Good Morning India: ट्रंप का बड़ा दावा- परमाणु हथियार नहीं रखेगा ईरान, डील से अब भी नाराज नेतन्याहू! शेयर बाजार में जबरदस्त उछाल, 2431 अंक चढ़ा सेंसेक्स! कॉकरोच जनता पार्टी के फाउंडर दिपके पर हमला, पांच गिरफ्तार! उत्तराखंड के 8 जिलों में मौसम को लेकर बड़ा अलर्ट

Good Morning India: Trump makes a bold claim—Iran will not possess nuclear weapons; Netanyahu remains unhappy with the deal! Massive surge in the stock market; Sensex climbs 2,431 points! Attack on '

नमस्कार दोस्तों, आवाज 24X7 अपना खास कॉलम "गुड मॉर्निंग इंडिया" लेकर एक फिर आपके समक्ष प्रस्तुत है। आज के प्रमुख कार्यक्रमों पर नजर डालते हैं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज जी7 शिखर सम्मेलन में भाग लेंगे। इसके साथ ही मीनाक्षी नटराजन का नामांकन निरस्त होने पर एनएसयूआई आज प्रदर्शन करेगी।

अब बड़ी खबरों पर नजर डालते हैं, ईरान और अमेरिका के बीच शांति प्रस्ताव पर समझौता हो गया है और अब दोनों देश एक दूसरे पर हमला नहीं करेंगे और स्ट्रेट ऑफ होर्मुज भी खुल जाएगा। ईरान की शर्तों पर अमेरिका राजी हो गया है, डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि ईरान तैयार हो गया है कि वह कभी परमाणु हथियार नहीं रखेगा। वहीं ईरान ने सशर्त स्ट्रेट ऑफ होर्मुज खोलने के लिए हामी भर दी है। लेकिन सबसे बड़ा सवाल अब इजरायल को लेकर खड़ा हो गया है क्योंकि इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू अमेरिका और ईरान के बीच हुई इस डील से नाराज हैं। उन्होंने अपने देशवासियों के लिए संदेश लिखा है, "इज़राइल के प्यारे नागरिकों,कई दशकों से, मैं ईरान की परमाणु हथियार हासिल करने की कोशिशों के खिलाफ लड़ रहा हूँ। मैं इसे अपने जीवन का मिशन मानता हूँ। मैंने आज तक इस चुनौती का सामना किया है और भविष्य में भी करता रहूँगा। समझौते के साथ या बिना समझौते के – ईरान के पास परमाणु हथियार नहीं होंगे। न आज, और न ही कल। जब तक मैं इज़राइल का प्रधानमंत्री हूँ – ऐसा नहीं होगा।" 

इधर केरल में शिगेला से मरने वालों की संख्या बढ़ रही है। केरल के स्वास्थ्य विभाग ने सोमवार को शिगेला संक्रमण से 2 और मौतों की पुष्टि की, जिससे राज्य में इस बीमारी से मरने वालों की कुल संख्या बढ़कर 5 हो गई है। केरल का स्वास्थ्य विभाग शिगेला से ग्रसित बीमार लोगों को खास ध्यान रख रही है। अधिकारियों के अनुसार, मलप्पुरम जिले के पूक्कोट्टूर के रहने वाले 7 वर्षीय अर्जव ने कोझिकोड सरकारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में सोमवार को इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। अधिकारियों के अनुसार अर्जव को बुखार और दस्त की शिकायत के बाद 12 जून को अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां बाद में उसमें शिगेला संक्रमण की पुष्टि हुई। 

