Good Morning India: अमेरिकी राष्ट्रपति का नया दांव, बोले- होर्मुज का नाम बदलकर 'ट्रंप स्ट्रेट' कर दें! पाकिस्तान को खदेड़ने वाले ग्रुप कैप्टन अभिनंद वर्धमान ने छोड़ी भारतीय वायुसेना! यहां मंदिरों में स्मार्टफ़ोन ले जाने पर पाबंदी, सरकार ने जारी किया आदेश! लिंक में पढ़ें प्रमुख खबरें
नमस्कार दोस्तों, आवाज इंडिया अपना खास कॉलम ‘गुड मॉर्निंग इंडिया’ लेकर एक फिर आपके समक्ष प्रस्तुत है। आईए आज के प्रमुख कार्यक्रमों पर नजर डालते हैं। आज से विदेश मंत्री एस जयशंकर का यूक्रेन दौरा शुरू होगा। वहीं आज बीसीसीआई की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक मुंबई में होगी।
अब बड़ी खबरों की तरफ रुख करते हैं, ईरान के साथ जारी युद्ध के बीच स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को लेकर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक और बयान दिया है। ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म Truth Social पर पोस्ट किया कि अगर होर्मुज अब अमेरिका के नियंत्रण में है, तो इसका नाम बदलकर 'ट्रंप स्ट्रेट' क्यों न कर दिया जाए। इससे पहले, ट्रंप ने होर्मुज का नक्शा शेयर करते हुए इसे "NEW U.S. Territory" बताया था। ट्रंप ने पोस्ट किया, अब जबकि होर्मुज जलडमरूमध्य अमेरिका के नियंत्रण में है, क्या इसका नाम बदलकर 'ट्रंप स्ट्रेट' कर देना चाहिए? उन्होंने आगे कहा कि अमेरिका की तरह यह जलडमरूमध्य भी पहले से ज्यादा 'हॉट' होगा। बीते दिन ट्रंप ने मौजूदा स्थिति को बेहतर बताते हुए कहा था कि अमेरिका का स्ट्रेट ऑफ होर्मुज पर लगभग पूरा नियंत्रण है और ईरान की अर्थव्यवस्था पूरी तरह चरमरा रही है। इसके साथ ही, उन्होंने सवाल किया, ईरान के लोग कब उठेंगे और लड़ेंगे?
इधर भारतीय वायु सेना के पूर्व ग्रुप कैप्टन और वीर चक्र से सम्मानित अभिनंदन वर्धमान गोवा की रीजनल एयरलाइन फ्लाई91 में पायलट के तौर पर शामिल हुए हैं। अब वह छोटे विमान उड़ाएंगे। वर्धमान ने 2019 में पाकिस्तान के साथ हवाई लड़ाई के दौरान दुश्मन के एक जेट को मार गिराया था और उन्हें उस देश में तीन दिनों तक बंधक बनाकर रखा गया था। उन्हें 2021 में वीर चक्र से सम्मानित किया गया था। सूत्रों ने पीटीआई ने बताया कि वर्धमान अगस्त में पायलट के तौर पर एयरलाइन से जुड़े थे। संपर्क करने पर, फ्लाई91 के प्रवक्ता ने कहा कि कर्मचारियों के बारे में निजी जानकारी एक निजी मामला है और इस पर कोई टिप्पणी नहीं की। इस बारे में और जानकारी तुरंत नहीं मिल सकी। अवार्ड साइटेशन के अनुसार, भारतीय वायु सेना के इस फाइटर पायलट को डॉगफाइट (हवाई लड़ाई) के दौरान असाधारण कर्तव्यनिष्ठा दिखाने के लिए वीर चक्र - भारत का तीसरा सबसे बड़ा युद्धकालीन वीरता पदक से सम्मानित किया गया था। फ्लाई91, जिसने मार्च 2024 में उड़ानें शुरू की थीं, अभी छह एटीआर 72-600 विमानों का बेड़ा चलाती है। एयरलाइन के दो बेस गोवा और हैदराबाद हैं।
उधर मानसून की भारी एक्टिविटी के बीच मौसम विभाग ने 15 राज्यों के लिए डराने वाला अलर्ट जारी कर दिया है। मौसम विभाग ने आज यानी 3 सितंबर को राजधानी दिल्ली, उत्तर प्रदेश और बिहर सहित 15 राज्यों में मूसलाधार बारिश और आंधी-तूफान को लेकर अलर्ट जारी किया है। इस दौरान 60 किलोमीटर प्रति घंटे की स्पीड से हवाएं भी चल सकती हैं। इस आंधी-तूफान में बड़े-बड़े पेड़ों के सड़क पर गिरने की आशंका भी है। मौसम विभाग ने ओडिशा और पश्चिम बंगाल जैसे समुद्री राज्यों के मछुआरों के लिए भी चेतावनी जारी की है और उन्हें कहा है कि खराब मौसम होने पर समंदर