Sep 07, 2026 Login

Good Morning India: दिल्ली हॉस्टल हादसे में अबतक छह मौतें! यूपी के बागपत में बड़ा सड़क हादसा, छह लोगों ने गंवाई जान! बॉक्स ऑफिस पर 'हनुमान अंश' का जलवा, तोड़ा रिकॉर्ड, 6100% की उछाल! उत्तराखण्ड में मौसम के तल्ख तेवर, छह जिलों में यलो अलर्ट जारी

Good Morning India: Six deaths so far in the Delhi hostel tragedy! Major road accident in Baghpat, UP; six people lost their lives! 'Hanu-Man' creates a buzz at the box office, breaking records with

नमस्कार दोस्तों, आवाज इंडिया अपना खास कॉलम ‘गुड मॉर्निंग इंडिया’ लेकर एक फिर आपके समक्ष प्रस्तुत है। आईए आज के प्रमुख कार्यक्रमों पर नजर डालते हैं। केंद्रीय मंत्री अमित शाह आज पश्चिमी क्षेत्रीय परिषद (WZC) की 28वीं बैठक की अध्यक्षता करेंगे। वहीं आज झारखंड के डीजीपी नियुक्ति पर सुप्रीम कोर्ट में  सुनवाई होगी।

अब बड़ी खबरों की तरफ रुख करते हैं, राजधानी दिल्ली के सत्य निकेतन में हुए बिल्डिंग हादसे में अब तक 6 लोगों की मौत हो चुकी है। इस बीच हादसे का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें बिल्डिंग गिरने के बाद धूल का गुबार उठता दिख रहा है। जानकारी के मुताबिक, अब तक 11 लोगों को रेस्क्यू किया गया है। जिन लोगों के फंसे होने की आशंका है, उन्हें खोजने की कोशिशें जारी हैं। दिल्ली नगर निगम (MCD) के अनुसार, गिरी हुई इमारत की पहचान P-14, सत्य निकेतन के तौर पर की गई है। यह एक पुनर्वास कॉलोनी का हिस्सा है और इसका क्षेत्रफल लगभग 55 वर्ग गज है। इस प्रॉपर्टी में बेसमेंट, ग्राउंड फ्लोर और चौथी मंज़िल तक के फ्लोर हैं। बताया जाता है कि यह इमारत 1990 के दशक में बनी थी। MCD का कहना है कि इस प्रॉपर्टी की बुकिंग या सीलिंग का कोई रिकॉर्ड मौजूद नहीं है। साथ ही, यह भी बताया गया है कि प्रॉपर्टी पर किए गए किसी भी काम के बारे में कोई शिकायत नहीं मिली थी।

इधर यूपी में एक बड़ा सड़क हादसा हुआ है, यहां बागपत के बड़ागांव के पास ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेसवे पर पिकअप वाहन संख्या UP-24 AT-1819 में कुल 32 लोग सवार थे, जो राजस्थान की गोगामेड़ी से वापस अपने गांव अलाहपुर, थाना उझानी, जनपद बदायूं जा रहे थे। बड़ा गांव के पास पिकअप अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई और पलट गई। हादसे में एक बच्ची सहित कुल पांच की मौत हो गई। जबकि अन्य घायल हो गए। घायलों को सीएचसी खेकड़ा, बागपत जिला अस्पताल में पहुंचाया गया, जहां घायलों का उपचार किया जा रहा है, जबकि गंभीर रूप से घायलों को जी टी वी दिल्ली रेफर किया गया है। हादसे की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी अस्मिता लाल एवं पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार राय देर रात जिला अस्पताल पहुंचे और घायलों का हालचाल जाना।

उधर अमेरिका के मियामी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर अमेजन का कार्गो बोइंग 767-300 विमान रनवे से आगे निकलकर गाड़ियों से टकरा गया और उसमें आग लग गई, जिससे पांच लोगों की मौत हो गई। मियामी-डेड काउंटी के अधिकारियों ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि सैन जुआन, प्यूर्टो रिको से आने के बाद रविवार दोपहर करीब 2 बजे विमान रनवे से आगे निकल गया, जिससे पांच लोगों की मौत हो गई और तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि दो लोगों को कम गंभीर चोटें आईं। मियामी-डेड रेस्क्यू फायर चीफ रे जदाल्लाह ने बताया कि दुर्घटना के बाद कई लोग गाड़ियों के अंदर फंस गए थे, जबकि पायलट और को-पायलट भी विमान के अंदर फंसे हुए थे।