उधर अमेरिका और ईरान के बीच समझौता होने के बाद पश्चिम एशिया में शांति कायम होने की उम्मीदें काफी ज्यादा बढ़ गई हैं। इसी बीच, घरेलू शेयर बाजार में पिछले दो सत्रों में जोरदार तेजी देखी गई है। इन दो सत्रों में बीएसई के बेंचमार्च इंडेक्स सेंसेक्स में 2431 अंकों की जोरदार दर्ज की गई है। इन दो सत्रों के कारोबार में घरेलू शेयर बाजार निवेशकों की संपत्ति में ₹18.15 लाख करोड़ की बंपर बढ़ोतरी दर्ज की गई है। अमेरिका और ईरान के बीच 107 दिनों से जारी संघर्ष समाप्त करने के लिए हुए समझौते से वैश्विक बाजारों का मनोबल मजबूत हुआ है। बताते चलें कि अमेरिका और इजरायल ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए इस साल 28 फरवरी को ईरान पर हमला किया था। अमेरिका और ईरान के बीच हुए समझौते के बाद सोमवार बीएसई सेंसेक्स 736.38 अंक यानी 0.97 प्रतिशत की तेजी के साथ 76,264.33 अंकों के लेवल पर बंद हुआ। जबकि, एनएसई का निफ्टी 50 इंडेक्स आज 231.00 अंकों (0.98 प्रतिशत) की जोरदार तेजी के साथ 23,853.90 अंकों पर बंद हुआ। आज एक समय सेंसेक्स 76,821.07 अंकों पर और निफ्टी 24,011.40 अंकों पर पहुंच गया था।

इधर जयपुर में सोमवार को कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के प्रदर्शन के दौरान बड़ा हंगामा हो गया। सीजेपी के फाउंडर अभिजीत दिपके पर दो युवकों ने हमला कर दिया। भीड़ के बीच पहुंचे युवकों ने दिपके की कॉलर पकड़कर उन्हें थप्पड़ मार दिए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। कार्यकर्ताओं ने हमलावरों को घेरकर पीट दिया, किसी तरह पुलिस ने हमलावरों को पकड़ा। थप्पड़ मारने वाले रोहित शर्मा, राकेश गुर्जर,अजय शर्मा, कुलदीप सिंह शेखावत, निकेत को पुलिस ने शांतिभंग के आरोप में गिरफ्तार कर लिया है। युवकों ने बताया कि वे दिपके के सोशल मीडिया पर दिए बयानों और सीजेपी की कार्यशैली से नाराज थे। दरअसल, अभिजीत दीपके सोमवार को जयपुर में नीट पेपर लीक, बेरोजगारी, शिक्षा व्यवस्था और युवाओं से जुड़े मुद्दों पर लेकर प्रदर्शन करने आए थे। यह प्रदर्शन शहीद स्मारक पर हुआ। इस प्रदर्शन जरिए सैकड़ों प्रदर्शनकारियों ने शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रहे थे। अभिजीत को कुछ लोग अपने कंधे पर बैठाकर भीड़ के बीच ला रहे थे। तभी दो युवकों ने अभिजीत को थप्पड़ मारने शुरू कर दिए। इस थप्पड़कांड के बाद भी अभिजीत दीपके ने प्रदर्शनकारियों को संबोधित किया।

उधर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को यूरोप के काफी महत्वपूर्ण देश स्लोवाकिया का दौरा किया है। यहां पीएम मोदी और स्लोवाकिया के प्रधानमंत्री रॉबर्ट फिको के बीच द्विपक्षीय वार्ता भी संपन्न हुई। इस द्विपक्षीय बैठक में भारत और स्लोवाकिया के बीच डिफेंस और ट्रेड डील समेत कई मुद्दों पर सहमति बनी है। आपको बता दें कि पीएम मोदी, 1993 में स्लोवाकिया की स्वतंत्रता के बाद वहां जाने वाले पहले भारतीय प्रधानमंत्री हैं। स्लोवाकिया ने पीएम मोदी की इस यात्रा के दौरान उन्हें स्लोवाकिया के सर्वोच्च नागरिक सम्मान, 'ऑर्डर ऑफ द व्हाइट डबल क्रॉस (फर्स्ट क्लास)' से सम्मानित किया है। स्लोवाकिया ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अपने सर्वोच्च सम्मान, 'द ऑर्डर ऑफ द व्हाइट डबल क्रॉस (फर्स्ट क्लास)' से सम्मानित किया है। स्लोवाकिया के राष्ट्रपति पीटर पेलेग्रिनी ने उन्हें यह सम्मान दिया। द ऑर्डर ऑफ द व्हाइट डबल क्रॉस (फर्स्ट क्लास) स्लोवाकिया का सर्वोच्च राजकीय सम्मान है। इसे स्लोवाकिया के राष्ट्रपति द्वारा विदेशी गणमान्य व्यक्तियों को प्रदान किया जाता है। यह सम्मान स्लोवाकिया के साथ मैत्रीपूर्ण संबंधों के विकास में असाधारण योगदान, और साथ ही देश के विदेश नीति संबंधी हितों व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उसकी प्रतिष्ठा के लिए समर्थन के लिए दिया जाता है। आपको बता दें कि ये किसी देश की ओर से पीएम मोदी को दिया गया 33वां अंतरराष्ट्रीय सम्मान है।

