Good Morning India: राजधानी एक्सप्रेस में लगी आग, दिल्ली-मुंबई रेल मार्ग बंद! NEET पेपर लीक के बाद NTA में बड़ा प्रशासनिक बदलाव, राहुल गांधी बोले- 22 लाख छात्रों के साथ धोखा हुआ और मोदी जी चुप हैं! CBSE का बड़ा फैसला, अब 9वीं में 3 भाषाएं पढ़ना होगा जरूरी! उत्तराखंड पुलिस महकमे में हुआ बड़ा फेरबदल, लिंक में पढ़ें प्रमुख खबरें

Good Morning India: Rajdhani Express catches fire, Delhi-Mumbai rail route closed! Major administrative changes at NTA after NEET paper leak, Rahul Gandhi says, "2.2 million students have been cheate

नमस्कार दोस्तों, आवाज 24X7 अपना खास कॉलम "गुड मॉर्निंग इंडिया" लेकर एक फिर आपके समक्ष प्रस्तुत है। आज के प्रमुख कार्यक्रमों पर नजर डालते हैं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पांच देशों के विदेश दौरे का आज तीसरा दिन हैं। वहीं आज आईपीएल में दो मुकाबले खेले जाएंगे।

अब बड़ी खबरों की तरफ रुख करते हैं, कोटा रेल मंडल के अंतर्गत आने वाले रतलाम जिले के आलोट स्टेशन के पास तिरुवनंतपुरम-हजरत निजामुद्दीन राजधानी एक्सप्रेस (12431) के एसी कोच में आग लग गई। हादसा रविवार सुबह करीब साढ़े पांच बजे कोटा मंडल के लूणीरीछा-विक्रमगढ़ आलोट स्टेशन के बीच हुआ। हादसे की खबर लगने के बाद कोटा रेल मंडल से राहत व बचाव टीम मौके के लिए रवाना हुई। जिस कोच में आग लगी उसमें 68 यात्री सवार थे। वहीं कुछ सेकेंड में ही आग पूरे कोच में फैल गई। आग लगने की सूचना गार्ड ने सबसे पहले लोको पायलट को दी, जिसके बाद ट्रेन रोकी गई और पैसेंजर्स को बाहर निकाला गया। जानकारी के मुताबिक आग लगने के बाद ट्रेन में मौजूद आरपीएफ स्टाफ व दूसरे लोगों ने तुरंत कोच से पैसेंजर्स की डि-बोर्डिंग शुरू की। करीब 15 मिनट में पूरा कोच खाली करा लिया गया। फिलहाल दिल्ली-मुंबई रेलवे ट्रैक पर ट्रैफिक को रोका गया है। ट्रेन का बिजली कनेक्शन भी काट दिया गया है। वहीं सूचना मिलते ही कोटा मंडल के सीनियर अधिकारी और टेक्निकल स्टाफ भी मौके पर पहुंच गए हैं। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। 

उधर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की नीदरलैंड यात्रा के दौरान भारतीय संस्कृति और सभ्यता के लिए शनिवार का दिन यादगार रहा, जब नीदरलैंड सरकार ने चोल काल के तांबे के शिलालेखों को भारत को लौटा दिया। ये शिलालेख 11वीं शताब्दी के हैं, जिसे डच ईस्ट इंडिया कंपनी लूटकर नीदरलैंड ले गई थी। इन सांस्कृतिक आकृतियों की वापसी के लिए भारत लंबे वक्त से राजनयिक प्रयास कर रहा था। फिलहाल, अब नीदरलैंड ने दोनों देशों के बीच रिश्तों को मजबूत बनाने की कोशिशों के तहत चोल काल के थालों को वापस कर दिया है। नीदरलैंड के प्रधानमंत्री रॉब जेटेन की उपस्थिति में हुए समारोह में पीएम मोदी ने इसे हर भारतीय के लिए खुशी का पल बताया। इसको लेकर PM मोदी ने अपने X पोस्ट में तमिल भाषा में लिखा, 'सभी भारतीयों के लिए खुशी का क्षण! नीदरलैंड से 11वीं शताब्दी के चोल काल के तांबे के शिलालेख भारत वापस लाए जा रहे हैं। मुझे इस मौके पर आयोजित कार्यक्रम में प्रधानमंत्री मार्क रुट्टे के साथ शामिल होने का सौभाग्य मिला। चोल काल के इन तांबे के शिलालेखों में 21 बड़े और 3 छोटे शिलालेख हैं। इनमें से ज्यादा शिलालेख दुनिया की सबसे सुंदर भाषाओं में से एक, तमिल भाषा में उत्कीर्ण हैं।'

