Good Morning India: हैरान करने वाली खबर, YouTube देखकर प्रसव की कोशिश में चली गई महिला की जान! सस्ता हुआ कमर्शियल एलपीजी सिलिंडर! दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस वे पर खौफनाक हादसा, 7 लोगों की मौत! उत्तराखंड में भारी बारिश का अलर्ट! शिक्षा विभाग में बड़ा फेरबदल, सिमल्टी बने माध्यमिक शिक्षा निदेशक
नमस्कार दोस्तों, आवाज इंडिया अपना खास कॉलम ‘गुड मॉर्निंग इंडिया’ लेकर एक फिर आपके समक्ष प्रस्तुत है। आईए आज के प्रमुख कार्यक्रमों पर नजर डालते हैं, आज से पूरे देश मेंं वीबी-जी राम-जी अधिनियम लागू होगा। इसके साथ ही राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के आंध्र प्रदेश दौरे का आज दूसरा दिन है। वहीं जापान की प्रधानमंत्री सनाए तकाइची आज से भारत के तीन दिन के दौरे है।
अब बड़ी खबरों की तरफ रुख करते हैं, राजस्थान के दौसा में एक सड़क हादसे में 7 लोगों की मौत हो गई जबकि 17 लोग घायल हो गए। हादसा दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस वे पर हुआ। बताया जा रहा है कि हरिद्वार से इंदौर जा रही बस की एक ट्रक से टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस में आग लग गई। बस में कुल 39 यात्री सवार थे। कोलावा थाना क्षेत्र के द्वारपुरा गांव के पास दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस वे पर यह हादसा हुआ। बस में सवार अधिकांश यात्री मध्य प्रदेश के बताए जा रहे हैं। हादसे के बाद कई यात्री आग में झुलस गए जबकि कुछ लोगों को स्थानीय लोगों और राहत दल के लोगों ने बाहर निकाला। इस हादसे के चलते दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस वे पर कुछ समय के लिए ट्रैफिक प्रभावित रहा। मौके पर पहुंची पुलिस ने आसपास ट्रैफिक को डायवर्ट करके राहत और बचाव कार्य के लिए रास्ता खाली कराया। पुलिस इस हादसे की जांच में जुट गई है।
इधर 19 किलो वाले कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में 183.50 रुपये की कटौती की है। कंपनियों के इस फैसले से रेस्टॉरेंट, ढाबा, होटल और खाने-पीने के कारोबार से जुड़े लोगों को राहत मिलेगी। कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की नई कीमतें आज यानी 1 जुलाई, 2026 से लागू हो गई हैं। आज की इस ताजा कटौती के बाद अब 19 किलो वाले कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमत 2930 रुपये हो गई है। इस कटौती से पहले, ये सिलेंडर 3113.50 रुपये में मिल रहा था। हालांकि, ऑयल मार्केटिंग कंपनियों घरेलू उपभोक्ताओं को इस बार कोई राहत नहीं दी है। घरों में इस्तेमाल होने वाला 14.2 किलो के एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में कोई कटौती नहीं हुई है और इसकी कीमत अभी भी 942 रुपये पर ही स्थिर रखी गई है।
उधर अफगानिस्तान ने दावा किया है कि उसकी एयरफोर्स ने पाकिस्तान के अंदर घुसकर ISIS के ठिकानों पर एयरस्ट्राइक की है। ये हमले बलूचिस्तान और खैबर पख्तूनख्वाह में ISIS के ठिकानों पर किए गए हैं। अफगानिस्तान के रक्षा मंत्रालय ने बयान जारी कर कहा है कि अफगान रक्षा मंत्रालय की वायुसेना ने बलूचिस्तान के पशीन जिले के सरानन इलाके में मौजूद ISIS के चरमपंथियों के सेंटर पर हवाई बमबारी की है। हालांकि, पाकिस्तान की तरफ से अभी इस पर कोई बयान नहीं आया है। इससे पहले पाकिस्तान ने बीते 29 जून को अफगानिस्तान में एयरस्ट्राइक की थी, जिसमें 36 नागरिकों की मौत हो गई थी। इसमें 160 से ज्यादा लोग घायल हुए थे। इसके बाद अफगानिस्तान ने इसका जवाब देने की बात कही थी। और अब अफगानिस्तान ने बदला लेने का दावा किया है।