इधर रक्षा अनुसंधान और विकास संगठन (DRDO) ने सोमवार को ओडिशा के तट पर स्थित डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम द्वीप से लॉन्ग रेंज लैंड अटैक क्रूज मिसाइल (LRLACM) का सफल उड़ान परीक्षण किया। इस परीक्षण के दौरान मिसाइल के प्रदर्शन पर पैनी नजर रखी गई। इंटीग्रेटेड टेस्ट रेंज, चांदीपुर द्वारा तैनात किए गए विभिन्न ट्रैकिंग उपकरणों से मिले डेटा के अनुसार, टेस्ट के सभी लक्ष्य पूरी तरह से हासिल कर लिए गए। रक्षा मंत्रालय के अनुसार, इस परीक्षण के दौरान मिसाइल ने अपने सभी मिशन उद्देश्यों को पूरा किया। उड़ान के दौरान मिसाइल के प्रणोदन, गाइडेंस, नेविगेशन, कंट्रोल सिस्टम और वॉरहेड डिलीवरी जैसी बेहद महत्वपूर्ण तकनीकों का कड़े मानकों पर सत्यापन किया गया। डीआरडीओ द्वारा भारतीय उद्योगों की मजबूत भागीदारी के साथ विकसित की गई इस मिसाइल और इसके सभी सब-सिस्टम का सफल परीक्षण 'आत्मनिर्भर भारत' और एक मजबूत राष्ट्रीय रक्षा इकोसिस्टम के निर्माण की दिशा में एक और बड़ा व ऐतिहासिक कदम है। केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने DRDO की टीम और इसमें शामिल  इंडस्ट्री पार्टनर्स को बधाई दी। परीक्षण के दौरान रक्षा सचिव और डीआरडीओ के चेयरमैन राजेश कुमार सिंह सहित भारतीय नौसेना और वायुसेना के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।

उधर सोमवार सुबह कैलिफोर्निया स्थित अमेरिकी वायुसेना बेस पर उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद एक बी-52 स्ट्रैटोफोर्ट्रेस विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिसमें सवार सभी 8 लोगों की मौत हो गई। अमेरिकी सेना ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी देते हुए बताया कि सुबह करीब 11:20 बजे एडवर्ड्स एयर फोर्स बेस पर विमान के क्रैश होने के बाद आपातकालीन और बचाव दल मौके पर पहुंच गए हैं। फिलहाल इस बात की कोई तत्काल जानकारी नहीं मिल पाई है कि इस हादसे में कोई घायल हुआ है या नहीं। आमतौर पर एक B-52 विमान का संचालन पांच लोगों के क्रू द्वारा किया जाता है। बेस ने सोशल मीडिया पर बताया कि एयरफील्ड को बंद कर दिया गया है और आने वाले सभी विमानों का रास्ता बदला जा रहा है। अगले आदेश तक सभी नॉन-कमर्शियल विजिटर पास सस्पेंड कर दिए गए हैं, ताकि बेस पूरी तरह से इमरजेंसी रिस्पॉन्स ऑपरेशन पर ध्यान दे सके।

