Good Morning India: मिडिल ईस्ट में फिर बढ़ा तनाव, अमेरिका ने ईरान के मिसाइल और ड्रोन साइट्स पर दागे बम! राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में 8 आरोपितों को भेजा गया जेल! केतन मर्डर केस में सिया का नया खुलासा, बोली - मुझे उसका विग पहनना पसंद नहीं था! निहंगों का उत्तराखंड सरकार को 48 घंटे का अल्टीमेटम

Good Morning India: Tensions escalate again in the Middle East; US bombs Iranian missile and drone sites! Eight accused sent to jail in the Ram Mandir donation theft case! New revelation by Siya in t

नमस्कार दोस्तों, आवाज इंडिया अपना खास कॉलम ‘गुड मॉर्निंग इंडिया’ लेकर एक फिर आपके समक्ष प्रस्तुत है। आईए आज के प्रमुख कार्यक्रमों पर नजर डालते हैं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज से तीन दिन के सेशेल्स के दौरे पर रहेंगे। वहीं उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज नोएडा के दौरे पर रहेंगे। 

अब बड़ी खबरों की तरफ रुख करते हैं, अमेरिकी सेंट्रल कमांड (सेंटकॉम) की सेना ने 26 जून को ईरान के ड्रोन और मिसाइल ठिकानों पर ताबड़तोड़ हमले किए। अमेरिका का कहना है कि ईरान पर ये हमले कल होर्मुज स्ट्रेट से एक विध्वंसक जहाज पर हमले का जोरदार जवाब था। ईरान द्वारा युद्धविराम समझौते को तोड़ने के नतीजों के बारे में पूछे जाने पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा, "आपको पता चल जाएगा। मुझे यह बात पसंद नहीं आई कि उन्होंने कल एक भी गोली चलाई, असल में चार गोलियां चलाईं। हमने तीन को मार गिराया... एक बहुत महंगा जहाज थोड़ा क्षतिग्रस्त हो गया। उन्हें ऐसा नहीं करना चाहिए था..." ईरान का हमला और अमेरिका का जवाब, बदले हालात में शांति वार्ता के बीच अमेरिका और ईरान दोनों ने सीजफायर का उल्लंघन किया है और फिर से एक दूसरे पर हमले शुरू कर दिए हैं। क्या फिर से दोनों देशों के बीच युद्ध शुरू हो जाएगा। 

इधर यूपी के अलीगढ़ में AIMIM के जिलाध्यक्ष यामीन खान अब्बासी ने नाजिया इलाही की भाषा और उनके बयानों को लेकर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। इसके बाद, यामीन खान अब्बासी ने विवादास्पद ऐलान करते हुए नाजिया इलाही खान की जुबान काटने वाले को 1 लाख रुपये का इनाम देने की घोषणा की है। बता दें कि नाजिया इलाही पर यामीन खान अब्बासी का आरोप है कि नाजिया ने इस्लाम और पैगंबर की शान में ऐसी भाषा का इस्तेमाल किया, जो गलत और अभद्र है। यामीन खान अब्बासी ने सोशल मीडिया पर भी इसको लेकर पोस्ट किया है। यामीन खान अब्बासी ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा, 'नबी की शान में गुस्ताखी करने वाली नाजिया इलाही की जुबान काटने वाले को मिलेगा। 1 लाख इनाम, यामीन खान अब्बासी जिला अध्यक्ष एआईएमआईएम।' इसके साथ ही, यामीन खान अब्बासी का एक स्टेटमेंट भी वायरल हो रहा है। यामीन खान अब्बासी का कहना है कि नाजिया इलाही ने न केवल इस्लाम और मुसलमानों के प्रति अपमानजनक शब्दों का प्रयोग किया, बल्कि नबी की शान में भी गुस्ताखी की है।

उधर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने चेतावनी दी है कि जो भी देश अमेरिकी कंपनियों की डिजिटल सेवाओं पर टैक्स लगाएगा, उसे अमेरिका को किए जाने वाले एक्सपोर्ट पर 100% टैरिफ का सामना करना पड़ेगा। यह चेतावनी ऐसे समय में आई है जब कई यूरोपीय देश बड़ी अमेरिकी टेक्नोलॉजी कंपनियों पर नए डिजिटल सर्विस टैक्स लगाने पर विचार कर रहे हैं। सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में, ट्रंप ने अमेरिकी कंपनियों पर टैक्स लगाने के यूरोपीय देशों के "जल्द होने वाले" कदम की आलोचना की। उन्होंने कहा कि जो देश ऐसे कदम उठाएंगे, उनसे इम्पोर्ट होने वाले सामान पर वॉशिंगटन तुरंत भारी टैरिफ लगाकर जवाब देगा। अपनी बात साफ करते हुए ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर लिखा, "इस बयान को ऐसे समझा जाए कि जो भी देश ऐसा टैक्स लगाएगा, उसे तुरंत ही अमेरिका भेजे जाने वाले सभी सामानों पर 100% टैरिफ का सामना करना पड़ेगा।" उन्होंने यह भी कहा कि प्रस्तावित टैरिफ पॉलिसी पहले से तय किसी भी ट्रेड एग्रीमेंट से ऊपर होगी। ट्रंप के मुताबिक, यह नियम ऐसे डिजिटल टैक्स लागू करने वाले हर देश पर लागू होगा, हालांकि उनकी बात खास तौर पर यूरोपीय देशों पर केंद्रित थी।

