Good Morning India: मिडिल ईस्ट में बढ़ा युद्ध का दायरा, अमेरिका ने अपने नागरिकों को दिया आदेश, तुरंत छोड़ें ये सारे देश! सुबह-सुबह यूपी में भीषण सड़क हादसा, 6 लोगों की मौके पर मौत! साल का पहला चंद्र ग्रहण आज, जानें कब से कब तक रहेगा सूतक काल?

Good Morning India: The scope of war in the Middle East has expanded, with the US ordering its citizens to leave these countries immediately! A horrific road accident in Uttar Pradesh early this morn

नमस्कार दोस्तों, आवाज 24X7 अपना खास कॉलम "गुड मॉर्निंग इंडिया" लेकर एक फिर आपके समक्ष प्रस्तुत है। आज के प्रमुख कार्यक्रमों पर नजर डालते हैं, लालू से जुड़े मामले में आरोप तय करने पर आज अपना फैसला सुना सकता है राउज एवेन्यू कोर्ट।

अब बड़ी खबरों की तरफ रुख करते हैं, ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्लाह अली खामेनेई की मौत के बाद भी ईरान की ओर से इजरायल समेत कई खाड़ी देशों पर लगातार हमले किए जा रहे हैं। इस युद्ध के बीच अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर देश को संबोधित किया। उन्होंने अपने संबोधन में ईरान को एक बार फिर से खुली धमकी दी है। उन्होंने ईरान से जारी युद्ध को लेकर कहा है कि शुरुआत से ही, हमने चार से पांच सप्ताह का अनुमान लगाया था। लेकिन हमारे पास इससे कहीं अधिक समय तक चलने की क्षमता है। आज किसी ने कहा कि राष्ट्रपति इसे बहुत जल्दी निपटाना चाहते हैं और उसके बाद ऊब जाएंगे। मैं नहीं ऊबता। इसमें उबाऊ कुछ भी नहीं है। इसके अलावा उन्होंने ईरान पर हमले की चार वजहें भी बताई हैं। ट्रंप ने कहा कि हम यह सुनिश्चित कर रहे हैं कि दुनिया का नंबर एक आतंकवादी प्रायोजक कभी भी परमाणु हथियार प्राप्त न कर सके। मैंने शुरू से ही कहा था कि उनके पास कभी भी परमाणु हथियार नहीं होंगे।

इधर अमेरिका-ईजरायल और ईरान के बीच युद्ध का दायरा लगातार बढ़ता ही जा रहा है। ताजा जानकारी के मुताबिक, रियाद में अमेरिकी दूतावास पर ड्रोन हमले से आग लग गई है। वहीं सऊदी अरब का कहना है कि उसने चार प्रोजेक्टाइल मार गिराए। ईरान, इजराइल और यूनाइटेड स्टेट्स के बीच युद्ध सोमवार को तेजी से बढ़ा, जिसमें तेहरान के सपोर्ट वाले मिलिशिया भी शामिल हो गए और पूरे मिडिल ईस्ट में हमलों का दायरा बढ़ गया। ईरान ने इजराइल और कई अरब देशों पर मिसाइलें दागीं, जबकि हिज्बुल्ला ने लेबनान से रॉकेट और ड्रोन से इजराइल पर हमला किया। इजराइल ने बेरूत के दक्षिणी सबअर्ब और दक्षिणी लेबनान में भारी हवाई हमले करके जवाब दिया। लेबनानी अधिकारियों ने कम से कम 31 मौतों की जानकारी दी। वहीं इजराइल ने लंबी लड़ाई की चेतावनी दी है।

उधर उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले में मंगलवार सुबह दर्दनाक हादसा घटित हुआ। थाना सादाबाद क्षेत्र में यमुना एक्सप्रेसवे पर माइलस्टोन 141 के पास मंगलवार सुबह हादसे में छह लोगों की मौत हो गई और नौ लोग घायल हो गए। हादसा डबल डेकर बस और इको कार के बीच हुआ। इको कार ने पीछे से बस में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसबमें सवार लोगों में चीख-पुकार मच गई। हादसे में छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि नौ लोग घायल हो गए। घायलों को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां तीन घायलों की हालत गंभीर होने पर उन्हें आगरा रेफर कर दिया गया।

