Oct 04, 2026 Login

Good Morning India: नेतन्याहू पर बुरी तरह भड़के ट्रंप, बोले- तुम पागल हो चुके हो...! 17 राज्यों में भारी बारिश और आंधी का अलर्ट! टोल टैक्स नियमों में बड़े बदलाव की तैयारी, VIP कल्चर होगा खत्म! सर्वोच्च न्यायालय को आज मिलेंगे पांच नए जज! उत्तराखंड लोअर पीसीएस परीक्षा 2024 का परिणाम जारी

Good Morning India: Trump lashes out at Netanyahu, declaring, "You've gone mad...!" Heavy rain and storm alert issued for 17 states! Major changes to toll tax rules are underway, with VIP culture set

नमस्कार दोस्तों, आवाज 24X7 अपना खास कॉलम "गुड मॉर्निंग इंडिया" लेकर एक फिर आपके समक्ष प्रस्तुत है। आज के प्रमुख कार्यक्रमों पर नजर डालते हैं, आज म्यांमार के राष्ट्रपति मुंबई के एक कार्यक्रम में भाग लेंगे। वहीं आज पश्चिम बंगाल में पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी राज्य की शुभेंदु अधिकारी सरकार के खिलाफ धरना-प्रदर्शन करेंगी। 

अब बड़ी खबरों की तरफ रुख करते हैं, अमेरिका और ईरान के बीच चल रही तनातनी के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने लेबनान में इजरायल की बढ़ती हिंसा को लेकर इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू को जमकर खरी खोटी सुनाई है। एक्सियोस की एक रिपोर्ट के अनुसार, फोन पर ट्रंप ने नेतन्याहू को "पागल" तक कह दिया और उन पर कृतघ्नता का आरोप लगाया। अमेरिकी अधिकारियों और फोन कॉल की जानकारी रखने वाले एक तीसरे सूत्र का हवाला देते हुए, एक्सियोस ने बताया कि ट्रंप ने बेरूत पर हमले की इजरायली योजना पर भी रोक लगा दी है। उन्होंने कथित तौर पर इजरायली नेता से कहा कि लेबनानी राजधानी पर बमबारी की इजरायली धमकियां दुनिया भर में इजरायल को और अलग-थलग कर देंगी। ट्रंप ने फोन कॉल कर नेतन्याहू को खूब खरी खोटी सुनाई और साथ यही यह भी दावा किया कि उन्होंने नेतन्याहू को जेल जाने से बचाने में मदद की थी। ट्रंप का  यह इजरायली नेता नेतन्याहू के भ्रष्टाचार मुकदमे के दौरान उनके समर्थन का संदर्भ था। एक्सियोस की रिपोर्ट के अनुसार, ट्रंप ने नेतन्याहू से कहा, "तुम बिलकुल पागल हो। अगर मैं न होता तो तुम जेल में होते। मैं तुम्हारी जान बचा रहा हूं। अब हर कोई तुमसे नफरत करता है। इस वजह से हर कोई इज़राइल से नफरत करता है।" 

इधर देश के मौसम मिजाज में बड़ा बदलाव आने वाला है। मौसम विभाग ने भविष्यवाणी की है कि दक्षिण पश्चिम मानसून किसी भी वक्त केरल में दस्तक दे सकता है। मौसम विभाग ने दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार और झारखंड सहित देश के 17 राज्यों में भारी बारिश, ओलावृष्टि और 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली तेज आंधी का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, आमतौर पर मानसून 1 जून के आसपास केरलम पहुंचता है, लेकिन इस बार इसमें थोड़ी देरी हुई है। अगले 2-3 दिनों के भीतर दक्षिण-पश्चिम मानसून के केरल में प्रवेश करने के लिए परिस्थितियां पूरी तरह अनुकूल हैं। जिसके चलते पूर्वोत्तर और दक्षिण प्रायद्वीपीय भारत में भारी से बहुत भारी बारिश की आशंका है।

उधर नकली नोट छापने और उन्हें बाजार में खपाने वाले एक बड़े अंतरराज्यीय गिरोह का मुख्य सरगना तहसील क्षेत्र के गांव तारापुर का संतोष निकला। इसे राजस्थान की पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इसके तीन साथी भी पकड़े गए हैं, जो कि अन्य राज्यों के हैं। पुलिस गिरोह के अन्य साथियों का भी पता लगा रही है। करीब 10 वर्ष से संतोष फरीदाबाद में रह रहा था। इसका परिवार गौंडा के गांव तारापुर में रहता है। राजस्थान के जिला दौसा के पुलिस अधीक्षक पीयूष दीक्षित ने बताया कि 28 मई को कोतवाली पुलिस ने मोड़ा बालाजी रोड से राजस्थान के ही आयुष कुमार मीना को दबोचा था। उससे 40 हजार रुपये के 80 नकली नोट बरामद हुए। अलवर जिले से भी एक किशोर को निरुद्ध कर उसके पास से 47 हजार रुपये के नकली नोट बरामद किए। किशोर से कड़ाई से पूछताछ की गई, तो जाली नोटों के तार हरियाणा के फरीदाबाद से जुड़े मिले। जांच में सामने आया कि देश के विभिन्न राज्यों में जाली नोटों की सप्लाई का यह पूरा नेटवर्क फरीदाबाद की एक गुप्त लोकेशन से संचालित हो रहा था। वहां दबिश दी गई तो गिरोह का सरगना गिरफ्तार कर लिया गया।  