इधर हरियाणा के अंबाला जिले के धनौरा गांव में खुले बोरवेल में गिरे चार वर्षीय मासूम को बचाने के लिए करीब 19 घंटे तक चला रेस्क्यू ऑपरेशन आखिरकार दुखद अंत के साथ समाप्त हुआ। बच्चे को बोरवेल से बाहर निकालकर तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मंगलवार तड़के हुए इस हादसे के बाद बच्चे को बचाने के लिए भारतीय सेना, राष्ट्रीय आपदा मोचन बल, राज्य आपदा मोचन बल और जिला प्रशासन ने संयुक्त रूप से अभियान चलाया। रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान टीमों को कई तकनीकी और प्राकृतिक चुनौतियों का सामना करना पड़ा। एनडीआरएफ के सहायक कमांडेंट अनिल कुमार ने बताया कि बच्चा जिस बोरवेल में फंसा था, उसमें करीब 60 फीट की गहराई से पानी भरना शुरू हो गया था। पानी का स्तर लगातार बढ़ रहा था और बच्चा धीरे-धीरे नीचे की ओर खिसक रहा था। लगातार बारिश और ढीली मिट्टी के कारण कई बार बचाव अभियान को रोककर दोबारा शुरू करना पड़ा, जिससे ऑपरेशन लंबा खिंच गया। उन्होंने कहा कि अंतिम चरण में भी बच्चे में जीवन के कोई संकेत दिखाई नहीं दिए। करीब 19 घंटे की लगातार मशक्कत के बाद रेस्क्यू टीम ने बच्चे को बाहर निकाला और स्वास्थ्य विभाग की एंबुलेंस से तत्काल सिटी अस्पताल पहुंचाया।
उधर मराठी रंगमंच और भारतीय थिएटर की दिग्गज निर्देशक, अभिनेत्री और निर्माता विजया मेहता का मंगलवार को उनके मुंबई स्थित घर पर निधन हो गया। एएनआई के अनुसार, वह 91 वर्ष की थीं। रंगमंच की दुनिया में उन्हें प्यार से 'बाई' कहा जाता था। छह दशक से अधिक लंबे अपने करियर में उन्होंने भारतीय थिएटर और समानांतर सिनेमा को नई दिशा दी। उनके निधन की जानकारी अभिनेता अनुपम खेर ने इंस्टाग्राम पर भावुक पोस्ट और वीडियो साझा करके दी। उन्होंने विजया मेहता को भारतीय रंगमंच की सबसे महान हस्तियों में से एक बताते हुए कहा कि उनके साथ काम करना उनके जीवन का बड़ा सौभाग्य था। अनुपम खेर ने लिखा कि उन्होंने फिल्मों राव साहेब और पेस्टनजी में विजया मेहता के साथ काम किया था। उस समय तक वह कई फिल्मों में अभिनय कर चुके थे, लेकिन विजया मेहता के साथ हर रिहर्सल ने उन्हें यह एहसास कराया कि अभिनय की कला कितनी विशाल है। उन्होंने कहा कि विजया मेहता कभी अपना ज्ञान दूसरों पर थोपती नहीं थीं, बल्कि अपने व्यवहार और काम के जरिए सिखाती थीं। वह कभी ऊंची आवाज में बात नहीं करती थीं, बल्कि कलाकारों के काम का स्तर ऊंचा कर देती थीं। उनकी सादगी, अनुशासन और विनम्रता हमेशा प्रेरणा देती रहेगी।
इधर पाकिस्तान के लाहौर में मंगलवार को दर्दनाक हादसा हो गया। एक निर्माणाधीन इमारत में चल रहे एक प्राइवेट ट्यूशन सेंटर की छत गिरने से कम से कम 14 बच्चों की मौत हो गई। 20 अन्य घायल हो गए। पुलिस ने कहा कि घनी आबादी वाले काहना नउ इलाके में स्थित इस अकादमी में सात से 13 साल की आयु के 30 से अधिक बच्चे कक्षाएं ले रहे थे, तभी अचानक छत ढह गई और बच्चे मलबे के नीचे दब गए। लाहौर के पुलिस उप-महानिरीक्षक (अभियान) फैजल कामरान ने मीडिया से बात करते हुए कहा, 'अब तक मलबे से 14 बच्चों के शव बरामद किए जा चुके हैं। घायल हुए 20 बच्चों और एक महिला शिक्षिका को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मलबे में फंसे अन्य लोगों की तलाश के लिए बचाव दल लगातार अभियान चला रहे हैं।' पुलिस अधिकारी कामरान ने बताया, 'इमारत का एक हिस्सा निर्माणाधीन था और जब छत गिरी, उस वक्त मजदूर काम में लगे हुए थे। हमने ठेकेदार को गिरफ्तार कर लिया है।' लाहौर जिला शिक्षा प्राधिकरण के मुख्य कार्यकारी अधिकारी तारिक महमूद ने बताया कि इस इमारत में इलाके की एक महिला द्वारा निजी ट्यूशन सेंटर चलाया जा रहा था। ईधी फाउंडेशन ने बताया कि काहना नउ इलाके की बस्ती ईदगाह में स्थित रिहायशी इमारत में चल रही अकादमी की छत अचानक गिर गई।
