Good Morning India: मिडिल ईस्ट में फिर तनाव, महायुद्ध जैसे हालात! ईरान में अयातुल्ला खामेनेई के अंतिम संस्कार की तैयारी! खान सर के कोचिंग सेंटर के बाहर ताबड़तोड़ फायरिंग! उत्तराखंड में आईएएस और पीसीएस अफसरों का ट्रांसफर! लिंक में जानें Google एल्फाबेट ने लैब में क्यों पाले 3.2 करोड़ ‘स्पेशल’ मच्छर
नमस्कार दोस्तों, आवाज 24X7 अपना खास कॉलम "गुड मॉर्निंग इंडिया" लेकर एक फिर आपके समक्ष प्रस्तुत है। आज के प्रमुख कार्यक्रमों पर नजर डालते हैं, आज कर्नाटक में डीके शिवकुमार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। वहीं आज भारतीय रिजर्व बैंक की मौद्रिक नीति समिति की समीक्षा बैठक है।
अब बड़ी खबरों की तरफ रुख करते हैं, मिडिल ईस्ट तनाव एक बार फिर बढ़ता दिख रहा है। अमेरिकी सेना ने मंगलवार को घोषणा की कि उसने ईरान द्वारा क्षेत्रीय पड़ोसियों पर किए गए मिसाइल और ड्रोन हमलों को सफलतापूर्वक विफल कर दिया है। साथ ही, आत्मरक्षा में ईरान के केशम द्वीप समूह पर हमले किए गए। ईरान ने कुवैत और बहरीन पर बैलिस्टिक मिसाइलें दागीं, लेकिन ज्यादातर को रोक लिया गया। अमेरिकी केंद्रीय कमान ने एक आधिकारिक बयान में कहा कि ईरान ने क्षेत्रीय पड़ोसियों की ओर कई बैलिस्टिक मिसाइलें दागीं, हालांकि सभी अपने लक्षित लक्ष्यों को भेदने में विफल रहीं। कमान ने आगे बताया कि कुवैत पर दागी गई दो मिसाइलें या तो लक्ष्य से चूक गईं या रास्ते में ही टूट गईं। बहरीन पर दागी गई तीन मिसाइलों को अमेरिकी और बहरीन की वायु रक्षा बलों ने तुरंत रोक दिया। कोई हताहत होने की खबर नहीं है। अमेरिकी केंद्रीय कमान ने बताया कि ईरान के केशम द्वीप और गोरुक क्षेत्र में स्थित रडार, ड्रोन कंट्रोल साइट्स और एयर डिफेंस सिस्टम को निशाना बनाकर हमले किए गए।
उधर ईरान के पूर्व सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई का जल्द ही अंतिम संस्कार किया जाएगा। ईरान की सरकार ने तीन दिन के राजकीय अंत्येष्टि कार्यक्रम का एलान किया है। तेहरान, कौम और मशहद में होने वाले इस आयोजन में दो करोड़ लोगों के जुटने की उम्मीद है। ईरानी मीडिया के मुताबिक, ये जुलूस राजधानी तेहरान, कौम और मशहद में निकलेंगे। इन तीनों जगहों पर बड़े सार्वजनिक कार्यक्रम होंगे। अकेले तेहरान में मुख्य कार्यक्रम 24 घंटे से ज्यादा चलेगा। तेहरान प्रशासन तैयारियों में जुटा है। अधिकारियों का अनुमान है कि तेहरान में दो करोड़ लोग आ सकते हैं। प्रशासन इतनी बड़ी भीड़ को संभालने का इंतजाम कर रहा है। 28 फरवरी 2026 को अमेरिका और इजरायल ने ईरान पर एक बड़ा हमला किया था। इस हमले में तत्कालीन सर्वोच्च नेता आयतोलला अली खामेनेई की मौत हो गई थी। इस्लामिक परंपरा के मुताबिक दफनाने का काम तुरंत होता है। लेकिन ईरानी अधिकारियों ने इसे लंबे समय के लिए टाल दिया था।
