फौज की वर्दी देखकर खा गई धोखा: मैट्रीमोनी साइट पर फर्जी आर्मी अफसर ने दिया शादी का झांसा, अब अश्लील वीडियो से कर रहा ब्लैकमेल

Deceived by the Army uniform: Fake Army officer lured woman into marriage proposal on a matrimonial site; now blackmailing her with an obscene video.

ताजनगरी। फौजी की वर्दी, देश सेवा का रोब और शादी का सुनहरा सपना आगरा की एक युवती ने यही सब सोचकर अपनी ज़िंदगी का सबसे बड़ा फैसला लिया था। लेकिन उसे क्या पता था कि जिस इंसान को वह सरहद का रखवाला मानकर अपना हमसफर बनाने के सपने देख रही है, वह असल में एक शातिर जालसाज है। फर्जी सेना अधिकारी बनकर शादी का झांसा देने, निजी फोटो-वीडियो के जरिए ब्लैकमेल करने और जीवन तबाह करने की धमकी देने का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। हकीकत सामने आते ही पीड़िता के सारे अरमान चकनाचूर हो गए।

मामला आगरा के थाना एकता क्षेत्र का है। पीड़िता के अनुसार, अगस्त 2024 में उसकी मुलाकात एक नामी वैवाहिक (मैट्रीमोनी) वेबसाइट के जरिए मथुरा निवासी रोहित कुंतल उर्फ गंभीर सिंह से हुई थी। आरोपी ने खुद को भारतीय सेना में बड़ा अधिकारी बताया और कहा कि वह अविवाहित है। वर्दी और उसकी बातों पर भरोसा करके युवती और उसका परिवार शादी के लिए तैयार हो गया। बातचीत और मुलाकातों के सिलसिले के दौरान आरोपी ने छल-कपट से युवती के कुछ बेहद निजी फोटो और अश्लील वीडियो अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिए। कुछ समय बीतने के बाद जब पीड़िता को शक हुआ और उसने पड़ताल की, तो उसके पैरों तले जमीन खिसक गई। आरोपी न केवल पहले से शादीशुदा था, बल्कि उसके दो बच्चे भी थे। सच्चाई सामने आते ही पीड़िता ने उससे दूरी बना ली। इसके बाद आरोपी का असली और खौफनाक चेहरा सामने आया। आरोप है कि आरोपी ने पीड़िता की जानकारी के बिना उसका व्हाट्सएप एक्सेस (हैक) कर लिया। जब पीड़िता का रिश्ता कहीं और तय हुआ, तो आरोपी ने दूसरे पक्ष को आपत्तिजनक संदेश भेजकर उसका विवाह प्रस्ताव तुड़वा दिया। हद तो तब हो गई जब पीड़िता का विवाह किसी अन्य जगह हो गया, लेकिन आरोपी ने उसका पीछा नहीं छोड़ा। वह लगातार पीड़िता और उसके पति को फोन-मैसेज करके मानसिक रूप से प्रताड़ित करने लगा। आरोपी ने निजी फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने, पति के परिजनों को भेजने की धमकी देकर पैसों की उगाही शुरू कर दी। बात न मानने पर जान से मारने की धमकियां दी जाने लगीं। आरोपी के जुल्मों से तंग आकर पीड़िता ने आखिरकार पुलिस का दरवाजा खटखटाया। उसने पुलिस को आरोपी के खिलाफ चैट, कॉल रिकॉर्डिंग, स्क्रीनशॉट, फोटो और वीडियो समेत कई डिजिटल साक्ष्य सौंपे हैं। डीसीपी सिटी सय्यद अली अब्बास ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि पीड़िता की तहरीर और दिए गए साक्ष्यों के आधार पर एकता थाना पुलिस ने आरोपी गंभीर सिंह उर्फ रोहित कुंतल के खिलाफ धोखाधड़ी, साइबर अपराध, ब्लैकमेलिंग और जान से मारने की धमकी देने जैसी गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस की टीम आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है और जल्द ही उसे कानून के शिकंजे में लिया जाएगा।