Good Morning India: मिडिल ईस्ट में फिर बढ़ा तनाव, ओमान की खाड़ी में अमेरिकी हमले में डूबा ईरानी तेल टैंकर! बिहार में बड़ा रेल हादसा टला, पटरी से उतरे डिब्बे! उत्तराखण्ड में 8 जिलों में भारी बारिश का यलो अलर्ट! यहां मीट खाने के बाद गांव में मची अफरा-तफरी, अचानक हुए बीमार कई लोग
नमस्कार दोस्तों, आवाज इंडिया अपना खास कॉलम ‘गुड मॉर्निंग इंडिया’ लेकर एक फिर आपके समक्ष प्रस्तुत है। आईए आज के प्रमुख कार्यक्रमों पर नजर डालते हैं। आज से उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन पूर्वोत्तर के चार राज्यों के दौरे पर रहेंगे।
अब बड़ी खबरों की तरफ रुख करते हैं, ईरान और अमेरिका के बीच सैन्य तनाव लगातार बढ़ता जा रहा है। ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स यानी आईआरजीसी की एयरोस्पेस फोर्स ने शनिवार को दावा किया कि उसने एक अमेरिकी विमानवाहक पोत और एक विध्वंसक पोत पर कई बैलिस्टिक मिसाइलें दागीं। ईरान का आरोप है कि ये दोनों अमेरिकी युद्धपोत ईरानी जहाजों को परेशान कर रहे थे और ईरान के खिलाफ समुद्री नाकाबंदी में हिस्सा ले रहे थे। आईआरजीसी के मुताबिक, हमले के बाद दोनों युद्धपोतों को नुकसान हुआ और वे दोबारा हमले के डर से संघर्ष क्षेत्र से पीछे हट गए। यह घटनाक्रम अमेरिकी और ईरानी जहाजों के बीच बढ़ते सैन्य तनाव के बीच सामने आया है। आईआरजीसी की नौसेना ने पहले दावा किया था कि उसने होर्मुज जलडमरूमध्य से कथित तौर पर अनधिकृत मार्ग से गुजर रहे तीन तेल टैंकरों और दूसरे इलाकों में अमेरिका से जुड़े तीन जहाजों को निशाना बनाया। ईरान ने कहा कि यह कार्रवाई अमेरिका की ओर से तीन ईरानी तेल टैंकरों पर हमले के जवाब में की गई। ईरानी नौसेना ने अपने बयान में आसपास के जहाजों को चेतावनी दी कि वे कथित अनधिकृत जलमार्गों से गुजरने से बचें और किसी संदिग्ध गतिविधि की स्थिति में उन्हें निशाना बनाया जा सकता है।
इधर बिहार के आरा में दानापुर रेल मंडल के अंतर्गत आरा जंक्शन पर रविवार की अहले सुबह बड़ा रेल हादसा हो गया। न्यू जलपाईगुड़ी-कटिहार के रास्ते आरा जंक्शन होकर नई दिल्ली जाने वाली महानंदा एक्सप्रेस की दो बोगियां पटरी से उतर गईं। घटना सुबह करीब 4:10 बजे की बताई जा रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार पटरी से उतरने वाली दोनों बोगियां इंजन से सटे जनरल कोच की बताई जा रही हैं। पूर्व मध्य रेल के सीपीआरओ सरस्वती चंद्र ने बताया कि घटना में कोई हताहत नहीं हुए हैं। सीपीआरओ सरस्वती चन्द्र ने बताया कि ट्रेन 7:23 बजे अपने गन्तव्य की ओर रवाना कर दी गई है। इधर, हादसे की सूचना मिलते ही रेल प्रशासन में अफरातफरी मच गई। रेलवे के अधिकारी और तकनीकी कर्मी तत्काल घटनास्थल पर पहुंच स्थिति का जायजा लेने में जुट गए हैं। हादसे के बाद दिल्ली-हावड़ा मुख्य रेलखंड पर ट्रेनों का परिचालन प्रभावित हो गया है।