इधर सीबीएसई के नए चेयरमैन और सचिव के नाम की घोषणा हो गई है। सरकार ने मंगलवार को ओएसएम (ऑन-स्क्रीन मार्किंग) विवाद के बीच वरिष्ठ IAS अधिकारी लोखंडे प्रशांत सीताराम को सीबीएसई का नया प्रमुख नियुक्त किया है और 2008 बैच के भारतीय सूचना सेवा अधिकारी वरुण भारद्वाज को सीबीएसई का नया सचिव नियुक्त किया है। इससे पहले सरकार ने सीबीएसई के चेयरमैन राहुल सिंह और सीबीएसई के सचिव हिमांशु गुप्ता का ट्रांसफर कर दिया था और सीबीएसई की ऑन-स्क्रीन मार्किंग (ओएसएम) प्रणाली के लिए सेवाओं की खरीद से संबंधित मुद्दों की जांच के लिए समिति का गठन किया था। मंगलवार को जारी कैबिनेट सचिवालय के ज्ञापन के अनुसार, इस समिति की अध्यक्षता क्षमता निर्माण आयोग की अध्यक्ष एस राधा चौहान करेंगी। चौहान को अधिकार दिया गया है कि जरूरत पड़ने पर वह अन्य विभागों के अधिकारियों से सहायता ले सकती हैं। जबकि क्षमता निर्माण आयोग जांच पैनल को सचिवालयी सहायता प्रदान करेगा। पैनल को एक महीने के भीतर कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग को अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करने का कार्य सौंपा गया है।
उधर हाल ही में बिहार पुलिस की बहाली में सबसे ज्यादा कोचिंग के छात्रों के चयनित होने का जश्न मना चुके खान सर एक बार फिर चर्चा में है। खबर ये है कि खान सर के कोचिंग में फायरिंग हुई है। बताया जा रहा है कि 6 राउंड फायरिंग हुई है। उनके पोस्टर और बैनर को नुकसान पहुंचाया गया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। उनके ऊपर पहले भी बम से हमला हो चुका है। घटना की जानकारी मिलने के बाद मौके पर मुसल्लहपुर थाने की पुलिस जांच शुरू कर दी है। सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है। बता दें कि हाल ही में खान सर तब चर्चा में आए, जब उन्होंने एक मीडिया हाउस की बड़ी एंकर को जवाब देते हुए कहा कि हम लोग नोट में चीप नहीं ढूढ़ते हैं। हम लोग किसी के तलवे नहीं चाटते हैं। उसके बाद खान सर ने मीडिया से बातचीत में अपने कोचिंग के बच्चों का ज्यादा संख्या में बिहार पुलिस में चयन होने को लेकर अपना बयान दिया था। घटना की सूचना के बाद खान सर कोचिंग पहुंचे। उन्होंने मीडिया से कहा कि मैंने कुछ दिन पहले ही अपनी फीस को काफी कम कर दिया है। उसको लेकर आस- पास के कोचिंग संस्थान काफी घबराए हुए हैं। उन्होंने कोचिंग को बम से उड़ाने की धमकी दी है। उन्होंने कहा कि ये कोचिंग संस्थानों का काम हो सकता है। मेरे पोस्टर को फाड़ दिया गया है। डराने की कोशिश के लिए फायरिंग कराई गई है। उन्होंने बताया कि उनके कोचिंग का एक गार्ड उसके सिर पर गंभीर चोट आई है। वो पीएमसीएच में भर्ती है। वहीं इस मामले में पटना के सीनियर एसपी कार्तिकेय शर्मा ने बताया है कि कुछ छात्रों ने कोचिंग में मारपीट और हंगामा किया है। बयान दर्ज कर एक्शन लिया जाएगा। कोचिंग के सीसीटीवी को खंगाला जा रहा है। आस- पास के लोगों का बयान लिया जा रहा है। जो भी शामिल होगा उस पर एक्शन लिया जाएगा।