इधर पश्चिमी विक्षोभ और मानसून के असर से मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है। उत्तर-पश्चिम भारत में जहां तापमान बढ़ रहा है, वहीं पूर्वी, पूर्वोत्तर और दक्षिण भारत में भारी बारिश का दौर चल रहा है। अरुणाचल प्रदेश में मूसलाधार बारिश के बाद अचानक आई बाढ़ से एक गांव का संपर्क पूरी तरह कट गया और एक व्यक्ति की जान चली गई व चार लापता हैं। झारखंड और ओडिशा में बिजली गिरने से चार लोगों की मौत हो गई है। आने वाले दिनों उत्तर-पश्चिम भारत में गर्मी और बढ़ने और देश के शेष राज्यों के ज्यादातर हिस्से में गरज-चमक, तेज हवाओं और बारिश का दौर जारी रह सकती है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, 28 जून तक उत्तर-पश्चिम भारत में तापमान 2-3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है। हरियाणा, पंजाब, चंडीगढ़, दिल्ली, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड और पश्चिमी राजस्थान के अलग-अलग हिस्सों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश भी होने की संभावना है। इन क्षेत्रों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं भी चल सकती हैं। वहीं, पूर्वी राजस्थान के कुछ इलाकों में हवा की गति 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है, जिससे पेड़ गिरने और स्थानीय स्तर पर जनजीवन प्रभावित होने की आशंका है।

उधर राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में हर रोज नए-नए एक्शन हो रहे हैं। चढ़ावा चोरी केस में FIR दर्ज होने के बाद सभी 8 नामजद आरोपी गिरफ्तार कर लिए गए हैं। शुक्रवार को फास्ट ट्रैक कोर्ट में आठों आरोपियों की पेशी हुई जिसके बाद सभी आरोपी सोमवार तक न्यायिक हिरासत में भेजे गए हैं। बता दें कि इस पूरे प्रकरण में SIT की रिपोर्ट आने के बाद ये सभी बड़ी कार्रवाई है। सोमवार को एक बार फिर इन सभी की पेशी होगी जहां पुलिस कोर्ट से इनकी रिमांड मांगेगी। आरोपी टिन्नू यादव, सुभाष श्रीवास्तव, अनुकल्प मिश्रा, लवकुश मिश्रा, अविनाश शुक्ला, करुणेश पांडे, मनीष यादव और रमाशंकर मिश्रा को जेल भेज दिया गया है। इस बीच एसआईटी की जांच में बड़ा खुलासा हुआ है। एसआईटी ने 27 अप्रैल से लेकर 5 जून तक की CCTV फुटेज की जांच की है जिसमें 70 बार चंदा चोरी की गई है। यानि 39 दिनों का जो CCTV फुटेज एसआईटी ने चेक किया उसमें 70 बार चंदा चोरी होते हुए दिखा है। सोचिए ये तो CCTV में पकड़ा गया है, जहां पर CCTV नहीं था वहां से कितना माल उड़ाया गया होगा। क्योंकि एसआईटी ने अपनी जांच में माना है कि राम मंदिर में सीसीटीवी कवरेज पर्याप्त नहीं था। एसआईटी को कैश की गिनती के डॉक्यूमेंट में भी गड़बड़ी मिली है। SIT को चढ़ावे की गिनती और मैनेजमेंट में खामी मिली है और चंदा की ऑडिट रिपोर्ट में भी गड़बड़ी मिली है। यानि इस मामले में अभी और कई लोग नपेंगे। अभी तो सिर्फ 8 और 2 यानि कुल 10 लोग ही नपे हैं लेकिन ये लिस्ट 80 तक जा सकती है।