इधर भारत समेत पूरी दुनिया में भूकंप के मामलों में लगातार बढ़ोतरी देखने को मिल रही है। इस भूकंप के कारण कई देशों में हजारों लोग अपनी जान गंवा चुके हैं। इस कारण लोगों के मन में भूकंप को लेकर डर भी लगातार बढ़ रहा है। इसी क्रम में सोमवार को भारत के पड़ोसी देश अफगानिस्तान में भी सुबह-सुबह भूकंप से धरती हिल उठी है। सामने आई जानकारी के अनुसार, इस भूकंप की तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 4.1 मापी गई है। नेशनल सेंटर फोर सिस्मोलॉजी की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, अफगानिस्तान में सोमवार को आए भूकंप की तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 4.1 मापी गई है। ये भूकंप सुबह-सुबह 5 बजकर 36 मिनट पर आया। इस भूकंप का केंद्र धरती से 130 किलोमीटर की गहराई पर था। अब तक इस भूकंप के कारण किसी तरह के नुकसान या जनहानि की रिपोर्ट सामने नहीं आई है।

उधर मध्य प्रदेश के सागर में जहरीली शराब पीने से 11 लोगों की मौत के मामले में डिप्टी सीएम और स्वास्थ्य मंत्री राजेंद्र शुक्ला ने सागर मेडिकल कॉलेज का दौरा किया। उन्होंने कहा, 'मैंने मेडिकल कॉलेज का दौरा किया है। यहां सात लोग गंभीर स्थिति में हैं, जबकि करीब 45 अन्य लोग खतरे से बाहर हैं। एक व्यक्ति को इलाज के लिए एयरलिफ्ट कर AIIMS भोपाल भेजा गया है। बेहद दुखद है कि 11 लोगों की जान चली गई। उन्हें बचाया नहीं जा सका, क्योंकि उन्होंने ज्यादा मात्रा में जहर का सेवन किया था, जिससे उसका असर तेजी से हुआ। सात गंभीर मरीजों को बचाने के लिए हर संभव प्रयास किया जा रहा है और पूरी मेडिकल टीम उनके इलाज में जुटी हुई है।' उन्होंने कहा, 'मैंने इस घटना की जड़ तक पहुंचने और इसके लिए जिम्मेदार लोगों की पहचान करने के लिए बैठक की। ये वे लोग हैं, जो सस्ती और मिलावटी शराब से मुनाफा कमाने के लालच में इस कारोबार को चला रहे थे। जहां एक गोदाम से मिलने वाली सामान्य शराब की एक केस की कीमत करीब 2,200 रुपये होती है। वहीं यह अवैध और मिलावटी शराब महज 700-800 रुपये में हासिल की जाती है। हम इसके स्रोत, इसे बनाने वालों और इस कारोबार में शामिल हर व्यक्ति की जांच कर रहे हैं, जिसकी वजह से इतनी बड़ी त्रासदी हुई और 11 लोगों की जान चली गई।'

इधर महज 2 करोड़ रुपये के छोटे बजट में बनी आध्यात्मिक गुरु नीम करोली बाबा पर बनी फिल्म 'हनुमान अंश' ने 31वें दिन यानी कल रविवार को बम्पर कमाई की है। रिलीज होने के 22वें दिन फिल्म ने वो कर दिखाया है जो शायद अब तक किसी फिल्म ने नहीं किया। वहीं ओटीटी से छलांग मारकर बड़े पर्दे तक पहुंची हालिया रिलीज 'मिर्जापुर: द मूवी' ने भी इस रविवार को छप्पर फाड़कर कमाई की है। वहीं साउथ सिनेमा की महंगी फिल्म यश की 'टॉक्सिक' इस रविवार भी कोई खास कमाल नहीं दिखा पाई। हनुमान अंश की कहानी की बात करें तो ये फिल्म आध्यात्मिक गुरु बाबा नीम करोली के जीवन और उनकी आध्यात्मिक यात्रा से प्रेरित फिल्म है। बता दें कि फिल्म ने जहां 10 लाख, दूसरे दिन 20 लाख से घटकर 8वें दिन 4 लाख रुपये के कलेक्शन तक पहुंच चुकी थी वहीं 17वें दिन अचानक जादू हुआ। फिल्म ने 17वें दिन ₹2.20Cr कमाई कर हर किसी को चौंका दिया। इसके बाद तो जैसे फिल्म में पंख लग गए और हर दिन करोड़ों में कमाई कर रही है। वहीं 31वें दिन इस फिल्म मे कमाई के मामले में रेकॉर्ड तोड़ डाला है। Sacnilk की रिपोर्ट के मुताबिक, फिल्म ने 31वें दिन ₹22.75Cr की बम्पर कमाई करते हुए रेकॉर्ड बना डाला है। इस फिल्म ने पांचवें संडे के कलेक्शन के मामले में 'धुरंधर 2' को पछाड़ दिया है। 'धुरंधर 2' ने 31वें दिन सिर्फ ₹4.65Cr की कमाई की थी और इसे 3,913 शोज़ मिले थे जबकि 'हनुमान अंश' को करीब 7,077 शोज़ रविवार को मिले।

