Good Morning India: मिडिल ईस्ट में हालात भयावह, रिवोल्यूशनरी गार्ड्स का मुख्यालय तबाह, ईरान में अब तक 1045 लोगों की मौत! आज राज्यसभा के लिए नामांकन भरेंगे नीतीश कुमार, गरमाई बिहार की सियासत! सोना-चांदी की कीमतों में फिर उछाल

Good Morning India: The situation in the Middle East is dire, with the Revolutionary Guards headquarters destroyed and 1,045 people dead in Iran so far. Nitish Kumar will file his nomination for the

नमस्कार दोस्तों, आवाज 24X7 अपना खास कॉलम "गुड मॉर्निंग इंडिया" लेकर एक फिर आपके समक्ष प्रस्तुत है। आज के प्रमुख कार्यक्रमों पर नजर डालते हैं, ईरान युद्ध पर अमेरिकी सीनेट में आज होगी वोटिंग। वहीं आज नीतीश कुमार राज्यसभा के लिए नामांकन करेंगे।

अब बड़ी खबरों की तरफ रुख करते हैं, ईरान की 'फाउंडेशन ऑफ मार्टियर्स एंड वेटरन अफेयर्स' के अनुसार, अमेरिका और इजरायल के साथ जारी भीषण युद्ध के पांचवें दिन देश में मरने वालों की संख्या बढ़कर 1,045 हो गई है। ईरानी सरकारी मीडिया ने बुधवार, 4 मार्च 2026 को पुष्टि की कि यह आंकड़ा उन शवों का है जिनकी पहचान कर ली गई है और उन्हें दफनाने के लिए तैयार किया गया है। इस संघर्ष की शुरुआत 28 फरवरी 2026 को हुई थी, जब अमेरिकी और इज़राइली सेनाओं ने तेहरान सहित कई ईरानी शहरों पर हवाई हमले शुरू किए। इन हमलों में ईरान के सर्वोच्च नेता अली खामेनेई, उनके परिवार के सदस्यों और कई वरिष्ठ सैन्य कमांडरों के मारे जाने की भी खबरें हैं।

इधर बिहार में बड़ा राजनीतिक बदलाव होने जा रहा है। 20 साल के बाद नीतीश कुमार फिर केन्द्र की राजनीति में आएंगे। वह मुख्यमंत्री का पद छोड़ेंगे और राज्यसभा के मेंबर बनेंगे। फिलहाल तय हो गया कि नीतीश कुमार आज 11 बजे राज्यसभा का नॉमिनेशन फाइल करेंगे। उन्होंने इसके लिए सहमति दे दी है और अपने नॉमिनेशन पेपर्स पर साइन कर दिए हैं। वहीं केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आज पटना जाएंगे। अमित शाह भी नीतीश कुमार के नॉमिनेशन में शामिल होंगे। असल में कल राज्यसभा के चुनाव के लिए नॉमिनेशन का आखिरी दिन है। बिहार की 5 सीटों पर चुनाव होना है। बीजेपी ने तीन सीटों के लिए उम्मीदवारों के नामों का ऐलान कर दिया है लेकिन JDU ने सस्पेंस बना रखा था। हालांकि अब ये क्लीयर हो गया है कि JDU की तरफ से नीतीश कुमार और रामनाथ ठाकुर राज्यसभा का पर्चा भरेंगे

उधर चांदी की कीमत में 11,000 रुपये से ज्यादा की तेजी ने निवेशकों का ध्यान खींच लिया है। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर मई डिलीवरी वाली चांदी की कीमत शाम 5:30 बजे तक 11,548 रुपये बढ़कर 2,76,966 रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई। एक दिन पहले यानी मंगलवार को चांदी में बड़ी गिरावट आई थी। उस दिन चांदी 13,163 रुपये या करीब 4.73% टूटकर 2,65,318 रुपये प्रति किलो पर बंद हुई थी। इससे पहले सोमवार को इसका भाव 2,78,481 रुपये प्रति किलो था। ऐसे में बुधवार की तेजी को निवेशक राहत भरी वापसी के रूप में देख रहे हैं। सोने की कीमतों में भी मजबूती देखने को मिली। अप्रैल डिलीवरी वाला गोल्ड फ्यूचर 2,723 रुपये की बढ़त के साथ 1,63,821 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। कारोबार के दौरान सोना 1,64,000 रुपये प्रति 10 ग्राम के इंट्राडे हाई तक भी गया। अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी सोने की कीमतों में तेज हलचल रही। विशेषज्ञों के मुताबिक CME पर सोना 5,400 डॉलर से गिरकर 5,000 डॉलर तक पहुंचा, लेकिन बाद में 5,200 डॉलर के आसपास रिकवरी कर गया। इसका असर घरेलू बाजार में भी दिखा।

इधर नेपाल में संसदीय चुनाव के लिए मतदान शुरू हो चुका है। नेपाल चुनाव आयोग के अनुसार, देश में मतदान सुबह सात बजे से शुरू होकर शाम पांच बजे तक चलेगा। यह चुनाव एक उथल-पुथल भरे वर्ष के बाद हो रहा है। सितंबर 2025 में, भ्रष्टाचार, आर्थिक गतिरोध और राजनीतिक अभिजात वर्ग के प्रति जनता के गुस्से को लेकर युवाओं के नेतृत्व में बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन हुए। सुरक्षा बलों ने दमनकारी कार्रवाई की, जिससे व्यापक अशांति और जानमाल का नुकसान हुआ और आखिरकार प्रधानमंत्री ओली को इस्तीफा देना पड़ा। पूर्व मुख्य न्यायाधीश सुशीला कार्की के नेतृत्व में एक अंतरिम सरकार ने सत्ता संभाली और स्थिरता बहाल करने और छह महीने के भीतर चुनाव कराने का वादा किया। 5 मार्च को होने वाले चुनाव उस वादे की पूर्ति हैं।