इधर देश के कई राज्यों में आज मौसम के मिजाज में बदलाव देखने को मिलेगा। मौसम विभाग (IMD) ने उत्तर प्रदेश, बिहार, पंजाब समेत करीब 15 राज्यों में तेज आंधी, बारिश और तूफान का अलर्ट जारी किया है। कई इलाकों में 75 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। कुछ जगहों पर ओलावृष्टि की भी संभावना जताई गई है। वहीं, अगले 10 घंटों में कई राज्यों में भारी बारिश हो सकती है। इस दौरान झारखंड के कई जिलों में भारी बारिश और तेज हवा चलने की संभावना है। वहीं, उत्तराखंड में भी बारिश और 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक की तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया गया है।

उधर मध्य प्रदेश के श्योपुर जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां तरबूज खाने के बाद एक व्यक्ति की मौत की खबर है और उसके बेटे की हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस ने शनिवार को बताया कि मृतक की पहचान हो गई है। उनका नाम इंद्र सिंह परिहार (43) था और वे आगर मालवा जिले के मूल निवासी थे। इंद्र सिंह परिवहन कारोबारी थे और श्योपुर में अपने परिवार के साथ रहते थे। इंद्र सिंह के बेटे राजा ने बताया कि गुरुवार रात को सभी ने कद्दू की सब्जी खाई थी। शुक्रवार सुबह पिता इंद्र और भाई विनोद (21) की तबीयत बिगड़ गई। इस दौरान उन्होंने तरबूज खा लिया। कुछ देर बाद दोनों की तबीयत ज्यादा बिगड़ गई और उन्हें जिला अस्पताल ले जाया गया। कोतवाली के थाना प्रभारी सत्यम सिंह गुर्जर ने बताया कि जब दोनों की हालत ज्यादा बिगड़ गई तो उन्हें कोटा रेफर किया गया लेकिन रास्ते में पिता की मौत हो गई, वहीं बेटे का इलाज चल रहा है और वह वेंटिलेटर पर है।

इधर सीबीएसई ने आगामी 1 जुलाई से कक्षा 9 के छात्रों के लिए तीन भाषाओं का नियम अनिवार्य कर दिया है। हालांकि, कक्षा 10 में तीसरी भाषा के लिए कोई बोर्ड परीक्षा नहीं होगी। परिपत्र में कहा गया है, '1 जुलाई 2026 से कक्षा 9 के लिए तीन भाषाओं (आर1, आर2, आर3) का अध्ययन अनिवार्य होगा, जिनमें से कम से कम दो भाषाएं भारतीय मूल की भाषाएं होनी चाहिए।' सीबीएसई के परिपत्र के अनुसार, राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी) 2020 और स्कूल शिक्षा के लिए राष्ट्रीय पाठ्यक्रम ढांचा (एनसीएफ-एसई) 2023 के अनुरूप, तीन भाषाओं में से कम से कम दो भारतीय मूल की भाषाएं होनी चाहिए। बता दें कि, सीबीएसई माध्यमिक विद्यालय के पाठ्यक्रम के अनुसार संबंधित भाषा विषयों को तीन स्तर आर1, आर2 और आर3 में बांटा गया है। आर1 छात्र की मुख्य भाषा होगी, आर2 एक अलग भाषा होगी और आर3 शैक्षणिक सत्र 2026-27 से कक्षा 6 से अनिवार्य होगी और 2030-31 तक कक्षा 10 तक पूरी तरह से लागू हो जाएगी। आर1 और आर2 स्तर पर चुनी गई भाषाएं एक जैसी नहीं हो सकतीं और इन्हें एक से अधिक स्तरों पर एक साथ नहीं पढ़ाया जाना चाहिए। सीबीएसई की अधिसूचना में कहा गया है, "भाषाओं में भारत की दो आधिकारिक भाषाएं यानी हिन्दी, अंग्रेजी और 42 अन्य भाषाएं शामिल हैं। इस प्रकार, भारत के संविधान की आठवीं अनुसूची में सूचीबद्ध सभी अनुसूचित भाषाओं के अलावा, अन्य भारतीय क्षेत्रीय भाषाएँ और विदेशी भाषाएं भी पढ़ाई जा रही हैं।"  

उधर नीट पेपर लीक के बाद सरकार ने राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी में प्रशासनिक स्तर बड़ा बदलाव करते हुए दो नए संयुक्त निदेशक और दो संयुक्त सचिव को नियुक्त किया है। भारतीय राजस्व सेवा के अधिकारी आकाश जैन को NTA में संयुक्त निदेशक नियुक्त किया गया है। इसके साथ ही आादित्य राजेंद्र भोजगढ़िया को भी संयुक्त निदेशक की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं अनुजा पाबट और रुचिता विज को संयुक्त सचिव के पद पर नियुक्त किया है। इस संबंध में DoPT की ओर से आदेश जारी कर दिया गया है। बता दें कि इन नियुक्तियों को एनटीए की परीक्षा प्रक्रिया में पारदर्शिता तथा बेहतर प्रशासन सुनिश्चित करने के व्यापक प्रयास का हिस्सा माना जा रहा है। 3 मई को हुई  NEET-UG 2026 परीक्षा पेपर लीक के आरोपों के बाद रद्द कर दी गई थी। अब 21 जून को फिर से इन परीक्षाओं का आयोजन किया जाएगा। मामले की सीबीआई जांच जारी है।

