उत्तराखण्डः नाले के किनारे संदिग्ध हालत में मिला नवजात! मुंह में डाला था रबड़, ग्रामीणों की सूझबूझ से बची मासूम की जान

Uttarakhand: Newborn found in suspicious circumstances by a drain; rubber object stuffed in mouth—alert villagers save the infant's life.

चमोली। उत्तराखंड के चमोली जिले से इंसानियत को झकझोर देने वाली एक घटना सामने आई है। चमोली कोतवाली क्षेत्र के रांगतोली गांव में गुरुवार सुबह एक नवजात शिशु आम रास्ते के पास स्थित नाले में संदिग्ध परिस्थितियों में पड़ा मिला। सबसे हैरान करने वाली बात यह रही कि नवजात के मुंह में रबड़ डाला गया था। समय रहते ग्रामीणों की नजर पड़ने और तत्काल सहायता मिलने से नवजात की जान बच गई। जानकारी के अनुसार गुरुवार सुबह करीब 5ः30 बजे गांव की एक महिला रोज की तरह गोशाला की ओर जा रही थी। इसी दौरान उसकी नजर रास्ते के किनारे नाले में पड़े एक नवजात पर पड़ी। पहले तो महिला को कुछ समझ नहीं आया, लेकिन करीब जाकर देखने पर उसने तुरंत गांव के प्रधान को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही ग्राम प्रधान संतोष गुसांई और ग्राम प्रहरी मौके पर पहुंचे।

उन्होंने देखा कि नवजात नाले के किनारे पड़ा हुआ था और उसके मुंह में रबड़ डाला गया था। ग्राम प्रधान ने बताया कि जब उन्होंने सावधानीपूर्वक नवजात के मुंह से रबड़ निकाला तो उसकी सांसें चल रही थीं। इससे सभी ने राहत की सांस ली। घटना की सूचना तुरंत चमोली कोतवाली पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और बिना देर किए नवजात को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उसका उपचार शुरू किया गया। चिकित्सकों द्वारा नवजात की लगातार निगरानी की जा रही है और उसकी स्थिति पर नजर रखी जा रही है। घटना के बाद पूरे गांव में चर्चा का माहौल है। ग्रामीणों ने समय रहते नवजात को बचाने वाले महिला, ग्राम प्रधान और पुलिस की तत्परता की सराहना की। वहीं यह सवाल भी उठ रहे हैं कि आखिर किसने नवजात को इस हालत में वहां छोड़ा और उसके मुंह में रबड़ क्यों डाला गया। पुलिस उपाधीक्षक मदन सिंह बिष्ट ने बताया कि मामले को गंभीरता से लिया गया है। नवजात का उपचार जिला अस्पताल में कराया जा रहा है।