में न जाएं। पहाड़ी राज्यों के लिए मौसम विभाग ने भूस्खलन की चेतावनी भी जारी की है। मौसम विभाग के मुताबिक राजधानी दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, राजस्थान, महाराष्ट्र, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, गुजरात, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, जम्मू-कश्मीर, असम और केरल शामिल हैं। मौसम विभाग ने बारिश के दौरान 60 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की आशंका भी जताई है।
इधर तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय के नेतृत्व वाली सरकार ने राज्य भर के 52 प्रमुख मंदिरों में स्मार्टफ़ोन लेकर जाने पर रोक लगा दी है। जानकारी के मुताबिक मंदिरों में स्मार्टफोन लेकर जाने पर यह पाबंदी मंगलवार से लागू हो गई है। हालांकि, बिना कैमरे वाले फ़ोन मंदिर परिसर के अंदर ले जाने की इजाज़त होगी। खबरों के मुताबिक मंदिरों का प्रबंधन करने वाले हिंदू धार्मिक और धर्मार्थ बंदोबस्ती (HR&CE) विभाग का हवाला देते हुए बताया कि नए नियमों के तहत, स्मार्टफ़ोन साथ लाने वाले श्रद्धालुओं को उन्हें मंदिर के प्रवेश द्वारों पर बने तय काउंटरों पर जमा करना होगा और इसके लिए प्रति फ़ोन 5 रुपये देने होंगे। विभाग के मंत्री एस. रमेश ने पहले विधानसभा में घोषणा की थी कि स्मार्टफ़ोन पर यह रोक 1 सितंबर से प्रमुख मंदिरों में लागू की जाएगी। ANI की रिपोर्ट के मुताबिक, मंगलवार को उन्होंने कहा कि इस फ़ैसले का मकसद श्रद्धालुओं के लिए शांतिपूर्ण और सुकून भरा माहौल सुनिश्चित करना था। विभाग के अनुसार, ज़्यादा भक्त और आने वाले लोग मंदिरों के अंदर देवी-देवताओं और मूर्तियों की फ़ोटो और वीडियो लेने के लिए स्मार्टफ़ोन का इस्तेमाल कर रहे थे, कुछ लोग सेल्फ़ी भी ले रहे थे और सोशल मीडिया के लिए छोटे वीडियो और रील्स भी बना रहे थे। विभाग ने कहा कि इन गतिविधियों से मंदिरों का आध्यात्मिक माहौल खराब होता है और दूसरे भक्तों को परेशानी होती है।
उधर नेपाल और तिब्बत सीमा पर आए विनाशकारी सैलाब और भूस्खलन के बाद लगभग 4,000 से अधिक लोग अब भी लापता हैं, जिनकी तलाश में प्रशासन, सुरक्षा बल और उनके बेचैन परिवार भारी मलबे के बीच लगातार प्रयास कर रहे हैं। नेपाल में हाल ही में आई विनाशकारी फ्लैश फ्लड (अचानक आई बाढ़) ने पूरे देश में हाहाकार मचा रखा है और अब तक इस त्रासदी में 1,200 से अधिक लोग अपनी जान गंवा चुके हैं। काठमांडू के सबसे बड़े त्रिभुवन अस्पताल के बाहर चारों तरफ केवल अपनों को खोने का गम और चीख-पुकार मची हुई है, जहां दीवारों और रस्सियों पर लापता लोगों की तस्वीरें लटकी हुई हैं। बाढ़ के एक सप्ताह बाद भी स्थिति इतनी भयावह है कि डॉक्टरों के लिए शवों के फिंगरप्रिंट या पहचान चिन्ह लेना बेहद मुश्किल साबित हो रहा है, जबकि अस्पताल के बाहर बैठे रिश्तेदार इस उम्मीद में पथराई आंखों से इंतजार कर रहे हैं कि उन्हें कम से कम उनके प्रियजनों के शव ही मिल जाएं। आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, देश में अभी भी 4,000 से अधिक लोग लापता हैं और अकेले त्रिभुवन अस्पताल में ही 161 से ज्यादा शव ऐसे हैं जिनकी पहचान नहीं हो सकी है।
