Good Morning India: पश्चिम बंगाल में हालात बेकाबू, शुभेंदु अधिकारी के PA की गोली मारकर हत्या, TMC का बयान- कोर्ट की निगरानी में हो CBI जांच! एक्टर मिलिंद सोमन का कमाल, समंदर में तैरकर यूरोप से अफ्रीका तक पहुंचे! महिला से छेड़खानी का आरोप, भाजपा नेता गिरफ्तार! चंपावत सामूहिक दुष्कर्म मामले में प्रदेशभर में आक्रोश
नमस्कार दोस्तों, आवाज 24X7 अपना खास कॉलम "गुड मॉर्निंग इंडिया" लेकर एक फिर आपके समक्ष प्रस्तुत है। आज के प्रमुख कार्यक्रमों पर नजर डालते हैं, आज तमिलनाडु में नई सरकार का शपथ ग्रहण होगा। वहीं आज बिहार में सम्राट चौधरी सरकार का पहला मंत्रिमंडल विस्तार होगा।
अब बड़ी खबरों की तरफ रुख करते हैं, पश्चिम बंगाल में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। बुधवार देर शाम भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी के पर्सनल असिस्टेंट चंद्रनाथ रथ की गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। जानकारी के मुताबिक, यह घटना नार्थ 24 परगना जिले के मध्यमग्राम के डोहरिया मोड़ पर हुई। उस समय चंद्रनाथ रथ अपनी गाड़ी में मौजूद थे और अपने घर के पास ही थे। बताया जा रहा है कि बाइक पर आए हमलावरों ने पहले उनकी गाड़ी रुकवाई और फिर एक के बाद एक तीन राउंड गोलियां चलाईं। गोली सीधे उनके सीने में मारी गई, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। इस हमले में एक सुरक्षा गार्ड के घायल होने की भी जानकारी सामने आई है। वहीं घटना के समय चंद्रनाथ रथ के साथ एक अन्य व्यक्ति भी मौजूद था, जिसे घायल हालत में अस्पताल ले जाया गया है।
इधर शुभेंदु अधिकारी के पीए चंद्रनाथ रथ की हत्या के मामले में भाजपा के कई नेताओं ने तृणमूल कांग्रेस पर लगाया है। वहीं, इस पूरी घटना पर अब टीएमसी का भी जवाब सामने आ गया है। टीएमसी ने कहा कि हम मध्यग्राम में आज रात चंद्रनाथ रथ की निर्मम हत्या की कड़ी निंदा करते हैं, साथ ही पिछले तीन दिनों में भाजपा समर्थित उपद्रवियों द्वारा कथित तौर पर चुनाव के बाद हिंसा में तीन अन्य टीएमसी कार्यकर्ताओं की हत्या की भी निंदा करते हैं, जबकि राज्य में आदर्श आचार संहिता लागू है। हम इस मामले में अधिकतम संभव कार्रवाई की मांग करते हैं, जिसमें अदालत की निगरानी में सीबीआई जांच भी शामिल है, ताकि दोषियों की पहचान की जा सके और उन्हें बिना किसी देरी के न्याय के कटघरे में लाया जा सके। लोकतंत्र में हिंसा और राजनीतिक हत्याओं का कोई स्थान नहीं है और दोषियों को जल्द से जल्द सजा मिलनी चाहिए।
उधर बॉलीवुड में फिटनेस की बात हो तो एक्टर और मॉडल मिलिंद सोमन का नाम सबसे ऊपर आता है। 