Aug 23, 2026 Login

Good Morning India: जापान में फिर डोली धरती, भूकंप के झटकों से सहमे लोग! यूपी-उत्तराखण्ड समेत 25 राज्यों में मौसम को लेकर बड़ा अलर्ट! Gen Z को साधने के लिए बीजेपी ने बनाई स्पेशल टीम! लिंक में पढ़ें प्रमुख खबरें

Good Morning India: Earth shakes in Japan again; people rattled by tremors! Major weather alert for 25 states, including UP and Uttarakhand! BJP forms a special team to connect with Gen Z! Read the t

नमस्कार दोस्तों, आवाज इंडिया अपना खास कॉलम ‘गुड मॉर्निंग इंडिया’ लेकर एक फिर आपके समक्ष प्रस्तुत है। आईए आज के प्रमुख कार्यक्रमों पर नजर डालते हैं। विदेश मंत्री एस जयशंकर आज से रूस के दौरे रहेंगे। इसके साथ ही ब्रिक्स देशों के युवा और खेल मामलों के मंत्रियों की बैठक भी होगी। 

अब बड़ी खबरों की तरफ रुख करते हैं, देश के कई हिस्सों में मानसून एक बार फिर पूरी रफ्तार से सक्रिय हो गया है, जिससे मैदानी इलाकों से लेकर पहाड़ी राज्यों तक मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया है। दिल्ली एनसीआर और यूपी के कई हिस्सों में सुबह से ही बारिश शुरू हो गई है। बारिश के साथ तेज हवाएं भी चल रही हैं। मौसम विभाग ने आज दिल्ली-एनसीआर समेत उत्तर और मध्य भारत के कई राज्यों में भारी बारिश का ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के मुताबिक आज देश के 25 राज्यों यूपी, दिल्ली, बिहार, हरियाणा, राजस्थान, उत्तराखंड, हिमाचल, पंजाब, जम्मू-कश्मीर, झारखंड, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, कर्नाटक, तमिलनाडु, केरल, गुजरात, महाराष्ट्र, असम, त्रिपुरा, मेघालय, सिक्किम और नागालैंड में भारी बारिश-आंधी की चेतावनी जारी की गई है।

इधर जापान में 5.9 तीव्रता का भूकंप आया है। इस भूकंप के झटके राजधानी टोक्यो में महसूस किए गए हैं। भूकंप का केंद्र जापान के दक्षिण में इराबाकी में जमीन से 70 किलोमीटर नीचे था। सुनामी का कोई खतरा नहीं है। भूकंप के चलते इराबाकी में 20 लोग घायल हो गए हैं। भूकंप के झटके इबाराकी, चाइबा और साईतामा में महसूस किए गए हैं। भूकंप के चलते एक्सप्रेस और लोकल ट्रेनें प्रभावित हो गईं। वह देरी से चल रही हैं। प्रधानमंत्री सनाए तकाइची ने भूकंप को लेकर टास्क फोर्स का गठन किया है। जापान मौसम विज्ञान एजेंसी के अनुसार, भूकंप दक्षिणी इबाराकी प्रान्त में 70 किलोमीटर की गहराई पर आया। यह जापान का ऐसा इलाका है जहां अक्सर भूकंप आते रहते हैं। यूनाइटेड स्टेट्स जियोलॉजिकल सर्वे ने इसकी शुरुआती तीव्रता 5.8 मापी थी।

