात को लेकर विवाद हुआ, तो गुस्से में आरोपी बच्चे ने ईशान के सीने पर चाकू घोंप दिया। आनन-फानन में घायल ईशान को एक निजी अस्पताल ले जाया गया। वहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसे काशीपुर के एक निजी अस्पताल में रेफर कर दिया गया। यहां उसने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।