अब उत्तराखण्ड की खबरों पर नजर डालते हैं, प्रदेश में मौसम के तल्ख तेवरों ने जनजीवन प्रभावित कर दिया है। बारिश और बादलों के बीच ऊंची चोटियों पर हिमपात होने से तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। निचले इलाकों में वर्षा के दौर जारी हैं। हालांकि, देहरादून और आसपास के क्षेत्रों में वर्षा का सिलसिला धीमा पड़ गया है। मौसम विभाग ने आज नैनीताल समेत छह जिलों में भारी बारिश की चेतावनी दी है। पिथौरागढ़ में रात से बारिश जारी है, जिसके कारण 23 रास्ते बंद हैं। नैनीताल में बीते 24 घंटे से लगातार बारिश का दौर जारी है। यहां एक सप्ताह से झील के निकासी द्वार खुले हुए हैं। नैनीताल में करीब 23 ग्रामीण सड़कों पर आवाजाही बंद है। इस बीच मौसम विभाग ने नैनीताल, बागेश्वर, चंपावत, ऊधम सिंह नगर, पौड़ी और चमोली में कहीं-कहीं भारी वर्षा का यलो अलर्ट जारी किया है। सभी जिलों में आकाशीय बिजली चमकने और वर्षा के तीव्र से अति तीव्र दौर की भी आशंका है।

इधर उत्तराखंड एसटीएफ ने फर्जी शस्त्र लाइसेंस और अवैध हथियारों के नेटवर्क के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए मेरठ के एक गन हाउस मालिक को गिरफ्तार किया है। एसटीएफ की जांच में फर्जी शस्त्र लाइसेंस तैयार करने वाले अंतरराज्यीय नेटवर्क के तार उत्तर प्रदेश, हरियाणा और उत्तराखंड से जुड़े होने की बात सामने आई है। मामले में नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। 

उधर यूजीसी कानून वापस लेने और आरक्षण सुधार को लेकर स्वर्ण समाज के विभिन्न संगठनों ने बहादराबाद टोल प्लाजा पर प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारियों के पहुंचने से टोल प्लाजा पर करीब छह घंटे तक यातायात बाधित रहा। बारिश के बीच भी प्रदर्शनकारी अपनी मांगों को लेकर डटे रहे। जाम के कारण टोल प्लाजा के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। शांभवी पीठाधीश्वर स्वामी आनंद स्वरूप महाराज के नेतृत्व में हुए प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने मौके पर पहुंचकर प्रदर्शनकारियों को हटाने और यातायात सुचारू कराने का प्रयास किया, लेकिन प्रदर्शनकारी अपनी मांगों पर अड़े रहे। बाद में मौके पर पहुंचे एडीएम ने प्रदर्शनकारियों से वार्ता की। जिलाधिकारी की अनुपस्थिति में एडीएम ने प्रदर्शनकारियों से ज्ञापन लिया और मांगों को केंद्र सरकार तक पहुंचाने का आश्वासन दिया। इसके बाद प्रदर्शन समाप्त किया गया।

इधर जन्माष्टमी की रात हल्द्वानी-काठगोदाम रोड पर डंडे लहराकर दहशत फैलाने वाले युवकों पर नैनीताल पुलिस ने बड़ा एक्शन लिया है। वायरल वीडियो का एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने तत्काल संज्ञान लेते हुए युवकों और वाहनों की पहचान के निर्देश दिए। पुलिस ने वीडियो में शामिल कुल 15 युवकों को चिन्हित किया है, जिनमें 8 बालिग और 7 नाबालिग हैं। बालिगों पर पुलिस अधिनियम के तहत कार्रवाई और जुर्माना लगाया गया, जबकि नाबालिगों की काउंसलिंग कर उनके परिजनों पर भी कार्रवाई की गई है। सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में कुछ युवक वाहनों में सवार होकर हाथों में डंडे लहराते और आम लोगों के बीच भय एवं अराजकता का माहौल पैदा करते नजर आए थे. वायरल वीडियो का एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने तत्काल संज्ञान लिया और एएसपी/सीओ हल्द्वानी अमित सैनी को वीडियो में दिखाई दे रहे युवकों और वाहनों की पहचान कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। एसएसपी के निर्देश के बाद प्रभारी निरीक्षक काठगोदाम जसवीर चौहान के नेतृत्व में चौकी प्रभारी दिलीप कुमार और पुलिस टीम ने तेजी से कार्रवाई करते हुए वायरल वीडियो में इस्तेमाल वाहनों का पता लगाया। पुलिस ने वीडियो में शामिल कुल 15 युवकों को चिन्हित कर थाने लाया। जिसमें 8 युवक बालिग और 7 नाबालिग पाए गए। पुलिस ने आठों बालिग युवकों के खिलाफ पुलिस अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए जुर्माना वसूला और वायरल वीडियो में प्रयुक्त वाहनों को सीज कर दिया। वहीं सात नाबालिगों के परिजनों को थाने बुलाकर काउंसलिंग की जा रही है।