इधर इस्राइल और अमेरिका के हमलों और ईरान की जवाबी कार्रवाई के बाद से पूरे पश्चिम एशिया में तनाव बढ़ाता जा रहा है। इस बीच अमेरिका ने चेतावनी जारी कर मिडिल ईस्ट के 12 से ज्यादा देशों में रह रहे अमेरिकी नागरिकों से कहा है कि वे अभी के अभी वहां से निकल जाएं। यह फैसला ईरान पर अमेरिका और इस्राइल के हवाई हमलों और उसके बाद ईरान की जवाबी कार्रवाई से बढ़े तनाव को देखते हुए लिया गया है। अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने एक वीडियो संदेश में अपने लोगों से तुरंत निकलने की अपील की है। उन्होंने कहा कि इस समय सुरक्षा को लेकर बहुत गंभीर खतरे हैं और नागरिकों की जान बचाना सरकार की सबसे बड़ी प्राथमिकता है। सरकार ने नागरिकों की मदद के लिए हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए हैं। यह चेतावनी (एडवाइजरी) बहरीन, कुवैत, मिस्र, लेबनान, ईरान, ओमान, इराक, कतर, इस्राइल, सऊदी अरब, सीरिया, जॉर्डन, संयुक्त अरब अमीरात और यमन जैसे देशों के लिए जारी की गई है।

उधर कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी ने ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई की लक्षित हत्या पर मोदी सरकार की चुप्पी को लेकर तीखी आलोचना की है। सोनिया गांधी ने कहा कि यह मौन तटस्थता नहीं, बल्कि जिम्मेदारी से पीछे हटना है। उन्होंने कहा कि इससे भारत की विदेश नीति की दिशा और विश्वसनीयता पर गंभीर सवाल खड़े होते हैं। एक अखबार में लिखे अपने लेख में सोनिया गांधी ने कहा कि एक मार्च को ईरान ने पुष्टि की कि उसके सर्वोच्च नेता की हत्या एक दिन पहले अमेरिका और इस्राइल द्वारा किए गए लक्षित हमलों में हुई। उन्होंने इसे चल रही वार्ताओं के बीच किसी सत्तारूढ़ राष्ट्राध्यक्ष की हत्या बताते हुए अंतरराष्ट्रीय संबंधों में गंभीर विघटन करार दिया।

इधर यूपी के मथुरा से एक चौंकाने वाला वीडियो सामने आया है। यहां एक शख्स प्रहलाद बनकर होलिका दहन की आग में कूद गया। हालांकि शख्स पूरी तरह सुरक्षित है और वीडियो में उसे होलिका दहन की आग के बीच से आसानी से गुजरते हुए देखा जा सकता है। दरअसल शख्स ने जो किया, वह एक परंपरा का हिस्सा है। होलिका दहन की आग के बीच से गुजरने वाले संजू पांडा ने बताया, "इसकी तैयारी बसंत पंचमी से होलिका दहन तक चलती है। उस समय घर और परिवार से मोह समाप्त हो जाता है और भोजन नहीं किया जाता।" आग के बीच से गुजरने वाली इस परंपरा का पालन फालेन गांव में हुआ। संजू पांडा ने बताया, "इस परंपरा के लिए सवा महीने का प्रण लेना होता है, जो बसंत पंचमी से होलिका दहन तक चलता है। इस दौरान ब्रह्मचर्य का पालन करना होता है, घर-परिवार से मोह खत्म हो जाता है। सीमा से बाहर नहीं जाते हैं। सवा महीने तक अन्न भी ग्रहण नहीं करते हैं।"

उधर का पहला चंद्र ग्रहण लगने जा रहा है। यह भारत में पूर्ण रूप से नजर आएगा, इसलिए इससे जुड़े सभी नियम व सूतक काल प्रभावी होगा। ज्योतिषियों के मुताबिक, चंद्र ग्रहण दोपहर 3 बजकर 20 मिनट से शाम 6 बजकर 47 मिनट तक रहने वाला है। यह चंद्र ग्रहण सूर्य की राशि सिंह में लग रहा है। ऐसा माना जा रहा है कि, चंद्र ग्रहण सबसे पहले अरुणाचल प्रदेश देखा जाएगा। यहां के तेजू नगर में चंद्रोदय शाम 5 बजकर 3 मिनट पर है। ऐसे में पहले आज चंद्र ग्रहण यहां देखा जा सकेगा। वहीं साल का पहला चंद्र ग्रहण भारत में पूर्ण रूप से नजर आने वाला है।  चंद्रग्रहण पर आसमान में चांद लाल रंग का नजर आने वाला है। यह दिल्ली-एनसीआर, उत्तर-प्रदेश, कोलकाता, चेन्नई, मुंबई और हैदराबाद में स्पष्ट रूप से दिखाई दे सकता है। इसके अलावा गुवाहाटी व ईटानगर में भी यह प्रभावी रहने वाला है। ज्योतिषियों के मुताबिक, चंद्र ग्रहण भारत सहित पूरे एशिया, ऑस्ट्रेलिया, पैसिफिक द्वीपों और उत्तरी व दक्षिणी अमेरिका में भी नजर आने वाला है। ज्योतिष के अनुसार चंद्र ग्रहण का सूतक काल अत्यंत महत्वपूर्ण माना जाता है। साल का पहला चंद्र ग्रहण भारत में दिखाई देगा इसलिए इसका सूतक काल भी मान्य होगा। चंद्र ग्रहण के शुरू होने से 9 घंटे पहले सूतक लग जाएगा। ज्योतिष और धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, इस अवधि में शुभ कार्य करने से बचना चाहिए। सूतक काल 3 मार्च को सुबह 6 बजकर 20 मिनट से प्रारंभ होकर शाम 6 बजकर 46 मिनट तक चलेगा। इस दौरान खाने-पीने से लेकर पूजा-पाठ तक कई कार्यों में सावधानी बरतने की सलाह दी जाती है।