उधर ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई का सुपुर्द-ए-खाक कार्यक्रम फिलहाल टाल दिया गया है। सरकारी मीडिया के अनुसार पहले यह कार्यक्रम बुधवार रात तेहरान के इमाम खोमेनी प्रेयर हॉल में होना था, लेकिन अचानक इसे स्थगित कर दिया गया। अधिकारियों ने कहा कि नागरिकों के लिए तीन दिन का सार्वजनिक श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसके बाद अंतिम यात्रा की नई तारीख घोषित की जाएगी। इसी बीच, ईरान की सुप्रीम नेशनल सिक्योरिटी काउंसिल के सचिव अली लारिजानी ने अमेरिका को कड़ी चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और इस्राइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने अमेरिका को एक अन्यायपूर्ण युद्ध में धकेल दिया है। लारिजानी के अनुसार इस युद्ध में अब तक 500 से ज्यादा अमेरिकी सैनिक मारे जा चुके हैं और खामेनेई की मौत का बदला जरूर लिया जाएगा।

इधर होली के दिन दिल्ली के सदर बाजार में बारा टूटी चौक के पास एक चार मंजिला बिल्डिंग में शार्ट-सर्किट से आग लग गई। आग प्लास्टिक के खिलौनों के कारण तेजी से फैल गई और आग की ऊंची लपटों के साथ पूरे इलाके में धुएं का गुबार फैल गया। धुआं आसमान में इतना ज्यादा फैल गया कि लोगों को सांस लेने में भी दिक्कत हुई। वहीं, आग की चपेट में आकर दो व्यक्तियों की जलकर मौत हो गई है। जानकारी के अनुसार, 13 घंटे के बाद भी अब तक बुझाया नहीं जा सका है। हादसे में अब तक इमारत से दो जले हुए शव बरामद हुए हैं। आशंका जताई जा रही है कि अभी इमारत में और भी शव बरामद हो सकते हैं।

उधर पंजाब के फिरोजपुर जिले में बुधवार शाम दो गुटों के बीच हुई हिंसक झड़प में दो लोगों की मौत हो गई। रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह सब होली के मौके पर बच्चों के बीच हुई मामूली कहासुनी से शुरू हुआ, जो बाद में गोलीबारी तक पहुंच गया। घटना के बारे में जानकारी देते हुए पुलिस ने बताया कि होली के दिन बच्चों के बीच छोटा-सा झगड़ा हो गया। जब दोनों पक्षों के बड़े लोग इस मामले को सुलझाने के लिए इकट्ठा हुए, तो बातचीत के दौरान बहस छिड़ गई। यह बहस जल्द ही हाथापाई और हिंसा में बदल गई। इसी दौरान दोनों तरफ से गोलियां चलीं, जिसमें दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि मृतकों की पहचान कड़मा गांव के निवासी 45 वर्षीय खिलारा उर्फ मुन्ना और टिब्बी कलां निवासी जज सिंह के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, खिलारा उर्फ मुन्ना के 2 बेटे और 2 बेटियां हैं। बताया जा रहा है कि उसके खिलाफ पहले से 8 आपराधिक मामले दर्ज थे।

अब उत्तराखण्ड की खबरों पर नजर डालते हैं, देहरादून के गांधी ग्राम क्षेत्र में बुधवार शाम फलों की बिक्री को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर दोनों पक्षों के बीच गाली-गलौज और झगड़ा शुरू हो गया, जिससे मौके पर दोनों समुदायों के लोग भी इकट्ठा हो गए और स्थिति तनावपूर्ण हो गई। सूचना मिलते ही ही नगर कोतवाली पुलिस ने मौके पर पहुंच दोनों पक्षों को शांत कराकर स्थिति को नियंत्रण में लिया। साथ ही घटना के संबंध में पीड़ित पक्ष द्वारा दी गई शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है, जिसके बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। सीओ सिटी स्वप्निल मुयाल ने बताया है कि घटना की सूचना पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और लोगों को शांत कराया।

इधर उत्तराखंड में मौसम का मिजाज इन दिलों खुशनुमा बना हुआ है। सुबह और शाम गुलाबी ठंड के साथ दिन में लोग गुनगुनी धूप का लुत्फ उठा रहे हैं। होली के बाद तापमान बढ़ने की संभावनाएं जताई जा रही है। मौसम विभाग के मुताबिक प्रदेश में मौसम शुष्क बना रहेगा। वहीं समूचे प्रदेश में मौसम शुष्क होने के कारण धूप तेज हो गई है और तापमान में भी वृद्धि हो गई है। होली के बाद उत्तराखंड के पहाड़ी जिलों के मौसम का मिजाज बदलने का अंदाजा लगाया जा रहा है। आने वाले दिनों में पर्वतीय अंचलों में तापमान बढ़ सकता है।