लखीमपुर खीरी में 4 साल की मासूम से दरिंदगी: 65 वर्षीय बुजुर्ग पर लगा गंभीर आरोप; लखनऊ रेफर, सड़क पर उतरे ग्रामीण
लखीमपुर खीरी। उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले के सिंगाही थाना क्षेत्र से इंसानियत को तार-तार कर देने वाली सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां एक गांव में चार साल की मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। परिजनों ने गांव के ही 65 वर्षीय खलील पर टॉफी-रुपये का लालच देकर बच्ची के साथ हैवानियत करने का आरोप लगाया है। घटना के बाद खून से लथपथ बच्ची जब रोते-बिलखते घर पहुंची, तो परिजनों के होश उड़ गए। मामले की सूचना मिलते ही इलाके में तनाव फैल गया और आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर प्रदर्शन किया।
जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह करीब 8 बजे बच्ची अपने घर के बाहर खेल रही थी। आरोप है कि गांव का रहने वाला वृद्ध खलील उसे बहला-फुसलाकर और रुपये देने का लालच देकर अपने घर ले गया। वहां उसने मासूम के साथ दरिंदगी की। वारदात के बाद जब परिजन आरोपी के घर पहुंचे, तो वह साक्ष्य मिटाने की नीयत से खून के निशान साफ कर रहा था। विरोध करने पर आरोपी ने फावड़ा उठाकर परिजनों को दौड़ा लिया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। मासूम की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से डॉक्टरों ने उसे जिला अस्पताल और फिर बेहतर इलाज के लिए लखनऊ रेफर कर दिया। घटना के विरोध में परिजनों और ग्रामीणों ने बजरंग दल कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर सड़क पर धरना-प्रदर्शन और जमकर नारेबाजी की। स्थिति की संवेदनशीलता को देखते हुए एएसपी पवन गौतम, सीओ शिवम कुमार और कई थानों की पुलिस बल मौके पर तैनात कर दी गई। मौके पर पहुंचे उपजिलाधिकारी यदुवीर सिंह ने प्रदर्शनकारियों को शांत कराया। उन्होंने भरोसा दिलाया कि मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में कराई जाएगी और आरोपी के खिलाफ राष्ट्रीय सुरक्षा कानून के तहत कठोर कार्रवाई होगी। एसडीएम ने यह भी कहा कि यदि आरोपी का मकान अवैध पाया जाता है तो उस पर भी बुलडोजर/ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की जाएगी। प्रशासनिक और कानूनी आश्वासन मिलने के बाद ग्रामीणों ने धरना समाप्त किया। पुलिस प्रशासन ने आरोपी खलील को हिरासत में लेकर पॉक्सो एक्ट समेत गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है और क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए गश्त बढ़ा दी है।