उधर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को 'सेवा तीर्थ' में भारत सरकार के सभी विभागों के सचिवों के साथ एक हाई-लेवल मीटिंग की। इस मीटिंग का मकसद गवर्नेंस में सुधार की रफ़्तार बढ़ाना, आत्मनिर्भर भारत के एजेंडे को मज़बूत करना और नागरिकों के लिए बेहतर नतीजे देने के लिए मंत्रालयों के बीच तालमेल को बेहतर बनाना था। प्रधानमंत्री मोदी ने विभागीय सीमाओं को समाप्त कर आपसी समन्वय बढ़ाने पर जोर दिया। उन्होंने योजना और बेहतर तालमेल के लिए गतिशक्ति मंच का व्यापक उपयोग करने की सलाह दी, ताकि विभिन्न विभागों के बीच समन्वय और साक्ष्य-आधारित निर्णय लेने की प्रक्रिया को और प्रभावी बनाया जा सके। प्रधानमंत्री ने सचिवों से यह भी कहा कि वे सरकारी योजनाओं के लोगों के जीवन पर पड़ने वाले वास्तविक और प्रत्यक्ष प्रभाव पर विशेष ध्यान केंद्रित करें, ताकि योजनाओं का लाभ अधिकतम लोगों तक प्रभावी ढंग से पहुंच सके। प्रधानमंत्री मोदी ने सचिवों से यह भी कहा कि वे लोगों के जीवन पर सरकारी पहलों के ठोस असर पर ध्यान केंद्रित करें। उन्होंने इस बात पर ज़ोर दिया कि नीतियों और कार्यक्रमों का मकसद आखिरकार नागरिकों के रोज़मर्रा के जीवन में सार्थक सुधार लाना और यह सुनिश्चित करना होना चाहिए कि गवर्नेंस का फ़ायदा समाज के ज़्यादा से ज़्यादा लोगों तक पहुंचे।
इधर तमिलनाडु के तिरुपुर से एक बेहद ही चौकानें वाली खबर सामने आई है। यहां यूट्यूब देखकर प्रसव की कोशिश में एक महिला को अपनी जान से हाथ धोना पड़ गया। तिरुप्पुर जिले के एक गांव की 32 साल की महिला की रविवार 28 जून, 2026 को डिलीवरी के बाद होने वाली ब्लीडिंग और उससे जुड़ी दिक्कतों के कारण मौत हो गई। उसने 24 जून को घर पर बच्चे को जन्म दिया था, जिसमें कथित तौर पर उसके पति ने YouTube पर डिलीवरी से जुड़े वीडियो देखकर मदद की थी। पुलिस ने बताया कि उथुकुली तालुका में पुंजईथलावाइपालयम की रहने वाली के. शशिकला को कुछ दिक्कतें होने के बाद कोयंबटूर के एक प्राइवेट अस्पताल ले जाया गया, जहां रविवार सुबह उनकी मौत हो गई। महिला को 24 जून की सुबह प्रसव पीड़ा शुरू हुई। उनके पति 35 वर्षीय कोलंदचामी और सास ने डिलीवरी में मदद की, कहा जा रहा है कि उन्होंने इसके लिए YouTube पर नैचुरल चाइल्डबर्थ (बिना मेडिकल दखल के बच्चे के जन्म) के वीडियो देखे थे। पुलिस के मुताबिक, शशिकला ने एक बच्ची को जन्म दिया। बच्ची के जन्म के बाद प्लेसेंटा (गर्भनाल) बाहर नहीं निकल पाया, जिससे महिला को 'पोस्ट-पार्टम हैमरेज' (डिलीवरी के बाद अत्यधिक रक्तस्राव) की समस्या हो गई। उसे पेरनदुरई स्थित सरकारी इरोड मेडिकल कॉलेज और अस्पताल ले जाया गया। पुलिस ने बताया कि इसके बाद, 25 जून को उसे कोयंबटूर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज का कोई असर न होने पर रविवार को उसकी मौत हो गई।