60 साल की उम्र में मिलिंद सोमन अपनी फिटनेस और टोन्ड बॉडी से 25 साल के युवाओं को भी मात दे रहे हैं। अब मिलिंद सोमन ने ऐसा कमाल किया है जिसकी चर्चा न सिर्फ उनके फैंस बल्कि हर कोई कर रहा है। मिलिंद सोमन ने यूरोप से अफ्रीका तक तैरकर समंदर पार किया है। उन्होंने स्ट्रेट ऑफ जिब्राल्टर में तैरकर एक मुश्किल ओपन-वॉटर स्विम पूरी की है। एक्टर ने अपने फैंस के साथ इंस्टाग्राम पर शेयर कर ये जानकारी दी है, जिसके बाद हर कोई उनकी फिटनेस की तारीफ कर रहा है। मिलिंद सोमन ने इंस्टाग्राम पर पोस्ट और कुछ तस्वीरें शेयर की हैं। जिसमें वो समुद्र की लहरों के बीच तैराकी करते हुए और रिलेक्स करते हुए नजर आ रहे हैं। कैप्शन में लिखा है '1 मई को मैंने यूरोप से अफ्रीका तक, जिब्राल्टर जलडमरूमध्य पार करते हुए तैराकी की। सबसे कम दूरी करीब 15 किमी है, स्पेन के तारिफा से मोरक्को के तट तक- बहुत ही खूबसूरत, शानदार तैराकी रही!! जल्द ही लंबा पोस्ट शेयर करूंगा।'
इधर नेशनल क्राइम ब्यूरो द्वारा जारी ताजा आंकड़ों के अनुसार देशभर में वर्ष 2024 के दौरान अपराध के मामलों में छह प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है। रिपोर्ट के मुताबिक, 2024 में कुल 58.85 लाख मामले दर्ज हुए, जबकि 2023 में यह संख्या 62.41 लाख थी। इसी तरह, अपराध दर भी घटकर 448.3 से 418.9 प्रति लाख आबादी रह गई है। आंकड़ों से पता चला कि भारतीय दंड संहिता की धारा 325, 326 और 329-335 के तहत 'चोट' श्रेणी में दर्ज मामलों में 30. 58 प्रतिशत की भारी गिरावट आई है। 'चोट' श्रेणी के तहत दर्ज मामलों की संख्या वर्ष 2023 में 6. 36 लाख से अधिक थी जो वर्ष 2024 में घटकर 4. 41 लाख से कुछ अधिक रह गई। हालांकि, रिपोर्ट में स्पष्ट किया गया है कि 'चोट या गंभीर चोट' के मामलों में गिरावट का कारण भारतीय न्याय संहिता में 2023 में किए गए बदलाव हो सकते हैं, जिसने भारतीय दंड संहिता का स्थान लिया है। इन संशोधनों के तहत इन धाराओं को मिला दिया गया है और साधारण 'चोट' को संज्ञेय अपराध नहीं बनाया गया है।
उधर उत्तर भारत में हाल के दिनों में बारिश और आंधी-तूफान के बाद अब आसमान साफ है और पारा भी बढ़ने लगा हैं। लेकिन आंधी बारिश और तूफान से यह राहत ज्यादा दिनों तक नहीं टिकने वाली है। 11 मई से एक बार फिर मौसम बदलने वाला है। पश्चिमी विक्षोभ के चलते आंधी बारिश का दौर शुरू हो जाएगा। फिलहाल आसमान साफ है। सैटेलाइट तस्वीरों में बादलों को छंटते हुए देखा जा रहा है जिससे फिलहाल बारिश की गतिविधियों में कमी आई है। मौसम विभाग के मुताबिक मौजूदा पश्चिमी विक्षोभ कमजोर पड़ चुका है और पूर्व की ओर बढ़ गया है। इसके चलते उत्तर-पश्चिम भारत में अगले कुछ दिनों तक मौसम शुष्क बना रह सकता है। हालांकि इस दौरान पश्चिमी राजस्थान में गर्मी तेजी से बढ़ने के आसार हैं और तापमान 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। जयपुर मौसम केंद्र के निदेशक राधेश्याम शर्मा के मुताबिक, राज्य के कई हिस्सों में तापमान 2 से 4 डिग्री तक बढ़ सकता है और पश्चिमी इलाकों में हीटवेव की स्थिति बन सकती है।