इधर चीन के शांग यू में आयोजित की गई एशियन रिले चैंपियनशिप 2026 में भारतीय महिला धावकों का 4x100 मीटर रिले टीम इवेंट में ऐतिहासिक प्रदर्शन देखने को मिला जिसके दम पर वह गोल्ड मेडल को अपने नाम करने में कामयाब रही। इस इवेंट में भारत की तरफ से एसएस स्नेहा, सुदेशना शिवंकर, तमन्ना और अनुभवी श्रावणी नंदा ने हिस्सा लिया जिन्होंने मिलकर सिर्फ 43.85 सेकेंड में रेस को पूरा करने के साथ गोल्ड मेडल पर कब्जा किया। वहीं इस रिले रेस में भारतीय महिला धावकों को मेजबान चीन की टीम से कड़ी टक्कर मिली लेकिन वह उन्हें मात देने में कामयाब रहीं जिसमें चीन की टीम 44.09 सेकेंड के साथ दूसरे नंबर पर रही और उनको सिल्वर मेडल के साथ संतोष करना पड़ा। इसके अलावा तीसरे नंबर पर थाईलैंड की महिला टीम रही जिन्होंने 44.11 सेकेंड में इस रिले रेस को पूरा किया। 4x100 मीटर रिले इवेंट में भारतीय महिला धावकों के बीच कमाल का तालमेल देखने को मिला जिसने इस रेस में बाकी टीमों के मुकाबले टीम इंडिया को आगे कर दिया। एसएस स्नेहा, सुदेशना शिवंकर, तमन्ना और श्रावणी नंदा के बीच में बैटन एक्सचेंज के दौरान काफी बेहतर तालमेल देखने को मिला जिसमें अंतिम 100 मीटर की रेस में काफी अच्छी स्पीड भी देखने को मिली जिसके दम पर भारतीय महिला धावक इस रेस में बाकी टीमों के मुकाबले बिल्कुल अलग दिखाई दी। एशियन रिले चैंपियनशिप का 2026 का ये एडिशन भारतीय एथलीटों के लिए काफी अहम था क्योंकि अब इसके बाद उनका शेड्यूल काफी व्यस्त रहने वाला है जिसमें बड़े इवेंट्स में कॉमनवेल्थ गेम्स और एशियन गेम्स शामिल हैं जिसमें सभी की नजरें उनके प्रदर्शन पर रहने वाली हैं।

उधर हरिद्वार में गंगा स्नान और भगवान के दर्शन के लिए निकले हरियाणा के एक परिवार की यात्रा शुक्रवार को दर्दनाक हादसे में बदल गई। सहारनपुर के रामपुर मनिहारान क्षेत्र में देहरादून-पंचकूला हाईवे पर तेज रफ्तार बोलेरो ने पीछे से टाटा टियागो कार में टक्कर मार दी। हादसे में एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हैं। पुलिस के मुताबिक मृतकों में चरण सिंह की पत्नी सुदेश, पुत्रवधू प्रीति, मासूम पोता शिवांश और एक बुजुर्ग शामिल हैं। सभी हरियाणा के सोनीपत जिले के बहादुरगढ़ के रहने वाले थे और धार्मिक यात्रा पर हरिद्वार जा रहे थे। यह हादसा थाना रामपुर मनिहारान क्षेत्र के गांव हलगोया के पास देहरादून-पंचकूला हाईवे पर हुआ। बताया जा रहा है कि पीछे से तेज रफ्तार में आ रही बोलेरो ने टियागो कार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार कई पलटियां खाते हुए सड़क से दूर जा गिरी और पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

इधर केतन अग्रवाल हत्या मामले में आरोपी सिया ने बड़ा खुलासा किया है। सिया ने बताया कि केतन अग्रवाल का लुक मुझे पसंद नहीं था। सूत्रों के अनुसार सिया अग्रवाल ने पुलिस को बताया कि केतन के सिर पर बाल नहीं थे और वो विग पहनता था और केतन का विग पहनना सिया को पसंद नहीं था। सिया ने पुलिस को बताया कि उसने केतन अग्रवाल से कहा था कि वह उससे शादी नहीं करना चाहती, सिया ने आगे दावा किया कि केतन अग्रवाल उससे कहता था कि अब बहुत देर हो गई है और बात बहुत आगे बढ़ चुकी है, अब कुछ नहीं हो सकता। केतन ​अग्रवाल परिवार को शक है कि इस पूरी साजिश में और भी लोग शामिल हो सकते हैं। केतन के पिता ने सिया की बातों पर कहा, मेरे बेटे के सिर पर बालों का एक छोटा पैच (गंजेपन का हिस्सा) था, लेकिन शादी तय होने से पहले ही इस बारे में स्पष्ट रूप से हमने उसे बता दिया था। यह एक मेडिकल कारण से था और इसकी जानकारी पहले ही सिया के परिवार को दे दी गई थी। इस वजह से उनके लिए रिश्ता ठुकराना आसान था। चेतन और सिया का भाई साहिल दोनों दोस्त हैं। सिया के परिवार ने मुझे आश्वासन दिया था कि वह किसी भी पार्टी में नहीं जाती है।