इधर NEET-UG 2026 परीक्षा पेपर लीक के मामले में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने केंद्र सरकार पर बड़ा हमला बोला और कहा कि NEET के 22 लाख छात्रों के साथ धोखा हुआ है। उन्होंने पीएम मोदी से मांग की है कि वे तुरंत शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा लें। राहुल गांधी ने अपने सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर एक वीडियो शेयर किया और नीट पेपर लीक मामले को लेकर सरकार पर निशाना साधा। राहुल गांधी ने कहा कि NEET परीक्षा के लिए पिछले 2 साल में 22 लाख स्टूडेंट्स ने काफी मेहनत की लेकिन  उनकी मेहनत बर्बाद हो गई है। पूरा देश जानता है कि परीक्षा से दो दिन पहले WhatsApp पर NEET का पेपर बांटा जा रहा था। डिस्ट्रीब्यूट किया जा रहा था।  हिंदुस्तान के एजुकेशन मिनिस्टर धर्मेंद्र प्रधान जी कहते हैं कि मेरा कुछ लेना देना नहीं। राहुल गांधी ने कहा कि कमेटी ने रेकमेंडेशन किया था कि विपक्ष के लोग कमेटी में बैठें लेकिन उसको उन्होंने डस्टबिन में फेंका। कहा कि इसका कोई मतलब नहीं है, कोई जरूरत नहीं है। सच्चाई है कि आपने हिंदुस्तान का जो कोर है, जो सेंटर है उसको डैमेज किया है। राहुल गांधी ने कहा कि यह एक नेक्सेस है। राहुल गांधी ने इसे बीजेपी और आरएसएस का नेक्सस का आरोप लगाया और कहा कि इस देश में 80 बार पेपर लीक हुआ है और 2 करोड़ युवाओं का भविष्य बर्बाद हुआ है। प्रधानमंत्री को तरंत आदेश देना चाहिए कि धर्मेंद्र प्रधान जी इस्तीफा दें और जो दोषी लोग हैं उनको पकड़ के जेल में डाला जाए।

अब उत्तराखण्ड की खबरों पर नजर डालते हैं, उत्तराखंड पुलिस मुख्यालय में जनहित और रिक्त पदों के सापेक्ष राज्य में 11 पुलिस अधिकारियों के तबादले किए हैं। पुलिस मुख्यालय द्वारा जारी आदेश के अनुसार 11 पुलिस उपाधीक्षकों (DSP) को 5 जिलों, वाहिनियों और इकाइयों में ट्रांसफर किया गया है। जिसके सम्बन्ध में अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से नई तैनाती स्थल पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं। इस दौरान तपेश कुमार चन्द्र का 31वीं पीएसी रुद्रपुर से पौड़ी गढ़वाल, नीरज सेमवाल को देहरादून से उधमसिंह नगर, सुमित पाण्डेय को नैनीताल से हरिद्वार, अस्मिता मंगाई को पीटीसी नरेंद्रनगर से पौड़ी गढ़वाल, आशीष जोशी को सीआईडी सेक्टर देहरादून से हरिद्वार, विमल प्रसाद को चम्पावत से नैनीताल, विमल रावत को उधमसिंह नगर से 31वीं पीएसी रुद्रपुर, नताशा सिंह को हरिद्वार से सीआईडी सेक्टर देहरादून,निहारिका सेमवाल को पौड़ी गढ़वाल से चम्पावत, तुषार बोहरा को पौड़ी गढ़वाल से देहरादून, अखलेश कुमार को पीटीसी नरेंद्रनगर से उधमसिंह नगर भेजा गया है।

इधर थल मुवानी पिथौरागढ़ मोटर मार्ग पर एक दर्दनाक हादसा हो गया। थल बाजार से चार किलोमीटर दूर एक बाइक अनियंत्रित होकर 40 मीटर गहरी नदी में गिर गई। इस दुर्घटना में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई है, जबकि एक युवक को मामूली चोटें आई हैं। जिसका मुवानी अस्पताल में उपचार किया जा रहा है। बताया जा रहा है कि 3:30 बजे तीन युवक बाइक से मसमोली की ओर जा रहे थे। इसी दौरान थल कस्बे से लगभग 4 किलोमीटर की दूरी पर उनकी बाइक खाई में गिर गई। बाइक नदी किनारे में गिरने की जानकारी होते हुए आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। तब तक दोनों युवकों की मौत हो चुकी थी। एक युवक घायल हालत में था। मृतकों में मालासीमा गांव निवासी प्रदीप ज्याला 24 पुत्र दरपान ज्याला निवासी मालासीमा, बॉबी सिंह देउपा 19 पुत्र डिगर सिंह देउपा शामिल हैं। बलवंत भंडारी 25 पुत्र प्रमोद भंडारी को हल्की चोटें आई हैं।