अब उत्तराखण्ड की खबरों पर नजर डालते हैं, सरकारी विभाग बिजली बिलों के 104 करोड़ रुपये दबाए बैठे हैं। उत्तराखंड पावर काॅरपोरेशन लिमिटेड (यूपीसीएल) ने इन बकाएदारों की सूची वेबसाइट पर सार्वजनिक कर दी है। राज्य के विभिन्न जिलों में सरकारी संस्थानों और निजी औद्योगिक इकाईयों पर कुल 104.57 करोड़ रुपये का बिजली बिल बकाया है। यह डेटा दो मार्च तक की स्थिति को बताता है। अल्मोड़ा में जल संस्थान के एक ही खाते पर 10.34 करोड़ रुपये का बकाया है। पेयजल निगम और लघु डाल नहर खंड भी करोड़ों के बकाएदारों की सूची में शामिल हैं। चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में सोबन सिंह जीना मेडिकल कॉलेज पर 14.64 लाख रुपये का बिल लंबित है। टिहरी में पेयजल निगम 4.52 करोड़ रुपये से ऊपर बकाया है। गंगा पॉल्यूशन कंट्रोल प्रोजेक्ट पर भी एक करोड़ से अधिक का बकाया दर्ज है। 

इधर आगामी चारधाम यात्रा में बदरीनाथ व केदारनाथ धाम में विशेष पूजा करने के लिए शुल्क में बढ़ोतरी करने की तैयारी है। बदरी-केदार मंदिर समिति (बीकेटीसी) की बोर्ड बैठक में शुल्क बढ़ाने के प्रस्ताव पर मुहर लग सकती है। चारधाम यात्रा के दौरान बदरीनाथ व केदारनाथ धाम में हर साल श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ रही है। दोनों धामों में सामान्य दर्शन के लिए कोई शुल्क नहीं लिया जाता है। लेकिन विशेष पूजा के लिए बीकेटीसी ने शुल्क तय किया है। केदारनाथ धाम में रुद्राभिषेक पूजा के लिए पांच श्रद्वालुओं से 7200 रुपये शुल्क लिया जाता है। जबकि अभिषेक पूजा के लिए 9500 रुपये, लघु रूद्राभिषेक पूजा के लिए 6100 रुपये, षोडशोपचार पूजा के लिए 5500 रुपये, अष्टोपचार पूजा के लिए पांच श्रद्धालुओं से 950 रुपये, पूरे दिन की पूजा के लिए 28600 रुपये शुल्क निर्धारित है।

उधर रंगोत्सव से पहले सोमवार को दून में होलिका पूजन किया गया। महिलाओं ने होलिका पूजन कर सुख-समृद्धि की कामना की। शहर में सैकड़ों स्थानों पर दिनभर पूजन किया गया। इसके बाद रात को जयकारों संग होलिका दहन हुआ। दून में होली की रौनक है। सोमवार को होलिका पूजन हुआ। इससे पहले होलिका को भव्य रूप से सजाया गया। दून में परम विहार, निरंजनपुर, प्रिंस चौक, धामावाला, बंजारावाला समेत सैकड़ों स्थानों पर होलिका पूजन किया गया। सुबह से ही महिलाएं थाली में रोली, चावल, फूल और गुड़ लेकर पहुंचीं। इसके लिए बच्चों में भी खासा उत्साह देखने को मिला। होलिका के चारों ओर परिक्रमा कर बड़ों का आशीर्वाद लिया गया।