इधर सुप्रीम कोर्ट मंगलवार को उस याचिका पर सुनवाई करेगा जिसमें आरोप लगाया गया है कि आधार कार्ड का इस्तेमाल नागरिकता, मूल निवास और आवासीय पते के सुबूत के तौर पर गलत तरीके से किया जा रहा है। इसमें केंद्र, राज्यों और चुनाव आयोग को निर्देश देने की मांग की गई है कि आधार का उपयोग सिर्फ पहचान की पुष्टि तक सीमित किया जाए। प्रधान न्यायाधीश सूर्यकांत और जस्टिस वी. मोहना की पीठ वकील अश्विनी कुमार उपाध्याय की इस जनहित याचिका पर सुनवाई कर सकती है। वकील अश्वनी दुबे के जरिये दायर याचिका में यह निर्देश देने की भी मांग की गई है कि नए मतदाता पंजीकरण के लिए आवेदन प्रपत्र में जन्म तिथि और निवास के सुबूत के तौर पर आधार का इस्तेमाल आधार एक्ट, 2016 की धारा नौ; जनप्रतिनिधित्व अधिनियम, 1950 की धारा 23(4) और संविधान के अनुच्छेद-14 के विरुद्ध माना जाए। याचिका के अनुसार, आधार एक्ट में साफ कहा गया है कि यह नागरिकता या मूल निवास का सुबूत नहीं है। इसके बावजूद इसका इस्तेमाल उम्र, नागरिकता व मूल निवास के सुबूत के तौर पर किया जा रहा है। इस तरह घुसपैठिए और अवैध प्रवासी आधार का इस्तेमाल करके कई तरह के दस्तावेज हासिल कर रहे हैं।

अब उत्तराखण्ड की खबरों पर नजर डालते हैं, प्रदेश में मौसम लगातार करवट बदल रहा है। सोमवार को राजधानी देहरादून सहित प्रदेश के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश का दौर जारी रहा, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली। मौसम में आए बदलाव के कारण तापमान में तीन से चार डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई। आज भी प्रदेश के आठ जिलों में अंधड़-ओलावृष्टि को लेकर चेतावनी दी गई है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, मंगलवार को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और गर्जन के साथ वर्षा हो सकती है। मौसम विभाग ने उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, देहरादून, टिहरी, अल्मोड़ा, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। इन क्षेत्रों में गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने की आशंका है।

इधर आखिरकार बैरागीवाला गांव में हत्या के तीन दिनों बाद तनावपूर्ण माहौल के बीच बीजेपी नेता विनोद कश्यप का अंतिम संस्कार कर दिया गया है। विनोद के अंतिम यात्रा में जन सैलाब उमड़ा पड़ा। विकासनगर विधायक मुन्ना सिंह चौहान भी अंतिम संस्कार में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने फिर दोहराया कि मामले में आरोपियों को ऐसी सजा दी जाएगी, जो नजीर बनेगी। गौर हो कि बीती 13 जून को सहसपुर थाना क्षेत्र के बैरागीवाला गांव में पानी को लेकर उपजे विवाद में बीजेपी नेता विनोद कश्यप की हत्या कर दी गई थी। आरोप चूंकि समुदाय विशेष के लोगों पर था, तो मामले ने सांप्रदायिक रंग ले लिया। जिस कारण से क्षेत्र में बवाल मच गया और मौके पर भारी पुलिस फोर्स तैनात करनी पड़ी। इसके साथ ही आगजनी, पत्थरबाजी और बुलडोजर एक्शन भी हुआ। वहीं, पीड़त परिवार ने आरोपियों के एनकाउंटर, घर के एक सदस्य को सरकारी नौकरी और आर्थिक मदद की मांग की।

उधर पुनर्गठित वितरण क्षेत्र योजना (आरडीएसएस) के तहत बिजली का खंभा लगा रहे पांच कर्मचारी करंट लगने से झुलस गए। इसमें एक कर्मचारी उमेश की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार कर्मचारियों की करंट लगने से हालत बिगड़ गई। सभी को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। सभी कर्मचारी पथरीबाग स्थित ओम सिटी के पास काम कर रहे थे। मृतक उमेश के शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया। मृतक और घायल सभी यूपी के अमरोहा जिले के रहने वाले हैं। रविवार को ओम सिटी के पास आरडीएसएस योजना के तहत बिजली का काम चल रहा था। कंपनी के अधीन काम करने वाले कर्मचारी खंभा लगा रहे थे। इसी दौरान पास से गुजर रही 11 हजार की लाइन से खंभा छू गया। इससे खंभे में करंट फैल गया और पांच कर्मचारी झुलस गए। करंट इतना तेज था कि एक कर्मचारी उमेश कुमार निवासी अमरोहा, यूपी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पप्पू, जसमान समेत चार कर्मचारी घायल हो गए।