Good Morning India: इसरो की ऐतिहासिक छलांग, भारत ने अंतरिक्ष भेजा ईओएस-05 उपग्रह! कृष्ण जन्माष्टमी आज, रात इतने बजे से शुरू होगा पूजा का शुभ मुहूर्त! यूनिसेफ की रिपोर्ट में बड़ा खुलासा, हर पांचवां बच्चा ऑनलाइन यौन शोषण का शिकार
नमस्कार दोस्तों, आवाज इंडिया अपना खास कॉलम ‘गुड मॉर्निंग इंडिया’ लेकर एक फिर आपके समक्ष प्रस्तुत है। आईए आज के प्रमुख कार्यक्रमों पर नजर डालते हैं। आज पूरे देश में जन्माष्टमी आस्था और उल्लास के साथ मनाई जा रही है। वहीं आज बेल्जियम के प्रधानमंत्री बार्ट डी वेवर के भारत दौरे का अखिरी दिन है।
अब बड़ी खबरों की तरफ रुख करते हैं, भारतीय स्पेस एजेंसी ISRO ने शुक्रवार तड़के देश के पहले इमेजिंग सैटेलाइट को सफलतापूर्वक लॉन्च करके एक बार फिर इतिहास रच दिया है। GSLV रॉकेट का इस्तेमाल करके 2 हजार 300 किलोग्राम से ज्यादा वजन वाले पेलोड को सटीक कक्षा में स्थापित किया गया। आज का लॉन्च साल 2026 के लिए इसरो की पहली कामयाबी थी, इससे पहले जनवरी में PSLV रॉकेट की उड़ान असफल रही थी। ISRO के वैज्ञानिकों ने बताया कि EOS-05 सैटेलाइट को यहां के स्पेसपोर्ट से लॉन्च होने के करीब 18 मिनट बाद तय सब-जियोसिंक्रोनस ट्रांसफर ऑर्बिट में सफलतापूर्वक स्थापित कर दिया गया। हालांकि, अंतरिक्ष में फिलहाल भारत के 22 उपग्रह काम कर रहे हैं, जिनमें से सभी अर्थ ऑब्जर्वेशन सैटेलाइट लो अर्थ ऑर्बिट (LEO) से काम करते हैं, लेकिन EOS-5 सैटेलाइट पृथ्वी से लगभग 36 हजार किलोमीटर की ऊंचाई पर, यानी जियोसिंक्रोनस ऑर्बिट में रहेगा और उस ऊंचाई पर सैटेलाइट पृथ्वी की घूमने की गति के साथ तालमेल बैठाएगा।
इधर आज देशभर में जन्माष्टमी का महापर्व मनाया जा रहा है। जन्माष्टमी को कृष्णाष्टमी, गोकुलाष्टमी, कृष्ण जयंती, श्रीकृष्ण जयंती, यदुकुलाष्टमी और अष्टमी रोहिणी के नामों से भी जाना जाता है। हर साल यह पर्व भाद्रपद मास के कृष्ण पक्ष की अष्टमी तिथि को मनाया जाता है। यह पर्व भगवान विष्णु के आठवें अवतार श्री कृष्ण के जन्मोत्सव के रूप में मनाया जाता है। द्रिक पंचांग के अनुसार, यह भगवान कृष्ण का 5253वां जन्मोत्सव है। भाद्रपद कृष्ण अष्टमी की तिथि 4 सितंबर यानी आज अर्धरात्रि में 2 बजकर 25 मिनट पर शुरू हो चुकी है, जो कि 5 सितंबर की रात 12 बजकर 13 मिनट पर समाप्त होगी। आज श्रीकृष्ण की पूजा का मुहूर्त रात 11 बजकर 57 मिनट से लेकर 12 बजकर 42 मिनट तक रहेगा, जिसके लिए कुल 45 मिनट मिलेंगे। इसी अवधि में लड्डू गोपाल का जन्म होगा और जन्मोत्सव मनाया जाएगा। भगवान कृष्ण का जन्म रोहिणी नक्षत्र में हुआ था और इसलिए, कृष्ण जन्माष्टमी हमेशा रोहिणी नक्षत्र में ही मनाई जाती है। रोहिणी नक्षत्र अर्धरात्रि में 12 बजकर 29 मिनट पर लग चुका है और इसका समापन आज रात 11 बजकर 4 मिनट पर होगा।
उधर राजधानी में रंगदारी मांगने की वारदातें लगातार सामने आ रही है। इस बीच रंगदारी देने के बाद भी सोनीपत के एक प्राॅपर्टी डीलर को नरेला में जिम के बाहर गोलियों से भून देने का मामला सामने आया है। ठीक उसी तरह जैसे सहारनपुर में पिछले दिनों हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान की हत्या की गई थी। सोनीपत के प्राॅपर्टी डीलर प्रमोद कुमार रोज की तरह बृहस्पतिवार सुबह नरेला स्थित जिम पहुंचे। जैसे वह बुलेटप्रूफ स्कार्पियो से बाहर निकले, घात लगाए बदमाशों ने उन पर ताबड़तोड़ 16 राउंड गाेलियां दाग दीं। जब तक कोई कुछ समझ पाता, आरोपित मौके से फरार हो गए। हत्या की जिम्मेदारी हिमांशु भाऊ व नीरज फरीदपुर गिरोह ने ली है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि हिमांशु भाऊ व नीरज फरीदपुर गिरोह की ओर से प्रमोद से पांच करोड़ रुपये से अधिक की रंगदारी मांगी जा रही थी। करीब डेढ़ करोड़ रुपये दिए जाने के बावजूद बाकी रकम के लिए लगातार दबाव बनाया जा रहा था।