उधर संसद का मानसून सत्र 20 जुलाई से शुरू होने की संभावना है और इसके तीन सप्ताह तक चलने की उम्मीद है। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी। हालांकि संसदीय मामलों की कैबिनेट समिति को अभी इस पर अंतिम निर्णय लेना है। आमतौर पर मानसून और शीतकालीन सत्रों में 20 बैठकें होती हैं और ये चार सप्ताह तक चलते हैं। लेकिन कम अवधि वाले सत्रों के उदाहरण भी रहे हैं। इस मानसून सत्र की शुरुआत बंगाल, असम और पुडुचेरी में भाजपा की जीत के बाद हो रही है। इस सत्र में तृणमूल कांग्रेस और शिवसेना (यूबीटी) में हुई बगावत का असर भी देखने को मिलेगा। तृणमूल कांग्रेस के 20 और शिवसेना (यूबीटी) के छह सांसदों की अलग समूह के तौर पर मान्यता की मांग पर लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के फैसले का इंतजार है। राज्यसभा में नए चुने गए और दोबारा चुने गए सदस्यों के शपथ लेने के बाद संख्या बल सत्ताधारी गठबंधन राजग के पक्ष में और मजबूत हो गया।
अब उत्तराखण्ड की खबरों पर नजर डालते हैं, प्रदेश में में अगले दो दिनों तक भारी से बहुत भारी बारिश की आशंका को देखते हुए मौसम विभाग ने विस्तृत एडवाइजरी जारी की है। देहरादून सहित कई जिलों के लिए जारी अलर्ट के बीच लोगों से सतर्क रहने, अनावश्यक यात्रा से बचने और प्रशासन की सलाह का पालन करने की अपील की गई है। जिला प्रशासन भी हाई अलर्ट मोड पर आ गया है और संबंधित विभागों व अधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।
इधर उत्तराखंड में विद्यालयी शिक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं सुदृढ़ बनाने के लिए वार्षिक स्थानांतरण सत्र-2026 के अंतर्गत विद्यालयी शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। इसके तहत शिक्षा विभाग को नए माध्यमिक शिक्षा निदेशक और प्राथमिक शिक्षा को नए निदेशक के साथ विद्यालयी शिक्षा परिषद को नए सचिव मिले हैं। जारी आदेश के अनुसार विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर अधिकारियों की तैनाती करते हुए विनोद प्रसाद सेमल्टी को माध्यमिक शिक्षा निदेशालय का प्रभारी निदेशक नियुक्त किया गया है। वहीं केएस रावत को उनके वर्तमान दायित्वों के साथ प्रभारी निदेशक, प्रारम्भिक शिक्षा तथा अपर परियोजना निदेशक समग्र शिक्षा की अतिरिक्त जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसी क्रम में विनोद कुमार ढौंडियाल को उत्तराखण्ड विद्यालयी शिक्षा परिषद, रामनगर का प्रभारी सचिव बनाया गया है। इसके अलावा गोविन्द राम जायसवाल को जिला शिक्षा अधिकारी (माध्यमिक) के साथ-साथ प्रभारी मुख्य शिक्षा अधिकारी देहरादून तथा रणजीत सिंह नेगी को जिला शिक्षा अधिकारी (माध्यमिक), नैनीताल के पद पर तैनात किया गया है। नेगी को प्रभारी मुख्य शिक्षा अधिकारी, नैनीताल तथा लोक सेवा अधिकरण, नैनीताल में नोडल अधिकारी की अतिरिक्त जिम्मेदारी भी सौंपी गई है।
उधर उत्तर प्रदेश की नगीना संसदीय सीट से सांसद चंद्रशेखर आजाद आखिरकार दो दिन बाद प्रतापनगर के देवल गांव पहुंच गए। उन्होंने दिवंगत केतन लाल के शोक संतप्त परिवार से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी। केतन के परिजनों ने उन्हें घटना की जानकारी दी। सांसद ने घटना पर दुख जताया और मामले की निष्पक्ष जांच के साथ सीबीआई जांच की मांग करते हुए परिजनों को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया। तीन घंटे बाद सांसद लौट गए। पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था में सांसद शाम करीब 6.15 बजे प्रतापनगर के देवल गांव पहुंचे। उन्होंने केतन लाल के पिता धनपाल लाल से मुलाकात करते हुए कहा कि वह न्याय की इस लड़ाई को सड़क से लेकर संसद तक मजबूती के साथ उठाएंगे। उन्होंने पीड़ित परिवार को भरोसा दिया कि न्याय मिलने तक उनकी आवाज बुलंद करते रहेंगे। उन्होंने पुलिस-प्रशासन से दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की।