अब उत्तराखण्ड की खबरों पर नजर डालते हैं, पंजाब से पहुंचे करीब 200 निहंगों के जत्थों ने शुक्रवार को भी पूरे दिन उत्तराखंड-हिमाचल की पांवटा साहिब-कुल्हाल सीमा पर जमकर हंगामा किया। देहरादून में प्रवेश की कोशिश कर रहे निहंग सिखों को लेकर पुलिस-प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा और कई घंटे तक सीमा सील रही। देर शाम देहरादून व हिमाचल प्रदेश के पुलिस-प्रशासन के अधिकारियों की पांवटा गुरुद्वारा में करीब तीन घंटे तक चली कई दौर की वार्ता में निहंगों की ओर से चार मांगें रखी गईं। निहंग कर्णप्रयाग में गिरफ्तार निहंगों की रिहाई समेत मुकदमा दर्ज करने वाले पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की मांग पर अड़े हुए हैं। उन्होंने उत्तराखंड सरकार को 48 घंटे का अल्टीमेटम दिया है।

इधर उत्तराखंड एसटीएफ ने प्रतिबंधित दवा सप्लाई करने वाले गिरोह के एक सदस्य को गिरफ्तार किया है। आरोपित पूर्व में गिरफ्तार सचिन मनिहाल के लिए उत्तराखंड में रिसीवर एवं डिस्ट्रीब्यूटर का कार्य करता था। आरोपित की पहचान अंकित कुमार प्रजापति निवासी नियाजूपुरा माजरा, शहाबुद्दीनपुर, मुजफ्फरनगर उत्तर प्रदेश वर्तमान निवासी प्रदीप बिहार कालोनी, रुड़की, जनपद हरिद्वार के रूप में हुई है। एसएसपी एसटीएफ अजय सिंह ने बताया कि बीती 11 मई को एसटीएफ की एएनटीएफ व थाना मंगलौर पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए 18 हजार प्रतिबंधित ट्रामाडोल कैप्सूल बरामद किए थे। इस संबंध में थाना मंगलौर जनपद हरिद्वार में मुकदमा दर्ज किया गया था। प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए प्रकरण की विवेचना स्पेशल टास्क फोर्स देहरादून की ओर से की जा रही है।

उधर हरिद्वार से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां पर मामा की बेटी से प्रेम विवाह और निकाह करने की रंजिश में एक युवक की बीच बाजार चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। बताया गया है कि आरोपी कोई और नहीं बल्कि मृतक का सगा मामा है, जिसकी तलाश में पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही है। जानकारी के मुताबिक, पिरान कलियर थाना क्षेत्र के रोलाहेड़ी गांव निवासी (27 वर्षीय) मुनसिब ने करीब दो वर्ष पहले अपने मामा की बेटी से प्रेम प्रसंग के बाद निकाह किया था। बताया जा रहा है कि इस निकाह से उसका मामा बेहद नाराज था। तभी से दोनों के बीच विवाद चला आ रहा था। निकाह के बाद मुनसिब अपनी बीवी के साथ अपने गांव में रह रहा था। लेकिन पारिवारिक रंजिश खत्म नहीं हुई। शुक्रवार 26 जून को मुनसिब भगवानपुर थाना क्षेत्र के हालूमाजरा गांव में कुछ घरेलू सामान खरीदने पहुंचा था। वह एक दुकान के बाहर खड़ा होकर सामान ले रहा था। इसी दौरान वहां उसका मामा भी पहुंच गया। इसी बीच दोनों में कहासुनी हो गई, जिसके बाद दोनों में गाली-गलौज हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि उसके मामा ने अपने पास रखा चाकू निकाल लिया और मुनसिब के ऊपर ताबड़तोड़ कई वार कर दिए।

इधर उत्तराखंड में मॉनसून ने अभी भले ही दस्तक नहीं दी है, लेकिन बारिश को दौरा शुरू हो चुका है। देहरादून मौसम विज्ञान केंद्र की माने तो आगामी 28 जून से दो जुलाई तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश देखने को मिले है। वहीं 29 जून से एक जुलाई के बीच उत्तराखंड के ज्यादातर इलाकों में भारी बारिश के आसार है, जिसको देखते हुए मौसम विभाग ने इस दौरान येलो अलर्ट भी जारी किया है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार उत्तराखंड में 27 और 28 जून को प्रदेश के पर्वतीय जिलों में कहीं-कहीं गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने, हल्की से मध्यम बारिश के साथ ही झोंकेदार हवाएं (40-50 किमी. प्रति घंटा) चलने की संभावना है। वही 29 जून से दो जुलाई तक उत्तराखंड के पिथौरागढ़, बागेश्वर, नैनीताल और चंपावत जिले के अधिकांश हिस्सों में भारी बारिश की संभावना है।