नैनीताल में नंदा देवी महोत्सव की तैयारियां तेज: 19 से 23 सितंबर तक आयोजित होगा भव्य मेला, सीसीटीवी और वालिंटियर रखेंगे सुरक्षा पर नजर
नैनीताल। समूचे उत्तराखंड में मां नंदा देवी को कुलदेवी के रूप में अपार श्रद्धा और भक्ति के साथ पूजा जाता है। इसी क्रम में प्रसिद्ध लोक पर्व नंदा देवी महोत्सव की तैयारियों को लेकर श्री राम सेवक सभा के सभागार में पदाधिकारियों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक की जानकारी देते हुए राम सेवक सभा के महासचिव जगदीश बवाड़ी ने बताया कि इस वर्ष नंदा देवी महोत्सव आगामी 19 सितंबर से 23 सितंबर तक अत्यंत धूमधाम, हर्षोल्लास और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ मनाया जाएगा। उन्होंने बताया कि महोत्सव के मुख्य आकर्षण यानी मां नंदा-सुनंदा की दिव्य मूर्तियों के निर्माण के लिए पवित्र कदली (केले) का वृक्ष इस बार मंगोली क्षेत्र से लाया जाएगा। महोत्सव के दौरान कुमाऊंनी लोक संस्कृति, समृद्ध परंपराओं और पारंपरिक वेशभूषा से सुसज्जित भव्य एवं आकर्षक झांकियां निकाली जाएंगी, जो श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहेंगी। मेले में आने वाले हजारों श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए व्यापक प्रबंध किए जा रहे हैं। मंदिर प्रांगण में पुलिस कर्मियों की तैनाती के साथ-साथ कमेटी की ओर से समर्पित वालिंटियर भी नियुक्त किए जाएंगे। इसके अलावा, मेला परिसर में शांति व्यवस्था बनाए रखने और मनचलों व असामाजिक तत्वों पर कड़ी निगरानी रखने के लिए पूरे क्षेत्र को सीसीटीवी कैमरों की जद में रखा जाएगा। श्री राम सेवक सभा ने सभी नगरवासियों और श्रद्धालुओं से महोत्सव को भव्य एवं सुरक्षित रूप से सफल बनाने की अपील की है।