इधर टोल टैक्स नियमों में बड़ा बदलाव करने की तैयारी चल रही है। केंद्र सरकार राष्ट्रीय राजमार्गों पर टोल छूट पाने वाले वाहनों की संख्या कम करने पर विचार कर रही है। अगर यह प्रस्ताव लागू होता है तो कई सरकारी अधिकारियों और वीआईपी कैटेगरी के लोगों को भी हाईवे पर सफर के दौरान टोल टैक्स देना पड़ सकता है। सरकार का मकसद टोल व्यवस्था को अधिक पारदर्शी बनाना और वीआईपी कल्चर को कम करना बताया जा रहा है। केंद्र सरकार द्वारा गठित एक उच्च स्तरीय समिति ने सुझाव दिया है कि राष्ट्रीय राजमार्ग शुल्क नियमों में संशोधन कर टोल छूट की कैटेगरी को सीमित किया जाए। सूत्रों के मुताबिक, सबसे पहले सरकारी अधिकारियों से जुड़े वाहनों की टोल छूट खत्म करने पर विचार किया जा रहा है। सरकार का मानना है कि आम नागरिकों और विशेष वर्गों के बीच अंतर कम होना चाहिए। यही वजह है कि हाईवे पर फ्री यात्रा की सुविधा को चरणबद्ध तरीके से कम करने की प्लानिंग बनाई जा रही है। सरकार ने हाल ही में फास्टैग एनुअल पास की शुरुआत की है। इसकी कीमत 3,075 रुपये रखी गई है, जिसके जरिए एक वाहन साल में 200 बार तक टोल प्लाजा पार कर सकता है। इस हिसाब से प्रति यात्रा टोल खर्च करीब 15 रुपये पड़ता है। सरकारी विभागों को सलाह दी गई है कि वे अपने कर्मचारियों को टोल छूट देने के बजाय फास्टैग एनुअल पास का खर्च वापस करें। इससे टोल व्यवस्था भी सरल होगी और राजस्व संग्रह में पारदर्शिता बढ़ेगी।

उधर देश की राजधानी में क्राइम कम होने का नाम नहीं ले रहा है। अब न्यू उस्मानपुर इलाके में खौफनाक वारदात सामने आई है। 12 से 15 बदमाशों ने एक युवक पर ताबड़तोड़ चाकुओं से वार कर दिया जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस के अनुसार,सोमवार रात करीब 10 बजकर 25 मिनट पर न्यू उस्मानपुर थाने को घटना की सूचना मिली और मौके पर पहुंची पुलिस टीम को 17 वर्षीय लड़का जमीन पर पड़ा हुआ मिला, जिसकी मौत हो चुकी थी। मृतक की पहचान अभिषेक के रूप में हुई है। हमलावरों ने नाबालिग अभिषेक को घेर लिया और उस पर चाकुओं से ताबड़तोड़ वार करने शुरू कर दिए। गंभीर रूप से घायल होने के कारण अभिषेक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद से इलाके में दहशत का माहौल है। हालांकि पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है लेकिन लोगों का कहना है कि यहां आए दिन कोई ना कोई घटना होती है और पुलिस कोई कार्रवाई नहीं करती।

इधर भारत ने फ्रांस को 114 राफेल लड़ाकू विमानों की खरीद के लिए लगभग 3.25 लाख करोड़ रुपये के मेगा रक्षा सौदे संबंधी ‘लेटर ऑफ रिक्वेस्ट’ (LoR) जारी किया है। समझौते के तहत 114 में से 94 राफेल विमानों का निर्माण भारत में किया जाएगा, जिससे ‘मेक इन इंडिया’ और ‘आत्मनिर्भर भारत’ को बड़ा बूस्ट मिलेगा। आपको बता दें कि एयरफोर्स चीफ एपी सिंह अभी फ्रांस में ही हैं। यह दौरा ऐसे समय हो रहा है जब भारत और फ्रांस के बीच 114 अतिरिक्त राफेल लड़ाकू विमानों की संभावित मेगा डील पर तेजी से काम चल रहा है। वायुसेना प्रमुख फ्रांस मे दसॉल्ट एविएशन के प्रतिष्ठानों का दौरा करेंगे, जो राफेल लड़ाकू विमान बनाती है। साथ ही वे MBDA की सुविधाओं का भी निरीक्षण करेंगे, जिसकी मिसाइलें भारतीय वायुसेना के कई प्लेटफॉर्म पर उपयोग की जाती हैं। यह यात्रा भारत द्वारा फ्रांस को 114 राफेल विमानों की खरीद के लिए औपचारिक लेटर ऑफ रिक्वेस्ट (LoR) भेजने की प्रक्रिया के बीच हो रही है। प्रस्तावित सौदा लगभग 3.25 लाख करोड़ का माना जा रहा है। भारत की प्रमुख शर्तों में स्वदेशी हथियारों का एकीकरण, भारतीय डेटा लिंक, टेक्नोलॉजी ट्रांसफर (ToT) तथा बड़े पैमाने पर भारत में निर्माण शामिल है।