इधर छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में मामूली विवाद ने देखते ही देखते सांप्रदायिक तनाव का रूप ले लिया। कोतवाली क्षेत्र के मसानगंज इलाके में दो पक्ष आमने-सामने आ गए और देखते ही देखते जमकर पथराव शुरू हो गया। हालात इस कदर बिगड़े कि भीड़ को नियंत्रित करने पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा। पुलिस ने उपद्रवियों को खदेड़ने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े। जानकारी के मुताबिक, विवाद की शुरुआत सोशल मीडिया पर कथित आपत्तिजनक कमेंट को लेकर हुई। आरोप है कि एक धर्म विशेष से जुड़े कुछ युवकों की ओर से गौवंश को लेकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम और फेसबुक पर आपत्तिजनक टिप्पणियां की गई थीं। इसके बाद हिंदू संगठनों से जुड़े लोगों में नाराजगी थी। इसी बीच मसानगंज क्षेत्र से हिंदू संगठन से जुड़े चार युवक गुजर रहे थे। आरोप है कि इसी दौरान एक धर्म से जुड़े कुछ लोगों ने इन चार युवकों को रोक लिया। आरोप है कि सोहेल खान समेत कुछ युवकों ने अक्षत सिंह और उसके एक साथी के साथ मारपीट की। घटना के बाद युवकों ने इसकी जानकारी हिंदू संगठन से जुड़े लोगों को दी। मारपीट की जानकारी फैलने के बाद हिंदू संगठन से जुड़े लोग बड़ी संख्या में मसानगंज क्षेत्र में पहुंच गए। इसके दोनों पक्ष आमने सामने आ गए। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों ओर से पथराव शुरू हो गया। बड़ी संख्या में लोग सड़कों पर जमा हो गए।
उधर अमेरिका के मिनेसोटा राज्य के मिनियापोलिस शहर से एक भीषण गोलीबारी की घटना सामने आई है, जहां डाउनटाउन इलाके में स्थित एक अपार्टमेंट बिल्डिंग में एक बंदूकधारी ने ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं। इस सनसनीखेज वारदात में कम से कम दो लोगों की मौत हो गई है, जबकि छह अन्य लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। स्थानीय समयानुसार यह घटना शाम करीब 5:45 बजे ईस्ट ग्रांट स्ट्रीट स्थित एक अपार्टमेंट बिल्डिंग में हुई। चश्मदीदों के अनुसार, अचानक हुई फायरिंग के बाद चारों तरफ चीख-पुकार मच गई। यह इलाका काफी व्यस्त है, जिसके पास कन्वेंशन सेंटर, कई बड़े होटल्स और एक अस्पताल भी स्थित है। सूचना मिलते ही दर्जनों पुलिस वाहनों और सशस्त्र अधिकारियों ने पूरे इलाके को चारों तरफ से घेर लिया। मिनियापोलिस पुलिस के अनुसार, घायलों में दो पुलिस अधिकारी भी शामिल हैं, जिन्हें निशाना बनाया गया।
इधर एशियन गेम्स के मंच पर भारत इस बार बड़े दल के साथ उतरने जा रहा है। जापान के आइची-नागोया में 19 सितंबर से शुरू होने वाले 20वें एशियन गेम्स के लिए खेल मंत्रालय ने 2 सितंबर को 768 सदस्यीय भारतीय दल को मंजूरी दे दी। इसमें 503 खिलाड़ी शामिल हैं, जबकि उनके साथ 246 अधिकारी और सपोर्ट स्टाफ भी मौजूद रहेगा। खेल मंत्रालय ने शुरुआत में 492 खिलाड़ियों के नामों को मंजूरी दी थी, लेकिन बाद में मुख्य रूप से एथलेटिक्स दल में कुछ और नाम जोड़े गए। नई मंजूरी के बाद भारतीय दल में 269 पुरुष और 234 महिला खिलाड़ी शामिल हैं। खिलाड़ियों के अलावा 246 अधिकारियों और सहयोगी स्टाफ की टीम भी उनके साथ जापान जाएगी। एथलेटिक्स दल 79 सदस्यों के साथ भारत के सबसे बड़े दलों में से एक होगा और उसे सबसे ज्यादा 31 सदस्यीय सपोर्ट स्टाफ मिला है। इसमें 20 कोच शामिल हैं, जिनकी अगुआई नेशनल कोच पी. राधाकृष्णन करेंगे। हालांकि, भारत को स्टार भाला फेंक खिलाड़ी नीरज चोपड़ा की कमी खलेगी। चोट के कारण वह इस एशियन गेम्स में हिस्सा नहीं ले पाएंगे।