इधर यूपी में लगातार बारिश और बांधों से छोड़े जा रहे पानी से बाढ़ का संकट थमा नहीं है। गंगा, यमुना, मंदाकिनी, टोंस, बेलन, सरयू, घाघरा और शारदा समेत कई नदियां उफान पर हैं। सैकड़ों गांवों का संपर्क टूट गया और फसलें भी जलमग्न हो गई। चित्रकूट, इटावा, बांदा, सीतापुर, बाराबंकी और संभल समेत कई जिलों में बारिश और बाढ़ से हुए हादसों में आठ लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हुए हैं। प्रशासन ने प्रभावित क्षेत्रों में राहत-बचाव दल तैनात किए हैं। चित्रकूट में 32 वर्षीय कल्लू यादव, उनके पांच वर्षीय बेटे अंश और एक वर्षीय बेटी गुड़िया की कच्चे मकान के मलबे में दबकर मौत हो गई। हादसे में उनकी पत्नी और एक बेटी गंभीर घायल हैं। जिले में अब तक 565 मकान गिर चुके हैं। मंदाकिनी में बाढ़ से रामघाट समेत 16 गांव जलमग्न हैं।
उधर यूनिसेफ द्वारा जारी एक अत्यंत चिंताजनक रिपोर्ट ने वैश्विक स्तर पर हड़कंप मचा दिया है। इस रिपोर्ट के अनुसार, 21 देशों में इंटरनेट का इस्तेमाल करने वाले लगभग दो करोड़ बच्चे एक साल के अंदर डिजिटल प्लेटफार्म पर यौन उत्पीड़न और शोषण का शिकार हुए हैं। यह आंकड़ा केवल एक संख्या नहीं है, बल्कि उन अनगिनत मासूमों की खामोश चीख है जो इस डिजिटल अंधकार में घुट रहे हैं। बच्चों के लिए काम करने वाली संयुक्त राष्ट्र की संस्था यूनिसेफ का यह अध्ययन अपनी तरह के सबसे बड़े अध्ययनों में से एक है, जिसमें अफ्रीका, एशिया, लैटिन अमेरिका और पूर्वी यूरोप के 21 देशों (जैसे केन्या, पाकिस्तान, ब्राजील और सर्बिया) के बच्चों के बीच किए गए सर्वेक्षणों को शामिल किया गया है। रिपोर्ट बताती है कि 12 से 17 वर्ष की आयु के हर पांच में से एक से अधिक बच्चे ने आनलाइन प्लेटफार्म पर यौन शोषण का सामना किया है।
इधर नेपाल में आई महातबाही के बाद नौंवे दिन भी रेस्क्यू ऑपरेशन लगातार जारी है। तबाही के बाद भी कोहराम मचा है और मौतों का आंकड़ा लगातार बढ़ता जा रहा है। त्रासदी के बाद नेपाल में सेना और पुलिस का सर्च एंड रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। भारतीय सेना की एक्सपर्ट रेस्क्यू टीम भी हाइड्रोपावर प्रोजेक्ट की टनल में फंसे लोगों को रेस्क्यू करने में जुटी है। तबाही वाले इलाकों में मलबे के नीचे से लगातार शव निकल रहे हैं। इसके साथ ही नेपाल आपदा में मृतकों का आंकड़ा 1250 के पार चला गया है। नेपाल के रसुवा के भोटेकोशी क्षेत्र में आई विनाशकारी बाढ़ में लापता हुए लोगों में से अब तक 1,252 लोगों के शव बरामद किए जा चुके हैं। राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की ओर से दोपहर 12 बजे जारी बुलेटिन के अनुसार, बाढ़ में लापता लोगों में से 1,252 लोगों के शव बरामद हुए हैं। प्राधिकरण के मुताबिक, रसुवा में 127, नुवाकोट में 177, धादिड में 60, गोरखा में 69, तनहुं में 38, नवलपरासी पूर्व में 218, नवलपरासी पश्चिम में 208 और चितवन में 355 शव बरामद किए गए हैं। प्राधिकरण के अनुसार, बाढ़ के बाद अभी भी 4875 लोगों से संपर्क नहीं हो पाया है, जबकि अब तक 11,993 लोगों का सुरक्षित निकाला जा चुका है।