उधर पुणे में कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम में छात्राओं से जुड़े तमाम मुद्दों पर बात की। कार्यक्रम के दौरान हजारों की संख्या में छात्राएं शामिल हुईं और उन्होंने राहुल गांधी के समर्थन में नारे लगाए। कार्यक्रम में राहुल गांधी ने देश की महिलाओं को देश की सबसे बड़ी पूंजी बताया। कार्यक्रम में राहुल गांधी ने कहा, "मेरा पुणे में शानदार स्वागत करने के लिए धन्यवाद। मैं यहां लेक्चर देने नहीं आया हूं, ना ही ये बताने आया हूं कि मैं क्या सोचता हूं। मैं आपसे राजनीति पर बात करने भी नहीं आया हूं। मैं चाहता हूं कि आप खुद को एक्सप्रेस करें, आप क्या सोचते हैं, आप क्या कहना चाहते हैं, ये बताएं। हम यंग लेडीज के साथ आईडियाज भी डिसकस करेंगे।" राहुल गांधी ने कहा, "इंडिया की सबसे बड़ी ताकत क्या है? कोई कहेगा-इकोनॉमी, कोई कहेगा- हमारी मिलिट्री, कोई कहेगा- हमारा मेडिकल सिस्टम, कोई कहेगा- हमारे लोग, लेकिन मैं पूरी तरह क्लीयर हूं कि भारत की सबसे बड़ी ताकत क्या है, वो हैं हमारे देश की 70 करोड़ यूनिक महिलाएं। कुछ कहेंगे कि ऐसा कैसे? महिलाएं अपने स्वभाव से ज्यादा सेंसटिव हैं, ज्यादा सज्जन हैं, ज्यादा कंपेसिनेट हैं और पुरुषों की अपेक्षा ज्यादा फॉरवर्ड हैं।" राहुल गांधी ने कहा, "इंडिया की महिलाएं यंग हैं। वह भारत की सबसे बड़ी पूंजी हैं। लेकिन एक समस्या है कि जब भी हम किसी पुरुष से बात करते हैं तो महिलाओं को 3 बॉक्सेज में रखा जाता है। पहला है बेटी, दूसरा है पत्नी और तीसरा है मां। इसमें कुछ भी गलत नहीं है लेकिन ये आपकी केवल एक आइडेंटिटी नहीं हो सकती। हमारे देश में प्रतिभाशाली महिलाएं हैं।"

इधर भारतीय सर्राफा बाजार और मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर सोने और चांदी की कीमतों में पंख लग गए हैं। अगस्त महीने की शुरुआत से ही दोनों कीमती धातुओं के दाम रिकॉर्ड स्तर की ओर बढ़ रहे हैं। महज 20 दिनों में MCX पर चांदी करीब ₹32 हजार प्रति किलोग्राम महंगी हो गई, जबकि सोने में भी करीब ₹20 हजार प्रति 10 ग्राम का बड़ा उछाल आया है। 21 अगस्त को MCX पर सोने का वायदा भाव ₹1.62 लाख प्रति 10 ग्राम के स्तर को पार कर गया। वहीं 3 अगस्त को सोना करीब ₹1.42 लाख प्रति 10 ग्राम पर कारोबार कर रहा था। यानी महज 20 दिनों में कीमत में लगभग ₹20 हजार की बढ़ोतरी हुई है। इस तेजी ने सोने के निवेशकों और खरीदारों दोनों का ध्यान खींचा है। लगातार बढ़ती कीमतों के कारण आम लोगों के लिए सोना खरीदना पहले के मुकाबले महंगा हो गया है। चांदी की कीमतों में तेजी और भी ज्यादा देखने को मिली। 21 अगस्त को MCX पर चांदी का वायदा भाव ₹2.46 लाख प्रति किलोग्राम के पार पहुंच गया। 3 अगस्त को यह करीब ₹2.14 लाख प्रति किलोग्राम था। इस तरह करीब 20 दिनों में चांदी ₹32 हजार से ज्यादा महंगी हो गई।

उधर सूत्रों के मुताबिक, BJP ने Gen Z के बीच आउटरीच बढ़ाने के लिए एक विशेष टीम का गठन किया है। इस टीम में BJP के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, राष्ट्रीय महामंत्री स्मृति ईरानी, विनोद तावड़े, हर्ष सांघवी और ओ.पी. चौधरी समेत कुछ अन्य नेताओं को शामिल किया गया है। सूत्रों के मुताबिक, यह टीम Gen Z यानी युवा वर्ग के साथ संवाद और संपर्क बढ़ाने के लिए जल्द ही विशेष आउटरीच कार्यक्रम शुरू करेगी। बीजेपी की इस टीम का फोकस युवाओं से सीधे संवाद, उनकी अपेक्षाओं और मुद्दों को समझने तथा पार्टी की नीतियों और विचारधारा से उन्हें जोड़ने पर रहेगा। इस टीम में नितिन नवीन, स्मृति ईरानी, विनोद तावड़े, हर्ष सांघवी, ओ.पी. चौधरी शामिल रहेंगे।