अब उत्तराखण्ड की खबरों पर नजर डालते हैं, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से फ्लाइंग कार बनाने वाले युवा नवोन्मेषक एवं स्टार्टअप उद्यमी रवि टम्टा ने मुख्यमंत्री आवास में मुलाकात की। इस दौरान रवि ने मुख्यमंत्री को अपने फ्लाइंग कार प्रोजेक्ट से जुड़ी तकनीकी जानकारी, अब तक हुई प्रगति और आगामी कार्ययोजना के बारे में बताया। मुख्यमंत्री ने सचिव उद्योग को रवि के स्टार्टअप को नियमानुसार आवश्यक शासकीय सहयोग एवं सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री आवास में बुधवार को हुई मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री धामी ने रवि टम्टा के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि उत्तराखंड के युवाओं में प्रतिभा, तकनीकी क्षमता और नवाचार की संभावनाएं हैं। उन्होंने कहा कि सरकार युवाओं को नए विचारों और तकनीकी प्रयोगों को आगे बढ़ाने के लिए आवश्यक सहयोग और अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
इधर कांग्रेस नेता राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज मुकदमे के विरोध में यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने हल्द्वानी कोतवाली के बाहर धरना-प्रदर्शन किया। यूथ कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष विशाल भोजक के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने सरकार और पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की और मुकदमा वापस लेने की मांग की। प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने विशाल भोजक को हिरासत में ले लिया, जिसके बाद कार्यकर्ताओं में नाराजगी देखने को मिली। कांग्रेसियों ने शुद्धिकरण मामले में भी कार्रवाई की मांग दोहराई। प्रदर्शन कर रहे यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं का कहना था कि राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज किया गया मुकदमा लोकतांत्रिक आवाज को दबाने का प्रयास है। कार्यकर्ताओं ने मुकदमा तत्काल वापस लेने की मांग की। साथ ही कहा कि अगर प्रदर्शन करना अपराध है, तो पुलिस सभी यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार करें।
उधर भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की बैठक अगले सप्ताह हल्द्वानी में प्रस्तावित है। अब तक तय कार्यक्रम में इसमें राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन भी शामिल हो सकते हैं। राष्ट्रीय अध्यक्ष का कुमाऊं में दो दिवसीय प्रवास कार्यक्रम प्रस्तावित है। भाजपा ने उत्तराखंड पर फोकस बढ़ाया है। इस साल लगातार शीर्ष नेतृत्व का दौरा और कार्यक्रम होते रहे हैं। राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन मई में देहरादून पहुंचे थे, अब उनका हल्द्वानी और रुद्रपुर में कार्यक्रम प्रस्तावित है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने बताया कि अनुसार नौ सितंबर को भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की बैठक हल्द्वानी में होगी। भाजपा प्रदेश महामंत्री तरुण बंसल ने बताया कि नौ को ही कोर कमेटी की बैठक होगी। 10 को पूर्व सैनिक सम्मेलन हल्द्वानी में और सिख सम्मेलन रुद्रपुर में होगा। कार्यक्रम की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
इधर ऋषिकेश के आईडीपीएल क्षेत्र में 16 वर्षीय नाबालिग को कथित तौर पर बहला-फुसलाकर शराब पिलाने और नशे की हालत का फायदा उठाकर दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। पीड़िता के परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस को दी शिकायत में पीड़िता के पिता ने बताया कि नाबालिग अपनी परिचित युवती के साथ आईडीपीएल क्षेत्र में गई थी। आरोप है कि वहां कुछ युवकों ने उन्हें बहला-फुसलाकर शराब पिलाई। इसके बाद नाबालिग के अत्यधिक नशे की स्थिति का फायदा उठाकर उसके साथ दुष्कर्म किया गया।