उधर शनिवार को कैलिफोर्निया के फ्रेस्नो में सिएरा स्काई पार्क हवाई अड्डे के पास एक छोटे विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने से दो लोगों की मौत हो गई और दो अन्य की हालत गंभीर है। यह विमान उत्तर-पश्चिम फ्रेस्नो में सिएरा स्काई पार्क हवाई अड्डे के पास ब्लाइथ एवेन्यू के करीब दुर्घटनाग्रस्त हुआ। फ्रेस्नो फायर डिपार्टमेंट ने पुष्टि की है कि मलबे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि दो बचे लोगों को तुरंत गंभीर हालत में स्थानीय अस्पताल ले जाया गया। दुर्घटनास्थल पर कई एजेंसियों ने बड़े पैमाने पर राहत कार्य शुरू किया। फ्रेस्नो पुलिस विभाग, फ्रेस्नो फायर डिपार्टमेंट, फ्रेस्नो काउंटी शेरिफ कार्यालय और नॉर्थ सेंट्रल फायर डिपार्टमेंट की आपातकालीन टीमें घटनास्थल को सुरक्षित करने और पीड़ितों की मदद करने के लिए पहुंचीं।
अब उत्तराखण्ड की खबरों पर नजर डालते हैं, प्रदेश में पहाड़ से मैदान तक बादलों का डेरा है और कई क्षेत्रों में हल्की से मध्यम वर्षा का दौर जारी है। मौसम विभाग ने आज प्रदेश के सभी जनपदों में अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा और गर्जन के साथ बौछार पड़ने की संभावना जताई है। देहरादून समेत आठ जिलों में भारी वर्षा को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है। देहरादून में भी मध्यम वर्षा दर्ज की जा रही है। शनिवार को भी दून में सुबह से ही बादलों का डेरा रहा और दोपहर बाद मध्यम वर्षा के दौर हुए। दिनभर बादलों के बीच पारा भी सामान्य से कम रहा। कुमाऊं में कई स्थानों पर झमाझम वर्षा हो रही है। पिछले कुछ दिनों से हो रही वर्षा के कारण प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में तापमान सामान्य से तीन से पांच डिग्री सेल्सियस तक नीचे बना हुआ है।
इधर देहरादून में स्वाइन फ़्लू (एच1एन1,इन्फ्लूएंजा) के मामलों का आंकड़ा बढ़कर अबतक 300 पहुंच गया है। 586 नमूनों की जांच की गई, जिनमें 300 मरीजों में संक्रमण की पुष्टि हुई है। इनमें 201 मरीज देहरादून जबकि 99 अन्य राज्यों के हैं।
वर्तमान में 101 मरीज अस्पतालों में भर्ती हैं, जबकि 197 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं। दो मौतों का उल्लेख किया गया है, जिनका डेथ ऑडिट के बाद आंकड़ा दर्ज किया गया है। संक्रमित मरीजों में 137 महिलाएं और 163 पुरुष हैं। नये मामलों की बात करें तो शनिवार को 65 सैंपल लिए गए जिसमें 29 नये मामले सामने आए हैं। इनमें 19 दून जबकि 10 अन्य राज्यों से हैं। देहरादून में कोविड के दो नये मामले आए। जिसमें एक देहरादून जबकि दूसरा अन्य जगह से है। अब तक 327 नमूनों की जांच में 41 मरीजों में संक्रमण की पुष्टि हुई है। इनमें 17 देहरादून और 24 अन्य राज्यों के हैं। तीन मरीज वर्तमान में अस्पताल में भर्ती हैं।
उधर टिहरी जिले के कीर्तिनगर ब्लॉक में मलेथा के पास सिरोला गांव में आज पांच सितंबर शनिवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब गांव में 20 से ज्यादा लोग अचानक से बीमार पड़ गए। ग्रामीणों की बिगड़ती हालात को देखते हुए सभी को पास के हॉस्पिटल ले जाया गई, जहां से सभी को हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। बीमार लोगों में बच्चे और महिलाएं भी शामिल हैं। फिलहाल जो जानकारी सामने आई है, उसके अनुसार गांव में एक बकरी की मौत हो गई थी। इसके बाद ग्रामीणों ने उसका मांस पकाकर खा लिया। मांस खाने के कुछ समय बाद कई लोगों की तबीयत बिगड़ने लगी। उल्टी-दस्त, पेट दर्द और बच्चों में डायरिया की शिकायत सामने आने के बाद परिजन उन्हें उपचार के लिए अलग-अलग अस्पतालों में ले गए। बेस अस्पताल के बाल रोग विभाग में बच्चों को भर्ती किया गया है।