इधर गूगल की पैरंट कंपनी अल्फाबेट ने लैब में 3.2 करोड़ ‘स्पेशल’ मच्छरों को तैयार किया है और उन्हें अमेरिकी लोगों के बीच छोड़ने के लिए वहां की सरकार से अनुमति मांगी है। इस काम में गूगल की बेहद एडवांस टेक्नोलॉजी का उपयोग हाे रहा है। लैब में इतनी बड़ी संख्या में मच्छरों को पालने का काम इंसान नहीं, बल्कि ऑटोमैटिक रोबोट्स की मदद से किया गया है। मच्छरों को लोगों के बीच छोड़ने के लिए खास मोबाइल प्लेटफॉर्म्स (गाड़ियों) का उपयोग किया जाना है। यह पूरी कवायद वेस्ट नाइल वायरस और सेंट लुइस एन्सेफलाइटिस जैसी खतरनाक बीमारियों को फैलने से रोकने के लिए की जा रही है। गूगल के पाले गए मच्छर इंसानों को नहीं काटते। ये सभी मेल मच्छर हैं। तकनीक का उपयोग करके इन्हें वोल्बाचिया नाम के प्राकृतिक वायरस से संक्रमित किया गया है। जब ये मच्छर वातावरण में मौजूद मादा मच्छरों से संबंध बनाएंगे तो उनके अंडे डेवलप नहीं होंगे और उनसे बच्चे नहीं निकलेंगे। इससे लोगों को काटने वाले मच्छरों की आबादी धीरे-धीरे घटने लग जाएगी। आपको यह भी बता दें कि लोगों को मच्छरों से काटने पर होने वाली बीमारियों से बचाने के लिए पहले भी ऐसे उपाए हुए हैं। इसके फायदे देखे गए थे। लेकिन बड़ी संख्या में मच्छरों को लैब में डेवलप करना जिम्मेदारी वाला काम है और टेक दिग्गज गूगल की पैरंट कंपनी अल्फाबेट इसे अब पूरा कर रही है। रिपोर्ट के अनुसार, गूगल का ‘डीबग’ प्रोजेक्ट एडवांस्ड टेक्नोलॉजी का उपयोग कर रहा है। लैब में नर मच्छरों के साथ मादा मच्छर भी होती हैं। आबादी में नर मच्छरों को छोड़ने से पहले गूगल का AI बेस्ड सिस्टम नर मच्छरों को अलग कर देता है।
उधर कमजोर डॉलर और कच्चे तेल की कीमतों में नरमी के बीच मंगलवार को सोने और चांदी की कीमतों में तेजी देखने को मिली। ऑल इंडिया सर्राफा एसोसिएशन के अनुसार, दिल्ली के सर्राफा बाजार में 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने की कीमत आज 1050 रुपये की बढ़ोतरी के साथ 1,61,450 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गई। सोमवार को ये 1,60,400 रुपये प्रति 10 ग्राम के भाव पर बंद हुई थी। सोने के अलावा, आज चांदी की कीमतों में भी 1300 रुपये की मजबूती आई और ये बढ़कर 2,71,000 रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई। सोमवार को चांदी का भाव 2,69,700 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुआ था। बुलियन एक्सपर्ट्स ने कहा कि कीमती धातुओं को कच्चे तेल की कीमतों में आई गिरावट से सहारा मिला, जिससे पश्चिम एशिया में तनाव के कारण पैदा होने वाले महंगाई के झटके का डर कुछ कम हुआ। कम अमेरिकी ट्रेजरी यील्ड और कमजोर अमेरिकी डॉलर ने सोने-चांदी की कीमतों को बल दिया। घरेलू सोने की कीमतों को रुपये की कमजोरी से भी सहारा मिला।
इधर मौसम विभाग ने आज दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार और झारखंड सहित देश के 17 राज्यों में भारी बारिश, ओलावृष्टि और 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली तेज आंधी का अलर्ट जारी किया है। मानसून की इस दस्तक के बीच, एक सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ और चक्रवाती हवाओं के क्षेत्र के कारण उत्तर, पूर्व और मध्य भारत के मौसम में भारी उथल-पुथल शुरू हो गई है। बिहार में भीषण लू का कहर जारी