इधर यूक्रेन द्वारा मॉस्को से एकतरफा युद्धविराम की मांग किए जाने के बीच रूस ने कीव पर भीषण हमला किया है। इस हमले में 27 लोगों की मौत हो गई है। जबकि 120 लोग घायल हुए हैं। यूक्रेनी अधिकारियों ने बुधवार को बताया कि रूस ने आधी रात से शुरू हुए यूक्रेन के एकतरफा युद्धविराम की अनदेखी करते हुए रात भर दर्जनों ड्रोन से हमले किए। रूसी रक्षा मंत्रालय ने दावा किया कि यूक्रेन ने अपने ही युद्धविराम का पालन नहीं किया। मंत्रालय ने कहा कि मंगलवार शाम से बुधवार सुबह तक रूसी क्षेत्रों, अवैध रूप से कब्जे वाले क्रीमिया प्रायद्वीप और काला सागर के ऊपर 53 यूक्रेनी ड्रोन मार गिराए गए। इधर यूक्रेन ने भी रूस के कब्जे वाले क्रीमिया शहर पर बड़ा हमला किया। रूस द्वारा नियुक्त गवर्नर सर्गेईअक्सियोनोव ने बताया कि क्रीमिया के शहर झांकोई पर यूक्रेनी ड्रोन हमले में पांच लोगों की मौत हो गई। उन्होंने मध्य रात्रि के ठीक बाद हताहतों की सूचना दी, लेकिन हमले के बारे में खुद 90 मिनट पहले ही पोस्ट कर दिया था। मॉस्को की तरफ से कोई आधिकारिक संकेत नहीं था कि वह कीव के युद्धविराम का सम्मान करेगा। रूस के पड़ोसी पर पूर्ण पैमाने पर आक्रमण के बाद युद्ध अब पांचवें वर्ष में प्रवेश कर चुका है, ऐसे में शत्रुता में विराम की उम्मीद बहुत कम है।पिछले एक साल से अमेरिका के नेतृत्व वाले कूटनीतिक प्रयास युद्ध रोकने में नाकाम रहे हैं।
उधर पश्चिम बंगाल में नई सरकार बनाने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। 17वीं पश्चिम बंगाल विधानसभा का कार्यकाल आज 7 मई को समाप्त हो रहा है। इस समय सीमा से पहले पश्चिम बंगाल के मुख्य सचिव और मुख्य निर्वाचन अधिकारी बुधवार को लोक भवन गए। वे लोक भवन में गवर्नर आर.एन. रवि को आधिकारिक गजट नोटिफिकेशन सौंपने गए थे। चुनाव आयोग के उच्च-अधिकारी भी वहां मौजूद थे। गजट नोटिफिकेशन मिलने के बाद उम्मीद है कि गवर्नर बीजेपी को नई सरकार बनाने के लिए आमंत्रित करेंगे। CEO मनोज कुमार अग्रवाल ने लोकभवन में लगभग आधा घंटा बिताया। बाहर निकलने पर उन्होंने मीडिया को बताया कि वे विशेष रूप से गजट नोटिफिकेशन सौंपने गए थे। गवर्नर इस दस्तावेज के आधार पर आगे के निर्णय लेंगे। मनोज कुमार अग्रवाल ने कहा कि भारत के चुनाव आयोग की ओर से नोटिफिकेशन आज जारी किया गया था। मैं ठीक उसी दस्तावेज को सौंपने वहां गया था। गवर्नर ने कहा कि यह चुनाव रिकॉर्ड तोड़ रूप से शांतिपूर्ण रहा। उन्होंने चुनाव आयोग, सीईओ के कार्यालय और चुनावी प्रक्रिया में शामिल अन्य सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया।
इधर बरेली के इज्जतनगर थाना क्षेत्र के कर्मचारीनगर का रहने वाला भाजपा नेता व दवा व्यापारी ईशान सक्सेना उर्फ ईशू को पुलिस ने बुधवार को न्यायिक मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया। वहां से उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। एक महिला ने छेड़खानी करने और रंगदारी मांगने का आरोप लगाते हुए मंगलवार को कोतवाली में उसके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। ईशान की फेसबुक प्रोफाइल भाजपा के बड़े नेताओं के साथ फोटो से भरी पड़ी है। महिला का आरोप है कि ईशान अक्सर उसका पीछा कर छेड़खानी करता था। उससे कई हजार रुपये ले चुका है और अब लाखों रुपये की रंगदारी मांग रहा है। सोमवार को वह बरेली कॉलेज के पास से गुजर रही थी, तभी वह कार से पहुंचा। उसे रोककर छेड़खानी करते हुए जान से मारने की धमकी दी।