उधर सुप्रीम कोर्ट में नियुक्त किए गए पांच नए जज मंगलवार को अपने पद की शपथ लेंगे। भारत के मुख्य न्यायाधीश (CJI) सूर्यकांत सुप्रीम कोर्ट परिसर में इन नए जजों को शपथ दिलाएंगे। इन नियुक्तियों के बाद सुप्रीम कोर्ट में जजों की कुल संख्या बढ़कर 37 हो जाएगी। अब कोर्ट में स्वीकृत 38 पदों में से केवल एक पद खाली रह जाएगा। केंद्र सरकार ने सोमवार को इन पांच नामों को मंजूरी दी। नए जजों में वरिष्ठ वकील वेंकिता सुब्रमणि मोहना, बॉम्बे हाई कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश जस्टिस श्री चंद्रशेखर, पंजाब और हरियाणा हाई कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश जस्टिस शील नागू, मध्य प्रदेश हाई कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश जस्टिस संजीव सचदेवा और जम्मू-कश्मीर एवं लद्दाख हाई कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश जस्टिस अरुण पल्ली शामिल हैं। सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम ने 27 मई को इन नामों की सिफारिश की थी, जिसे सरकार ने महज चार दिनों में हरी झंडी दे दी। 

अब उत्तराखण्ड की खबरों पर नजर डालते हैं, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नगर एवं ग्राम नियोजन विभाग, प्राविधिक शिक्षा, महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास एवं वन विभाग के अंतर्गत चयनित 276 युवाओं को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। वन विभाग के अंतर्गत 109, महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग के अंतर्गत 88, प्राविधिक शिक्षा के अंतर्गत 65 एवं नगर एवं ग्राम नियोजन विभाग में चयनित 14 अभ्यर्थी शामिल हैं। सोमवार को सोमवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय स्थित मुख्य सेवक सदन में आयोजित नियुक्ति पत्र वितरण समारोह में मुख्यमंत्री ने सभी नवचयनित युवाओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

इधर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को लेकर अभद्र टिप्पणी का एक वीडियो प्रसारित होने पर पुलिस हरकत में आ गई। पुलिस मुकदमा दर्ज कर आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, रोशनाबाद स्थित केशव नगर के मंडल अध्यक्ष बिंदर पाल ने सिडकुल थाने में तहरीर देकर बताया कि इंटरनेट मीडिया पर एक वीडियो प्रसारित हो रहा है। जिसमें एक व्यक्ति स्वयं को अतीक अहमद निवासी रोशनाबाद, सिडकुल बताते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के खिलाफ अभद्र और आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग कर रहा है। शिकायत पर पुलिस ने वीडियो की जांच की। प्रथम दृष्टया आरोप सही पाए जाने पर आरोपित के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने खोजबीन के बाद दबिश देते हुए आरोपित अतीक निवासी रोशनाबाद को गिरफ्तार कर लिया। आरोपित का चालान कर कोर्ट में पेश किया गया है।

उधर उत्तराखंड लोक सेवा आयोग (यूकेपीएससी) ने उत्तराखंड सम्मिलित राज्य सिविल/प्रवर अधीनस्थ सेवा परीक्षा 2024 का अंतिम परिणाम जारी कर दिया है। मुख्य परीक्षा, साक्षात्कार, शारीरिक मापदंड और चिकित्सा परीक्षण के आधार पर विभिन्न विभागों में अभ्यर्थियों का चयन किया गया है। डिप्टी कलेक्टर के 9 पदों पर चयन हुआ है, जिसमें जसमीत कौर ने टॉप किया है। इसके अलावा डीएसपी के 10, जिला कमांडेंट होमगार्ड के 5, राज्य कर अधिकारी के 53, उप शिक्षा अधिकारी/स्टाफ अधिकारी/विधि अधिकारी के 58 समेत कई महत्वपूर्ण पदों पर नियुक्ति के लिए अभ्यर्थियों का चयन किया गया है। इससे अभ्यर्थियों का लंबा इंतजार समाप्त हो गया है। बता दें कि उत्तराखंड में लंबे समय से लोअर पीसीएस परीक्षा 2024 के परिणाम का इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों के लिए आखिरकार बड़ी खुशखबरी सामने आई है। उत्तराखंड लोक सेवा आयोग (यूकेपीएससी) ने उत्तराखंड सम्मिलित राज्य सिविल/प्रवर अधीनस्थ सेवा परीक्षा 2024 का अंतिम परिणाम जारी कर दिया है। मुख्य लिखित परीक्षा, साक्षात्कार, शारीरिक मापदंड परीक्षण और चिकित्सा परीक्षण की प्रक्रिया पूरी होने के बाद आयोग ने विभिन्न विभागों के पदों पर चयनित अभ्यर्थियों की सूची जारी कर दी है।