उधर तमिलनाडु विधानसभा में गुरुवार को उस समय हंगामा हो गया जब DMK ने राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति को लेकर सत्ताधारी TVK सरकार को घेरने की कोशिश की। इसके जवाब में, मुख्यमंत्री विजय अपनी सीट से उठे और कहा कि वह अगले सोमवार को विपक्ष द्वारा उठाए गए हर सवाल का जवाब देंगे। न्यूज़ एजेंसी PTI की रिपोर्ट के मुताबिक, उन्होंने स्पीकर से यह सुनिश्चित करने का भी अनुरोध किया कि जब मैं सदन में जवाब दूं तो DMK सदस्य मेरे भाषण के दौरान अपनी सीटों पर ही बैठे रहें और सदन से बाहर न जाएं। विपक्ष के नेता उदयनिधि स्टालिन ने न केवल ड्रग्स के प्रसार को रोकने में पिछली DMK सरकार के कामकाज की TVK द्वारा बार-बार की जा रही आलोचना पर सवाल उठाए, बल्कि यह भी पूछा कि अगर पिछली सरकार के प्रयास नाकाफी थे, तो मौजूदा सरकार ने उन दो सीनियर पुलिस अधिकारियों को प्रमोशन क्यों दिया, जो DMK के कार्यकाल के दौरान उन्हीं विभागों के प्रमुख थे।
अब उत्तराखण्ड की खबरों पर नजर डालते हैं, प्रदेश के करीब चार हजार सार्वजनिक उपक्रमों और संस्थाओं को अब अपनी प्रमुख जानकारियां जनता के सामने सार्वजनिक करनी होंगी। सूचना का अधिकार अधिनियम के तहत सभी संबंधित संस्थाओं को 17 बिंदुओं में अपना मैनुअल तैयार कर वेबसाइट और बोर्ड नोटिस के माध्यम से उपलब्ध कराना अनिवार्य किया गया है। इसमें संस्था के गठन का उद्देश्य, कर्मचारियों की संख्या और उनके मासिक वेतन समेत जरूरी सूचनाएं शामिल होंगी। सार्वजनिक उपक्रमों की परिभाषा के दायरे में आने वाली इन संस्थाओं को स्वयं के स्तर पर मैनुअल जारी करना होगा। सर्वोच्च न्यायालय के एक निर्णय में इसे लागू कराने की जिम्मेदारी सूचना आयोग की बताई गई है। कार्मिक मंत्रालय भी इस संबंध में पूर्व में दिशा-निर्देश जारी कर चुका है।
इधर उत्तराखंड में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को राज्य के नैनीताल, चम्पावत, देहरादून, रुद्रप्रयाग, चमोली और बागेश्वर जनपदों में कहीं-कहीं भारी वर्षा होने की संभावना है। वहीं राज्य के सभी जनपदों में कहीं-कहीं गरज के साथ आकाशीय बिजली चमकने तथा वर्षा के तीव्र से अति तीव्र दौर आने की संभावना जताई गई है। बता दें कि भूस्खलन समेत अन्य कारणों के चलते राज्य में बृहस्पतिवार को 108 सड़कें बंद रहीं। अल्मोड़ा में आठ, बागेश्वर में 11, चमोली में 16 मार्ग बंद हैं। चंपावत में एक, देहरादून में पांच, नैनीताल में 23, पौड़ी में छह, पिथौरागढ़ में 11, रुद्रप्रयाग में आठ, टिहरी में 10 और उत्तरकाशी में सात मार्ग बंद हैं। इन मार्गाें के बाधित होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
उधर देहरादून के डालनवाला स्थित चंद्र रोड एमडीडीए कालोनी में अज्ञात व्यक्ति ने बुजुर्ग महिला की हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपित बुजुर्ग के हाथ से सोने का कड़ा भी ले गया। घटना के समय महिला अकेली घर पर थी, उनके पति की गांधी स्कूल के पास किताब की दुकान है। पुलिस लूट के लिए हत्या मान रही है। एसएसपी प्रमेन्द्र डोबाल सहित एसपी सिटी प्रमोद कुमार व एसपी देहात जया बलोनी ने घटनास्थल पर पहुंच पूछताछ की। पुलिस के अनुसार दिनेश बंसल की डिस्पेंसरी रोड पर किताब की दुकान है। वह सुबह 10 बजे दुकान पर चले जाते हैं और रात को घर लौटते हैं। ऐसे में दिन के समय उनकी पत्नी रेखा बंसल अकेली घर पर रहती थी। उनके दो बेटे व एक बेटी हैं।