इधर त्योहारों से पहले बढ़ती कीमतों और कृत्रिम कमी को रोकने के लिए केंद्र और राज्य सरकारों ने चीनी के जमाखोरों के खिलाफ सख्ती शुरू कर दी है। उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर व पंजाब समेत कई राज्यों में निर्देश जारी किया गया है कि कोई भी थोक चीनी डीलर 400 टन से अधिक चीनी का स्टॉक नहीं रख सकेगा। वहीं, कालाबाजारी पर लगाम व चीनी स्टॉक की जांच-पड़ताल के लिए 10 केंद्रीय टीमें अलग-अलग राज्यों का दौरा करेंगी। हाल में देशभर में चीनी के दामों में बढ़ोतरी हुई है। 20 जुलाई को चीनी की कीमत 48.18 रुपये प्रति किग्रा थी, जो 20 अगस्त को 55.70 रुपये हो गई। कई शहरों में खुदरा दाम 70-80 रुपये तक पहुंच गए हैं। राज्य सरकारों ने प्रशासनिक अधिकारियों को चीनी की कालाबाजारी करने और अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को अधिकारियों के साथ चीनी आपूर्ति की  समीक्षा के लिए उच्चस्तरीय बैठक की। महाराष्ट्र व कर्नाटक में भी सरकारी विभागों ने चीनी के स्टॉक की जांच शुरू कर दी है।

उधर पमाना के झंडे वाला मालवाहक जहाज 'ओशन विनर' समुद्र में अचानक डूब गया। रॉयटर्स की रिपोर्ट के अनुसार, इंडियन कोस्ट गार्ड ने बताया कि शनिवार को भारत की समुद्री बचाव एजेंसी- ICG के जहाज 'ओशन विनर' से पहले संपर्क टूटा। इसके बाद जहाज पूर्वी भारत के तट के पास डूब गया। इंडियन कोस्ट गार्ड (ICG) के प्रवक्ता कमांडेंट अमित उनियाल के मुताबिक, जहाज पर सवार 24 क्रू मेंबर में 20 चीनी, तीन म्यांमार के नागरिक और एक बांग्लादेशी हैं। कोस्ट गार्ड ने अब तक लाइफ राफ्ट से दो लोगों को बचाया है। उन्होंने कहा कि जहाज के डूबने का कारण तुरंत पता नहीं चल सका है। 

अब उत्तराखण्ड की खबरों पर नजर डालते हैं, रुड़की के ढंडेरा में शुक्रवार देर रात शराब कैंटीन संचालक अमन की हत्या के मामले में पुलिस ने शनिवार देर रात बड़ी कार्रवाई की है। मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने नगला इमरती के पास बाइक सवार तीन संदिग्धों को घेरने का प्रयास किया। खुद को घिरता देख बदमाशों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसके दो साथी मौके से फरार हो गए। घायल आरोपित की पहचान सौरभ पुत्र देशराज निवासी ढंडेरा के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पूछताछ में घायल बदमाश ने बताया कि शुक्रवार को अमन की हत्या तीनों आरोपितों ने मिलकर की थी। इसके बाद पुलिस फरार दोनों बदमाशों की तलाश में कांबिंग कर रही है।

इधर काशीपुर के लक्ष्मीपुर पट्टी क्षेत्र में शनिवार शाम निर्माणाधीन मकान का लेंटर अचानक भरभराकर गिरने से बड़ा हादसा हो गया। लेंटर के मलबे की चपेट में आने से दो सगे भाई गंभीर रूप से घायल हो गएय हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों के साथ पुलिस, दमकल विभाग और एंबुलेंस की टीम मौके पर पहुंची। काफी मशक्कत के बाद दोनों भाइयों को मलबे से बाहर निकालकर राजकीय चिकित्सालय पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने 28 वर्षीय जाकिर को मृत घोषित कर दिया। वहीं उसके 40 वर्षीय भाई शकील का उपचार चल रहा है। घटना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है।