अब उत्तराखण्ड की खबरों पर नजर डालते हैं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस माह के अंत या जून के पहले सप्ताह में उत्तराखण्ड आ सकते हैं। उनके प्रस्तावित कार्यक्रम को देखते हुए टिहरी जिला प्रशासन और टीएचडीसी ने तैयारियां तेज कर दी हैं। टिहरी झील किनारे कोटीकॉलोनी में प्रधानमंत्री की जनसभा प्रस्तावित है, जिसे लेकर प्रशासनिक हलचल बढ़ गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी टिहरी बांध की पीएसपी परियोजना राष्ट्र को समर्पित करने के साथ टिहरी मेडिकल कॉलेज की आधारशिला भी रख सकते हैं। इसके अलावा टिहरी बांध प्रभावितों की लंबित पुनर्वास की समस्याओं, रायल्टी, रिंग रोड परियोजना और क्षेत्रीय विकास से जुड़े मुद्दों पर भी विशेष फोकस रहने की संभावना है।
इधर उत्तराखंड एसटीएफ और सीबीसीआईडी ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सात साल से फरार चल रहे 50 हजार रुपये के इनामी आरोपी देवेन्द्र प्रकाश तिवारी को आगरा से गिरफ्तार कर लिया। तिवारी पर हरिद्वार में निवेश के नाम पर लाखों रुपये की धोखाधड़ी करने का आरोप है। एसएसपी एसटीएफ अजय सिंह ने बताया कि वर्ष 2018 में हरिद्वार के ज्वालापुर क्षेत्र में धेनु एग्रो प्रोड्यूसर लिमिटेड द्वारा स्थानीय लोगों से निवेश के नाम पर बड़ी आर्थिक ठगी की गई थी। थाना ज्वालापुर में मामला दर्ज किया गया था। विवेचना के दौरान सामने आया कि कंपनी ने लोगों से आरडी और फिक्स डिपॉजिट कराने के नाम पर बॉन्ड और सर्टिफिकेट जारी कर लाखों रुपये जमा कराए और बाद में रकम हड़प ली। जांच में कंपनी संचालक अनिल कुमार तिवारी और देवेन्द्र प्रकाश तिवारी की भूमिका सामने आने पर उनके खिलाफ कई धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई। मामले की विवेचना ईओडब्ल्यू सीआईडी सेक्टर देहरादून से की जा रही है।
उधर चंपावत में नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म के मामले पर मुख्य विपक्षी पार्टी कांग्रेस ने धामी सरकार पर हमला बोला है। उत्तराखंड के नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने एक बयान जारी करते हुए कहा कि देवभूमि की कानून व्यवस्था पूरी तरह से ध्वस्त हो चुकी है। राज्य में रक्षक ही भक्षक बनते हुए दिखाई दे रहे हैं। उन्होंने भाजपा सरकार को हर मोर्चे पर फेल साबित करार दिया है। यशपाल आर्य ने कहा कि चंपावत की शांत वादियों में घटी इस दिल दहला देने वाली घटना ने पूरे उत्तराखंड को झकझोर कर रख दिया है। पीड़िता के पिता ने भाजपा मंडल उपाध्यक्ष, एक पूर्व प्रधान और एक छात्र पर गंभीर आरोप लगाए हैं। यशपाल आर्य का कहना है कि आरोपी छात्र और पूर्व प्रधान दोनों चाचा भतीजा हैं। यशपाल आर्य का कहना है कि जब पीड़िता ने अपने घर पर फोन करने का प्रयास किया तो आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की और उसके हाथ पैर बांध दिए। यह घटना एक बेटी के साथ अत्याचार नहीं बल्कि उत्तराखंड की कानून व्यवस्था पर एक बड़ा प्रश्न चिन्ह है।