रहेगा। पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के कारण पहाड़ी से लेकर मैदानी राज्यों तक मौसम का मिजाज बदला हुआ है। हिमाचल प्रदेश के ऊंचे पहाड़ी इलाकों में हल्की बर्फबारी और निचले इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना है। वहीं, उत्तराखंड के कई जिलों में आज बिजली कड़कने, तेज हवाएं चलने और मध्यम बारिश का अनुमान लगाया गया है। पर्यटकों को पहाड़ी रास्तों पर सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
अब उत्तराखण्ड की खबरों पर नजर डालते हैं, प्रदेश में एक बार फिर बड़ा प्रशासनिक फेरबदल हुआ है। शासन ने मंगलवार देर रात चार आईएएस, दो पीसीएस और एक सचिवालय सेवा के अधिकारी का ट्रांसफर किया है। इससे पहले भी शासन ने आईएएस और पीसीएस अफसरों के तबादले किए थे। वहीं आज फिर से 6 अधिकारियों के कार्य क्षेत्र में फेरबदल किया गया है। आपदा प्रबंधन सचिव विनोद कुमार सुमन को वर्तमान जिम्मेदारी के साथ ही परियोजना निदेशक की भी जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसी तरह आईएएस सौरव गहरवार को अपर सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास, परियोजना निदेशक पद से अवमुक्त करते हुए अपर सचिव, चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग की जिम्मेदारी सौंप गई। वहीं आईएएस झरना कामठान को वर्तमान जिम्मेदारी के साथ अपर सचिव पेयजल और निदेशक, स्वजल की भी जिम्मेदारी सौपी गई है। इसके अलावा आईएएस प्रकाश चंद को अपर सचिव समाज कल्याण और प्रबन्ध निदेशक, बहुउद्देशीय वित्त विकास निगम एवं आयुक्त, दिव्यांगजन उत्तराखण्ड के पद से अवमुक्त करते हुए अपर सचिव, आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं पीसीएस अफसरों की बात करें तो पीसीएस अफसर सुंदरलाल सेमवाल को अपर सचिव सचिवालय प्रशासन के साथ ही अपर सचिव समाज कल्याण, प्रबन्ध निदेशक, बहुउद्देशीय वित्त विकास निगम, आयुक्त- दिव्यांगजन, उत्तराखण्ड की भी जिम्मेदारी सौंपी गई है। जबकि पीसीएस स्मृता परमार को वर्तमान पदभार के साथ ही अपर जिलाधिकारी देहरादून का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। सचिवालय सेवा के विक्रम सिंह को अपर सचिव समाज कल्याण, अल्पसंख्यक कल्याण, सचिवालय प्रशासन विभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
इधर देहरादून जिले से एक परेशान करने वाला मामला सामने आया है, यहां सेलाकुई थाना क्षेत्र में ससुरालियों ने विवाहिता को करीब दस महीने तक कमरे और शौचालय में बंद रखा, जहां उसके साथ जानवरों जैसे बर्ताव किया गया है। आरोप है कि आरोपियों ने महिला के सिर के बाल तक उखाड़े हैं। पुलिस ने पीड़िता के पिता की तहरीर पर संबंधित धाराओं मे मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पीड़िता के पिता ने पुलिस को जो तहरीर दी है उसके मुताबिक, उनकी बेटी को उसके ससुरालवालों (पति, सास और ससुर) ने जानवरों की तरह रखा। बीते दस महीने से उनकी बेटी को ससुरालवालों ने कमरे और शौचालय में बंधक बनाकर रखा है। इतना ही नहीं, उनकी बेटी के साथ बेरहमी से मारपीट भी होती थी।